Web News

www.upwebnews.com

बार एसोसिएशन गोरखपुर के परिचय समारोह में बोले सीएम योगी, न्याय और सामाजिक मूल्यों की रक्षा में अधिवक्ताओं की भूमिका अहम

July 28, 2026

बार एसोसिएशन गोरखपुर के परिचय समारोह में बोले सीएम योगी, न्याय और सामाजिक मूल्यों की रक्षा में अधिवक्ताओं की भूमिका अहम

Posted on 28/07/2026
Time 18:15 P.M
Santosh Kumar Singh
Gorakhpur

गोरखपुर ( उप्र समाचार सेवा )। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को सिविल कोर्ट, गोरखपुर स्थित बार एसोसिएशन (सिविल कोर्ट) की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के परिचय समारोह में हिस्सा लिया। इस अवसर पर उन्होंने बार एसोसिएशन की ऐतिहासिक भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि सिविल कोर्ट, गोरखपुर की स्थापना वर्ष 1895 में हुई थी और तब से यह संस्था न्याय, सत्य और सामाजिक मूल्यों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के दौरान गोरखपुर कचहरी और यहां के अधिवक्ताओं ने महत्वपूर्ण योगदान दिया था। उन्होंने कहा कि बार एसोसिएशन ने न केवल आजादी की लड़ाई में सक्रिय भूमिका निभाई, बल्कि स्वतंत्रता के बाद भी राजनीतिक, सामाजिक और न्यायिक क्षेत्र में समाज को नई दिशा देने का कार्य किया है।
कार्यक्रम में नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के पदाधिकारियों का परिचय कराया गया तथा उनकी भावी योजनाओं पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने अधिवक्ताओं से न्याय व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने, पेशेवर नैतिकता का पालन करने तथा समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
समारोह में बार एसोसिएशन के पदाधिकारी, वरिष्ठ अधिवक्ता, न्यायिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।

July 19, 2026

ससुरालियों पर जहर देने का आरोप लगाने वाली विवाहिता की मौत

Posted on 19/07/2026
Time 17:10 P.M
Gorakhpur
Santosh Kumar Singh

वीडियो हुआ था वायरल
​गोरखपुर (उप्र समाचार सेवा) : उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के गोला थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद मामला सामने आया है। ससुराल पक्ष पर जहर देकर मारने का आरोप लगाने वाली एक विवाहिता ने लखनऊ के एक अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मृतका का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह अपने पति और सास पर गंभीर आरोप लगाती हुई दिखाई दे रही है।

​मृतका तराना बानो की शादी गोला नगर पंचायत की टीचर कॉलोनी निवासी नाजिम अली के साथ हुई थी। परिजनों का आरोप है कि 27 जून को पति नाजिम और सास ने तराना के साथ मारपीट की और उसे जबरन जहरीला पदार्थ पिला दिया। घटना के बाद से ही तराना की स्थिति गंभीर बनी हुई थी।

​मौत से कुछ समय पहले का तराना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इस वीडियो में वह दर्द से कराहते हुए कह रही है कि ​”मेरी सास मेरे साथ मारपीट करती थी। मेरे पति ने मुझे जहर दिया है। जहर देने के बाद मुझे पहले गोरखपुर में भर्ती कराया गया, फिर मायके वाले मुझे आजमगढ़ ले गए, लेकिन मेरी तबीयत में सुधार नहीं हो रहा है।”

​परिजनों के अनुसार, इलाज के दौरान तराना की हालत लगातार बिगड़ती गई। अंततः 17 जुलाई की रात को लखनऊ के एक निजी अस्पताल में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

​मृतका की मां जहरूननिशा ने गोला पुलिस को दी गई तहरीर में अपने दामाद नाजिम अली और सास के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
​इस संबंध में गोला थाना पुलिस का कहना है कि परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए वायरल वीडियो और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर साक्ष्य जुटा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

BRD मेडिकल के पास अवैध एम्बुलेंस पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 18 एम्बुलेंस सीज

Posted on 19/07/2026
Time 17:30 P.M
Santosh Kumar Singh , Gorakhpur

​गोरखपुर ( उप्र समाचार सेवा ) : शहर में अवैध रूप से संचालित एम्बुलेंस के खिलाफ पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। शनिवार, 18 जुलाई को एसपी सिटी निमिष पाटिल के नेतृत्व में गुलरिया थाना क्षेत्र के बीआरडी (BRD) मेडिकल कॉलेज के आसपास एक विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।

​इस सघन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने बिना वैध कागजात और नियमों के विरुद्ध संचालित हो रही कुल 18 एम्बुलेंस को सीज कर दिया है। एसपी सिटी निमिष पाटिल ने जानकारी दी कि इन सभी वाहनों के दस्तावेजों का गहन सत्यापन किया जा रहा है और अन्य वैधानिक प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं।

