Web News

www.upwebnews.com

लखीमपुर में पेट के कीड़ों से मुक्ति की पहल

August 11, 2026

लखीमपुर में पेट के कीड़ों से मुक्ति की पहल

*: आर्यकन्या इंटर कॉलेज में गोलियां खिलाकर किया गया अभियान का आगाज*

*​’स्वस्थ बचपन, बेहतर पढ़ाई, 14 अगस्त को लगेगा छूटे बच्चों का नंबर*

​लखीमपुर खीरी। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस अभियान के तहत आर्यकन्या इंटर कॉलेज मिश्राना में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं को उपमुख्यमंत्री चिकित्सा अधिकारी डॉ प्रमोद रावत की मौजूदगी में पेट के कीड़े खत्म करने वाली दवा खिलाई गई और दवा सेवन के फायदों के बारे में जागरूक किया।

​उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रमोद रावत ने बताया कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ संतोष गुप्ता के निर्देश पर यह विशेष अभियान 10 अगस्त 2026 को आयोजित किया गया है, जबकि छूटे हुए बच्चों के लिए 14 अगस्त 2026 को ‘मॉप-अप दिवस’ (विशेष पूरक दिवस) रखा गया है। जो बच्चे 10 अगस्त को एल्बेंडाजोल की गोली खाने से वंचित रह गए हैं, वे इस दिन दवा खा सकेंगे। इस अभियान का मुख्य मकसद 1 से 19 वर्ष तक के बच्चों और किशोर-किशोरियों को आंतों के कीड़ों से मुक्त बनाना है, ताकि उनके स्वास्थ्य, पोषण और पढ़ाई के स्तर में सुधार हो सके।
​उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम वर्ष 2016 से लगातार चलाया जा रहा है। इसके तहत सरकारी व निजी विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों और मदरसों में पढ़ रहे सभी बच्चों व किशोरों को एल्बेंडाजोल की दवा दी जा रही है।
​दवा की खुराक की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि 1 से 2 वर्ष के बच्चों को आधी गोली (200 मिलीग्राम) चूर्ण बनाकर पानी के साथ दी जाती है, जबकि 2 से 3 वर्ष के बच्चों को पूरी गोली (400 मिलीग्राम) पीसकर पानी के साथ खिलाई जाती है। वहीं 3 से 19 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों और किशोरों को 400 मिलीग्राम की पूरी गोली चबाकर खानी होती है। यह दवा पूरी तरह सुरक्षित है और इसका कोई गंभीर दुष्परिणाम नहीं होता।
​कार्यक्रम में विशेष योगदान देने और सरकारी योजना में सहयोग के लिए उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने विद्यालय की प्रधानाचार्य शिप्रा बाजपेई का आभार जताया। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों की सक्रिय भागीदारी से ही ऐसे अभियानों को सफल बनाया जा सकता है।
​इस दौरान जिला प्रक्रिया प्रबंधक कुलदीप सिंह, राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम से सचिन गुप्ता, शहरी स्वास्थ्य समन्वयक राहुल शाक्य समेत स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

एटा में बेटे ने 75 वर्षीय विधवा मां-नाती को पीटकर घर से निकाला, मां ने एसएसपी से की शिकायत

एटा 11 अगस्त उप्रससे। जनपद में निधौली कला थाना क्षेत्र के कासिमपुर गांव की 75 वर्षीय एक विधवा महिला अपने नाती के साथ आज मंगलवार दोपहर 12 बजे पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची। महिला ने अपने बेटे पर मारपीट और उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगाते हुए लिखित शिकायत दर्ज कराई।

