Web News

www.upwebnews.com

निजी विद्यालयों पर जिला पंचायत की कार्रवाई के खिलाफ लामबंद हुए स्कूल संचालक

August 20, 2026

निजी विद्यालयों पर जिला पंचायत की कार्रवाई के खिलाफ लामबंद हुए स्कूल संचालक

उप्रससे,अजय बरया

जखौरा- ललितपुर। जनपद ललितपुर के ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित निजी विद्यालयों को जिला पंचायत द्वारा जारी किए गए हैसियत एवं जायदाद कर तथा विद्यालय लाइसेंस/लाइसेंस नवीनीकरण संबंधी नोटिसों के विरोध में आज प्राइवेट स्कूल मैनेजमेंट एसोसिएशन के ब्लॉक जखौरा अध्यक्ष अरुण ताम्रकार के नेतृत्व में संबंधित तहसील मुख्यालयों पर उपजिलाधिकारी श्री पटेल सर को ज्ञापन सौंपा गया।

एसोसिएशन की ओर ब्लॉक जखौरा अध्यक्ष.अरुण ताम्रकार. ने कहा गया कि ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित निजी विद्यालय व्यावसायिक प्रतिष्ठान नहीं हैं, बल्कि अधिकांश विद्यालय सोसाइटी/गैर-लाभकारी संस्थाओं द्वारा संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन विद्यालयों का उद्देश्य लाभ कमाना नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना और शिक्षा के क्षेत्र में सेवा प्रदान करना है।

ज्ञापन में कहा गया कि विद्यालय से प्राप्त होने वाली फीस अथवा अन्य आय किसी व्यक्ति विशेष की व्यक्तिगत आय नहीं होती। विद्यालय की समस्त प्राप्तियां शिक्षकों एवं कर्मचारियों के वेतन, भवन, बिजली-पानी, शिक्षण सामग्री, रखरखाव, विद्यार्थियों की सुविधाओं तथा अन्य शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्यों में व्यय होती हैं। विद्यालयों का संचालन मूल रूप से “नोट फॉर प्रॉफिट” के आधार पर किया जा रहा है।

एसोसिएशन ने मांग की कि निजी विद्यालयों को सामान्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान मानकर उन पर हैसियत एवं जायदाद कर निर्धारित करना तथा जिला पंचायत का पृथक लाइसेंस लेने के लिए बाध्य करना उचित नहीं है। इसलिए जिला पंचायत द्वारा जारी किए गए दोनों प्रकार के नोटिस तत्काल प्रभाव से निरस्त किए जाएं तथा ग्रामीण क्षेत्र के निजी विद्यालयों को अनावश्यक आर्थिक एवं प्रशासनिक दबाव से राहत प्रदान की जाए।

ज्ञापन सौंपने के दौरान संबंधित तहसील के उपजिलाधिकारी श्री हेमन्त पटेल को ज्ञापन दिया गया। इस अवसर पर प्राइवेट स्कूल मैनेजमेंट एसोसिएशन के जखौरा ब्लॉक अध्यक्ष अरुण ताम्रकार के साथ उपाध्यक्ष वसीम खजुरिया , महामंत्री ध्रुव साहू, विभिन्न विद्यालयों के प्रबंधक एवं प्रतिनिधि श्री भानुप्रताप सिंह, हरिमोहन गोस्वामी, श्री राम, कल्याण सिंह, कपिल अग्रवाल, जयप्रकाश सिंह यादव, राजेंद्र राजपूत, अजय जैन, रामगुलाम आचार्य जी, राजबहादुर, मुहम्मद इसरार, बृजेंद्र सिंह राजपूत, हेमंत जोशी सुनील कुमार, राम लखन सर, सुखलाल, धीरजसिंह एवं उत्कर्ष श्रीवास्तव व अन्य विद्यालय संचालक उपस्थित रहे।

एसोसिएशन ने प्रशासन से मांग की कि ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए निजी विद्यालयों पर लगाए जा रहे इन अतिरिक्त कर एवं लाइसेंस संबंधी प्रावधानों पर तत्काल पुनर्विचार किया जाए।

