Web News

www.upwebnews.com

Moradabad: वैश्विक निबंध प्रतियोगिता में टीएमयू के पांच स्टुडेंटस ने दी दमदार दस्तक

November 17, 2026

Moradabad: वैश्विक निबंध प्रतियोगिता में टीएमयू के पांच स्टुडेंटस ने दी दमदार दस्तक

मुरादाबाद, 17 नवम्बर 2026, तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी के सेंटर फॉर टीचिंग, लर्निंग एंड डवलपमेंट- सीटीएलडी की मेहनत लाई रंग, सीसीएसआईटी, सीओई और फार्मेसी कॉलेज के पांच स्टुडेंट्स को लेखन में मिली वैश्विक पहचान, मोनोमौसुमी पब्लिकेशन्स की ओर से मुख्य रूप से हिंदी, अंग्रेजी और बंगाली भाषाओं में लेखन प्रतियोगिताओं का होता है आयोजन।

तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी, मुरादाबाद के सेंटर फॉर टीचिंग, लर्निंग एंड डवलपमेंट- सीटीएलडी की ओर से शुरू किए गए सीटीएलडी बियॉन्ड कैंपसः ट्रेलब्लेज़र्स इनिशिएटिव ने अपनी पहली पहल में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल की है। मोनोमौसुमी पब्लिकेशन्स की ओर से आयोजित ऑनलाइन अंतर्राष्ट्रीय निबंध प्रतियोगिता के सितंबर संस्करण में टीएमयू के पांच स्टुडेंट्स ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए यूनिवर्सिटी का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता में दक्षिण कोरिया, अमेरिका, जर्मनी, मैक्सिको, हांगकांग, ऑस्ट्रेलिया और मध्य पूर्व सहित विभिन्न देशों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच टीएमयू के कॉलेज ऑफ कंप्यूटिंग साइंसेज एंड इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी- सीसीएसआईटी, कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग- सीओई और कॉलेज ऑफ फार्मेसी के स्टुडेंट्स ने अपनी लेखन प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। सीसीएसआईटी के बीटेक कंप्यूटर साइंस की छात्रा तंजिला बासेर ने द्वितीय पुरस्कार प्राप्त कर विशेष उपलब्धि हासिल की। बीसीए प्रथम सेमेस्टर की छात्रा सितवत ज़ेहरा को फाइनलिस्टःस्पेशल एंट्री के रूप में सम्मानित किया गया, जबकि कॉलेज ऑफ फार्मेसी के फार्म-डी पीबी के पांचवें वर्ष के स्टुडेंट्स- अंजलि और संदीप, बीटेक कंप्यूटर साइंस पंचम सेमेस्टर की ज़ैनब अयूब के निबंधों को आउटस्टैंडिंग एंट्री के तहत विशेष मान्यता मिली है। इन सभी स्टुडेंट्स को डाक के जरिए पदक और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए हैं।

उल्लेखनीय है, मोनोमौसुमी वर्ष 2018 में स्थापित एक अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त और आईएसओ-प्रमाणित नॉन-कमर्शियल एजु-टेक और रचनात्मक लेखन मंच है। यह मंच मुख्य रूप से हिंदी, अंग्रेजी और बंगाली भाषाओं में अपनी गतिविधियां संचालित करता है। मोनोमौसुमी पब्लिकेशन्स की ओर से हर महीने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मासिक निबंध प्रतियोगिता और त्रैमासिक क्रिएटिव राइटिंग ओलंपियाड जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है। यह नए और युवा लेखकों को अपनी कहानियां, निबंध और लेख ई-बुक्स या पुस्तकों के रूप में प्रकाशित करने का अवसर देता है। फ्रीलांस लेखन के विकल्प भी उपलब्ध कराता है। प्रतियोगिताओं के विजेताओं और प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र, नकद पुरस्कार, पदक, उपहार आदि प्रदान किए जाते हैं। सीटीएलडी के निदेशक प्रो. पंकज कुमार सिंह ने सभी स्टुडेंट्स को बधाई देते हुए कहा, ट्रेलब्लेज़र्स समूह की परिकल्पना और गठन में सीटीएलडी की सॉफ्ट स्किल्स ट्रेनर शमीला फातिमा मिर्ज़ा की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनके मार्गदर्शन, समर्पण और निरंतर प्रोत्साहन से इन स्टुडेंट्स को अंतर्राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला। सितंबर 2026 में शुरू किए गए इस मंच का उद्देश्य स्टुडेंट्स की प्रतिभा को निखारना और उन्हें राष्ट्रीय एवम् अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता प्रदर्शित करने के अवसर उपलब्ध कराना है।

