Web News

www.upwebnews.com

सपा के सम्मान समारोह में जुटे सैकड़ों प्रजापति समाज के लोग, 2027 में पीडीए के साथ चलने का किया दावा

November 17, 2026

सपा के सम्मान समारोह में जुटे सैकड़ों प्रजापति समाज के लोग, 2027 में पीडीए के साथ चलने का किया दावा

सम्मान समारोह में सम्मानित करते हुए

हाथरस, 16 नवम्बर 2026, (उप्र समाचार सेवा)।सिकंदराराऊ  के  जीटी रोड स्थित समाजवादी पार्टी के कैंप कार्यालय पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष प्रबल प्रताप सिंह धनगर उर्फ राकेश बघेल के नेतृत्व में प्रजापति समाज का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें सैकड़ों लोगों को फूलमाला और पटका पहनाकर तथा स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री दयाराम प्रजापति, विशिष्ट अतिथि प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य देवकीनंदन प्रजापति और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राकेश बघेल ने दीप प्रज्वलित कर किया। मंचासीन अतिथियों का 51 किलो की फूलमाला पहनाकर स्वागत किया गया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सपा नेता राकेश बघेल ने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव 2027 में प्रजापति समाज बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के साथ जुड़ रहा है। उन्होंने कहा कि समाज ने पीडीए के साथ खड़े होकर अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का मन बनाया है। उन्होंने भाजपा पर प्रजापति समाज की उपेक्षा करने का आरोप लगाते हुए कहा कि समाज अब अपने सम्मान और अधिकारों के लिए एकजुट हो रहा है। कार्यक्रम की अध्यक्षता वीपी सिंह नेताजी ने की तथा संचालन सुशील यादव ने किया। इस दौरान ठाकुर दास, छेदेलाल प्रजापति, कुमरपाल सिंह, सत्यप्रकाश प्रजापति, समर सिंह, वीरेंद्र सिंह, रामखिलाड़ी, नेम सिंह, बच्चू सिंह, किरोड़ीलाल, राम सिंह, रूपराम, जयंती प्रसाद, अर्जुन सिंह, राकेश, सतीश, रघुवीर सिंह, बंगाली सिंह, भूरी सिंह, गेंदालाल, शिवकुमार और लवकुश प्रजापति सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।

Hathras छत से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की लाइन की चपेट में आकर सात वर्षीय बालक झुलसा

हाथरस, 16 नवम्बर 2026 (उप्र समाचार सेवा) । सासनी के गांव किशनगढ़ी विजहारी में छत के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर सात वर्षीय बालक गंभीर रूप से झुलस गया। परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है।जानकारी के अनुसार कार्तिक (7) पुत्र गोपाल अपने पिता के साथ बुआ के घर आया था। घर के पास किन्नरों का बधाई कार्यक्रम चल रहा था। कार्यक्रम देखने के लिए वह छत पर पहुंच गया। छज्जे पर खड़े होकर कार्यक्रम देखते समय उसका हाथ ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से छू गया, जिससे वह बुरी तरह झुलस गया। बच्चे की चीख सुनकर परिजन छत पर पहुंचे और उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया।हादसे के बाद ग्रामीणों ने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए बताया कि आबादी के बीच से गुजर रही इस खतरनाक लाइन को हटवाने या सुरक्षित करने के लिए कई बार शिकायत की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।

स्वास्थ्य विभाग की छापेमारी, राज नर्सिंग होम का ऑपरेशन थिएटर व प्रसव कक्ष सील, तीन पैथोलॉजी लैब भी बंद

सिकंदराराऊ में बिना पंजीकरण ऑपरेशन और प्रसव कराने का मामला आया सामने, शहर में अपंजीकृत डायग्नोस्टिक सेंटर पर भी कार्रवाई

