Web News

www.upwebnews.com

एटा में रिफाइंड गोदाम में भीषण आग लगने से लाखों का नुकसान

April 25, 2026

एटा में रिफाइंड गोदाम में भीषण आग लगने से लाखों का नुकसान

फायर ब्रिगेड ने आग पर पाया काबू

एटा 25 अप्रैल उप्रससे। जनपद के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र में शनिवार को एक रिफाइंड गोदाम में भीषण आग लग गई। यह गोदाम एफसीआई गोदाम के सामने स्थित है। आग लगने से गोदाम में रखा लाखों रुपये का रिफाइंड तेल जलकर खाक हो गया। आग की लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया। लेकिन आग की भयावहता के कारण स्थानीय लोग उस पर काबू नहीं पा सके। इसके बाद फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां तत्काल मौके पर पहुंचीं। फायर कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। घटना की जानकारी मिलने पर अग्निशमन अधिकारी प्रशांत राणा भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
गोदाम बनारसी दास पुत्र प्रमोद और प्रशांत जैन पुत्र प्रमोद का बताया जा रहा है, जिसमें रिफाइंड ऑयल भरा था। आग बुझाने वाले फायर कर्मियों में निशांत शर्मा, जितेंद्र कुमार, कृष्ण कुमार, मानसिंह और जुगनू सहित कई अन्य कर्मी शामिल रहे।

आईएमडी ने व्यापक लू संबंधी दिशानिर्देश जारी किए

UP Web News

Posted Date:- Apr 25, 2026, PIB

नऐ दिल्ली 25 अप्रैल 26, (पीआईबी), पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के अधीन भारत मौसम विज्ञान विभाग ने लू की स्थिति को लेकर विस्तृत दिशानिर्देश और सलाह जारी की है, क्योंकि देश के कई हिस्सों में तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है और सामान्य से अधिक गर्मी की स्थिति बनी हुई है।

नवीनतम आकलन के अनुसार, उत्तर-पश्चिमी, मध्य और प्रायद्वीपीय भारत के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान वर्तमान में 40° सेल्सियस से 44° सेल्सियस के बीच है, जिसमें श्री गंगानगर (राजस्थान) में उच्चतम तापमान 44.5° सेल्सियस दर्ज किया गया है। कई क्षेत्रों में तापमान सामान्य से 5° सेल्सियस या उससे अधिक देखा गया है, जो देश के विभिन्न हिस्सों में बढ़ते तापीय तनाव की आशंका को दर्शाता है।

मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्य भारत के कुछ इलाकों में लू चलने की प्रबल संभावना है। साथ ही, तटीय और पूर्वी क्षेत्रों में गर्म और उमस भरे मौसम की आशंका है, जबकि उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में रातें गर्म रहने की संभावना है, जिससे असुविधा और स्वास्थ्य संबंधी जोखिम और बढ़ सकते हैं।

विभाग ने आगे अनुमान लगाया है कि उत्तर-पश्चिमी भारत में अधिकतम तापमान में 27 अप्रैल तक कोई महत्वपूर्ण बदलाव नहीं होगा, जिसके बाद धीरे-धीरे गिरावट आएगी , जबकि मध्य और अन्य क्षेत्रों में पूर्वानुमान अवधि के दौरान तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि और उसके बाद गिरावट देखी जा सकती है।

मौजूदा और पूर्वानुमानित परिस्थितियों को देखते हुए, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने लू से बचाव के लिए व्यापक दिशानिर्देश जारी किए हैं और नागरिकों को आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है। इनमें सीधे धूप में लंबे समय तक रहने से बचना, विशेष रूप से दोपहर के चरम समय में, पर्याप्त मात्रा में पानी पीना, हल्के और हवादार कपड़े पहनना और उच्च तापमान के दौरान कठिन बाहरी गतिविधियों से बचना शामिल है। बच्चों, बुजुर्गों और पहले से ही किसी स्वास्थ्य समस्या से ग्रसित व्यक्तियों जैसे संवेदनशील समूहों के लिए विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने इस बात पर जोर दिया है कि गर्मी से होने वाली बीमारियों जैसे कि हीट एग्जॉस्टशन और हीट स्ट्रोक को कम करने के लिए प्रारंभिक जागरूकता और निवारक उपाय महत्वपूर्ण हैं। आईएमडी के विस्तारित पूर्वानुमान के अनुसार, अगले दिनों तक कई क्षेत्रों में , विशेष रूप से निम्नलिखित भागों में, लू की स्थिति बनी रहने की संभावना है:

