Web News

www.upwebnews.com

बच्चों के झगड़े से भड़की जातीय हिंसा, कई घायल

April 28, 2026

बच्चों के झगड़े से भड़की जातीय हिंसा, कई घायल

मैनपुरी।  एलाऊ थाना क्षेत्र के ग्राम मंछना में बच्चों के विवाद ने कथित तौर पर जातीय हिंसा का रूप ले लिया। गांव के एक विकलांग युवक महेंद्र सिंह जाटव ने थाने में दी तहरीर में आरोप लगाया है कि बच्चों के खेल के दौरान हुए मामूली झगड़े के बाद गांव के दबंगों ने संगठित होकर हमला कर दिया।
पीड़ित के मुताबिक, शाम करीब साढ़े पांच बजे 10 नामजद और 5 अज्ञात लोग लाठी-डंडे, सरिया और फावड़े के बेंट लेकर पहुंचे और जातिसूचक गालियां देते हुए हमला बोल दिया। आरोप है कि महेंद्र सिंह, उनकी नानी रेशमा देवी, मामी संगीता देवी और ममेरे भाइयों अमित कुमार व रामू के साथ मारपीट की गई, जिससे सभी घायल हो गए। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि हमलावरों ने घर के बाहर खड़ी स्विफ्ट डिजायर कार में तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया। शोर सुनकर जब मोहल्ले के अन्य लोग बचाव में पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की गई। जितेंद्र और राकेश के घर में घुसकर हमला करने तथा बचाने आई महिलाओं और बेटियों बसंती, संध्या और काजल को भी पीटने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित का कहना है कि हमलावर जातिसूचक टिप्पणी करते हुए गांव छोड़ने और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। महेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि आरोपी प्रभावशाली और दबंग प्रवृत्ति के हैं, जिससे परिवार में दहशत का माहौल है।
घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने थाना एलाऊ में तहरीर देकर नामजद और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। मामले में जातीय उत्पीड़न, मारपीट, तोड़फोड़ और धमकी जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। तहरीर के आधार पर आरोपों की पड़ताल की जा रही है और पुलिस का कहना है कि जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस की नजर बनी हुई है।

जिलाधिकारी ने फार्मर रजिस्ट्री की धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी 

मैनपुरी।  जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने त्रिलोकपुर, कुचेला में फार्मर रजिस्ट्री के कार्य का स्थलीय निरीक्षण करते हुए फॉर्मर रजिस्ट्री की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उप कृषि निदेशक को आदेशित किया कि फॉर्मर रजिस्ट्री की प्रगति सुधारने के लिए सम्मिलित प्रयास करें, लेखपाल, पंचायत सचिव, पंचायत सहायक, ए.टी.एम., बी.टी.एम. सहित अन्य ग्राम स्तरीय कार्मिकों से सुबह-शाम फॉर्मर रजिस्ट्री का कार्य करायें, अभी त्रिलोकपुर में 1771 एंव कुचेला में 1132 किसानों की फॉर्मर रजिस्ट्री होना शेष है। उन्होने ग्राम पंचायत कुचेला के लेखपाल अवध बिहारी को आदेशित करते हुए कहा कि अवशेष किसानों की फॉर्मर रजिस्ट्री तत्काल कराना सुनिश्चित करें, निरीक्षण के दौरान मुख्य मार्ग से पंचायत घर तक का सम्पर्क मार्ग क्षतिग्रस्त पाये जाने, नालियों में गंदगी व्याप्त होने, पंचायत घर परिसर में घास, गदंगी पाये जाने, विकास कार्यों में लापरवाही बरतने, खराब हैंडपंपों को ठीक न कराने पर सचिव प्रबल प्रताप को प्रतिकूल प्रविष्टि एवं सफाईकर्मी संजू को तत्काल प्रभाव से निलम्बित कर नये सफाईकर्मी की तैनाती किये जाने के निर्देश जिला पंचायत राज अधिकारी को देते हुए कहा कि गांव में जो भी हैडपंप खराब हैं उन्हें प्राथमिकता पर ठीक कराया जाये ताकि ग्रामवासियों को भीषण गर्मी में पानी की समस्या का सामना न करना पड़े।
              श्री त्रिपाठी ने निरीक्षण के दौरान पाया कि गांव मंे जल जीवन मिशन के तहत ओवरहेड टैंक, ट्यूवेल, पाइप लाइन का कार्य कराया गया है, घरों में नल कनेक्शन भी लगाये गये हैं लेकिन ग्रामवासियों ने बताया कि जलापूर्ति नहीं की जा रही है, जिस पर उन्होने अधिशाषी अभियंता जल निगम को गांव का भ्रमण कर हर घर नल के माध्यम से स्वच्छ जल की आपूर्ति सुनिश्चित कराये जाने हेतु निर्देशित किया। उन्होने जिला पंचायत राज अधिकारी से कहा कि गांव में बने पंचायत घर तक जाने वाले मार्ग पर अगले 10 दिन में सी.सी. कराकर फोटोग्राफ्स उपलब्ध करायें। निरीक्षण के दौरान उप कृषि निदेशक नरेन्द्र कुमार त्रिपाठी, तहसीलदार हरेंश कर्दम, ग्राम प्रधान विमल चन्द्र, अनिल सक्सैना आदि उपस्थित रहे।