तालबेहट : प्राइवेट स्कूल मैनेजमेंट एसोसिएशन के ब्लॉक अध्यक्ष संजीव शर्मा ने तालबेहट में उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान एसोसिएशन के बार ब्लॉक अध्यक्ष रामसेवक ने भी अपने साथियों के साथ उपस्थित होकर ज्ञापन सौंपते हुए जिला पंचायत की कार्रवाई का विरोध किया।

महरौनी : महरौनी ब्लॉक अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह पटेल ने तहसील मुख्यालय पर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा और जिला पंचायत द्वारा लगाए गए अतिरिक्त कर एवं लाइसेंस संबंधी कार्रवाई को तत्काल निरस्त करने की मांग की।

मड़ावरा : मड़ावरा ब्लॉक अध्यक्ष अमर सिंह विश्वकर्मा ने अपनी टीम के साथ मड़ावरा के उपजिलाधिकारी मड़ावर को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि निजी विद्यालयों को व्यावसायिक प्रतिष्ठान मानकर की जा रही कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाई जाए।

बिरधा: बिरधा ब्लॉक अध्यक्ष अवतार सिंह ने पाली के उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि जिला पंचायत द्वारा ग्रामीण क्षेत्र के निजी विद्यालयों पर लगाए गए अतिरिक्त कर एवं लाइसेंस संबंधी कार्रवाई को तत्काल निरस्त किया जाए।

एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने प्रशासन से मांग की कि ग्रामीण क्षेत्र में संचालित निजी विद्यालयों की वास्तविक प्रकृति एवं उनके गैर-लाभकारी शैक्षणिक उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए जिला पंचायत द्वारा जारी दोनों प्रकार के नोटिसों पर तत्काल पुनर्विचार किया जाए तथा विद्यालयों को अनावश्यक आर्थिक एवं प्रशासनिक दबाव से मुक्त किया जाए।

प्राइवेट स्कूल मैनेजमेंट एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि ग्रामीण बच्चों को शिक्षा उपलब्ध कराने वाले विद्यालयों को व्यापारिक प्रतिष्ठान मानना उचित नहीं है और इस मुद्दे पर एसोसिएशन सभी प्रभावित विद्यालयों के हित में लोकतांत्रिक एवं वैधानिक तरीके से अपनी आवाज उठाती रहेगी।

ऑनलाइन गेमिंग सट्टा खिलाने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़, पांच गिरफ्तार

Posted on 20/08/2026
Time 15:20 P.M
Santosh Kumar Singh
Gorakhpur

गोरखपुर ( उप्र समाचार सेवा ) । शाहपुर थाना पुलिस ने ऑनलाइन गेमिंग पोर्टल “रेडी अन्ना” के जरिए सट्टा खिलाने और अलग-अलग बैंकों के म्यूल/फर्जी खातों के माध्यम से लोगों से ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 23 मोबाइल फोन, लैपटॉप, टैबलेट, एटीएम कार्ड, बैंक पासबुक, बायोमेट्रिक डिवाइस समेत बड़ी संख्या में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और दस्तावेज बरामद हुए हैं।

पुलिस के अनुसार, 20 अगस्त को शाहपुर थानाध्यक्ष अंजय कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम संदिग्धों और वांछितों की तलाश में थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सेमरा नंबर-2 स्थित पानी की टंकी के पास एक मकान में कुछ लोग ऑनलाइन गेमिंग में सट्टा लगवाने और अलग-अलग बैंक खातों में रकम मंगाकर ठगी करने का काम कर रहे हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मकान पर छापा मारकर वहां मौजूद पांच लोगों को पकड़ लिया। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी “रेडी अन्ना” पोर्टल के जरिए अलग-अलग नामों से संचालित बैंक खातों में सट्टे की रकम का डिपॉजिट और विड्रॉल कर रहे थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपी बैंक खातों से संबंधित वैध दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं कर सके।

पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे “रेडी अन्ना” नामक ऑनलाइन गेमिंग पोर्टल का पैनल खरीदकर उसकी एक ब्रांच के रूप में कार्यालय संचालित करते थे। सट्टे की रकम के लेन-देन के लिए लोगों को बहला-फुसलाकर कई म्यूल/फर्जी बैंक खाते खुलवाए जाते थे। इन्हीं खातों के जरिए सट्टे की रकम का लेन-देन किया जाता था।