Agra:टीटीजेड की 10 औद्योगिक इकाइयों को स्थापना और विस्तार की मंजूरी

मथुरा की तीन और आगरा की सात औद्योगिक इकाइयों को मिला अनुमोदन, निवेश और रोजगार के नए अवसर बढ़ने की उम्मीद
आगरा, 16 नवंबर। ताज ट्रैपेजियम जोन (टीटीजेड) में औद्योगिक विकास को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। मंडलायुक्त नगेन्द्र प्रताप की अध्यक्षता में सोमवार को टीटीजेड प्राधिकरण की 69वीं बैठक आयोजित हुई। इसमें आगरा की सात और मथुरा की तीन औद्योगिक इकाइयों समेत कुल 10 इकाइयों को स्थापना एवं विस्तारीकरण के लिए सर्वसम्मति से अनुमोदन प्रदान किया गया।
बैठक में सेंट्रल इम्पावर्ड कमेटी (सीईसी) के सदस्य अंजन कुमार मोहन्ती और नीरी के मुख्य वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डॉ. एसके गोयल की गरिमामयी उपस्थिति रही। बैठक में पिछली बैठक के कार्यवृत्त की पुष्टि के साथ पूर्व में लिए गए निर्णयों के अनुपालन की समीक्षा की गई।
मंडलायुक्त ने नगर निगम, नगर पालिका परिषद और नगर पंचायतों द्वारा किए जा रहे ठोस कचरा प्रबंधन तथा टीटीजेड क्षेत्र में परिवेशीय वायु गुणवत्ता की स्थिति की समीक्षा की। एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशन की स्थापना को लेकर भी अधिकारियों को निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि उद्योगों के अलावा वायु प्रदूषण के अन्य कारणों पर भी प्रभावी नियंत्रण के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए। हाथरस में एक माह के भीतर एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशन स्थापित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही लंबित अनुपालन आख्या शीघ्र उपलब्ध कराने को कहा गया।
बैठक में औद्योगिक इकाइयों की स्थापना और विस्तारीकरण के नए आवेदनों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसमें 10 आवेदनों को मंजूरी दी गई। अन्य औद्योगिक इकाइयों के आवेदनों की स्क्रूटनी भी जारी है। पात्र इकाइयों को जल्द अनुमोदन दिए जाने की बात कही गई।
प्राधिकरण के इस निर्णय से टीटीजेड क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ निवेश को प्रोत्साहन मिलेगा। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होने की उम्मीद है। प्रशासन का उद्देश्य उद्योगों को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से अनुमोदन उपलब्ध कराकर औद्योगिक विकास को गति देना है।
बैठक में जिलाधिकारी आगरा मनीष कुमार बंसल, एडीए उपाध्यक्ष विजय कुमार, वन संरक्षक अनिल कुमार पटेल, प्रदूषण विभाग के क्षेत्रीय अधिकारी विश्वनाथ शर्मा, आगरा एवं फिरोजाबाद के नगरायुक्त, आगरा, मथुरा और फिरोजाबाद के डीएफओ, उपायुक्त उद्योग तथा टीटीजेड सदस्य उमेश शर्मा और विजय गुप्ता सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

November 16, 2026

एटा में ऑनलाइन सट्टेबाजी से साइबर ठगी के आरोप में तीन गिरफ्तार, 31 ATM कार्ड और 12 सिम कार्ड बरामद

एटा 16 नवंबर उप्रससे। जनपद में ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी की आड़ में बैंक खातों का इस्तेमाल कर साइबर ठगी करने के आरोप में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 31 ATM कार्ड, 12 सिम कार्ड, पांच मोबाइल फोन और 19,530 रुपए नकद बरामद किए हैं।
पुलिस ने बताया मोबाइल फोन में 84 ई-मेल आईडी के लॉगिन और करोड़ों रुपए के संदिग्ध लेन-देन से जुड़े डिजिटल सबूत मिले हैं।

थाना सकीट पुलिस, साइबर थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने 15 नवंबर की शाम सकीट-औंछा रोड पर चेकिंग के दौरान सफेद होंडा सिटी कार को रोका। कार में सवार तीन युवकों की तलाशी लेने पर ATM कार्ड, सिम कार्ड, मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेज मिले। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान एटा निवासी उत्कर्ष वर्मा उर्फ यशु वर्मा और मैनपुरी निवासी रोहित शाक्य व नितिन के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से आधार और पैन कार्ड भी बरामद किए हैं। पूछताछ में उत्कर्ष ने बताया कि वह करीब डेढ़ साल से दिल्ली निवासी तरुण के संपर्क में था। वह लोगों को एक महीने के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराने पर पांच से 10 हजार रुपए देने का लालच देता था। इसके बाद खाताधारकों से ATM कार्ड, सिम और पासबुक ले लेता था। पुलिस का कहना है कि आरोपी करीब 60 बैंक खाते जुटा चुका था। इन खातों से होने वाले लेन-देन पर उसे 10 से 30 प्रतिशत कमीशन मिलता था। उसके दोनों साथियों को भी कमीशन दिया जाता था।