​एसपी सिटी ने स्पष्ट किया है कि सीज की गई एम्बुलेंस के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है। उन्होंने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं के नाम पर चल रहे अवैध धंधों पर लगाम लगाना है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि यह चेकिंग अभियान केवल एक दिन की कार्रवाई नहीं है, बल्कि इसे आगे भी निरंतर और सख्ती के साथ जारी रखा जाएगा ताकि मरीजों की सुरक्षा और नियमों का पालन सुनिश्चित हो सके।

सेंट एंड्रयूज कॉलेज में प्राचार्य पद को लेकर विवाद गहराया

Posted on 19/07/2026
Time 17:50 P.M
Santosh Kumar Singh
Gorakhpur

ताला तोड़ने और फर्जी नियुक्ति के आरोपों से मचा हड़कंप

​गोरखपुर ( उप्र समाचार सेवा ) : शहर के प्रतिष्ठित सेंट एंड्रयूज कॉलेज में प्राचार्य पद को लेकर चल रहा विवाद अब गंभीर कानूनी मोड़ ले चुका है। वर्तमान प्राचार्य प्रो. एस.डी. राजकुमार ने कॉलेज की एक शिक्षिका पर कॉलेज कार्यालय का ताला तोड़ने, बाहरी तत्वों को बुलाने और फर्जी नियुक्ति पत्र के आधार पर अवैध रूप से प्राचार्य पद पर कब्जा करने का गंभीर आरोप लगाया है।

​प्राचार्य प्रो. एस.डी. राजकुमार के अनुसार, 17 जुलाई की रात करीब 8:00 बजे उन्हें एक अज्ञात ईमेल के माध्यम से पद से हटाए जाने और शिक्षिका (रैना मैडम) को नया प्राचार्य नियुक्त किए जाने की सूचना मिली। प्रो. राजकुमार ने बताया कि इस संदिग्ध मेल की कानूनी स्थिति जानने के लिए वे प्रयागराज रवाना हुए और अपनी अनुपस्थिति में नियमानुसार कॉलेज में अवकाश घोषित कर दिया।
​आरोप है कि प्रो. राजकुमार की अनुपस्थिति का फायदा उठाते हुए शिक्षिका ने कुछ बाहरी लोगों के साथ कॉलेज परिसर में प्रवेश किया और कार्यालय का ताला तोड़कर उस पर अपना कब्जा जमा लिया। सूचना मिलने पर पुलिस (112) मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक ताला तोड़ा जा चुका था। प्राचार्य का आरोप है कि शिक्षिका ने पुलिस के सामने ही उन्हें धमकाया और कार्यालय के ताले को न छूने की चेतावनी दी।

​प्रो. राजकुमार ने कॉलेज के नियमों (बायलाज) का हवाला देते हुए इस नियुक्ति को पूरी तरह अवैध बताया है। उन्होंने कहा:
​प्रक्रिया का उल्लंघन: प्राचार्य की नियुक्ति के लिए स्पेशल मीटिंग (10 दिन का नोटिस) या जनरल मीटिंग (21 दिन का नोटिस) अनिवार्य है, जो नहीं बुलाई गई।
​जिस नियुक्ति पत्र का हवाला दिया जा रहा है, उस पर तीन सदस्यों के हस्ताक्षर थे। हालांकि, इनमें से दो सदस्यों ने बाद में अपने हस्ताक्षर वापस लेने का आधिकारिक पत्र सौंप दिया है, जिससे उस पत्र की वैधता समाप्त हो गई है।
​न्यायालय का निर्देश: प्रो. राजकुमार ने दावा किया कि कुलपति ने स्पष्ट आदेश दिया है कि जब तक उच्च न्यायालय (रिट संख्या 4125/2026) का अंतिम निर्णय नहीं आ जाता, तब तक प्रबंधन के संबंध में कोई नया निर्णय नहीं लिया जा सकता।

​घटना के बाद प्रो. राजकुमार ने कैंट थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराने का प्रयास किया, लेकिन उनका आरोप है कि पुलिस ने प्राथमिकी (FIR) दर्ज नहीं की। वहीं दूसरी ओर, शिक्षिका ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर खुद को प्राचार्या घोषित कर दिया है और प्रो. राजकुमार के अवकाश पर जाने को ‘भागना’ करार दिया है।
​फिलहाल, इस पूरे मामले को लेकर प्रो. राजकुमार ने न्यायालय में ‘रिकॉल याचिका’ (Recall Application) दायर की है, जिसमें शिक्षिका पर तथ्यों को छिपाने का आरोप लगाया गया है। इस विवाद के कारण कॉलेज का शैक्षणिक माहौल प्रभावित हो रहा है और मामला अब प्रशासन व न्यायालय के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।

