विश्व पर्यावरण दिवस पर बांटे कपड़े के थैले
लखीमपुर खीरी। विश्व पर्यावरण दिवस के शुभ अवसर पर नगर की सब्जी मंडी में वंदेमातरम् फाउंडेशन द्वारा ‘जागे त्यागे पालीथीन’ अभियान चलाया गया। इस मुहिम के तहत संस्था के सदस्यों ने सब्जी मंडी आने वाले ग्राहकों से पॉलिथीन का बहिष्कार करने और घर से कपड़े का थैला लेकर चलने की भावपूर्ण अपील की। इस दौरान जो लोग बिना थैले के मंडी आए थे, उन्हें संस्था की ओर से कपड़े के थैले मुफ्त वितरित किए गए।
मोबाइल याद रहता है तो थैला क्यों नहीं-ब्रजेश मिश्रा
अभियान के संयोजक और सामाजिक कार्यकर्ता ब्रजेश मिश्रा ने लोगों से तीखा मगर विनम्र सवाल करते हुए कहा, “जब हम घर से निकलते हैं तो मोबाइल ले जाना नहीं भूलते, फिर कपड़े का थैला क्यों भूल जाते हैं?” उन्होंने कहा कि हमारा एक छोटा सा प्रयास शहर को स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर बना सकता है। पॉलिथीन नालियों को चोक करती है, जिससे जलभराव होता है और सड़कें खराब होती हैं।
पर्यावरण हित में पॉलिथीन को कहें ना: डॉ. सत्येंद्र द्विवेदी
संस्था के अध्यक्ष व प्रख्यात कवि डॉ. सत्येंद्र द्विवेदी ‘गंवार लखीमपुरी’ ने नागरिकों से अपील की कि पर्यावरण संरक्षण के हित में पॉलिथीन का प्रयोग पूरी तरह बंद कर दें और केवल कपड़े के थैलों में ही सामान लें। वहीं, संस्था के वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. वी.बी. धुरिया के विशेष सहयोग से आम जनता को कपड़े के थैले बांटे गए।
बेजुबान पशुओं की जान ले रही पॉलिथीन: डॉ. आलोक मिश्रा
संस्था के उपाध्यक्ष डॉ. आलोक मिश्रा ने पॉलिथीन के घातक परिणामों पर चिंता जताते हुए कहा कि लोग पॉलिथीन में सब्जी लाते हैं और उसे इधर-उधर फेंक देते हैं। इसे खाकर हमारी गौवंश (गाय व अन्य पशु) बीमार हो रहे हैं और असमय मौत का शिकार हो रहे हैं।
पूर्वजों की आदतें अपनाने की जरूरत:पूर्णिमा मिश्रा
सुआगाढा प्राथमिक विद्यालय की शिक्षिका और संस्था सदस्य श्रीमती पूर्णिमा मिश्रा ने कहा कि हमें अपने पूर्वजों की तरह जूट और कपड़े के थैले इस्तेमाल करने की आदत डालनी होगी, अन्यथा आने वाली पीढ़ियां हमारे इस गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार के लिए हमें कभी माफ नहीं करेंगी।लगा गगन भेदी नारा मंडी में मौजूद सभी लोगों और संस्था के सदस्यों ने एक स्वर में नारा लगाया “जो पर्यावरण से करते हैं प्यार, पॉलिथीन को करें इंकार, लेकर चलें थैला, न करें नगर को मैला।”इस सराहनीय मुहिम में कवि डॉ. सत्येंद्र द्विवेदी ‘गंवार लखीमपुरी’, ब्रजेश मिश्रा, डॉ. वी.बी. धुरिया, श्रीमती पूर्णिमा मिश्रा, मनोज गुप्ता, राजेश शुक्ला सहित नगर के कई गणमान्य नागरिक और पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे।

