Web News

www.upwebnews.com

गोरखपुर के पर्यटन मानचित्र पर चमका ‘चिलूवाताल

June 2, 2026

गोरखपुर के पर्यटन मानचित्र पर चमका ‘चिलूवाताल

Posted on 2/06/2026
Time 19:35 P.M
Gorakhpur
Santosh Kumar Singh

20.35 करोड़ की परियोजनाओं का हुआ लोकार्पण

​गोरखपुर। 2 जून 2026 ( उप्र समाचार सेवा) शहर के उत्तरी क्षेत्र के निवासियों के लिए एक बड़ी सौगात के रूप में, चिलूवाताल अब पर्यटन के एक प्रमुख केंद्र के रूप में उभरकर सामने आया है। रामगढ़ ताल की तर्ज पर विकसित किए गए इस नए पर्यटन स्थल का विधिवत लोकार्पण किया गया। 20.35 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुई इन परियोजनाओं से क्षेत्र में पर्यटन की नई संभावनाएं खुल गई हैं।
​अब तक शहर में पर्यटन के लिए मुख्य रूप से रामगढ़ ताल का ही नाम लिया जाता था, लेकिन चिलूवाताल के विकास के साथ ही अब उत्तरी क्षेत्र के पर्यटकों को भी नौकाविहार और अन्य मनोरंजक सुविधाओं का लाभ उनके घर के पास ही मिल सकेगा। इस परियोजना का उद्देश्य न केवल सौंदर्यकरण करना है, बल्कि इसे एक व्यवस्थित पर्यटन स्थल के रूप में पहचान दिलाना भी है।
​लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने भजन संध्या भवन का निरीक्षण किया और परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। चिलूवाताल लगभग 400 एकड़ से अधिक क्षेत्र में फैला हुआ है। यह क्षेत्र अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए प्रसिद्ध है। प्रतिवर्ष यहां आने वाले साइबेरियन पक्षी इस स्थान को पर्यटकों के लिए और भी अधिक आकर्षक बना देते हैं।
​प्रशासन का मानना है कि चिलूवाताल का यह कायाकल्प क्षेत्र के आर्थिक विकास में मील का पत्थर साबित होगा। पर्यटन बढ़ने से स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार के अवसर पैदा होंगे और व्यापारिक गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी।
​गोरखपुर के पर्यटन मानचित्र पर चिलूवाताल की यह नई पहचान न केवल शहर की खूबसूरती में चार चांद लगाएगी, बल्कि यह स्थानीय लोगों के लिए एक बेहतरीन पिकनिक स्पॉट और सुकून का केंद्र भी बनेगा।

आजमगढ़ से आईएसआई का एजेंट गिरफ्तार

आजमगढ़, 02 जून 2026, उत्तर प्रदेश एटीएस ने जिले के निजामाबाद थाना क्षेत्र से मोहम्मद शेख को गिरफ्तार किया है. एटीएस के मुताबिक, शेख पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के आतंकी नेटवर्क के इशारे पर काम करता था.

एटीएस की जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार युवक सोशल मीडिया और व्हाट्सएप की मदद से युवाओं को जोड़ता था और उन्हें कट्टरपंथी विचारधारा की ओर प्रभावित करता था. उसका उद्देश्य भारत में आतंकी गतिविधियों के लिए स्लीपर सेल तैयार करना था.
एटीएस के अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार मोहम्मद शेख को शहजाद भट्टी गैंग के हैंडलरों ने एक राजनीतिक दल की महिला नेता की हत्या का टास्क दिया था. जिसके बाद यह मिशन को अंजाम देने की तैयारी कर चुका था. काम को पूरा करने के लिए 9 एमएम पिस्टल व चार कारतूस की व्यवस्था की थी. इसको अंजाम देने की तैयारी के दौरान यह अन्य युवकों को भी इस नेटवर्क से जोड़ने के लिए प्रयासरत था. वहीं उत्तर प्रदेश के मंत्री ओपी राजभर ने सपा पर तंज करते हुए कहा कि आखिर क्यों सपा के गढ़ में ही आतंकी पकड़े जाते हैं।

एटा में मंदिर निर्माण के दौरान करंट लगने से मजदूर की मौत

Posted on 02.06.2026, Time 10.44 PM

एटा 02 जून उप्रससे। कोतवाली नगर क्षेत्र में मंगलवार सुबह मंदिर निर्माण कार्य के दौरान हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।

बिजोरा गांव निवासी विश्वजीत (35) गांव में चल रहे एक मंदिर निर्माण कार्य में लगा हुआ था। इसी दौरान ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट मे आ गया और वह गंभीर रूप से झुलस गया। मौके पर मौजूद लोगों ने आनन-फानन में उसे एटा जिला मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक के दोस्त अजीत ने बताया कि निर्माण कार्य के दौरान अचानक हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से यह हादसा हुआ। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और साथ आए लोगों में शोक की लहर दौड़ गई।

मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद परिजन शव को अपने साथ घर ले गए। पुलिस मामले की आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है।

June 1, 2026

बिजनौर: सीएम ने विभाजन पीड़ितों को दिए भूमि के पट्टे

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा बढ़ापुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम आलमपुर गांवड़ी में विभाजन विभीषिका के पीड़ित परिवारों एवं सैनिकों लीजधारकों को भूमिधरी अधिकार पत्र किए गए प्रदान*

बिजनौर 01 जून 2026,  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज जनपद के विकास खंड अफजलगढ़ स्थित ग्राम आलमपुर गांवड़ी में आयोजित भव्य कार्यक्रम में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को लाभान्वित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने समाज के वंचित, शोषित एवं जरूरतमंद वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए प्रदेश सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री द्वारा पाकिस्तान से विस्थापित 1645 परिवारों तथा 50 पूर्व सैनिकों एवं लीजधारकों को भूमिधरी अधिकार पत्र प्रदान किए गए। उन्होंने कहा कि भूमिधरी अधिकार मिलने से लाभार्थियों को न केवल भूमि पर वैधानिक स्वामित्व प्राप्त होगा, बल्कि उन्हें सम्मान, सुरक्षा एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ भी सुगमता से मिल सकेगा।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, स्वयं सहायता समूहों तथा अन्य योजनाओं के चयनित लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, डेमो चेक एवं प्रमाण पत्र वितरित किए। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा चयनित 11 प्रेरणादायी लाभार्थियों को मंच पर सम्मानित भी किया गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा संचालित विदुर प्रेरणा कैफे तथा अन्य विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गरीब, किसान, महिला, युवा एवं कमजोर वर्गों के सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है और प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने ने लाभार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें आत्मनिर्भर बनने तथा सरकारी योजनाओं का सदुपयोग कर अपने जीवन स्तर को बेहतर बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र पर कार्य करते हुए अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए संकल्पित है। विभाजन विभीषिका के शिकार विस्थापितों को भूमि आवंटन के मालिकाना अधिकार के अभिलेख पत्र प्रदान करने से पूर्व उन्होंने विभिन्न विभागों के तत्वावधान लगाई गई विकास प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।
इस‌ अवसर पर सांसद बिजनौर चंदन चौहान, मंत्री भूपेंद्र चौधरी, राजस्व विभाग सुरेन्द्र सिंह, राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष साकेन्द्र प्रताप सिंह, भाजपा क्षेत्राध्यक्ष श्सतेंद्र सिसोदिया, भाजपा जिलाध्यक्ष भूपेंद्र चौहान, विधायक बिजनौर श्रीमती सूचि चौधरी, धामपुर अशोक राणा, नहटौर ओम् कुमार, बढ़ापुर सुशांत सिंह, पूर्व सांसद बिजनौर व नगीना, जिलाधिकारी जसजीत कौर, पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा, मुख्य विकास अधिकारी रणविजय सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद थे।

एटा में मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला को मारी गोली

गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर

एटा 01 जून उप्रससे। जिले के जसरथपुर थाना क्षेत्र के दहेलिया पूठ गांव में सोमवार की सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकली एक महिला को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना के बाद महिला ने दो हमलावरों को पहचानने का दावा किया है। पुलिस ने घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज पहुंचाया, जहां से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

घायल महिला साधना मिश्रा (40) पत्नी राजेश मिश्रा ने बताया कि वह रोज की तरह सोमवार को भी सुबह टहलने निकली थीं। गांव के सचिवालय के पास पहुंचने पर एक गाड़ी आकर रुकी, जिसमें से तीन-चार लोग उतरे और उनका पीछा करने लगे। कुछ दूरी पर पांच-छह अन्य लोग भी दिखाई दिए। जब पीछे मुड़कर देखा तो दो लोगों को पहचान लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि एक व्यक्ति ने उन्हें पकड़ लिया और फिर गोली चला दी। उन्होंने एक मोटे व्यक्ति का नाम बल्लू और दूसरे पतले व्यक्ति का नाम गुलबहार बताया।

थाना जसरथपुर के थानाध्यक्ष विजय सिंह ने बताया कि आज सुबह करीब 5:10 बजे डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि कुछ व्यक्तियों ने एक महिला को गोली मारकर घायल कर दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल महिला को उपचार के लिए सीएचसी अलीगंज भेजा गया। पुलिस ने घटनास्थल का भी निरीक्षण किया है और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। फिलहाल अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

सीएचसी अलीगंज के चिकित्सा अधिकारी डॉ. शक्ति मीणा ने बताया कि सुबह करीब 5:40 बजे पुलिस द्वारा एक घायल महिला को अस्पताल लाया गया था। महिला के शरीर पर गोली लगने जैसे घाव पाए गए, जिससे यह मामला गन शॉट का प्रतीत हुआ। प्राथमिक उपचार देने के बाद महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया है।

« Newer PostsOlder Posts »