पीड़िता प्रेमवती पत्नी स्वर्गीय तेज सिंह निवासी गांव कासिमपुर ने बताया कि उनका बेटा विनोद कुमार उद्दंड स्वभाव का है और अक्सर शराब पीकर उनके साथ मारपीट करता है। विनोद कुमार की पहली पत्नी का निधन हो चुका है और उसका एक बेटा प्रवीन (लगभग 21 वर्ष) है।
पीड़िता ने आरोप लगाया है विनोद कुमार ने करीब तीन साल पहले उन्हें और उनके नाती प्रवीन को घर से निकाल दिया था। इसके बाद वे दोनों गांव के बाहर एक घेर में टीन डालकर रहने लगे। अब विनोद कुमार भी अपनी दूसरी पत्नी और बच्चों के साथ उसी घेर में आकर रहने लगा है।
पीड़िता ने शिकायत में बताया कि विनोद कुमार और उसकी दूसरी पत्नी आए दिन उन्हें और नाती प्रवीन को परेशान करते हैं। हाल ही में, प्रवीन ने बारिश से बचाव के लिए ईंटें और मिट्टी मंगवाई थीं, लेकिन विनोद कुमार और उसकी पत्नी उन्हें चिनाई नहीं करने दे रहे थे। इसी बात को लेकर 10 अगस्त को विनोद कुमार ने प्रेमवती और प्रवीन के साथ मारपीट की। आरोप है कि विनोद कुमार ने प्रेमवती को जान से मारने की नीयत से उनका गला दबाने का प्रयास किया। चीख-पुकार सुनकर नाती प्रवीन और पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे और उन्होंने प्रेमवती को विनोद कुमार के चंगुल से छुड़ाया।

इस मारपीट में प्रेमवती के चेहरे, हाथों और पीठ पर चोटें आई हैं। महिला ने यह भी बताया कि विनोद कुमार अब उन्हें और प्रवीन को पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दे रहा है।

एटा में हाईवे पर अनियंत्रित होकर बाइक डिवाइडर से टकराई, दो घायल, एक की हालत गंभीर

एटा 11 अगस्त उप्रससे। जनपद के थाना कोतवाली नगर क्षेत्र में आज मंगलवार को सुबह एक सड़क हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें हाईवे की 1033 एंबुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों ने उपचार के दौरान एक युवक की हालत गंभीर बताई है।

जानकारी के अनुसार घटना हाईवे स्थित गांव कल्याणपुर के पास हुई। नोएडा/दिल्ली की ओर से मैनपुरी जा रहे दो बाइक सवार युवक अचानक अपनी बाइक पर नियंत्रण खो बैठे। उनकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे के बाद राहगीरों ने दोनों युवकों को घायल अवस्था में पड़ा देखा। उन्होंने तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और हाईवे की 1033 एंबुलेंस को बुलाया गया। एंबुलेंस पर मौजूद डॉक्टर ने घायलों को प्राथमिक उपचार दिया और फिर उन्हें जिला मेडिकल कॉलेज इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया।

पुलिस ने बताया कि दुर्घटना में बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई है। घायल युवकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है और वे अस्पताल पहुंच रहे हैं।

बैंक अधिकारियों के विरुद्ध झूठी शिकायतों की प्रारंभिक जांच के लिए जिला स्तरीय समिति बनाने की मांग

यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस लखनऊ जिला इकाई

*दुर्भावनापूर्ण शिकायतों से बैंक अधिकारियों के उत्पीड़न को रोका जाना आवश्यक- लक्ष्मण सिंह प्रदेश सचिव*

लखनऊ। ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स कॉन्फेडरेशन (आयबॉक) के प्रदेश सचिव श्री लक्ष्मण सिंह ने आज मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी से बैंक अधिकारियों के विरुद्ध उनके आधिकारिक कार्यों, ऋण वसूली एवं सरफेसी कार्रवाई से संबंधित आपराधिक शिकायतों की प्रारंभिक जांच के लिए प्रत्येक जिले में जिला स्तरीय जांच समिति गठित करने की मांग की है।

आयबॉक के अनुसार, निर्धारित नियमों एवं कानूनी प्रक्रिया के तहत ऋण वसूली करने वाले बैंक अधिकारियों के विरुद्ध कई बार दबाव बनाने अथवा वसूली कार्रवाई रोकने के उद्देश्य से शिकायतें की जाती हैं। ऐसी शिकायतों के कारण अधिकारियों को पुलिस जांच एवं न्यायालयीन प्रक्रिया का सामना करना पड़ता है, जिससे ऋण वसूली भी प्रभावित होती है।

प्रस्तावित समिति में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, अग्रणी जिला प्रबंधक, सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक के वरिष्ठ अधिकारी तथा जिला प्रशासन के प्रतिनिधि शामिल किए जाने का सुझाव दिया गया है। समिति शिकायत की प्रथम दृष्टया जांच कर यह देखेगी कि मामला वास्तविक आपराधिक कृत्य से जुड़ा है या बैंक की वैधानिक वसूली कार्रवाई को प्रभावित करने के उद्देश्य से किया गया है।

