Web News

www.upwebnews.com

सरकार के नौ साल पूरे होने पर गोष्ठी

March 23, 2026

सरकार के नौ साल पूरे होने पर गोष्ठी

शाहजहांपुर — ( संजीव गुप्त द्वारा )उत्तर प्रदेश सरकार के “नव निर्माण के नौ वर्ष” पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आज विकास भवन सभागार, शाहजहांपुर में एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन जिला खेल कार्यालय, युवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल विभाग एवं मेरा युवा भारत शाहजहांपुर, जिला गंगा समिति द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, युवाओं एवं गणमान्य नागरिकों की सक्रिय सहभागिता रही। गोष्ठी में बीते 9 वर्षों में प्रदेश सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई और सभी ने अपने विभाग में संचालित मुख्य योजनाओं पर भी प्रकाश डाला।
जिला क्रीड़ा अधिकारी एस. पी. बमनिया ने खेलों के क्षेत्र में उपलब्धियों एवं खिलाड़ियों के लिए चलाई जा रही योजनाओं की विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
जिला युवा अधिकारी मेरा युवा भारत मयंक भदौरिया ने युवाओं के सशक्तिकरण हेतु संचालित कार्यक्रमों एवं पहलों पर प्रकाश डाला। जिला युवा कल्याण अधिकारी एन. के. सिंह ने विभागीय योजनाओं, प्रशिक्षण कार्यक्रमों एवं ग्रामीण युवाओं के विकास में किए गए कार्यों को साझा किया। जिला गंगा समिति से डॉ विनय सक्सेना ने नदियों की स्वच्छता, जल संरक्षण, गंगा स्वच्छता पखवाड़ा पर प्रकाश डालते हुए प्रश्नोत्तरी करायी। सभी अधिकारियों ने पिछले 9 वर्षों की प्रमुख उपलब्धियों, नवाचारों एवं जनहितकारी योजनाओं का विस्तार से उल्लेख किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित युवाओं को सरकारी योजनाओं से जुड़ने एवं समाज निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया। अंत में सभी प्रतिभागियों ने प्रदेश के विकास में सहयोग देने एवं “विकसित उत्तर प्रदेश” के संकल्प को आगे बढ़ाने का संकल्प भी लिया।

तहसील तिलहर में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित, 55 शिकायतें प्राप्त, 10 का मौके पर निस्तारण

जिलाधिकारी ने प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के दिए निर्देश*( संजीव गुप्त द्वारा )

शाहजहांपुर दिनांक 23 मार्च 2026। जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में तहसील तिलहर में संपूर्ण समाधान तहसील दिवस संपन्न हुआ। तहसील दिवस के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने संयुक्त रूप से जनता की शिकायतों एवं समस्याओं को सुना। जिलाधिकारी ने प्राप्त जनशिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा है कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
तहसील दिवस के अवसर पर विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 55 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 10 शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। शेष शिकायतों के निस्तारण के लिए जिलाधिकारी ने समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए है साथ ही उन्होंने कहा कि फरियादी को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, निर्धारित समय में ही शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

तहसील दिवस के अवसर पर अधिवक्ताओं द्वारा जिलाधिकारी से विभिन्न प्रशासनिक एवं राजस्व संबंधी समस्याओं को लेकर शिकायत प्रस्तुत की गई। उन्होंने न्यायालयों में लंबित मामलों के समयबद्ध निस्तारण, अभिलेखों के रख रखाव में सुधार, कर्मचारियों की लापरवाही पर कार्यवाही तथा तहसील परिसर की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने की मांग की।
जिलाधिकारी ने शिकायत पर संज्ञान लेते हुए तत्काल अपर जिलाधिकारी न्यायिक एवं उप जिलाधिकारी को जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया।

इस अवसर पर उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 विवेक कुमार मिश्र, उप जिलाधिकारी तिलहर सदानंद सरोज, तहसीलदार तिलहर दीपेंद्र कुमार, क्षेत्राधिकारी ज्योति यादव, जिला विकास अधिकारी ऋषिपाल सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
_______