हाथरस, 16 नवम्बर 2026 (उप्र समाचार सेवा)। जिले में अवैध रूप से संचालित अस्पतालों और पैथोलॉजी लैब के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। सीएमओ और डिप्टी सीएमओ डॉ. प्रवीण भारती के नेतृत्व में टीम ने सिकंदराराऊ के ईदगाह रोड स्थित राज नर्सिंग होम का औचक निरीक्षण किया। अस्पताल पंजीकृत मिला, लेकिन ऑपरेशन और प्रसव कराने की अनुमति नहीं थी। इसके बावजूद मौके पर दो महिलाएं भर्ती मिलीं। इनमें एक महिला का ऑपरेशन से प्रसव कराया गया था, जबकि दूसरी महिला के गर्भाशय का ऑपरेशन किया गया था।निरीक्षण के दौरान दोनों महिलाओं की उपचार संबंधी पत्रावलियां उपलब्ध नहीं कराई गईं। जिस डॉक्टर ने ऑपरेशन किए थे, उसका मोबाइल नंबर भी अस्पताल संचालक नहीं दे सका। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर और प्रसव कक्ष को सील कर दिया।उधर, डॉ. एमआई आलम ने हाथरस शहर में अपंजीकृत रूप से संचालित डॉ. आरआई मेमोरियल डायग्नोस्टिक सेंटर को सील कर दिया। माधव पैथोलॉजी का संचालक टीम को देखकर मौके से भाग गया। विभाग की ओर से वहां दोबारा टीम भेजकर कार्रवाई की जाएगी। वहीं सासनी में संचालित परी पैथोलॉजी और लैब पैथोलॉजी का पंजीकरण नहीं मिलने पर दोनों को सील कर दिया गया।इसी क्रम में डॉ. प्रवीण भारती ने सिकंदराराऊ स्थित विनायक हॉस्पिटल का भी निरीक्षण किया। यहां एक गर्भवती महिला भर्ती मिली। अस्पताल संचालक ने बताया कि महिला का प्रसव किस महिला चिकित्सक से कराया जाएगा। इस पर विभाग ने संचालक को नोटिस जारी किया। अस्पताल के पंजीकृत चिकित्सक डॉ. राहुल भी निरीक्षण के दौरान मौके पर नहीं मिले।स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से जिले में अपंजीकृत अस्पतालों और पैथोलॉजी संचालकों में खलबली मची हुई है।

व्यापारियों ने उठाई 3000 रुपये पेंशन और 20 लाख दुर्घटना बीमा की मांग, सीएम को भेजा 10 सूत्रीय ज्ञापन

हाथरस, 16 नवम्बर 2026, (उप्र समाचार सेवा).सम्पूर्ण उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल ने व्यापारियों की समस्याओं और लंबित मांगों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम 10 सूत्रीय ज्ञापन भेजा। संगठन ने 60 वर्ष से अधिक आयु के पंजीकृत व्यापारियों को तीन हजार रुपये मासिक पेंशन, व्यापारिक स्टॉक का सरकारी बीमा, कमर्शियल बिजली दरों को घरेलू दरों के बराबर करने तथा आयुष्मान योजना में पांच लाख रुपये तक स्वास्थ्य बीमा देने की मांग की। इसके अलावा विभागीय पंजीकरण आजीवन करने, जीएसटी सरलीकरण, मंडी शुल्क समाप्त कर जीएसटी में समायोजित करने, लखनऊ में व्यापार भवन बनाने, ज्वेलर्स को प्राथमिकता पर शस्त्र लाइसेंस देने, दुर्घटना बीमा 10 लाख से बढ़ाकर 20 लाख रुपये करने तथा व्यापारी निर्वाचन क्षेत्र गठित करने की मांग उठाई।संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि व्यापारी प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं, लेकिन उन्हें सामाजिक सुरक्षा और विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। ज्ञापन देने वालों में जिलाध्यक्ष प्रदीप बंसल, शहर अध्यक्ष संतोष बंसल, जिला महामंत्री कन्हैयालाल शर्मा एडवोकेट, जिला कोषाध्यक्ष पवन कुमार सिंघल, प्रदेश युवा प्रभारी सुखवीर सिंह, शहर महामंत्री अमित वार्ष्णेय, जिला मीडिया प्रभारी यशु गर्ग, जितेंद्र वार्ष्णेय और सुमित गोयल सहित अन्य व्यापारी शामिल रहे।

पत्रकारिता का धर्मसंकट!