मैनपुरी में स्मार्ट मीटर के खिलाफ भाकियू का हल्लाबोल, बिजली विभाग का पुतला फूंका

मैनपुरी , 27 अप्रैल 2026, स्मार्ट मीटर और बिजली विभाग की कथित मनमानी के खिलाफ भारतीय किसान यूनियन (महाशक्ति) ने मैनपुरी में जोरदार प्रदर्शन किया। सैकड़ों कार्यकर्ता मदार दरवाजे पर एकजुट हुए और बिजली विभाग का पुतला फूंककर विरोध जताया।
प्रदर्शन के दौरान ‘स्मार्ट मीटर हटाओ’ और ‘विद्युत विभाग मुर्दाबाद’ के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। भाकियू (महाशक्ति) के नेताओं ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग उपभोक्ताओं की सहमति के बिना जबरन स्मार्ट मीटर लगा रहा है। संगठन का कहना है कि महज 100 रुपये के बकाये पर भी कनेक्शन काट दिए जा रहे हैं, जिससे किसान और आम उपभोक्ता परेशान हैं।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि स्मार्ट मीटर से बिजली बिल अधिक आ रहे हैं और चेकिंग के नाम पर अवैध वसूली की जा रही है। भाकियू ने बिजली विभाग को 7 दिन का अल्टीमेटम दिया है। चेतावनी दी गई कि अगर इस अवधि में स्मार्ट मीटर नहीं हटाए गए और व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो संगठन सड़क पर उतरकर और भी भव्य आंदोलन करेगा। गौरतलब है कि मैनपुरी के करहल क्षेत्र में पहले भी स्मार्ट मीटर को लेकर विरोध हो चुका है। ग्रामीणों और किसान संगठनों का आरोप है कि विभाग कर्मचारी घरों में घुसकर दबंगई दिखाते हैं और विरोध करने पर अभद्र व्यवहार करते हैं। वहीं बिजली विभाग का कहना है कि स्मार्ट मीटर से गलत बिल की समस्या खत्म होगी और उपभोक्ता मोबाइल ऐप से खपत देख सकेंगे। फिलहाल बिजली विभाग के अधिकारी इस प्रदर्शन पर कोई प्रतिक्रिया देने से बच रहे हैं।

Farmer Suicides : फसल में नुकसान और बैंक कर्ज से परेशान दंपत्ति ने की आत्महत्या

Indian Rural News Agency IRNA Logo

logo Indian Rural News Agency

मैनपुरी, 27 अप्रैल 26, थाना बरनाहल क्षेत्र के गांव अढूपुर निवासी वृद्ध दंपती संतोष कुमार और राधा देवी सोडरा गांव के पास अचेत अवस्था में मिले। ग्रामीणों ने जब उन्हें देखा तो इसकी सूचना परिजन को दी। परिजन दंपती को सैफई अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने दंपती को मृत घोषित कर दिया।

