Web News

www.upwebnews.com

पति ने किया जिंदा पत्नी का पिंडदान, बोला तू मेरे लिए मर गई

August 4, 2026

पति ने किया जिंदा पत्नी का पिंडदान, बोला तू मेरे लिए मर गई

फिरोजाबाद। झगड़े के बाद पति ने जिंदा पत्नी का पिंडदान कर दिया। यमुना में फोटो प्रवाहित करके अंतिम संस्कार की विधि पूरी की। इसके साथ ही अपने व्हाट्सएप स्टेट्स पर पत्नी की फोटो लगाकर नाम के आगे स्वर्गीय लिख दिया।
इसके साथ ही पिंडदान करते हुए वीडियो भी स्टेट्स पर लगा दिए। पत्नी ने लाइनपार थाने में शिकायत की है। साथ ही दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया। पुलिस जांच कर रही है।

झारखंड निवासी दीपा स्वर्णकार का लाइनपार क्षेत्र के नगला विष्णु निवासी जितेंद्र प्रकाश से वर्ष 2014 में प्रेम विवाह हुआ था। शादी के कुछ समय बाद से दंपती के बीच झगड़ा होने लगा। दीपा का आरोप है कि ससुरालीजन दहेज की मांग करते हुए उसे प्रताड़ित करने लगे। 30 जुलाई को पति ने उनके साथ मारपीट की। उन्होंने कमरे में खुद को बंद करके किसी तरह बचाया। रविवार को पति ने व्हाट्सएप स्टेट्स पर वीडियो पोस्ट किए। वीडियो में वह दीपा की फोटो लेकर यमुना किनारे पिंडदान करते हुए नजर आ रहा है। युवक ने बाल कटवाने के साथ ही दीपा का फोटो, फूल यमुना में प्रवाहित किए। इसके साथ ही दीपा की फोटो स्टेट्स पर लगाकर नाम के आगे स्वर्गीय लिख दिया।
दीपा का कहना है कि उन्होंने पति की इस हरकत का विरोध किया तो उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि वह उनकी लिए मर चुकी हैं। पति ने घर से निकल जाने की भी धमकी दी है। दीपा ने लाइनपार थाने पहुंचकर पुलिस से मामले की शिकायत की।
इंस्पेक्टर रमित कुमार आर्य ने बताया कि शराब का आदी है। झगड़े के बाद उसने पत्नी का पिंडदान कर दिया। मारपीट के मामले में महिला की काउंसलिंग कराई जाएगी। समझौता न होने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। पति थाने में शिकायत होने की जानकारी के बाद घर से भाग गया है।

July 17, 2026

Firozabad News: पुलिस ने मुठभेड़ में दो बदमाश मार गिराये, इटावा एसओजी के दो सिपाही घायल

Posted on 17.07.2026 Time 08.34 PM, UP News Firozabad

फिरोजाबाद, 17 July 2026, थाना शिकोहाबाद क्षेत्र अन्तर्गत रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को इटावा एसओजी और दो बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में दो इटावा एसओजी टीम के दो सिपाही गोली लगने से घायल हुए है। पुलिस ने भाग रहे बदमाशों का पीछा कर खेत में घेराबंदी कर दोनों को मुठभेड़ में मार गिराया है।
इटावा पुलिस को सूचना मिली थी कि गाजियाबाद से झारखंड जा रही संबलपुर एक्सप्रेस में दो बदमाश सुमित और अंकित उर्फ सीटू सवार हैं। दोनों बदमाश इटावा जनपद में 3 जुलाई को एक चिकित्सक से चैन स्नैचिंग के मामले में वांछित थे। सूचना के आधार पर इटावा एसओजी ने शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की घेराबंदी की। इसी दौरान बदमाश ट्रेन से उतरकर भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी की तो बदमाशों ने एसओजी टीम पर फायरिंग कर दी। बदमाशों की फायरिंग में सिपाही डेविड के पेट में और दूसरे सिपाही पुष्पेंद्र के कंधे में गोली लगी। जिससे घायल हो गये। दोनों बदमाश स्टेशन के पास ही गांव में भाग गए। पुलिस ने तत्काल घायल सिपाहियों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। इधर पुलिस ने बदमाशों का पीछा किया तो बदमाशों ने एक बच्चे को पकड़ लिया और उसे अपनी ढाल बना लिया। बदमाश बच्चे को फेंककर एक राहगीर की मोटरसाइकिल छीनकर भागने लगे। पुलिस ने बदमाशों का पीछा किया तो वह खेत में छिप गए। इटावा और फिरोजाबाद पुलिस की टीमों ने बदमाशों की घेराबंदी की तो पुनः पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। इटावा पुलिस ने पहले एक बदमाश को मुठभेड़ में मार गिराया और फिर फिरोजाबाद और इटावा पुलिस ने दूसरे बदमाश को भी मुठभेड़ में ढेर किया है। एडीजी आगरा एस के भगत, डीआईजी आगरा शैलेश कुमार पांडेय, एसएसपी इटावा बृजेश कुमार श्रीवास्तव, एसएसपी फिरोजाबाद आदित्य लांगे के साथ पुलिस के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
एडीजी आगरा एस के भगत का कहना है कि मुठभेड़ में दोनों बदमाशों की मौत हुई है। जबकि इटावा एडीजी के दो सिपाही घायल है जिन्हें उपचार के लिए भर्ती कराया गया है।

