Santosh Kumar Singh Gorakhpur
29/03/2026
*रामगढ़ताल पुलिस की कार्रवाई, बैंक की शिकायत पर हुआ खुलासा*
गोरखपुर।थाना रामगढ़ताल क्षेत्र में एटीएम मशीन में नकली नोट जमा करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार, एक्सिस बैंक तारामंडल के ऑपरेशन हेड द्वारा 25 मार्च 2026 को थाना रामगढ़ताल में तहरीर देकर शिकायत की गई थी कि खाताधारक अभिषेक शुक्ला ने 20 मार्च 2026 को कैश डिपॉजिट मशीन के माध्यम से पांच नकली नोट जमा किए थे। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान साक्ष्यों के आधार पर अभिषेक शुक्ला तथा उसके सहयोगी आशुतोष त्रिपाठी को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपी रामगढ़ताल क्षेत्र के ही निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने बताया कि इस संबंध में थाना रामगढ़ताल में मु0अ0सं0 181/2026 के तहत धारा 179 व 61(2) भारतीय न्याय संहिता में मामला दर्ज है। जांच के दौरान धारा 61(2) की बढ़ोतरी भी की गई।
पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Santosh Kumar Singh Gorakhpur
29/03/2026
*मृतक के नाम पर फर्जी व्यक्ति खड़ा कर रची गई थी साजिश*
गोरखपुर। थाना चिलुआताल पुलिस ने धोखाधड़ी कर जमीन का बैनामा कराने के मामले में एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान शैलेन्द्र यादव पुत्र शिवशंकर यादव, निवासी ग्राम बैजनाथपुर टोला औरहिया थाना चिलुआताल जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है।
मामले में वादी द्वारा दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया था कि अभियुक्त ने वादी के मृतक पिता की जगह किसी अन्य व्यक्ति को खड़ा कर धोखाधड़ी करते हुए जमीन का बैनामा अपने नाम करा लिया। शिकायत के आधार पर थाना चिलुआताल में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
जांच के दौरान साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में थाना चिलुआताल पर मु0अ0सं0 130/2026 के तहत धारा 319(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2), 351(3) व 61(2) भारतीय न्याय संहिता में मामला पंजीकृत है।
पुलिस द्वारा अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
देवरिया कार्यालय
हाथ पर ‘रवि’ नाम का टैटू बना
देवरिया,29 मार्च।जिले के सुरौली थाना क्षेत्र अंतर्गत पैकौली–सिसवा मार्ग पर भटजमुआँव के पास रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब खेत में एक अज्ञात युवक का शव नग्न अवस्था में पड़ा मिला। शव की हालत देख प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, सुबह टहलने निकले ग्रामीणों की नजर खेत में पड़े शव पर पड़ी। शव पूरी तरह नग्न अवस्था में होने के कारण ग्रामीणों में दहशत फैल गई और उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए और घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही सुरौली थाने के थाना प्रभारी अविनाश मौर्या अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
खबर लिखे जाने तक मृतक युवक की पहचान नहीं हो सकी है, लेकिन उसके हाथ पर “रवि” नाम का टैटू बना हुआ है। इसी आधार पर पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि युवक की कहीं और हत्या कर शव को पहचान छिपाने के उद्देश्य से नग्न अवस्था में यहां फेंका गया हो।
घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस आसपास के गांवों में गुमशुदगी की जानकारी जुटा रही है और घटनास्थल के आसपास के संभावित रास्तों व संदिग्ध गतिविधियों की जांच कर रही है।
साप्ताहिक चलने वाली ट्रेन का शेड्यूल जारी, पुरुलिया से शाम को आएगी ट्रेन
Post on 29.3.26
Sunday Moradabad
Rajesh Bhatia
मुरादाबाद।(उप्र समाचार सेवा)।
इंतजार के बाद दो अप्रैल से पुरुलिया से आनंद विहार ट्रेन का संचालन शुरू हो जाएगा।गुरुवार की सुबह आनंद विहार से ट्रेन(14022-21)चलेगी। सुबह मुरादाबाद सवा आठ बजे आने का समय निर्धारित किया गया है। बरेली में ट्रेन सुबह 10.10 बजे पहुंचेगी।
इसी तरह पुरुलिया से ट्रेन चल कर मुरादाबाद आने का समय शाम का निर्धारित किया गया है।
रेल प्रवक्ता के अनुसार आनंद विहार से गुरुवार और पुरुलिया से शुकवार को चलेगी। ट्रेन में एसी, स्लीपर और जनरल कोच होंगे।