Web News

www.upwebnews.com

AK-47′ और ‘महाकाल’ गैंग बनाकर सोशल मीडिया पर दहशत फैलाने वाले 13 युवक गिरफ्तार

June 25, 2026

AK-47′ और ‘महाकाल’ गैंग बनाकर सोशल मीडिया पर दहशत फैलाने वाले 13 युवक गिरफ्तार

Posted on 25/06/2026
Time 17:43 P.M
Gorakhpur
Santosh Kumar Singh

गोरखपुर: 25 जून 2026 ( उप्र समाचार सेवा) जिले के कैंपियरगंज थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया का गलत इस्तेमाल कर माहौल खराब करने वाले युवाओं के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ‘AK-47’ और ‘महाकाल’ जैसे आक्रामक नामों से ग्रुप बनाकर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक फोटो और मैसेज डालने वाले 13 युवकों को गिरफ्तार कर लिया है।

कैंपियरगंज इलाके में 18 से 30 वर्ष की आयु के कुछ युवक सोशल मीडिया पर सक्रिय थे। ये लोग ‘AK-47’ और ‘महाकाल’ जैसे नामों से ग्रुप बनाकर लगातार आक्रामक पोस्ट, हथियारों के साथ तस्वीरें और भड़काऊ मैसेज अपलोड कर रहे थे। इन गतिविधियों के कारण आम जनता में भय का माहौल था और पुलिस को लगातार इसकी शिकायतें मिल रही थीं।

एसएसपी के सख्त निर्देशों के बाद पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम ने इन ग्रुपों की निगरानी शुरू की। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सक्रिय यूजर्स की जानकारी जुटाकर बुधवार और गुरुवार को विशेष अभियान चलाया। प्रभारी कैंपियरगंज के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में कुल 13 युवकों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, इन सभी युवकों पर आम जनता को परेशान करने, समाज में अशांति फैलाने और दूसरों को उकसाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उन्हें कानूनी प्रक्रिया के तहत पाबंद किया गया है।

पकड़े गए युवकों में प्रभाकर यादव (हरनाथपुर), ऋषिकेश साहनी (भरवलिया), ऋषिकेश साहनी (बसंतपुर टोला मनसा पुरवा), विकास उर्फ छोटू (गुलरिया टोला), अनूप गुप्ता (धर्मपुर टोला), गुलशन साहनी (भरवलिया), शेरू खान (रामनगर केवटलिया), रिंकू यादव (रामनगर केवटलिया), रितिक गुप्ता (धर्मपुर टोला), शिवम शर्मा (गुलहरिया टोला), दिपांशु पासवान (महावनखोर), प्रतिक यादव (हरनाथपुर) और नीरज पाल (शवलहिया) शामिल हैं।

इस मामले पर सीओ कैंपियरगंज, अनुज कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि सोशल मीडिया पर आक्रामकता फैलाने और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की सोशल मीडिया सेल लगातार ऐसी गतिविधियों पर नजर रख रही है और भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।

June 22, 2026

छोटे भाई ने की भाई-भाभी और भतीजे की हत्या

Posted on 22/06/2026
Time 08:24 A.M
Gorakhpur
Santosh Kumar Singh

बांसगांव में दिल दहलाने वाली घटना,
​गोरखपुर : 22 जून 2026 ( उप्र समाचार सेवा) ​उत्तर प्रदेश , गोरखपुर के बांसगांव क्षेत्र में आज तड़के हुई एक वीभत्स घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। आज सुबह लगभग 3:00 बजे 112 नंबर पर मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने एक घर से एक ही परिवार के तीन सदस्यों के शव बरामद किए हैं।

​मृतकों की पहचान अमित गुप्ता, उनकी पत्नी रंजना गुप्ता और उनके 3 वर्षीय पुत्र रेयांश गुप्ता के रूप में हुई है। सूचना मिलने के बाद थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। जांच में पाया गया कि तीनों की हत्या एक बंद कमरे के भीतर की गई थी।