June 26, 2026

गोरखपुर में फोर्टिस हॉस्पिटल, गुरुग्राम के सहयोग से निर्मित एस्ट्रोमेडिक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल का शुभारम्भ

गोरखपुर, 26 जून 2026, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज बेतियाहाता, जनपद गोरखपुर में फोर्टिस हॉस्पिटल, गुरुग्राम के सहयोग से निर्मित एस्ट्रोमेडिक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल का शुभारम्भ किया। उन्होंने पूर्व मंत्री स्व0 श्री मार्कण्डेय चन्द की प्रतिमा का अनावरण तथा हॉस्पिटल परिसर का अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री जी ने इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि अच्छी स्वास्थ्य सुविधाएं आज की आवश्यकता है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के रूप में भारत दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य योजना संचालित कर रहा है। गुणवत्तायुक्त तथा निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं लोगों को मिल सकें, इस दृष्टि से सरकार 05 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा कवर हर गरीब को उपलब्ध करा रही है। वर्तमान में प्रदेश के 12 करोड़ से अधिक लोगों को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। प्रतिवर्ष 1,200 से 1,500 करोड़ रुपये मुख्यमंत्री राहत कोष से गरीबों के उपचार के लिए उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
स्वास्थ्य के क्षेत्र में विश्वसनीयता सबसे आवश्यक है। लोगों के विश्वास पर खरा उतरना हॉस्पिटल तथा डॉक्टर्स की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। हमारा प्रयास होना चाहिए कि हम स्वस्थ रहें। हमारे दैनिक कार्यक्रम ऐसे होने चाहिए, जिनमें स्वस्थ दिनचर्या को अपनाया जा सके। यदि विभिन्न परिस्थितियों के कारण कभी बीमारी आ भी जाए, तो उपचार का केन्द्र भी अच्छा होना चाहिए। आज एस्ट्रोमेडिक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के रूप में गोरखपुर में अच्छे उपचार केन्द्र की एक नई कड़ी जुड़ी है। यह हेल्थ केयर के बेहतरीन केन्द्र मे रूप में स्थापित होगा। स्व0 मार्कण्डेय चन्द की स्मृतियों को जीवन्त बनाते हुए यह हॉस्पिटल लोगों को बेहतरीन स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।
मुख्यमंत्री जी ने स्व0 मार्कण्डेय चन्द की स्मृतियों को नमन करते हुए कहा कि उनके दोनों पुत्रों श्री सी0पी0 चन्द व डॉ0 अरुण चन्द ने अपने पिताजी की स्मृति में यह सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल गोरखपुर के हृदयस्थल बेतियाहाता में बनाकर तैयार किया है। गुरुग्राम के फोर्टिस हॉस्पिटल के साथ मिलकर इसका संचालन किया जाएगा। हॉस्पिटल में बहुत अच्छी सुविधाएं हैं। यह बेहतरीन स्वास्थ्य सुविधाओं तथा इमरजेंसी सेवाओं के माध्यम से अनेक जरूरतमंदों की जान बचाने का केन्द्र बनेगा। अनेक लोगों को इसके माध्यम से रोजगार मिलेगा।
स्व0 मार्कण्डेय चन्द जमीन से जुडे़ नेता थे। उन्होंने शून्य से शिखर की यात्रा तय की। वह अपने सम्बन्धों को बहुत महत्व देते थे। अपने कैरियर को दांव पर लगाकर भी वह अपने सम्बन्धों का निर्वहन करते थे। उनके मन में सदैव गोरखपुर सहित दक्षिणांचल के कल्याण तथा विकास का भाव रहता था। उनका कार्यक्षेत्र कौड़ीराम, चिल्लूपार, धुरियापार तथा बांसगांव था। गोरखपुर से उनका विशेष लगाव था। स्व0 मार्कण्डेय चन्द गोरक्षपीठ के अनन्य भक्त थे। विपरीत से विपरीत परिस्थितियों में भी उन्होंने गोरक्षपीठ के प्रति निष्ठा नहीं छोड़ी। गोरक्षपीठ उनके लिए सर्वोपरि थी।