डॉ. दीपक गोस्वामी
सत्ता, संविधान, पूँजी, कृत्रिम बुद्धि और अंतिम जन के बीच खड़ा भारतीय पत्रकार
पत्रकार की कलम बिक जाए तो खबर विज्ञापन बन जाती है, डर जाए तो लोकतंत्र की आवाज दब जाती है और भटक जाए तो समाज सत्य के स्थान पर भ्रम को सच मानने लगता है।
भारत में पत्रकार होना केवल समाचार लिखना नहीं, बल्कि प्रतिदिन सत्ता, समाज, बाजार, परिवार और अपनी अंतरात्मा के बीच संतुलन बनाने की चुनौती है। पत्रकारिता का वास्तविक धर्म किसी कुर्सी या विचारधारा की रक्षा नहीं, बल्कि जनता के जानने के अधिकार की रक्षा है।
**संविधान और स्वतंत्रता का प्रश्न**
संविधान के अनुच्छेद 19(1)(a) में प्रेस की स्वतंत्रता का अलग उल्लेख नहीं है। यह नागरिक की अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता में निहित है। अनुच्छेद 19(2) इसके युक्तियुक्त प्रतिबंध भी निर्धारित करता है। पत्रकार स्वतंत्र है, लेकिन कानून और संवैधानिक मर्यादाओं से परे नहीं।
भारत में 31 दिसंबर 2025 तक 1,60,315 पत्र-पत्रिकाएँ पंजीकृत थीं। लेकिन पंजीकरण को सक्रिय प्रकाशनों अथवा कार्यरत पत्रकारों की संख्या मानना गलत होगा। प्रेस काउंसिल पत्रकारिता के मानकों की रक्षा करती है, लेकिन नौकरी, वेतन, पेंशन और व्यक्तिगत सुरक्षा की गारंटी नहीं देती।
**सरकार और पत्रकार : सहयोग या दबाव?**
सरकार को अपनी योजनाएँ जनता तक पहुँचानी हैं और पत्रकार को सरकार की उपलब्धियों के साथ उसकी कमियों को भी सामने रखना है। समस्या तब पैदा होती है जब सरकारी विज्ञापन संपादकीय स्वतंत्रता को प्रभावित करने लगते हैं और प्रशासनिक निकटता सूचना प्राप्त करने का माध्यम बन जाती है।
जिला पत्रकार जिन अधिकारियों से प्रतिदिन मिलता है, कभी उन्हीं के विरुद्ध जनहित में खबर लिखता है। यही उसकी निष्पक्षता और साहस की परीक्षा है।
**बाहुबल और अर्थबल : पत्रकार की दोहरी चुनौती**
खनन, भूमि कब्जे, भ्रष्टाचार, भर्ती अनियमितता और स्थानीय सत्ता के गठजोड़ पर खबर लिखना कई बार जोखिमपूर्ण होता है। पत्रकारों पर हमलों की समस्या वास्तविक है, लेकिन अप्रमाणित आँकड़े और दोषसिद्धि प्रतिशत प्रस्तुत करना उचित नहीं। पत्रकार की सुरक्षा केवल व्यक्तिगत नहीं, लोकतांत्रिक आवश्यकता है।
दूसरी ओर, ग्रामीण संवाददाता और छोटे संस्थानों के पत्रकार अनियमित पारिश्रमिक, यात्रा खर्च और रोजगार की असुरक्षा से जूझते हैं। दूसरों की गरीबी लिखने वाला पत्रकार अपनी आर्थिक परेशानियों से भी मुक्त नहीं है। उसे सम्मान के साथ उचित पारिश्रमिक और सामाजिक सुरक्षा चाहिए।
