*जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता: प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप*
( संजीव गुप्त दारा)
शाहजहाँपुर, 22 अगस्त 2026। उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग तथा जनपद के प्रभारी मंत्री श्री नरेंद्र कश्यप ने शनिवार को विकास भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए।
प्रभारी मंत्री ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में शादी अनुदान योजना के 15, ओ लेवल एवं सीसीसी कंप्यूटर प्रशिक्षण योजना वर्ष 2024-25 के 20 तथा राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना के 05 लाभार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के सभी वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का उद्देश्य है कि पात्र कोई भी व्यक्ति जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने के लिए व्यापक स्तर पर कैंप आयोजित किए जाएं, ताकि पात्र लाभार्थी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा संचालित योजनाओं को और अधिक प्रभावी एवं जनोपयोगी बनाने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार की जाएगी, जिससे प्रत्येक नागरिक को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाया जा सके।
कार्यक्रम में बताया गया कि शादी अनुदान योजना के अंतर्गत अब तक 1,062 लाभार्थियों को कुल 212.40 लाख रुपये की धनराशि वितरित की जा चुकी है। वहीं, कंप्यूटर प्रशिक्षण योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 में ओ लेवल के 422 तथा सीसीसी के 275 लाभार्थियों का प्रशिक्षण प्रारंभ कराया जा चुका है।
इसी प्रकार राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना के अंतर्गत जनपद में कुल 175 लाभार्थियों के पक्ष में 52.40 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। अधिकारियों ने प्रभारी मंत्री को विभिन्न योजनाओं की प्रगति एवं लाभार्थियों को उपलब्ध कराए जा रहे लाभ की जानकारी दी।
इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा योजनाओं के लाभार्थी उपस्थित रहे।
___________