  • उत्तर पश्चिम भारत (पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश)
  • मध्य भारत (मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, विदर्भ)
  • चयनित दक्षिणी क्षेत्र (केरल और माहे)

इसके अलावा, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश सहित तटीय राज्यों में गर्म और आर्द्र मौसम की स्थिति रहने की उम्मीद है, जबकि उत्तरी मैदानी इलाकों में रात में गर्मी का प्रकोप जारी रह सकता है, जिससे रात के समय लू लगने की समस्या और बढ़ जाएगी।

आईएमडी के अप्रैल से जून 2026 के मौसमी पूर्वानुमान के अनुसार , पूर्वी, मध्य और उत्तर-पश्चिमी भारत के कुछ हिस्सों और दक्षिण-पूर्वी प्रायद्वीप में सामान्य से अधिक लू चलने की संभावना है, जो मौजूदा गर्म मौसम के दौरान निरंतर तैयारी और शमन उपायों की आवश्यकता को रेखांकित करता है।

आईएमडी ने लू से बचाव के लिए व्यापक दिशानिर्देश जारी किए हैं , जिनमें क्या करें और क्या न करें, तैयारी के उपाय और क्षेत्र-विशिष्ट सलाह शामिल हैं। ये दिशानिर्देश आम जनता के लिए https://mausam.imd.gov.in/responsive/heatwave_guidance.php पर उपलब्ध हैं । इन दिशानिर्देशों का उद्देश्य व्यक्तियों, समुदायों और स्थानीय प्रशासनों को स्वास्थ्य जोखिमों को कम करने और अत्यधिक गर्मी की स्थितियों से निपटने की क्षमता बढ़ाने में सहायता करना है।

मौसम विज्ञान विभाग तापमान के रुझानों पर लगातार नजर रख रहा है और समय पर पूर्वानुमान एवं चेतावनी जारी कर रहा है। नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे आधिकारिक स्रोतों से नवीनतम जानकारी प्राप्त करते रहें और निर्धारित सुरक्षा उपायों का पालन करें।

डीएम ने दिखाए सख्त तेवर,एसएन का किया औचक निरीक्षण, धीमे निर्माण कार्य पर लताड़ा

आगरा। आगरा में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर जिलाधिकारी मनीष बंसल ने सख्त रुख अपनाया है। डीएम ने शनिवार को एसएन मेडिकल कॉलेज में चल रहे निर्माण कार्यों का  औचक निरीक्षण कर चिकित्सकीय व्यवस्थाओं की भी हकीकत परखी।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने सबसे पहले इमरजेंसी वार्ड का जायजा लिया, जहां मरीजों को दी जा रही सुविधाओं, साफ-सफाई और चिकित्सा व्यवस्थाओं को बारीकी से देखा। अधिकारियों से जानकारी लेते हुए उन्होंने यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि किसी भी मरीज को इलाज में देरी या असुविधा न हो।

इसके बाद डीएम का फोकस मेडिकल कॉलेज में चल रहे निर्माणाधीन फेज-1 प्रोजेक्ट पर रहा। उन्होंने मौके पर पहुंचकर कार्य की प्रगति का निरीक्षण किया और कार्यदायी संस्था को स्पष्ट निर्देश दिए कि काम की गति बढ़ाई जाए।

डीएम ने कहा कि निर्माण कार्य को “युद्ध स्तर” पर पूरा किया जाए, इसके लिए लेबर की संख्या बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही उन्होंने यह भी साफ किया कि गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और तय समयसीमा के भीतर कार्य पूरा होना चाहिए।

होमगार्ड्स की तीन दिन तक हर रोज दो पालियों में होगी परीक्षा

हर रोज हजारों की अतिरिक्त भीड़ से यातायात व्यवस्था चरमराने का खतरा!