 घटना की सूचना मिलते ही दंपती का एक बेटा दिलीप जो फौज में तैनात है, वह घर पर आ गया। वहीं दूसरा बेटा खेती करता है जो पहले से ही घर पर मौजूद था। घटना की सूचना मिलने के बाद एसपी ग्रामीण अभिषेक तिवारी SP Rural Abhishek Tiwari भी क्षेत्राधिकारी करहल और थाना प्रभारी के साथ मौके पर पहुंच गए। एसपी ग्रामीण अभिषेक तिवारी ने बताया कि दंपती के जहर खाकर आत्महत्या की सूचना प्राप्त हुई थी, जिसके बाद उन्हें पीजीआई में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत के स्पष्ट कारणों के लिए अभी जांच की जा रही है। मौके पर पुलिस बल तैनात है वहीं ग्रामीणों की मानें तो मृतक किसान के ऊपर बैंक का कर्ज था। वह आलू में घाटे की वजह से परेशान भी थे। कई बार किसान ने कहा था कि कर्ज खत्म करने के लिए चाहे मुझे अपने खेत को बेचना पड़े मैं बेच दूंगा।

April 25, 2026

कैम्प लगाकर स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं की समस्याओं का हो निदान- पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री

मैनपुरी। जन-सुनवाई के दौरान जब सलेमपुर नि. नरेन्द्र सिंह ने अपने शिकायती प्रार्थना पत्र के माध्यम से पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह को बताया कि दिवगंत दादी के नाम प्रधानमंत्री सहज बिजली हर घर योजनान्तर्गत कनेक्शन लिया था, विभाग ने मीटर तो लगा दिया लेकिन पोल से लाइन नहीं जोड़ी, कुछ समय बाद रू. 25 हजार का बिल विद्युत विभाग द्वारा उपलब्ध कराया गया जबकि विभाग ने मीटर लगाने के बाद लाइन ही नहीं जोड़ी, जिस पर उन्होने अधीक्षण अभियंता विद्युत को शिकायती पत्र पृष्ठाकिंत करते हुए कहा कि प्रकरण की गहनता से जॉच कराकर तत्काल शिकायतकर्ता को राहत प्रदान करें। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि किसी भी उपभोक्ता को विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों की कार्यशैली के कारण असुविधा का सामना न करना पड़े, विभागीय अधिकारी गलत विद्युत बिलिंग में सुधार करायें। उन्होंने कहा कि तमाम उपभोक्ताओं के मन में स्मार्ट मीटर को लेकर भ्रम, आशंकाओं की स्थिति बनी हुई है, प्रदेश के मुख्यमंत्री ने अग्रिम आदेशों तक नए स्मार्ट मीटर की स्थापना पर रोक लगा दी है। उन्होंने अधिशासी अभियंता विद्युत को आदेशित करते हुए कहा कि लोगों को स्मार्ट मीटर के प्रति जागरूक करें, विद्युत उप केंद्रों पर कैंप लगाकर स्मार्ट मीटर के उपभोक्ताओं की शिकायतों का समाधान किया जाए, स्मार्ट मीटर के साथ समानांतर तौर पर सामान्य मीटर लगाकर रीडिंग ली जाए ताकि लोगों के बीच स्मार्ट मीटर को लेकर फैली भ्रांतियां दूर हो सकें। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के दृष्टिगत विद्युत आपूर्ति निर्वाध रूप से सुनिश्चित की जाए, बेवजह किसी भी फीडर पर रोस्टिंग न हो, खराब ट्रांसफार्मर तत्काल बदले जाएं, निजी नलकूपों को निर्धारित अवधि में विद्युत की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए ताकि किसी भी किसान को सिंचाई करने में असुविधा का सामना न करना पड़े। इस दौरान जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा, क्षेत्राधिकारी नगर संतोष कुमार, तहसीलदार हरेंश कर्दम के अलावा विद्युत विभाग से लालू जादौन, अश्वनी पाण्डेय, उदय चौहान, अर्जुन सिंह, प्रवेश शर्मा आदि उपस्थित रहे।
« Newer PostsOlder Posts »