Web News

www.upwebnews.com

एटा में इंटर में विशेष राजपूत बने जिला टॉपरः हासिल किया 94% अंक

April 23, 2026

एटा में इंटर में विशेष राजपूत बने जिला टॉपरः हासिल किया 94% अंक

प्रिया ने 469 अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान हासिल की

एटा 23 अप्रैल उप्रससे। जनपद में यूपी बोर्ड इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम घोषित होते ही मेधावी छात्रों की उपलब्धियों ने उत्साह का माहौल बना दिया। एम.जी.एच.एम. इंटर कॉलेज, मारहरा के छात्र विशेष राजपूत ने 470 अंक (94%) प्राप्त कर जिला टॉप किया। मारहरा क्षेत्र स्थित एम.जी.एच.एम. इंटर कॉलेज के छात्र विशेष राजपूत ने 500 में से 470 अंक हासिल कर जिले में पहला स्थान प्राप्त किया। उनकी इस सफलता से परिवार और विद्यालय में खुशी की लहर दौड़ गई। विशेष ने अपनी उपलब्धि का श्रेय कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास को दिया।

जनपद की मेरिट सूची में अन्य छात्रों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। आरडी इंटर कॉलेज की प्रिया राठौर ने 469 अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान हासिल किया। जबकि एसएसडी इंटर कॉलेज, किला रोड, अलीगंज की करिश्मा 468 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। एम.जी.एच.एम. इंटर कॉलेज के दीपक कुमार ने 458 अंक और ब्रह्म संत यादव ने 456 अंक प्राप्त किए। इसी कॉलेज की शालिनी राजपूत ने 454 अंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
454 अंक प्राप्त करने वाले अन्य छात्रों में के. आर. मनोहर सिंह इंटर कॉलेज, पुराव आसपुर की ज्योति यादव और आर.डी. इंटर कॉलेज, अलीगंज की प्रियांशी राजपूत शामिल हैं।
श्री राम बाल भारती इंटर कॉलेज के विवेक और एस.डी. इंटर कॉलेज, मोर्चा नहर के युवराज सिंह ने 453 अंक प्राप्त किए। वहीं एस.सी.एस. इंटर कॉलेज, हरचंदपुर कलां के लक्ष्मण सिंह को 452 अंक मिले, जबकि प्रियांशी चौहान ने 451 अंक और कान्हा ने 450 अंक प्राप्त किए।
परिणाम घोषित होने के बाद जिले भर में सफल विद्यार्थियों को बधाई देने का सिलसिला जारी है। शिक्षकों का कहना है कि यह सफलता छात्रों की मेहनत और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है।

April 22, 2026

एटा में चाइल्ड हेल्पलाइन टीम ने 14 साल के किशोर का रुकवाया बाल विवाह

एटा 22 अप्रैल उप्रससे। जनपद में पिलुआ थाना क्षेत्र के दरिगपुर गांव में चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की टीम ने सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंचकर एक नाबालिग किशोर का बाल विवाह रुकवाया गया है।

किशोर को फिलहाल चाइल्ड हेल्पलाइन कार्यालय में रखा गया है। उसे जल्द ही बाल संरक्षण समिति के समक्ष पेश किया जाएगा। इसके बाद किशोर को उसके परिजनों को सौंपा जाएगा, लेकिन परिजनों को किशोर के वयस्क होने तक विवाह न कराने के लिए पाबंद किया जाएगा।

दरअसल, चाइल्ड हेल्पलाइन को नाबालिग किशोर की शादी करवाए जाने की सूचना मिली थी। इसी सूचना के आधार पर टीम स्थानीय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने विवाह रुकवाया और किशोर का रेस्क्यू किया।

केस वर्कर सूर्यप्रताप ने जानकारी देते हुए बताया कि सूचना मिलते ही टीम ने मौके पर पहुंचकर बाल विवाह रुकवाया। इस रेस्क्यू ऑपरेशन में चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 टीम प्रभारी ज्योति शर्मा, परामर्शदाता सपना तोमर और केस वर्कर सूर्यप्रताप सिंह शामिल थे। थाना एचटी के उप निरीक्षक दलवीर सिंह और आरक्षी सतीश के साथ संबंधित पिलुआ पुलिस ने भी बच्चे के रेस्क्यू में मदद की।

एटा में संदिग्ध परिस्थितियों में नाले में मिला शामियाना कर्मचारी का शव

एटा 22 अप्रैल उप्रससे। शहर की कोतवाली नगर क्षेत्र में रेलवे रोड स्थित अतिथि निवास के सामने नाले में 35 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