आगरा। होमगार्ड भर्ती परीक्षा के पहले ही दिन शहर में अभ्यर्थियों का सैलाब उमड़ पड़ा, जिससे यातायात व्यवस्था पर भारी दबाव देखने को मिला। 25, 26 और 27 अप्रैल तक चलने वाली इस लिखित परीक्षा के लिए जनपद में 28 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 75,168 अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। अनुमान है कि प्रतिदिन करीब 25 हजार परीक्षार्थी परीक्षा देंगे और उनके साथ आए परिजनों को मिलाकर शहर में रोजाना लगभग 40-50 हजार अतिरिक्त लोगों की मौजूदगी रहेगी।

शनिवार को पहले दिन सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक पहली पाली की परीक्षा शांतिपूर्वक सम्पन्न हुई। दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जा रही है। परीक्षा शुरू होने से पहले ही बड़ी संख्या में अभ्यर्थी केंद्रों पर पहुंच गए, जहां सघन जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

परीक्षा की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी मनीष बंसल और अपर पुलिस आयुक्त राम मदन सिंह ने एक दिन पूर्व ही विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया था। प्रशासन ने दावा किया है कि परीक्षा पूरी पारदर्शिता के साथ कराई जा रही है।

वहीं, अचानक बढ़ी भीड़ ने शहर की पहले से जर्जर यातायात व्यवस्था को और मुश्किल में डाल दिया है। मेट्रो निर्माण और अन्य सड़क कार्यों के चलते शहर की कई प्रमुख सड़कें पहले से ही संकरी और बाधित हैं। ऐसे में भारी संख्या में अभ्यर्थियों और वाहनों की आवाजाही से तीनों दिन जाम की स्थिति और गंभीर हो सकती है।

स्थिति को संभालने के लिए यूपी रोडवेज ने आगरा के लिए 2008 अतिरिक्त बसों का संचालन शुरू किया है। ये बसें आईएसबीटी, बिजलीघर और ईदगाह बस अड्डों से चलाई जा रही हैं, जो फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, अलीगढ़, मथुरा समेत आसपास के जिलों को जोड़ रही हैं।

हालांकि यातायात पुलिस ने व्यवस्था सुचारू रखने के लिए विशेष प्लान तैयार किया है, लेकिन जमीनी हकीकत यही है कि शहर पर अचानक बढ़ा यह दबाव प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन चुका है।

उमड़ी भीड़,रेलवे ने चलाई दो परीक्षा स्पेशल ट्रेनें

नांगल डैम एक्सप्रेस ट्रेन में चढ़ने को मारामारी,पुलिस ने भीड़ नियंत्रित करने में जुटीं

Post on 26.4.26
Saturday Moradabad
Rajesh Bhatia
मुरादाबाद।(उप्र समाचार सेवा)।

रेल प्रशासन ने अभ्यर्थियों की संख्या को देखते मंडल में दो स्पेशल ट्रेनें चलाई है। पर पहले दिन की पहली पाली की परीक्षा के बाद अभ्यर्थियों की भीड़ उमड़ पड़ी। लखनऊ की ओर जाने वालों की संख्या ज्यादा होने से मुरादाबाद आने वाली ट्रेनें फुल हो गई। दिन में पौने तीन बजेआईं नांग डैम-12326 एक्सप्रेस में सवार होने के लिए भीड़ उमड़ पड़ी। सबसे ज्यादा स्लीपर कोचों में भीड़भाड़ देख तैनात पुलिस कर्मी स्थिति नियंत्रण में जुट गए। पुलिसकर्मी
लोगों से अगली ट्रेन आने का
अनाउंसमेंट करते रहें।