पुलिस के अनुसार, गिरोह द्वारा प्रतिदिन लाखों रुपये का लेन-देन किया जाता था और रकम प्राप्त होने के बाद उसे आपस में बांट लिया जाता था।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नितीश सिंह निवासी देवरिया, अभय कुमार सिंह निवासी देवरिया, वजीद चौधरी निवासी मुजफ्फरनगर, साहिल चौधरी निवासी मुजफ्फरनगर और मुन्ना कुमार निवासी सिवान, बिहार के रूप में हुई है।

पुलिस ने मामले में नितिश प्रताप सिंह, संजीव सिंह और एक अन्य अज्ञात आरोपी को वांछित बताया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 23 मोबाइल फोन, तीन लैपटॉप, एक मिनी लैपटॉप, तीन टैबलेट, 11 एटीएम कार्ड, 16 बैंक पासबुक, बायोमेट्रिक डिवाइस, राउटर, पावर बैंक, मोबाइल चार्जर और डेटा केबल बरामद किए हैं। इसके अलावा पैन कार्ड, आधार कार्ड, निर्वाचन कार्ड और अन्य दस्तावेज भी मिले हैं।

मामले में थाना शाहपुर में मु0अ0सं0 401/2026, धारा 112(2), 318(4), 61(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

बस्ती परिक्षेत्र के पुलिसबल को व्यवहार कौशल और संवाद कौशल का अर्द्धदिवसीय प्रशिक्षण

 

उप्रससे
20 अगस्त
बस्ती। पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के मार्गदर्शन में पुलिस प्रशिक्षण निदेशालय की टीम द्वारा गुरुवार को बस्ती परिक्षेत्र के पुलिस अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को व्यवहार कौशल और संवाद कौशल का अर्द्ध दिवसीय प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण में बस्ती जनपद के 303 पुलिसकर्मियों ने भौतिक रूप से पुलिस लाइन्स बस्ती के सभागार में उपस्थित होकर और जनपद संत कबीर नगर के 247 व जनपद सिद्धार्थनगर के 194 पुलिसकर्मियों ने ऑनलाइन VC के माध्यम से प्रतिभाग किया।
विविध प्रकार की महत्वपूर्ण ड्यूटियों, जैसे वर्तमान की काँवड़ ड्यूटी, में लगे पुलिसबल को जनसामान्य के साथ प्रभावी संवाद एवं शिष्ट व्यवहार के संबंध में प्रशिक्षित करने के उद्देश्य से यह प्रशिक्षण कार्यक्रम बहुत प्रभावशाली रहा।

पुलिस प्रशिक्षण निदेशालय के दोनों प्रशिक्षकों देव रंजन वर्मा, पुलिस उप महानिरीक्षक प्रशिक्षण और डॉ0 रेखा वाजपेयी, सेवानिवृत्त पुलिस उपाधीक्षक प्रशिक्षण के द्वारा अत्यंत रोचक तरीके से सहज और सरल भाषा में विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

सामाजिक कौशल का विकास करने के लिए मुस्कुराहट और बॉडी लैंग्वेज का क्या महत्व होता है, इसको बहुत रोचक उदाहरणों और गतिविधियों के माध्यम से समझाया गया। “आत्मनः प्रतिकूलानि परेषां न समाचरेत” अर्थात “दूसरों के साथ वैसा व्यवहार न करें, जो आपको अपने लिए नहीं पसंद है”, श्रद्धालुओं से संवेदनशील व्यवहार करने के लिए आधारभूत सिद्धांत के रूप में प्रस्तुत किया गया।

विभिन्न रीति रिवाजों और परंपराओं के प्रति आदरपूर्ण व्यवहार पुलिसिंग हेतु अत्यंत महत्वपूर्ण है।
वर्दी पहनकर अहंकारपूर्ण व्यवहार नहीं करना चाहिए। जब आप ड्यूटी पर नहीं होते हैं और एक आम व्यक्ति का जीवन जी रहे होते हैं, तब आप अपने साथ जैसा व्यवहार पुलिस से चाहते हैं, वैसा ही व्यवहार अपनी ड्यूटी करते समय आपको आम जनता से करना होगा प्रतिदिन कम से कम एक सरकारी कार्य आप सेवाभाव से करना आरम्भ करें।