​प्रारंभिक जांच में जो तथ्य सामने आए हैं, वे बेहद चौंकाने वाले हैं। पुलिस के अनुसार, इस तिहरे हत्याकांड को अंजाम देने वाला कोई और नहीं, बल्कि मृतक अमित गुप्ता का छोटा भाई है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर ‘आला-ए-कत्ल’ (हत्या में प्रयुक्त हथियार) भी बरामद कर लिया गया है।

​इस मामले पर जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतक के पिता द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर थाना बांसगांव में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा पंजीकृत किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि वर्तमान में स्थिति नियंत्रण में है और इलाके में पूरी तरह शांति है।

​फिलहाल पुलिस फॉरेंसिक रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों को आधार बनाकर मामले की गहन विवेचना कर रही है ताकि घटना के पीछे के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके। ​

June 16, 2026

Gorakhpur रोहिणी नदी में दो बच्चे डूबे, एक शव मिला

Posted on 16/06/2026
Time 18:24 P.M
Gorakhpur
Santosh Kumar Singh

रोहिणी नदी में नहाने गए बच्चों के साथ बड़ा हादसा, दो की मौत, एक का शव बरामद दूसरी बच्ची की तलाश जारी

​गोरखपुर | 16 जून 2026 ( उप्र समाचार सेवा) ​तिवारीपुर थाना क्षेत्र के माधोपुर मोहल्ले में आज उस समय हड़कंप मच गया, जब रोहिणी नदी के पास नहाने गए चार बच्चे गहरे पानी में डूब गए। इस दुखद घटना में दो बच्चों की मौत हो गई है, जबकि एक अन्य लापता बच्ची की तलाश में राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है।

मिली जानकारी के अनुसार, हादसा तिवारीपुर थाना क्षेत्र के गैस गोदाम गली, बंधे के पास स्थित रोहिणी नदी में हुआ। स्थानीय निवासियों के अनुसार, नहाने गए चार बच्चे अचानक गहरे पानी में समा गए। मृतकों की पहचान तकिया कवलदह की रहने वाली 9 वर्षीय पीहू यादव और 11 वर्षीय सर्वेश यादव के रूप में हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी और एसपी सिटी निमिश पाटिल सहित भारी पुलिस बल और एनडीआरएफ (NDRF) की टीम मौके पर पहुँच गई। एसपी सिटी निमिष पाटिल ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि ​मंगलवार शाम करीब 3:30 बजे पुलिस को चार बच्चों के डूबने की सूचना प्राप्त हुई थी। ​तत्काल संज्ञान लेते हुए पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुँचकर मोर्चा संभाला।
​जाँच में सामने आया कि चार बच्चों में से दो बच्चे सुरक्षित अपने घर पहुँचने में सफल रहे।
​अन्य दो बच्चों की तलाश के लिए चलाए गए रेस्क्यू ऑपरेशन में एक बच्चे को बरामद कर अस्पताल भेजा गया, जहाँ उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

प्रशासन वर्तमान में एक अन्य लापता बच्ची, पिंकी यादव, की बरामदगी के लिए अथक प्रयास कर रहा है। एनडीआरएफ, पीएसी और स्थानीय पुलिस की टीमें पूरी सक्रियता के साथ नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। जिलाधिकारी और वरिष्ठ अधिकारी स्वयं मौके पर मौजूद रहकर पूरे रेस्क्यू अभियान की निगरानी कर रहे हैं।

June 15, 2026

सलवार-सूट पहनकर चोरी करने वाले दो शातिर चोर गिरफ्तार, सीसीटीवी फुटेज से खुला राज

Posted on 15/06/2026
Time 18:15 P.M
Gorakhpur
Santosh Kumar Singh

​गोरखपुर । 15 जून 2026 ( उप्र समाचार पत्र) उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में पुलिस ने चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले दो ऐसे शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है, जिनका तरीका जानकर आप भी हैरान रह जाएंगे। अपनी पहचान छुपाने के लिए ये चोर महिलाओं की तरह ‘सलवार-सूट’ पहनकर वारदातों को अंजाम देते थे, लेकिन आखिर में सीसीटीवी कैमरे ने इनकी पोल खोल दी।