वंदे मातरम’ चौराहे की मांग कर मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

एटा में शहीद दिवस पर विश्व हिंदू महासंघ

एटा 23 मार्च उप्रससे। जनपद में विश्व हिंदू महासंघ के पदाधिकारियों ने एटा कलेक्ट्रेट पहुंचकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम एक लिखित ज्ञापन सौंपा है। संगठन ने जिले के प्रत्येक चौराहे को ‘वंदे मातरम चौराहा’ घोषित करने की मांग उठाई है। यह मांग शहीद भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु के शहादत दिवस के अवसर पर की गई।

संगठन के जिलाध्यक्ष उपेंद्र सिंह जादौन के नेतृत्व में ज्ञापन सौंपा गया। इसे जिलाधिकारी कार्यालय में अतिरिक्त एसडीएम राजकुमार मौर्य को दिया गया। ज्ञापन में जिले के सभी चौराहों को ‘वंदे मातरम चौराहा’ नाम देने की अपील की गई है।

जिलाध्यक्ष उपेंद्र सिंह जादौन ने बताया कि 23 मार्च 1931 को अंग्रेजों ने शहीद भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को फांसी दी थी। आज सोमवार को उनका 95वां शहादत दिवस है, जिसे शहीद दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि ‘वंदे मातरम’ से देश भावना जागृत होती है, इसलिए चौराहों को यह नाम दिया जाना चाहिए।
ज्ञापन सौंपने वालों में अनिल कुमार, साहब की तस्वीर सिंह राजपूत, निशांत गौरव सिंह सिकरवार, कमलेश सिंह, अजय शर्मा, विवेक कुमार, अमन, बृजेश बर्थडे, आकाश कश्यप, जितेंद्र, विवेक गुप्ता, अजय गुप्ता और अनुराग कुमार सहित दर्जनों संगठन कार्यकर्ता मौजूद रहे।

औरैया कोतवाली में शक्तिकेन्द्र को उद्घाटित करते अपर महानिदेशक आलोक सिंह


औरैया, अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन आलोक सिंह, पुलिस उप महानिरीक्षक कानपुर परिक्षेत्र हरीश चंद्र तथा पुलिस अधीक्षक औरैया अभिषेक भारती ने थाना कोतवाली औरैया परिसर में नवनिर्मित मिशन शक्ति केन्द्र और साइबर हेल्प डेस्क का उद्घाटन किया। इसके बाद अधिकारियों ने निरीक्षण कर तैनात पुलिसकर्मियों को दिशा-निर्देश दिए। कार्यक्रम मिशन शक्ति अभियान 5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत आयोजित हुआ।
इसके उपरांत अपर पुलिस महानिदेशक आलोक सिंह, पुलिस उप महानिरीक्षक हरीश चंद्र तथा पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने कोतवाली परिसर में नवनिर्मित भोजनालय का उद्घाटन किया और निरीक्षण किया। “बड़ा खाना” कार्यक्रम में अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को भोजन परोसा।
सदर तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी औरैया नेहा जैन तथा पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती की अध्यक्षता में जनसुनवाई हुई। अधिकारियों ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का समय सीमा में निस्तारण किया जाए। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उपजिलाधिकारी सदर तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

ट्रेलर की चपेट में आने से महिला की मौत, बेटे के साथ जा रही थी बाजार

देवरिया,23 मार्च।गौरी बाजार थाना क्षेत्र के खैरा बलुआ निवासी 45 वर्षीय रीता देवी की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। वह अपने बेटे के साथ बाइक से बाजार जा रही थीं, तभी रुद्रपुर रोड पर एक ट्रेलर की चपेट में आ गईं।
बताया जा रहा है कि हादसा उस समय हुआ जब रीता देवी अपने बेटे के साथ गौरी बाजार की ओर जा रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रेलर ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गौरी बाजार पहुंचाया।
जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज देवरिया रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतका के परिवार में एक बेटा हितेश और एक बेटी सरस्वती हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है। वहीं, इस घटना से क्षेत्र में शोक की लहर है।

« Newer PostsOlder Posts »