जापानी पद्धति काइज़ेन और हठयोग दर्शन का प्रयोग करके
स्वयं को मानसिक, भावनात्मक और शारीरिक रूप से स्वस्थ रखने की व्यवहारिक विधियाँ बताई गईं।
पुलिस अधीक्षक बस्ती यशवीर सिंह ने मुक्त कंठ से सराहना करते हुए इस प्रशिक्षण को आधुनिक पुलिसिंग की बहुत बड़ी आवश्यकता के रूप में रेखांकित किया। पुलिस लगातार जनता की सेवा में कार्यरत रहती है, किंतु फिर भी दुर्व्यवहार की शिकायतों से पुलिस की छवि पर विपरीत प्रभाव पड़ता है। उन्होंने बताया कि बस्ती जनपद में काँवड़ यात्रा के दौरान पुलिसबल ने उच्चकोटि के व्यवहार और आचरण का प्रदर्शन करके यह स्पष्ट प्रमाण दिया कि व्यवहार कौशल और संवाद कौशल बेसिक पुलिसिंग के महत्वपूर्ण स्तम्भ हैं।
समापन उद्बोधन में पुलिस उप महानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी ने प्रशिक्षण निदेशालय की टीम को इतना उपयोगी और रुचिपूर्ण प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए साधुवाद दिया। उन्होंने सोशल मीडिया के अतिशय प्रभाव के चलते जिस प्रकार से पुलिसबल का ध्यान जीवन के आवश्यक पहलुओं से हट रहा है, उस पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों को इस बात की समझ होना आवश्यक है कि अपराधिक तत्वों के विरुद्ध कार्यवाही करते समय व्यवहार और पीड़ितों व जन सामान्य के साथ व्यवहार में बहुत अंतर होता है। आज का प्रशिक्षण पुलिसकर्मियों को व्यवहार के इस अंतर को बहुत बारीकी से समझाने में सफल रहा है।

जयंत कुमार मिश्र संवाददाता

Firozabad जैन मुनि के साथ मारपीट प्रकरण में रिपोर्ट दर्ज

Posted on 20.08.2926, Firozabad News
फिरोजाबाद, 20 अगस्त 2026, नगर के थाना उत्तर क्षेत्र के तहत नसिया जी जैन मंदिर पर चातुर्मास के दौरान निवास कर रहे जैन संत एकत्व सागर जी महाराज के साथ अभद्रता और मारपीट प्रकरण को लेकर जैन समाज में आक्रोश व्याप्त है उसने शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच कार्रवाई शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के तहत नातिया जी जैन मंदिर पर चरित्र मानस कर रहे मुनि अमित सागर महाराज और एकत्व सागर महाराज के लगे हुए बंदरों को लेकर सागर महाराज पर मंगलवार को हमला करते हुए मारपीट और अभद्रता की गई थी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ जिससे समाज के लोगों में आक्रोश फैल गया। मंदिर कमेटी के लोगों द्वारा मारपीट करने वाले लोगों के खिलाफ बुधवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिकायत की गई थी। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर माना उत्तर प्रभारी द्वारा संबंधित मामले में तीन लोगों को नामजद तथा कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है संबंधित मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस द्वारा आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Lucknow Breaking युवक ने बैंक मैनेजर पत्नी और अपनी सगी बहन की हत्या कर आत्महत्या कर ली

Posted on 20.08.2026 Time 03.38 PM, Lucknow News, UP News, ICICI Bank

लखनऊ, 20 अगस्त 2026 (उप्र समाचार सेवा)। राजधानी में आज दोपहर एक युवक ने बैंक मैनेजर पत्नी और अपनी सगी बहन की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद पिस्तौल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गोमती नगर के विनीत खंड स्थित आईसीआईसीआई बैंक शाखा के बाहर युवक मानस वाजपेई ने अपनी पत्नी बैंक मैनेजर दिव्या मिश्रा को गोली मार दी। इसके बाद वह अपने हुसडिया चौराहा स्थित किराए के मकान पर पहुंचा और अपनी सगी बहन को गोली मार दी। फिर कमरा बंद करके खुद को गोली मारकर आत्म हत्या कर ली।

मृतक ने पत्नी और बहन की हत्या से पहले अपने व्हाट्सएप पर स्टेटस लगा कर पत्नी पर धोखा देने का आरोप लगाया। पुलिस ने तीनों शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। बताया जाता है कि पति पत्नी के बीच कुछ महीनों से विवाद चल रहा था।

« Newer PostsOlder Posts »