Web News

www.upwebnews.com

Firozabad आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर ट्रक से टकराई बस, दो की मौत, 20 से अधिक घायल

June 26, 2026

Firozabad आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर ट्रक से टकराई बस, दो की मौत, 20 से अधिक घायल

UP News , Firozabad Posted on 26.06.2026 Friday Time 06.22 PM
फिरोजाबाद, 26 जून 2026 (उप्र समाचार सेवा)। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर थाना नगला खंगर क्षेत्र अन्तर्गत शुक्रवार को गोरखपुर से चंडीगढ़ जा रही एक स्लीपर बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। हादसे में बस में सवार दो लोगों की मौत हो गई। जबकि 20 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
हादसा आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे पर नगला खंगर थाना क्षेत्र की सीमा में किलोमीटर संख्या 63 के समीप हुआ। यहां एक स्लीपर बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। ट्रक लोहे की रॉड लेकर कानपुर से जयपुर जा रहा था। बस में लगभग 55 सवारियां थी। हादसा होते ही सवारियों में चीख पुकार मच गई। गाड़ी में सवार यात्रियों ने घटना की जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम को दी। सूचना मिलते ही थाना पुलिस के साथ यूपीडा की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस व यूपीडा की टीम ने तत्काल बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। जिनमें करीब 20 से ज्यादा यात्री घायल थे। पुलिस ने तत्काल घायल यात्रियों को इलाज के लिए शिकोहाबाद के संयुक्त अस्पताल और कुछ गंभीर घायलों को सैफई मेडिकल कॉलेज भिजवाया। सैफई मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान चालक सहित दो लोगों की मौत हो गय। बस गोरखपुर से चंडीगढ़ जा रही थी। मृतकों की पहचान पंजाब निवासी बस चालक गुरी और दलजीत के रूप में हुई है। हादसे का कारण चालक को नींद की झपकी आना और ओवर स्पीड माना जा रहा है। हालांकि पुलिस घटना की जांच के साथ ही मृतकों व घायलों की पहचान कर रही है।
सीओ सिरसागंज चंचल त्यागी ने बताया कि आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर एक स्लीपर बस सामने चल रहे ट्रक से टकरा गई है। हादसे में बस चालक सहित 2 लोगों की मौत हुई है। कुछ लोग घायल हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

June 23, 2026

मुख्यमंत्री ने किया फिरोजाबाद में 658 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास, कहा सपा के एजेंडे में विकास नहीं

Posted on 22.06.2026 Monday, Firozabad News, CM Yogi Adityanath
फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को टूण्डला तहसील के अंतर्गत ग्राम पंचायत उसायनी में आयोजित एक भव्य समारोह में जनपद को 658 करोड़ से अधिक की लागत वाली कुल 81 विकास परियोजनाओं का बटन दबाकर लोकार्पण और शिलान्यास किया।साथ ही इस अवसर पर उन्होने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के लाभार्थियों को उनके घर की चाबियां सौंपी तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, चैक और उपकरण वितरित किए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश माफिया, गुण्डा और उपद्रवियों से मुक्त हो चुका है, प्रदेश में 15 करोड़ गरीबों को निःशुल्क राशन दिया जा रहा है, 10 करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत के तहत 5 लाख का निःशुल्क स्वास्थ्य कवच मिला है, 65 लाख गरीबों को आवास और 2 करोड़ परिवारों को निःशुल्क रसोई गैस कनेक्शन दिए गए है, जबकि 15 से 16 लाख किसानोें के निजी नलकूपों के बिजली बिल पूरी तरह माफ किए गए है।


उन्होंने फिरोजाबाद के कांच ग्लास उद्योग के वैश्विक सफलता की सराहना करते हुए कहा कि यहां के कारीगरों और उद्यमियों ने नई तकनीकी और मार्केट की मांग के अनुरूप डिजाइन तैयार कर चीन जैसे देश को भी पीछे कर दिया है, उनके अथक परिश्रम का परिणाम है कि यहां के उत्पाद ‘‘लोकल से ग्लोबल‘‘ तक की यात्रा तय कर रहें है। अब होली, दिपावली, विजयादशमी या किसी भी उत्सवों में चीनी उत्पादों के स्थान पर फिरोजाबाद में निर्मित भगवान गणेश, रामदरबार, राधा कृष्ण, बुद्ध और भगवान शिव की सुन्दर कांच की प्रतिमाऐं आज वैश्विक पहचान बना रहीं है और सभी के आकर्षण का केन्द्र बिन्दु बन रही है।


