मैनपुरी। एलाऊ थाना क्षेत्र के ग्राम मंछना में बच्चों के विवाद ने कथित तौर पर जातीय हिंसा का रूप ले लिया। गांव के एक विकलांग युवक महेंद्र सिंह जाटव ने थाने में दी तहरीर में आरोप लगाया है कि बच्चों के खेल के दौरान हुए मामूली झगड़े के बाद गांव के दबंगों ने संगठित होकर हमला कर दिया।
पीड़ित के मुताबिक, शाम करीब साढ़े पांच बजे 10 नामजद और 5 अज्ञात लोग लाठी-डंडे, सरिया और फावड़े के बेंट लेकर पहुंचे और जातिसूचक गालियां देते हुए हमला बोल दिया। आरोप है कि महेंद्र सिंह, उनकी नानी रेशमा देवी, मामी संगीता देवी और ममेरे भाइयों अमित कुमार व रामू के साथ मारपीट की गई, जिससे सभी घायल हो गए। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि हमलावरों ने घर के बाहर खड़ी स्विफ्ट डिजायर कार में तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया। शोर सुनकर जब मोहल्ले के अन्य लोग बचाव में पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की गई। जितेंद्र और राकेश के घर में घुसकर हमला करने तथा बचाने आई महिलाओं और बेटियों बसंती, संध्या और काजल को भी पीटने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित का कहना है कि हमलावर जातिसूचक टिप्पणी करते हुए गांव छोड़ने और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। महेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि आरोपी प्रभावशाली और दबंग प्रवृत्ति के हैं, जिससे परिवार में दहशत का माहौल है।
घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने थाना एलाऊ में तहरीर देकर नामजद और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। मामले में जातीय उत्पीड़न, मारपीट, तोड़फोड़ और धमकी जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। तहरीर के आधार पर आरोपों की पड़ताल की जा रही है और पुलिस का कहना है कि जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस की नजर बनी हुई है।