July 13, 2026

फिरोजाबाद में फोटोग्राफर्स एसोसिएशन की भव्य फोटोग्राफी वर्कशॉप संपन्न

नए फोटोग्राफर्स से संगठन से जुड़ने की अपील

फिरोजाबाद, 13 जुलाई 2026, में फोटोग्राफर्स एसोसिएशन उत्तर प्रदेश की भव्य वेडिंग फोटोग्राफी वर्कशॉप संपन्न
फोटोग्राफर्स एसोसिएशन उत्तर प्रदेश (PAUP) जिला फिरोजाबाद के सफल आयोजन में एक भव्य एवं ज्ञानवर्धक *Creative Wedding Photography Workshop* का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए लगभग 100 फोटोग्राफर्स ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर आधुनिक फोटोग्राफी तकनीकों का प्रशिक्षण प्राप्त किया।
कार्यशाला के मुख्य मेंटर देश के प्रसिद्ध वेडिंग फोटोग्राफर *श्री लखन आहूजा* रहे। उन्होंने अपने वर्षों के अनुभव के आधार पर वेडिंग फोटोग्राफी में उपयोग होने वाली आधुनिक लाइटिंग तकनीकों, क्रिएटिव पोजिंग, कैमरा एंगल, कम्पोजिशन तथा व्यावहारिक शूटिंग के महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तृत जानकारी दी। लाइव डेमो और प्रैक्टिकल सेशन के माध्यम से उन्होंने प्रतिभागियों को नई तकनीकों से अवगत कराया, जिससे फोटोग्राफर्स को अपने कार्य को और अधिक रचनात्मक एवं पेशेवर बनाने का अवसर मिला।
कार्यक्रम में फोटोग्राफर्स एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के प्रदेश विशेष सचिव *श्री सौरभ मिश्र* ने फोटोग्राफर्स के व्यक्तित्व एवं व्यवसायिक विकास पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने Personality Development, PAUP India App तथा संस्था की महत्वाकांक्षी SSS Scheme की विस्तृत जानकारी देते हुए संगठन की विभिन्न योजनाओं एवं उनसे मिलने वाले लाभों से सभी सदस्यों को अवगत कराया।
कार्यक्रम की सफलता में *मंडल प्रभारी श्री अवधेश जी* का विशेष सहयोग रहा, जो अपनी एटा टीम के साथ उपस्थित रहे। वहीं मैनपुरी से आए फोटोग्राफर्स की सक्रिय भागीदारी ने कार्यक्रम को और अधिक प्रभावशाली एवं यादगार बना दिया।
इस अवसर पर *मॉडल शीतल सागर* तथा *मेकअप आर्टिस्ट प्रियंका आर सिंह* ने भी अपनी रचनात्मक प्रस्तुति से वर्कशॉप को आकर्षक बनाया। आयोजन को सफल बनाने में *जिला प्रभारी अंकित भारद्वाज*, *जिला अध्यक्ष मनोज कुमार*, *संगठन मंत्री विवेक अग्रवाल* *मीडिया प्रभारी उमेश राठौर* *कोषाध्यक्ष सागर कुशवाह* *उपाध्यक्ष विनोद कुमार* *सचिव सत्य प्रकाश कुशवाहा और नितिन शर्मा* *व्यवस्थापक साहिल खान* तथा *शिकोहाबाद तहसील प्रभारी यतेंद्र देव* *सिरसागंज तहसील प्रभारी जितेंद्र यादव* सहित फिरोजाबाद जिला टीम के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
कार्यक्रम के समापन पर फोटोग्राफर्स एसोसिएशन उत्तर प्रदेश की प्रदेश टीम ने फिरोजाबाद जिला टीम के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों को इस उत्कृष्ट, सुव्यवस्थित एवं प्रेरणादायी आयोजन के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। प्रदेश टीम ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन फोटोग्राफर्स के तकनीकी एवं व्यावसायिक विकास के साथ-साथ संगठन की एकता, सहयोग और निरंतर प्रगति को भी नई दिशा प्रदान करते हैं।

प्रदेश टीम ने यह भी अपील की कि जो फोटोग्राफर्स अभी तक संगठन से नहीं जुड़े हैं, वे भी फोटोग्राफर्स एसोसिएशन उत्तर प्रदेश से जुड़कर संगठन की योजनाओं, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और सामूहिक विकास का लाभ उठाएँ। संगठन सभी फोटोग्राफर्स को एक सशक्त मंच प्रदान करने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।

