Posted on 05.06.2026 Time 05.47 PM
बचाने आई मां पर भी चाकू से ताबड़तोड़ हमला, चचेरे भाइयों पर आरोप
निघासन खीरी 05 जून 2026, ।ऊत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिला अंतर्गत निघासन कोतवाली क्षेत्र के तारानगर गांव में गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां महज चंद फीट जमीन की रंजिश के चलते दो सगे संबंधियों (चचेरे देवर) ने घर में घुसकर चारपाई पर सो रहे 8 साल के मासूम बच्चे की चाकू से गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी। इस दौरान जब मां ने अपने कलेजे के टुकड़े को बचाने की कोशिश की, तो हमलावरों ने उन पर भी चाकू से जानलेवा हमला कर लहूलुहान कर दिया। इस जघन्य हत्याकांड से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और गांव में भारी दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, तारानगर निवासी रामप्रसाद का मानसिक संतुलन ठीक नहीं रहता है, जिसके कारण परिवार पहले से ही काफी तंगहाली और मुश्किलों का सामना कर रहा था। गुरुवार रात रामप्रसाद की पत्नी ज्ञानवती (ज्ञान देवी) अपने 8 वर्षीय पुत्र रवि कुमार के साथ छप्परनुमा घर में मच्छरदानी लगाकर सो रही थीं।रात करीब 1:45 से 2:00 बजे के बीच आहट होने पर ज्ञानवती की आंख खुली। उन्होंने देखा कि उनके पति के चचेरे भाई सियाराम और हरेराम चारपाई के पास खड़े हैं। इससे पहले कि महिला कुछ समझ पाती या शोर मचाती, आरोपी सियाराम ने ज्ञानवती को दबोच लिया। इसी दौरान दूसरे आरोपी हरेराम ने मच्छरदानी के भीतर सो रहे मासूम रवि की गर्दन पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए।
बेटे को बचाने तड़पी मां, खुद भी हुईं घायल
आंखों के सामने तड़प रहे बेटे को बचाने के लिए जब मां ज्ञानवती ने पूरी ताकत से विरोध किया और हमलावरों से भिड़ गईं, तो आरोपियों ने उन पर भी रहम नहीं खाया। हमलावरों ने महिला की गर्दन और दाहिने हाथ पर चाकू से कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
ज्ञानवती के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर परिवार और आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर दौड़े। खून से लथपथ मां-बेटे को आनन-फानन में एम्बुलेंस की मदद से निघासन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया जा रहा था, लेकिन घाव गहरे होने के कारण मासूम रवि ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। सीएचसी के डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल मां ज्ञानवती का इलाज अस्पताल में जारी है।
डेढ़ से तीन फीट जमीन का था पुराना विवाद
घटना की सूचना मिलते ही निघासन कोतवाली पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गई। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों परिवारों के बीच काफी समय से महज डेढ़ से तीन फीट जमीन के छोटे से हिस्से को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते इस खूनी खेल को अंजाम दिया गया। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं।
मुकदमा दर्ज, आरोपियों की तलाश में जुटीं पुलिस टीमें
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया है। निघासन कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक (कोतवाल) अवध राज सिंह सेंगर ने बताया कि मृत बालक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है। पीड़ित महिला की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों (सियाराम और हरेराम) के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।इस दर्दनाक घटना के बाद से पूरे तारानगर गांव में शोक, मातम और गहरा आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