​कोतवाली पुलिस के हत्थे चढ़े इन चोरों ने पूछताछ में एक चौंकाने वाला खुलासा किया। आरोपियों ने बताया कि उन्हें लेडीज सलवार-सूट पहनने की सलाह उनके एक साथी की माँ ने दी थी। उनका मानना था कि ऐसा करने से पुलिस और राहगीरों को उन पर शक नहीं होगा और वे आसानी से बच निकलेंगे।

​इन चोरों की चालाकी 11-12 जून की रात उस समय धरी की धरी रह गई, जब वे जलाल कामर्शियल कॉम्प्लेक्स की एक दुकान का शटर तोड़ रहे थे। उस समय उन्होंने सलवार-सूट पहन रखा था और वे पास लगे सीसीटीवी कैमरे में साफ कैद हो गए। इसी फुटेज के आधार पर कोतवाली पुलिस ने जाल बिछाया और दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

​पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के पास से
​नकद 49,000 रुपये, ​मोबाइल फोन 5 अदद,
​9 सफेद धातु (चांदी) के सिक्के और 1 सफेद धातु का कटोरा बरामद किया है।

​आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने 11-12 जून और 13-14 जून की रात को शहर की कई दुकानों के शटर और ताले तोड़कर चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था।

​पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए चोरों की पहचान ​रियासत उर्फ इमरान खान पुत्र मो. सगी खान, निवासी पोस्ट ऑफिस के पास, कुसम्ही बाजार, थाना राजघाट, गोरखपुर और ​राशिद खान उर्फ पिंधु पुत्र सजिद खान, निवासी जफरा कॉलोनी, रहमतनगर, थाना तिवारीपुर, गोरखपुर के रूप में हुई है।

​पुलिस अधीक्षक नगर निमिष पाटिल के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे धरपकड़ अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। एसपी सिटी ने बताया कि मुखबिर की सटीक सूचना और सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस इन अपराधियों तक पहुँचने में सफल रही। पुलिस अब इनके अन्य साथियों और चोरी का सामान खरीदने वाले लोगों की तलाश कर रही है। ​

अवैध संबंधों के शक में युवक की बेरहमी से हत्या

Posted on 15/06/2026
Time 12:45 P.M
Gorakhpur
Santosh Kumar Singh

ईंट-भट्ठे के पास चाकुओं से गोदकर उतारा मौत के घाट

​गोरखपुर । 15 जून 2026 ( उप्र समाचार पत्र) जिले के गीडा थाना क्षेत्र अंतर्गत बंनगावा गाँव में सोमवार को हत्या की एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ एक युवक को उसके ही चचेरे भाई ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर चाकुओं से गोदकर मौत के घाट उतार दिया। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

​मृतक की पहचान विजय के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, मुख्य आरोपी (मृतक का चचेरा भाई) ने विजय को किसी बहाने से घर से बुलाया और गाँव के पास स्थित एक ईंट-भट्ठे के पास ले गया। जहाँ पहले से घात लगाए बैठे तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर उसने विजय पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में विजय गंभीर रूप से घायल हो गया। ​परिजन आनन-फानन में घायल विजय को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज लेकर पहुँचे, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव के कारण डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

​प्रारंभिक जाँच और चर्चाओं के अनुसार, इस खौफनाक वारदात के पीछे की वजह आपसी रंजिश और अवैध संबंध बताए जा रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि मृतक विजय का आरोपी की मौसी के साथ अवैध संबंध था, जिससे नाराज होकर आरोपी ने इस पूरी साजिश को अंजाम दिया।

​घटना की सूचना मिलते ही गीडा थाना पुलिस मौके पर पहुँची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी और उसके तीनों साथियों को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल, पुलिस मामले की गहराई से जाँच कर रही है और पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

« Newer PostsOlder Posts »