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि स्व0 श्री मार्कण्डेय चन्द जी की स्मृति में आरोग्यता प्रदान करने के एक महत्वपूर्ण केन्द्र के रूप में सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल का निर्माण गोरखपुर में कराया गया है। हॉस्पिटल में सुपर स्पेशियलिटी स्वास्थ्य सेवाएं यहां के लोगां को उपलब्ध होंगी। श्री सी0पी0 चन्द और डॉ0 अरुण चन्द ने बहुत मेहनत के साथ इस हॉस्पिटल का निर्माण कराया है। स्थानीय स्तर पर डॉक्टर्स की एक अच्छी टीम, फोर्टिस हॉस्पिटल की टीम साथ मिलकर स्वास्थ्य सेवाओं के बड़े कार्यक्रम को आगे बढ़ाएगी।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में विगत वर्षों में व्यापक परिवर्तन हुए हैं। बिना किसी भेदभाव प्रत्येक व्यक्ति को सुरक्षा तथा शासन की सुविधाओं का लाभ प्रदान किया जा रहा है। सभी को सम्मान मिल रहा है। इन्हीं सुविधाओं के क्रम में सरकार हर जनपद में मेडिकल कॉलेज की स्थापना कर रही है। पहले पूर्वी उत्तर प्रदेश में केवल गोरखपुर में एक मात्र बी0आर0डी0 मेडिकल कॉलेज था। वर्तमान में यह मेडिकल कॉलेज बहुत अच्छी सेवाएं प्रदान कर रहा है। आज गोरखपुर में एम्स भी संचालित हो गया है। वर्ष 2017 के पहले बी0आर0डी0 मेडिकल कॉलेज स्वयं बीमार था। उस समय प्रदेश में मेडिकल हेल्थ तथा एजुकेशन की दिशा में कोई कार्य नहीं हुए थे।
वर्तमान में गोरखपुर के साथ ही, महराजगंज, देवरिया, कुशीनगर, सिद्धार्थनगर, बस्ती, बलरामपुर, गोण्डा, बहराइच, अयोध्या, अम्बेडकरनगर, आजमगढ़, गाजीपुर, सुल्तानपुर, रायबरेली, अमेठी, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, चन्दौली में मेडिकल कॉलेज बन चुके हैं। बलिया के लिए मेडिकल कॉलेज स्वीकृत किया गया है। इन मेडिकल कॉलेजों में डॉक्टर्स की बेहतरीन टीम तथा निःशुल्क उपचार की व्यवस्था है।
हम उत्तर प्रदेश में ‘एक जनपद एक मेडिकल कॉलेज’ की दिशा में आगे बढे़ हैं। ‘एक जनपद एक उत्पाद’ योजना के माध्यम से प्रत्येक जनपद में एक यूनीक प्रोडक्ट को प्रोत्साहन जैसे कार्य किए गए हैं। हम ‘एक जनपद एक व्यंजन’ योजना के माध्यम से हर जनपद के यूनीक व्यंजन को वैश्विक मान्यता दिलाने की ओर अग्रसर हुए हैं। यह योजनाएं प्रदेश के परसेप्शन को बदलने तथा यहां के नौजवानों को नई पहचान दिलाने में सहायक हो रही हैं।
अब लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं में निवेश करना प्रारम्भ किया है। पहले पूर्वी उत्तर प्रदेश के लोग अच्छी स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए दिल्ली, मुम्बई तथा लखनऊ जैसे महानगरों में जाते थे, क्योंकि यहां इस प्रकार की सुविधाएं नहीं थीं। पहले गोरखपुर में एक भी आई0सी0यू0 नहीं था। डायलिसिस की सुविधा नहीं थी। अच्छे ब्लड बैंक नहीं थे। नेफ्रोलॉजिस्ट तथा टेक्निशियन्स नहीं थे। प्लेटलेट्स नहीं मिल पाती थी। वर्तमान में गोरखपुर में अनेक हॉस्पिटल्स में आई0सी0यू0 की अच्छी सुविधा मौजूद है। वर्ष 2007 में उन्होंने सबसे पहले गोरखनाथ हॉस्पिटल में 10 बेडेड आई0सी0यू0 की सुविधा प्रारम्भ की थी। वहां प्लेटलेट्स काउण्ट के लिए पहली ब्लड सेपरेटर मशीन भी मंगायी गयी थी। पहली डायलिसिस मशीन भी गोरखनाथ हॉस्पिटल में लगायी गयी थी। आज लगभग प्रत्येक हॉस्पिटल में यह सुविधाएं मौजूद हैं।
सांसद श्री रवि किशन शुक्ल, विधान परिषद सदस्य एवं अध्यक्ष एस्ट्रोमेडिक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल श्री सी0पी0 चन्द एवं प्रबन्ध निदेशक डॉ0 अरुण चन्द ने भी कार्यक्रम को सम्बोधित किया।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण तथा हॉस्पिटल परिवार के सदस्य उपस्थित थे।

« Newer PostsOlder Posts »