Web News

www.upwebnews.com

स्मार्ट मीटर के विरोध में सड़कों पर उतरे लोग, शव यात्रा निकाली

May 1, 2026

स्मार्ट मीटर के विरोध में सड़कों पर उतरे लोग, शव यात्रा निकाली

मैनपुरी में स्मार्ट मीटर के विरोध में जनाक्रोश लगातार बढ़ रहा है। शहर के तांगा स्टैंड पर लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर से जुड़े संगठन के पदाधिकारियों ने जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने बंसी गौर इलाके से स्मार्ट मीटर की प्रतीकात्मक अर्थी निकाली। इसके बाद तांगा स्टैंड पहुंचकर बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि सरकार द्वारा लगाए जा रहे स्मार्ट मीटर आम जनता, विशेषकर गरीबवर्ग के लिए परेशानी का सबब बन गए हैं। लोगों का कहना है कि इन मीटरों में लगातार गड़बड़ियां सामने आ रही हैं।
उपभोक्ताओं के अनुसार, कई बार लाइन कटने के बाद भी बिल आ रहा है, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। वहीं,
नेगेटिव बैलेंस होने पर तुरंत बिजली काट दी जाती है, लेकिन रिचार्ज के बाद भी घंटों तक आपूर्ति बहाल नहीं होती। प्रदर्शन के दौरान ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा का पुतला भी फूंका गया।प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने मीटर दोबारा लगाए जाएं, ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। भीषण गर्मी के बीच बार-बार बिजली कटौती से बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को विशेष परेशानी हो रही है।

April 29, 2026

वृद्धाश्रम का निरीक्षण कर सुनी वृद्धों की समस्याएं

मैनपुरी।  जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के द्वारा गठित कमेटी के अध्यक्ष तालेवर सिंह अपर जनपद न्यायाधीश/अतिरिक्त रेप एंड पोस्को एवं सदस्य कुलदीप सिंह अपर जनपद न्यायाधीश/एफटीसी प्रथम व श्रीमती नूतन चौहान सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने संयुक्त रूप से वृद्धा आश्रम मैनपुरी का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान संचालिका श्रीमती कमलेश कुमारी अनुपस्थित मिलीं। वृद्धाश्रम में वृद्धजनों की संख्या कुल 116 पायी गयी जिसमें से पुरुष-52 व महिलायें-64 हैं। अधिकारीयों द्वारा वृद्धों की समस्याओं को सुना गया जिसमें कुछ वृद्ध महिलाऐं पैर के दर्द से पीड़ित हैं जिसके लिये अधिकारियों ने उन्हें जिला अस्पताल ले जाकर उपचार कराने के निर्देश दिये। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि वहां के कूलरों में पानी नहीं है एवं अधिकतर कूलरों की पम्प खराब है जिसके लिये अधिकारियों द्वारा त्वरित कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये।

मैनपुरी में जमीन विवादों पर अब होगी तावड़तोड़ कार्रवाई

मैनपुरी। जनपद में वर्षों से चले आ रहे जमीन विवादों पर अब निर्णायक कार्रवाई की तैयारी पूरी हो चुकी है। जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने बड़ा फैसला लेते हुए 07 मई से “मिशन समाधान” अभियान शुरू करने का ऐलान किया है। इस अभियान के तहत राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीमें गांव-गांव पहुंचकर मौके पर ही विवादों का निपटारा करेंगी।
कागजों में नहीं धरातल पर होगा काम प्रशासन की रणनीति साफ है- अब फाइलों में नहीं, जमीन पर समाधान होगा। दोनों पक्षों की मौजूदगी में सीमांकन कराया जाएगा, पात्र को कब्जा दिलाया जाएगा और अवैध कब्जों को तत्काल हटाया जाएगा। खास बात यह है कि हर कार्रवाई का वीडियो, फोटो और दोनों पक्षों के हस्ताक्षर के साथ रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा। इसके बाद यदि कोई दोबारा विवाद खड़ा करता है तो सीधे एफआईआर दर्ज की जाएगी। जिले भर में एक साथ 24 टीमें इस अभियान में जुटेंगी। जिन गांवों में विवाद अधिक हैं, उन्हें प्राथमिकता सूची में रखा गया है। अभियान को तीन चरणों में बांटा गया है-पहले बड़े और लंबे समय से लंबित विवादों का निस्तारण, फिर क्लस्टर के आधार पर कार्रवाई और अंत में ऐसे गांवों को “विवाद रहित” घोषित किया जाएगा जहां कोई लंबित मामला नहीं बचेगा। जिलाधिकारी ने साफ शब्दों में निर्देश दिए हैं कि अब केवल फाइल फॉरवर्ड करने का दौर खत्म होगा। हर अधिकारी को खुद मौके पर जांच कर जवाब देना होगा। लापरवाही पर सख्त कार्रवाई तय है। संदेश स्पष्ट है -तेजी, पारदर्शिता और स्थायी समाधान के जरिए ही जनता का भरोसा जीता जाएगा। “मिशन समाधान” से उम्मीद है कि मैनपुरी में जमीन विवादों की जड़ पर चोट होगी और लोगों को वर्षों की परेशानी से राहत मिलेगी।

April 28, 2026

कार ने बाइक सवारों को मारी टक्कर, तीन की मौत

मैनपुरी , मार्ग दुर्घटना में एक महिला सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना कोतवाली क्षेत्र के शीतला देवी मंदिर के पास नए पुल पर हुई, जहां एक तेज रफ्तार वैगन आर  ने बाइक सवार तीनों लोगों को टक्कर मार दी। मृतक अपने ताऊ के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए मैनपुरी आ रहे थे।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतकों की पहचान 45 वर्षीय धर्मेंद्र, उनकी पत्नी 40 वर्षीय बेबी और 38 वर्षीय संजय के रूप में हुई है। संजय मृतका बेबी का भाई बताया जा रहा है। तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर ताबेपुर में अपने ताऊ की गमी में शामिल होने जा रहे थे। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन सहित मौके से फरार हो

सड़क हादसे में भतीजे की मौत, चाचा घायल

मैनपुरी, बेवर थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में भतीजे की मौत हो गई, जबकि चाचा गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों शादी के कार्ड बांटकर घर लौट रहे थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है।
यह हादसा बेवर थाना क्षेत्र में हुआ। कन्नौज के छिबरामऊ थाना क्षेत्र के नगला नथा निवासी अखिलेश यादव अपने चाचा महेंद्र सिंह के साथ रिश्तेदारी में शादी के कार्ड बांटने आए थे। बीती शाम जब वे बाइक से घर लौट रहे थे, तभी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर पहुंची एंबुलेंस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने अखिलेश की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें सैफई पीजीआई रेफर कर दिया, लेकिन सैफई ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। महेंद्र सिंह का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।अखिलेश और महेंद्र सिंह रिश्ते में चाचा-भतीजे थे। उनके परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं। अखिलेश की मौत की खबर से परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश जारी है। मामले की जांच की जा रही है।
« Newer PostsOlder Posts »