Web News

www.upwebnews.com

एटा में अहिल्याबाई होल्कर के बोर्ड पर कालिख पोतने से तनाव

June 2, 2026

एटा में अहिल्याबाई होल्कर के बोर्ड पर कालिख पोतने से तनाव

ग्रामीणों और बघेल समाज में भारी रोष

एटा 02 जून उप्रससे। जनपद की जलेसर तहसील क्षेत्र के सकरौली थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत इसौली के गांव मोहनपुर में अराजक तत्वों द्वारा अहिल्याबाई होल्कर के बोर्ड पर कालिख पोते जाने की घटना से ग्रामीणों में नाराजगी फैल गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों और बघेल समाज के लोगों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

सूत्रों द्वारा मिली जानकारी के अनुसार गांव मोहनपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय के पास लगे अहिल्याबाई होल्कर के बोर्ड पर किसी अज्ञात व्यक्ति अथवा अराजक तत्वों ने कालिख पोत दी। मंगलवार को जब ग्रामीणों की नजर बोर्ड पर पड़ी तो उन्होंने इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में चर्चा का माहौल बन गया और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। सूचना पर सकरौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी।

थाना प्रभारी नित्यानंद पांडे ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और घटना की गहनता से जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद गांव के मनीराम बघेल, जीवाराम बघेल, शैतान सिंह बघेल, नूर सिंह बघेल, श्याम सिंह बघेल, रामशंकर बघेल सहित बघेल समाज के कई लोगों ने प्रशासन से शीघ्र जांच कर घटना का खुलासा करने और जिम्मेदार लोगों पर कठोर कार्रवाई करने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच में जुटी हुई है। समाचार लिखे जाने तक किसी ने कोई तहरीर नहीं दी है। पुलिस स्वयं संज्ञान के आधार पर कार्रवाई कर रही है।