आयबॉक ने स्पष्ट किया कि वास्तविक शिकायतों की जांच में कोई बाधा नहीं होनी चाहिए, लेकिन निराधार एवं दुर्भावनापूर्ण शिकायतों से बैंक अधिकारियों के उत्पीड़न को रोका जाना आवश्यक है। इससे ऋण वसूली, वित्तीय अनुशासन और बैंकिंग व्यवस्था में विश्वास मजबूत होगा।

यूनाइटेड फोरम के मीडिया प्रभारी अनिल तिवारी ने बताया आयबॉक के प्रदेश सचिव श्री लक्ष्मण सिंह ने उपरोक्त पत्र मा. मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी, मुख्य सचिव उ.प्र. शासन, प्रमुख सचिव गृह विभाग उ.प्र., पुलिस महानिदेशक उ.प्र., एसएलबीसी तथा महानिदेशक संस्थागत वित्त विभाग को मेल द्वारा भेज कर कार्रवाई करने की मांग रखी।

अनिल तिवारी, मीडिया प्रभारी
(मो. 7355 7345 44)

शमन आवेदन’ को टालमटोल का हथियार बनाने वालों पर होगी कार्रवाई*

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिये निर्देश*

– *जोन वार शमन के लंबित प्रकरणों को निस्तारित करने का दिया टारगेट*

– *नयी पहलः अब से एलडीए की वेबसाइट पर आपत्ति-सुझाव दर्ज करा सकेंगे लोग*

लखनऊ में नियमों के विपरीत निर्माण करा रहे बिल्डर अब शमन आवेदन की आड़ लेकर बच नहीं पाएंगे। एलडीए ऐसे बिल्डरों/भवन स्वामियों को चिन्हित करेगा, जिन्होंने शमन के लिए आवेदन तो कर दिया, लेकिन उसके बाद न तो निर्धारित शुल्क जमा किया और न ही सही तरीके से मानचित्र जमा किया। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने मंगलवार को शमन मामलों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को इस बाबत निर्देश दिये हैं।

उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने शमन के जोन वार लंबित मामलों की समीक्षा की। इसमें पाया गया कि प्रवर्तन की कार्रवाई प्रचलित होने पर कुछ बिल्डरों ने शमन मानचित्र के लिए ऑनलाइन आवेदन तो कर दिया, लेकिन उसके बाद आगे की प्रक्रिया में किसी भी तरह की दिलचस्पी नहीं दिखायी। इतना ही नहीं, अधिकारियों द्वारा संपर्क करने पर भी वह लोग लंबे समय से टालमटोल का रवैया अपनाये हुये हैं। उपाध्यक्ष ने ऐसे समस्त प्रकरणों को चिन्हित करके सम्बंधित भवन स्वामियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिये हैं। जिसके अंतर्गत एक सप्ताह के अंदर अभियान चलाकर ऐसे निर्माण कार्यों को सील किया जाएगा। साथ ही विहित प्राधिकारी न्यायालय में पैरवी करके नियमानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई सुनिश्चित करायी जाएगी।

*सही मामलों में हो अविलम्ब निस्तारण*
समीक्षा बैठक में पाया गया कि शमन के कुछ मामलों में भवन स्वामी नियमानुसार एफ0ए0आर0 (फ्लोर एरिया रेशियो) खरीदने पर सहमत हैं और समस्त शुल्क जमा करना चाहते हैं। इस पर उपाध्यक्ष ने निर्देश दिये कि सही मामलों में बिना देर किये निस्तारण करते हुए शमन मानचित्र जारी किया जाए। जिससे कि भवन स्वामियों को बेवजह परेशान न होना पड़े।

*ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे आपत्ति-सुझाव*
उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने कहा कि भू-उपयोग परिवर्तन के मामलों में समाचार पत्रों में विज्ञापन प्रकाशित करके आपत्ति-सुझाव आमंत्रित किये जाते हैं। इसमें लोग प्रार्थना पत्र के माध्यम से आपत्ति-सुझाव दर्ज कराते हैं। निर्धारित अवधि पूरी होने पर आपत्ति-सुझाव संकलित करने में पत्रावली कई पटलों पर जाती है, जिसमें अनावश्यक समय लगता है। ऐसे में अब से लोगों को एलडीए की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आपत्ति-सुझाव दर्ज करने की सुविधा प्रदान की जाएगी। इसमें लोग टिप्पणी के साथ सम्बंधित दस्तावेज भी अटैच कर सकेंगे।

« Newer PostsOlder Posts »