पुलिस ने बताया आरोपी www.rana247.vip वेबसाइट के जरिए कैसीनो, क्रिकेट, फुटबॉल और Aviator जैसे ऑनलाइन गेम और सट्टेबाजी से जुड़ा काम करने की बात बता रहा है। पूछताछ में उसने IPL मैचों के दौरान करीब दो करोड़ रुपए का मुनाफा होने और डेढ़ साल में लगभग 8.5 करोड़ रुपए कथित संचालक तक पहुंचाने का दावा किया है। नोएडा में बैठे संचालक के नेटवर्क में 50 से अधिक हैंडलर होने की जानकारी भी सामने आई है। इन दावों की जांच की जा रही है। जांच के दौरान उत्कर्ष के मोबाइल से महादेव ट्रेडर्स नाम के बैंक खाते का स्टेटमेंट मिला। इसमें करोड़ों रुपए का संदिग्ध लेन-देन सामने आया है। एक व्हाट्सएप ग्रुप की चैट भी बरामद हुई है। आरोपियों से जुड़े बैंक खातों के खिलाफ बिहार, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और दिल्ली से छह साइबर शिकायतें मिली हैं। इन शिकायतों में कुल 1,24,970 रुपए की धनराशि संबंधित है।
पुलिस डिजिटल साक्ष्यों और बैंक खातों की जांच कर रही है। साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों और ठगी की रकम का पता लगाया जा रहा है। आरोपियों के खिलाफ BNS और IT एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

अवैध निजी बसों और टैक्स चोरी के खिलाफ ‘भाकियू सम्राट’ ने खोला मोर्चा, परिवहन आयुक्त व डीएम को भेजा ज्ञापन

उ प्र समाचार सेवा

लखीमपुर खीरी:जनपद में नियमों को ताक पर रखकर संचालित हो रही अवैध निजी बसों और यात्रियों की सुरक्षा के साथ हो रहे खिलवाड़ को लेकर भारतीय किसान यूनियन सम्राट ने कड़ा रुख अपनाया है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष जितेन्द्र सिंह यादव ने उत्तर प्रदेश शासन के माननीय परिवहन आयुक्त आशुतोष निरंजन (आईएएस) और लखीमपुर खीरी के जिलाधिकारी को एक ज्ञापन सौंपकर इस मामले में तत्काल उच्चस्तरीय जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।ज्ञापन में निघासन रोड पर स्थित ट्रैवल एजेंसियों ‘जायसवाल बस एजेंसी’ संचालक प्रखर जायसवाल एवं रमेश जायसवाल की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए गए हैं। संगठन ने आरोप लगाया कि ये एजेंसियां बिना वैध परमिट और सुरक्षा मानकों के दिल्ली सहित अन्य राज्यों के लिए बड़ी संख्या में बसें चला रही हैं, जिससे सरकारी राजस्व (टैक्स) को भारी नुकसान पहुंच रहा है। हाल ही में दिल्ली जा रही जायसवाल ट्रैवल्स की एक बस में आग लगने की भीषण घटना का जिक्र करते हुए बताया गया कि बस के अंदर सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं थे, और स्थानीय लोगों की सूझबूझ से ही यात्रियों की जान बच सकी।
संगठन की प्रमुख मांग की है जिसमे दस्तावेजों की सघन जांच,जायसवाल बस एजेंसी सहित जिले की सभी निजी यात्री बसों के परमिट, टैक्स, फिटनेस और बुकिंग विवरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए।पुलिस वेरिफिकेशन: बिना सत्यापन के बस चला रहे चालकों और परिचालकों का तत्काल पुलिस वेरिफिकेशन अनिवार्य किया जाए।ओवरलोडिंग पर रोक: बसों में निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने पर सख्ती से प्रतिबंध लगाया जाए।भाकियू सम्राट के राष्ट्रीय अध्यक्ष जितेन्द्र सिंह यादव ने प्रशासन से जनहित और यात्रियों की जान-माल की सुरक्षा को देखते हुए दोषियों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई करने तथा अवैध बस संचालन को तुरंत बंद कराने की मांग की है।

नवागंतुक जिलाधिकारी प्रथमेश कुमार ने संभाला कार्यभार

उ प्र समाचार सेवा

कोषागार के डबल लॉक में ग्रहण किया चार्ज, जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता

सीतापुर। जनपद के नवागंतुक जिलाधिकारी प्रथमेश कुमार ने सोमवार 16 नवंबर 2026 को शासन के निर्देशानुसार कोषागार स्थित डबल लॉक में पहुंचकर जिलाधिकारी पद का कार्यभार ग्रहण किया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व आयुष चौधरी कोषाधिकारी दिलीप कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

कार्यभार ग्रहण करने के बाद जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि शासन एवं मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप जनपद में संचालित सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आम जनता की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जनसमस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाया जाए।

« Newer Posts — Older Posts »