मृतक इंद्रजीत पुत्र गुमानी निवासी जिरसमी कोतवाली देहात का शव नाले में पड़ा देख स्थानीय लोगों ने तत्काल कोतवाली नगर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोतवाली नगर प्रभारी प्रेमपाल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए जहां उन्होंने नाले से शव निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इंद्रजीत शामियाना टेंट कारीगरी का काम करता था और दो दिन पहले ही काम पर जाने के लिए घर से निकला था।

मृतक के भाई राहुल ने बताया कि कल शाम टेंट मालिक का फोन आया था कि इंद्रजीत की तबीयत खराब है। रात होने के कारण परिजन मौके पर नहीं जा पाए थे। सुबह गांव के लड़कों ने काम पर जाते समय शव मिलने की सूचना दी, जिसके बाद परिजन वहां पहुंचे।

थाना प्रभारी कोतवाली नगर प्रेमपाल सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा है। घटना स्थल का निरीक्षण किया गया है और मामले की गहनता से जांच पड़ताल की जा रही है।

April 20, 2026

एटा के कस्बा मिरहची में देव प्रतिमाओं का नगर भ्रमण, मंदिर में हुईं प्राण प्रतिष्ठा

एटा 20 अप्रैल उप्रससे। जनपद में मिरहची कस्बे के जोगियान मुहल्ले में सोमवार को श्रद्धालुओं ने देव प्रतिमाओं को नगर भ्रमण कराने के बाद मंदिर में प्राण प्रतिष्ठित किया। यह कार्यक्रम मुहल्ले के मंदिर के जीर्णोद्धार के बाद आयोजित किया गया।

प्राण प्रतिष्ठा से पहले, शिव परिवार सहित अन्य देव प्रतिमाओं को बैंड-बाजों के साथ पूरे नगर में भ्रमण कराया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। नगर भ्रमण के समापन के बाद, सभी प्रतिमाओं को जोगियान मुहल्ले स्थित मंदिर में विधि-विधान से स्थापित किया गया। प्राण प्रतिष्ठा के पश्चात श्रद्धालुओं ने मुहल्ले में प्रसाद भी वितरित किया।
इस कार्यक्रम में जयप्रकाश कश्यप, कालीचरन साहू, मुन्नालाल गोस्वामी, विनोद गोस्वामी, डॉ. एम.पी. कश्यप, हंसराज देवल, भोला कश्यप सहित मुहल्ले की कई महिलाएँ शामिल थीं।

April 19, 2026

एटा में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व शुरू

प्राचीन कैलाश मंदिर में भगवान शिव का रुद्राभिषेक और पूजन-अर्चना कर यात्रा रवाना

एटा 19 अप्रैल उप्रससे। जनपद में रविवार को ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ का शुभारंभहुआ। इस अवसर पर प्राचीन कैलाश मंदिर में भगवान शिव का रुद्राभिषेक और विशेष पूजन-अर्चन किया गया।

कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष सुधा गुप्ता, पंकज गुप्ता, सदर विधायक विपिन कुमार वर्मा ‘डेविड’, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मिश्रा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेंद्र प्रसाद, अपर उप जिलाधिकारी राजकुमार मौर्य और अधिशासी अधिकारी निहाल सिंह ने संयुक्त रूप से किया। मंदिर परिसर वैदिक मंत्रोच्चार और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोषों से गूंज उठा।
कार्यक्रम के बाद, एटा से 10 श्रद्धालुओं और कर्मचारियों का एक दल लखनऊ के लिए रवाना हुआ। इस दल ने राजधानी के गोमती नगर रेलवे स्टेशन पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में भाग लिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से ‘सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा उत्तर प्रदेश’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मुख्यमंत्री ने अपने वर्चुअल संबोधन में कहा कि यह यात्रा भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और सांस्कृतिक चेतना के पुनर्जागरण का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि इसका उद्देश्य समाज को अपनी आध्यात्मिक जड़ों से जोड़ना और गौरवशाली विरासत के प्रति नई पीढ़ी में जागरूकता उत्पन्न करना है।

जिलाधिकारी प्रेम रंजन सिंह के निर्देशन में एटा का यह श्रद्धालु दल राज्य स्तरीय यात्रा के साथ गुजरात स्थित विश्वविख्यात सोमनाथ धाम के लिए प्रस्थान कर चुका है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, यह जत्था 21 अप्रैल 2026 को सोमनाथ धाम पहुंचकर भगवान शिव के ज्योतिर्लिंग के दर्शन एवं पूजन-अर्चन करेगा।

« Newer PostsOlder Posts »