तीन दिन चलेगी गाजियाबाद- मुरादाबाद समेत दो परीक्षा स्पेशल ट्रेनें

मुरादाबाद।
रेलवे के अनुसार गाजियाबाद -मुरादाबाद और बरेली-बिजनौर के बीच संचालित ट्रेनें दो फेरे पूरे करेगी।
परीक्षा के दिन गाजियाबाद से ट्रेन सुबह 4 बजे चलीं, सात बजे मुरादाबाद पहुंची। वापसी में शाम 6 बजे स्पेशल गाजियाबाद जाएगी।
इसी तरह बरेली से सुबह 3.35 बजे चलकर बिजनौर आठ बजे पहुंची।वापसी में ट्रेन शाम 6 बजे चलकर बरेली के लिए रवाना होगी।

*रेलवे स्टेशन पर गर्मी से बेहोश हुआ हाथरस का अभ्यर्थी*
मुरादाबाद में परीक्षा देने आए अभ्यर्थी की रेलवे स्टेशन बिगड़ी तबीयत
-जीआरपी कर्मियों ने दिखाईं चुस्ती, गोद में उठाकर गाड़ी से अस्पताल ले गए

मुरादाबाद।
मुरादाबाद में होमगार्ड भर्ती की परीक्षा देने आए हाथरस के एक अभ्यर्थी की अचानक तबीयत बिगड़ गई। रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रहे अभ्यर्थी बेहोश होकर गिर गया। यह देख कर आसपास खड़े अन्य अभ्यर्थियों में भी हड़कंप मच गया। इस दौरान सुरक्षा में खड़ी जीआरपी व स्टेशन स्टाफ ही सतर्क हो गया।
मौके पर मौजूद जीआरपी सिपाहियों ने अभ्यर्थी के पास खड़े अन्य अभ्यर्थियों को वहां से हटाकर खुद पंखा करने लगे। इस दौरान रेलवे में मेडिकल के लिए मदद की गुहार लगाई गई। इस बीच रेलवे की मेडिकल टीम के आने में देर देख जीआरपी रविन्द्र वशिष्ठ ने अभ्यर्थी को अस्पताल ले जाने को कहा। पुलिस‌ कर्मी अभ्यर्थी को गोद में लेकर गाड़ी तक ले गए और फिर अस्पताल में भर्ती कराया।इस दौरान एसपी जीआरपी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
स्टेशन पर मौजूद अभ्यर्थियों का कहना है कि तेज गर्मी के बीच स्टेशन पर लगा पंखा बार बार बंद हो रहा है। स्टेशन और पुलिस की कोशिश से पंखे को दोबारा चलवायागया।सीएमआई
गौरव श्रोत्रिय,डिप्टी एसएस कुंवर सिंह नौटियाल, सीआईटी विजयंत शर्मा समेत चेकिंग व रेलवे पुलिस सतर्क रहीं।

*कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच परीक्षा शुरु*
मुरादाबाद।
शनिवार से प्रदेश में होमगार्ड की परीक्षा शुरू हुई। परीक्षा को लेकर पुलिस ने सुरक्षा के इंतजाम किए।
मुरादाबाद स्टेशन पर रात से ही अभ्यर्थी पहुंचने लगे।
मुरादाबाद में तीन दिन में 74 हजार अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। दो पालियों में शनिवार को 25 हजार परीक्षार्थियों की 28 केंद्रों पर परीक्षा है। परीक्षा 27 अप्रैल तक चलेगी।

*पहले दिन में डेढ़ हजार से अधिक टिकट बिके*
रेल प्रशासन की भीड़ पर निगाह

मुरादाबाद।
होमगार्ड भर्ती परीक्षा में पहले दिन में दिन में डेढ़ हजार टिकटों की बिक्री हुई।रेल अधिकारी भी स्टेशन पर भीड़ को लेकर लगातार मानीटरिंग करते रहे। इस दौरान बरेली,शाहजहांपुर समेत विभिन्न जगहों के ज्यादातर टिकट बुकिंग काउंटरों से बिके।

« Newer PostsOlder Posts »