मुख्यमंत्री ने जनपद में लोक माता अहिल्याबाई होल्कर की भव्य प्रतिमा स्थापित होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि सनातन धर्म के पुनरोद्धार में माता अहिल्याबाई होल्कर का योगदान अविस्मरणीय है।
उन्होंने कहा कि कानून का राज्य स्थापित होने पर आज उत्तर प्रदेश देश में अपनी विकासपरक छवि बना रहा है, ‘‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट योजना‘‘, विकास कार्याें और भव्य अयोध्या, कांशी व मथुरा वृन्दावन के सांस्कृतिक पुनरूत्थान के कारण उत्तर प्रदेश दुनिया भर के आकर्षण का केन्द्र बन चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के छापोें से व्यापारी परेशान थे, लेकिन वर्तमान सरकार ने छापों को बन्द कराकर गैस की आपूर्ति सुनश्चित की और अब सोलर पैनल व बिजली से भटिट्यों के संचालन की नई तकनीकी देकर उद्योग को आगे बढाया जा रहा है।


मुख्यमंत्री ने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा के एजेंडे में विकास नहीं है। 2017 से पहले सपा सरकार में एक जिला एक माफिया होता था जिसका काम सरकारी और गरीब की जगहों पर कब्जा करना होता था लेकिन 2017 के बाद बन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट से प्रदेश की पहचान बनी है। प्रदेश से अराजकता खत्म हुई है। कानून का राज है। पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के  नेतृत्व में प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है। प्रदेश को बीमारू राज्य से निकलकर विकसित राज्य बनने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। आज मुख्यमंत्री के नेतृत्व में पूरा जनपद पर्यटन हब के रूप में विकसित हो रहा है।
इस अवसर सदर विधायक मनीष असीजा व टूण्डला विधायक प्रेमपाल धनगर ने भी विचार रखे।
इसके पूर्व मुख्यमंत्री ने विभिन्न प्रकार के स्टालों का अवलोकन किया।
इस मौके पर मेयर कामिनी राठौर, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष हर्षिता सुमित प्रताप सिंह, विधान परिषद सदस्य विजय शिवहरे, महानगर अध्यक्ष सतीश दिवाकर, पूर्व विधायक हरिओम यादव, ओमप्रकाश वर्मा, शिव सिंह चक, राकेश बाबू, अतुल प्रताप सिंह आदि उपस्थित रहें।

June 13, 2026

फिरोजाबाद में पति ने पत्नी की गोली मारकर हत्या कर की खुदकुशी, मौत

फिरोजाबाद 13 जून। जनपद के थाना शिकोहाबाद के क्षेत्र सुभाष तिराहे के समीप शनिवार देर रात्रि एक व्यक्ति द्वारा अपनी पत्नी को गोली मारने के बाद खुद को गोली मार ली। इसके बाद पति की मौके पर मौत हो गई। जबकि पत्नी को गंभीर हालत में शिकोहाबाद अस्पताल से जिला अस्पताल फिरोजाबाद भेजा गया जहां रास्ते में उसकी मौत हो गई।सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस के आला अधिकारी पहुंच गए और घटनास्थल का मौका मुआयना किया। इस बारे में बातचीत पर जानकारी देते हुए क्षेत्राधिकारी शिकोहाबाद अमरीश कुमार ने बताया कि थाना शिकोहाबाद के क्षेत्र डाहिनी निवासी 60 वर्षीय राकेश यादव जिनके पिता जगदीश यादव कांग्रेस से पूर्व विधायक रहे हैं। आज शनिवार शाम पति-पत्नी के बीच कोई विवाद हुआ इसके बाद आवेश में आकर पति राकेश यादव ने अपने लाइसेंसी  रिवाल्वर से पत्नी को गोली मारी और उसकेबाद खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। राकेश यादव रिटायर्ड पुलिस उपनिरीक्षक बताए गए हैं। दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम गृह में रखवा दिया गया अग्रिमवैधानिक कारवाई की जा रही है।