July 10, 2026

Firozabad: डेढ़ वर्षीय मासूम की हत्या के आरोपी को फांसी की सजा

Posted on 10.07.2026, Time 03.39 PM, Firozabad, Shikohabad, Miner child murder case, death sentence to criminal yooth, UP Breaking News

जिला जज ने एक महीने में किया फैसला, दी कठोरतम सजा, दुर्लभ श्रेणी का माना गया मामला

उमेश बाबू राठौर

फिरोजाबाद, 10 जुलाई 2026 (उप्र समाचार सेवा)। डेढ़ साल के मासूम की हत्या के आरोप में जेल अदालत ने अभियुक्त को फांसी की सजा सुनाई है। आरोपी विराज उर्फ जितेंद्र पाठक कल गुरुवार को मामले में दोषी करार दिया गया था। डेढ़ साल के मासूम आरव की पटक पटक कर हत्या कर दी गई थी।

शिकोहाबाद के बहुचर्चित डेढ़ वर्षीय मासूम आरव हत्याकांड में गुरुवार को जिला जज डॉ. बब्बू सारंग की अदालत ने आरोपी विराज उर्फ जितेंद्र पाठक को दोषी करार दिया। अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद आरोपी को हत्या का दोषी मानते हुए सजा के बिंदु पर सुनवाई के लिए 10 जुलाई की तारीख तय की थी।
यह मामला 30 मई का है, जिसने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया था। अभियोजन के अनुसार, बदायूं के शेखूपुर निवासी विराज एकतरफा प्यार में महिला पर शादी का दबाव बना रहा था। प्रस्ताव ठुकराए जाने से नाराज होकर उसने महिला के डेढ़ वर्षीय बेटे आरव को टॉफी दिलाने के बहाने अपने साथ ले जाकर सुनसान गली में जमीन पर कई बार पटक दिया, जिससे मासूम की मौत हो गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामला सुर्खियों में आ गया था। बाद में पुलिस ने आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
जिला शासकीय अधिवक्ता (डीजीसी) राजीव प्रियदर्शी ने बताया कि इस चर्चित मुकदमे में पुलिस और अभियोजन ने तेजी से पैरवी करते हुए मात्र छह दिनों में 13 गवाहों की गवाही पूरी कराई। साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर अदालत ने आरोपी विराज को दोषी करार दिया।

जिला जज ने मामले में तत्परता से सुनवाई करते हुए अभियुक्त को एक महीने में ही सजा सुना दी।

June 30, 2026

Firozabad नीम का पेड़ ई-रिक्शा पर गिरा, 5 की मौत, 3 घायल

Posted on 30.06.2026 Time 09.02 PM, Tuesday, UP News
फिरोजाबाद 30 जून 2026 (उप्र समाचार सेवा)। आंधी और वर्षा के दौरान एटा की सीमा से सटे फरिहा के गांव चिड़रई में सोमवार रात नीम का पेड़ ई-रिक्शा पर गिर गया। जिससे उसमें बैठीं सभी आठ सवारियां घायल हो गईं। जिनमें पांच की हालत गंभीर थी। उनकी अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। डीएम और एसएसपी घटनास्थल पर पहुंच निरीक्षण कर मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता और घायलों को समुचित उपचार की बात कही है।
जनपद एटा के अवागढ़ से आ रहे ई-रिक्शा में आठ सवारियां थीं। पृथ्वीपुर चिड़रई के पास नीम का बड़ा पेड़ ई-रिक्शा पर गिरते ही चीखपुकार मच गई। आसपास के लोग दौड़ कर आए। ई-रिक्शा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था और सवारियां पेड़ के नीचे दब गईं थीं। घटना के कारण वहां जाम लग गया। पुलिस ने ग्रामीणों और जेसीबी की मदद से पेड़ को हटवाया। इसके बाद घायलों को एंबुलेंस से सरकारी ट्रामा सेंटर भिजवाया। तब तक पांच लोगों की मौत हो गई। इनकी पहचान 28 वर्षीय गजेंद्र निवासी बटोलर, फरिहा, 59 वर्षीय हरेश पाल, निवासी नगला फतेह, फरिहा, 20 वर्षीय विष्णु निवासी ईखू, फरिहा, 17 वर्षीय अमन निवासी नगला मंडा सकरौली, एटा और 65 वर्षीय गंगा सिंह निवासी आनंदपुर, अवागढ़, एटा के रूप में हुई है।
वहीं डीएम संतोष कुमार शर्मा और एसएसपी आदित्य लांग्हे ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली ही। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि हादसे में सभी मृतकों के परिजनों को दैवीय आपदा कोष से 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी साथी ही घायलों का समुचित उपचार किया जा रहा है।

« Newer PostsOlder Posts »