**पाठक और कृत्रिम बुद्धि : नई चुनौतियाँ**
आज पाठक के सामने समाचार, मनोरंजन, अफवाह और विज्ञापन एक साथ उपस्थित हैं। सनसनीखेज शीर्षक सत्य से अधिक आकर्षक बनते जा रहे हैं। पत्रकार का दायित्व केवल पाठक को बाँधना नहीं, उसे प्रमाणित जानकारी देना है। पाठक की जिम्मेदारी भी अपुष्ट सूचनाओं को आगे न फैलाना है।
कृत्रिम बुद्धि समाचार लिख सकती है, अनुवाद कर सकती है और दस्तावेजों का विश्लेषण कर सकती है। लेकिन गलत सूचना भी तैयार कर सकती है। इसलिए तकनीक का उपयोग मानवीय विवेक, सत्यापन और संपादकीय जवाबदेही के साथ होना चाहिए।
**अंतिम जन : पत्रकारिता की असली कसौटी**
सीमांत किसान, मजदूर, आदिवासी, प्रवासी श्रमिक, विधवा और दिव्यांग नागरिकों की समस्याएँ अक्सर मुख्यधारा में पर्याप्त स्थान नहीं पातीं। गाँव में विद्यालय का अभाव, अस्पताल में चिकित्सक की कमी, मजदूरी का भुगतान न होना और सरकारी योजनाओं से वंचित परिवार भी महत्वपूर्ण समाचार हैं।
पत्रकारिता का धर्म केवल दुर्घटना दिखाना नहीं, अन्याय पैदा करने वाली परिस्थितियों को उजागर करना भी है।
**सात आयाम और पत्रकार का आत्मपरीक्षण**
सामाजिक निष्पक्षता, आर्थिक सुरक्षा, मानसिक स्वास्थ्य, सत्यनिष्ठ आध्यात्मिकता, वैश्विक स्वतंत्रता, संस्थागत स्वायत्तता और शारीरिक स्वास्थ्य—ये पत्रकारिता के सात महत्वपूर्ण आयाम हैं। रिपोर्टर्स विदाउट बॉर्डर्स की 2026 की सूची में भारत 180 देशों में 157वें स्थान पर है। यह गंभीर आत्ममंथन का विषय है।
पत्रकार को भी बिना प्रमाण आरोप लगाने, अफवाह फैलाने, निजता भंग करने और समाचार को विज्ञापन बनाने से बचना होगा।
मनुस्मृति के चतुर्थ अध्याय के 138वें श्लोक का संदेश है—
*सत्यं ब्रूयात्प्रियं ब्रूयान्न ब्रूयात्सत्यमप्रियम्।*
पत्रकारिता में इसका अर्थ अप्रिय सत्य छिपाना नहीं, बल्कि प्रमाणित सत्य को मर्यादित और जिम्मेदार भाषा में प्रस्तुत करना है।
**निष्कर्ष : पत्रकारिता लोकधर्म है, केवल धंधा नहीं**
पत्रकार को न देवता बनाना है, न दुश्मन। उसे स्वतंत्र, सुरक्षित, स्वाभिमानी, उत्तरदायी और आर्थिक रूप से सक्षम बनाना है।
जिस देश में पत्रकार की कलम की कीमत विज्ञापन से तय होगी, वहाँ खबर बाजार की वस्तु बनेगी। जहाँ उसकी चुप्पी भय से तय होगी, वहाँ लोकतंत्र कमजोर होगा। और जहाँ उसकी दिशा अंतिम जन की पीड़ा से तय होगी, वहाँ पत्रकारिता अपने वास्तविक लोकधर्म को प्राप्त करेगी।
क्योंकि पत्रकार की सबसे बड़ी शक्ति उसकी स्याही नहीं, जनता का वह विश्वास है जिसके सहारे लोकतंत्र अपनी आवाज उसे सौंपता है।
« Newer Posts — Older Posts »