June 12, 2026

शताब्दी एक्सप्रेस पर पथराव करने वाले 2 नाबालिग हिरासत में, एक फरार

फिरोजाबाद। थाना रसूलपुर पुलिस टीम ने शुक्रवार को स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन पर पत्थर मारकर यात्रियों की जान जोखिम में डालने वाले 02 बाल अपचारियों को हिरासत में लिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने बताया कि 11 जून को प्रभारी निरीक्षक रेलवे द्वारा सूचना नोट करायी गयी कि गाडी संख्या 12003 स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस जब पेमेश्वर गेट के खम्बा नम्बर 1230/05 निकट से गुजर रही थी तभी किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा रेलवे गाडी पर पत्थर मारकर ट्रेन का विन्डो ग्लास तोड दिया। जिससे रेलवे गाडी में बैठे यात्रियों की जान जोखिम मे आ गयी। सूचना पर तत्काल थाना रसूलपुर पर रेलवे एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। अपर पुलिस महानिदेशक आगरा जोन आगरा, पुलिस उपमहानिरीक्षक आगरा रेंज आगरा एवं मेरे द्वारा स्वयं स्थानीय पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर
हुए घटना के खुलासे के लिए थाना रसूलपुर, दक्षिण, लाइनपार व एसओजी, सर्विलांस सहित कुल 10 पुलिस टीमों का गठन किया था। गठित पुलिस टीम द्वारा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों का गहनता से अवलोकन किया। पुलिस टीमो द्वारा लगातार लगभग 50 से अधिक सीसीटीवी फुटेज देखे गये। जिनमें रेलवे ट्रैक पर कूडा बीनने वाले तीन बाल अपचारी द्वारा कूडा बीनते समय ट्रैक के पास से पत्थर उठाकर स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन पर फेंका गया था जिससे ट्रेन के विन्डो का ग्लास टूट गया जिससे यात्रियों की जान जोखिम मे आ गयी। इस घटना में 03 बाल अपचारियों का नाम प्रकाश मे आया। पुलिस टीमों द्वारा शुक्रवार को दो बाल अपचारियों को हिरासत मे लिया गया है तथा तीसरे बाल अपचारी की तलाश जारी है।
एसएसपी ने बताया कि बाल अपचारियों को नियमानुसार विधिक कार्यवाही कर हिरासत पुलिस मे लिया गया है।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक थाना रसूलपुर प्रदीप कुमार, प्रभारी निरीक्षक थाना दक्षिण योगेन्द्र पाल सिंह, प्रभारी निरीक्षक सर्विलांस मुकेश कुमार, प्रभारी निरीक्षक एसओजी प्रेम शंकर पाण्डेय, प्रभारी निरीक्षक जीआरपी शेर सिंह आदि है।

June 10, 2026

Firozabad मस्जिद में किशोरी से दुष्कर्म का आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार

फिरोजाबाद 10 जून 2026, थाना रामगढ़ पुलिस टीम ने बुधवार को मस्जिद में किशोरी से दुष्कर्म के अभियुक्त मौलाना को मुठभेड में गिरफ्तार किया है। पैर में गोली लगने से घायल अभियुक्त को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
थाना रामगढ़ क्षेत्र अन्तर्गत 7 जून की दोपहर एक नाबालिग मस्जिद में लगे ठंडे पानी के वाटर कूलर से पानी भरने के लिए गई थी, तभी मस्जिद में मौजूद जाकिर हाफिज पुत्र बाबू खाँ निवासी दीदामई नूरनगर थाना रामगढ़ ने नाबालिग को अकेला देखकर उसे जबरन पकड़ लिया और मुँह दबाकर अपने कमरे में ले गया और उसके साथ जबरदस्ती गलत काम किया और मारपीट कर जान से मारने की धमकी देकर भाग गया। पीड़िता की मां ने थाने पर मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर अभियुक्त की तलाश शुरू कर दी।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर रवि शंकर प्रसाद ने बताया कि थाना प्रभारी रामगढ़ संजीव कुमार दुबे पुलिस टीम के साथ बुधवार को क्षेत्र में गश्त पर थे तभी सूचना मिली कि जाकिर हाफिज अपराधी कहीं भागने की फिराक में है। पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे पकड़ना चाहा तो अभियुक्त हाफिज जाकिर ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम के ऊपर फायर किया। पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षार्थ की गयी जबावी कार्यवाही में अभियुक्त पैर में गोली लगने से घायल हो गया। घायल अभियुक्त के कब्जे से 01 अवैध तमंचा 315 बोर, 02 खोखा कारतूस व 02 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।
एएसपी ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में वांछित अभियुक्त है। घायल को अभियुक्त को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया है। अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।

« Newer PostsOlder Posts »