Web News

www.upwebnews.com

Agra:टीटीजेड की 10 औद्योगिक इकाइयों को स्थापना और विस्तार की मंजूरी

November 17, 2026

Agra:टीटीजेड की 10 औद्योगिक इकाइयों को स्थापना और विस्तार की मंजूरी

मथुरा की तीन और आगरा की सात औद्योगिक इकाइयों को मिला अनुमोदन, निवेश और रोजगार के नए अवसर बढ़ने की उम्मीद
आगरा, 16 नवंबर। ताज ट्रैपेजियम जोन (टीटीजेड) में औद्योगिक विकास को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। मंडलायुक्त नगेन्द्र प्रताप की अध्यक्षता में सोमवार को टीटीजेड प्राधिकरण की 69वीं बैठक आयोजित हुई। इसमें आगरा की सात और मथुरा की तीन औद्योगिक इकाइयों समेत कुल 10 इकाइयों को स्थापना एवं विस्तारीकरण के लिए सर्वसम्मति से अनुमोदन प्रदान किया गया।
बैठक में सेंट्रल इम्पावर्ड कमेटी (सीईसी) के सदस्य अंजन कुमार मोहन्ती और नीरी के मुख्य वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डॉ. एसके गोयल की गरिमामयी उपस्थिति रही। बैठक में पिछली बैठक के कार्यवृत्त की पुष्टि के साथ पूर्व में लिए गए निर्णयों के अनुपालन की समीक्षा की गई।
मंडलायुक्त ने नगर निगम, नगर पालिका परिषद और नगर पंचायतों द्वारा किए जा रहे ठोस कचरा प्रबंधन तथा टीटीजेड क्षेत्र में परिवेशीय वायु गुणवत्ता की स्थिति की समीक्षा की। एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशन की स्थापना को लेकर भी अधिकारियों को निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि उद्योगों के अलावा वायु प्रदूषण के अन्य कारणों पर भी प्रभावी नियंत्रण के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए। हाथरस में एक माह के भीतर एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशन स्थापित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही लंबित अनुपालन आख्या शीघ्र उपलब्ध कराने को कहा गया।
बैठक में औद्योगिक इकाइयों की स्थापना और विस्तारीकरण के नए आवेदनों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसमें 10 आवेदनों को मंजूरी दी गई। अन्य औद्योगिक इकाइयों के आवेदनों की स्क्रूटनी भी जारी है। पात्र इकाइयों को जल्द अनुमोदन दिए जाने की बात कही गई।
प्राधिकरण के इस निर्णय से टीटीजेड क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ निवेश को प्रोत्साहन मिलेगा। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होने की उम्मीद है। प्रशासन का उद्देश्य उद्योगों को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से अनुमोदन उपलब्ध कराकर औद्योगिक विकास को गति देना है।
बैठक में जिलाधिकारी आगरा मनीष कुमार बंसल, एडीए उपाध्यक्ष विजय कुमार, वन संरक्षक अनिल कुमार पटेल, प्रदूषण विभाग के क्षेत्रीय अधिकारी विश्वनाथ शर्मा, आगरा एवं फिरोजाबाद के नगरायुक्त, आगरा, मथुरा और फिरोजाबाद के डीएफओ, उपायुक्त उद्योग तथा टीटीजेड सदस्य उमेश शर्मा और विजय गुप्ता सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।