एटा 03 जून उप्रससे। जनपद के मिरहची क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक सड़क हादसे में बाइक सवार मां-बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए। सिरसाटिप्पू के पास एक तेज रफ्तार बोलेरो कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जबकि बोलेरो चालक मौके से फरार हो गया।
कासगंज जनपद के नगला ताल गांव निवासी नीलम (35) और उनके बेटे सचिन (18) बुधवार दोपहर करीब 12 बजे अलीगंज दवा लेने जा रहे थे। मिरहची क्षेत्र के सिरसाटिप्पू के पास पहुंचते ही उनकी बाइक को बोलेरो ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मां-बेटे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने दोनों घायलों को वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज, एटा में भर्ती कराया।
घायल नीलम ने बताया कि वे अलीगंज दवा लेने जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार बोलेरो चालक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
हादसे के बाद बोलेरो चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार चालक व वाहन की तलाश में जुटी हुई है। परिजनों ने आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
