Web News

www.upwebnews.com

पत्रकार को धमकाते उचौलिया इंस्पेक्टर का वीडियो वायरल,

November 20, 2026

पत्रकार को धमकाते उचौलिया इंस्पेक्टर का वीडियो वायरल,

उ प्र समाचार सेवा
हर महीने तनख्वाह से 5 हजार लगाकर पीछे आदमी लगा दूंगा

दुष्कर्म के आरोपों से भी घिरे

पत्रकार को धमकाते उचौलिया थाना प्रभारी का वीडियो वायरल, एसपी को दुष्कर्म की तहरीर मिलने से मचा हड़कंप

लखीमपुर खीरी।जिले की पुलिस कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे पुलिस महकमे और पूरे जिले में हड़कंप मच गया है। वायरल वीडियो में उचौलिया थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अवध राज सिंह सेंगर अपने ही कार्यालय में बैठकर एक पत्रकार को कथित तौर पर धमकी देते हुए नजर आ रहे हैं।वायरल हो रहे वीडियो में इंस्पेक्टर पत्रकार की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में उन्हें यह कहते हुए सुना जा सकता है”तुमको मालूम है हमको सारे स्क्रीनशॉट हमारे पास हैं,लड़ोगे हमसे एक काम करो, अपनी तनख्वाह से हर महीने 5 हजार रुपए निकाल देंगे, एक आदमी तुम्हारे पीछे लगा देंगे, इनका इंतजाम हम कर रहे हैं।एक जिम्मेदार पद पर बैठे थाना प्रभारी की इस तरह की भाषा ने पुलिस की छवि और आम जनता के प्रति उनके व्यवहार पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।वीडियो वायरल होने के साथ ही इंस्पेक्टर से जुड़ा एक और गंभीर मामला चर्चा में आ गया है। सूत्रों के मुताबिक, बीते दिन ही एक महिला ने पुलिस अधीक्षक खीरी के कार्यालय पहुंचकर इंस्पेक्टर अवध राज सिंह सेंगर के खिलाफ लिखित शिकायत (तहरीर) दी है, जिसमें उन पर दुष्कर्म जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।एक तरफ महिला द्वारा लगाए गए गंभीर आरोप और दूसरी तरफ पत्रकार को धमकी देने का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। स्थानीय लोग और पत्रकार संगठन उच्च अधिकारियों से इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। अब सभी की निगाहें पुलिस अधीक्षक खीरी के अगले कदम पर टिकी हैं।

तेज रफ्तार बोलेरो पिकअप ने आल्टो कार को मारी टक्कर, जिला अस्पताल की महिला डॉ की मौत, पति गंभीर

उ प्र समाचार सेवा

लखीमपुर खीरी।जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में जिला अस्पताल (ओयल) में तैनात महिला चिकित्सक डॉ. प्रीति श्रीवास्तव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा बुधवार-गुरुवार (19/20 नवंबर) की दरमियानी रात को कोतवाली सदर की पुलिस चौकी क्षेत्र में करीब 11 बजे रामापुर तिराहे के पास हुआ, जब दंपती एक पारिवारिक कार्यक्रम से अपने घर लौट रहे थे।नौरंगाबाद निवासी और बिजली विभाग में कार्यरत आलोक श्रीवास्तव अपनी पत्नी डॉ. प्रीति श्रीवास्तव के साथ शहर की ऑफिसर कॉलोनी में अपने मित्र दिनेश श्रीवास्तव के घर आयोजित एक समारोह में शामिल होने गए थे। देर रात कार्यक्रम से लौटते समय रास्ते में उन्होंने कार में सीएनजी भरवाई और घर के लिए रवाना हुए। जैसे ही उनकी आल्टो कार रामापुर तिराहे के पास पहुंची, सामने से आ रही एक तेज रफ्तार नई बोलेरो पिकअप ने उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि आल्टो कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में डॉ. प्रीति श्रीवास्तव ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उनके पति आलोक श्रीवास्तव गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल आलोक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया और डॉ. प्रीति के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और चिकित्सा जगत में शोक की लहर दौड़ गई।दुर्घटना के बाद मौके से बरामद बोलेरो पिकअप की पहचान को लेकर मामला संदिग्ध हो गया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि वाहन की बॉडी पर जहां नंबर प्लेट लगाई जाती है, वहां ‘एमएच-14सी’ लिखा हुआ है, जबकि घटनास्थल से पुलिस को ‘यूपी-31 डीटी-0237’ लिखी एक अलग नंबर प्लेट बरामद हुई है।चौकी प्रभारी के अनुसार, अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मौके पर मिली यूपी नंबर की प्लेट इसी पिकअप की है या किसी अन्य वाहन की। एक ही वाहन से जुड़े दो अलग-अलग राज्यों के नंबर सामने आने के बाद पुलिस की जांच अब हादसे के कारणों के साथ-साथ पिकअप के वास्तविक पंजीकरण और संभावित संदिग्ध गतिविधियों की ओर भी मुड़ गई है। पुलिस वाहन के चेसिस और इंजन नंबर के आधार पर मालिक का पता लगाने में जुटी है।

धौरहरा से दिल्ली तक गूंज, शिप्रा अवस्थी की नियुक्ति से महिला कांग्रेस में नई जान

उ प्र समाचार सेवा
कार्यकर्ता बोले अब होगा बड़ा बदलाव

धौरहरा की बेटी शिप्रा अवस्थी बनीं प्रदेश महिला कांग्रेस उपाध्यक्ष, क्षेत्र में बधाईयों का दौर जारी

महिला कांग्रेस में बड़ा फेरबदल, शिप्रा अवस्थी को मिली उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी, अलका लांबा ने जताया भरोसा

लखीमपुर से दिल्ली तक गूंजी खुशी, अलका लांबा ने शिप्रा अवस्थी को सौंपी बड़ी जिम्मेदारी, बनीं उत्तर प्रदेश महिला कांग्रेस की उपाध्यक्ष

*लखीमपुर खीरी।* कांग्रेस संगठन में लखीमपुर खीरी की बेटी का जलवा एक बार फिर कायम हुआ है। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा ने धौरहरा क्षेत्र की जुझारू नेत्री श्रीमती शिप्रा अवस्थी पर भरोसा जताते हुए उन्हें उत्तर प्रदेश प्रदेश महिला कांग्रेस का उपाध्यक्ष नियुक्त कर दिया है। 16 नवंबर 2026 को नई दिल्ली से जारी कार्यालय आदेश के बाद पूरे जिले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है। राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा ने अपने आदेश में शिप्रा अवस्थी को शुभकामनाएँ देते हुए स्पष्ट किया है कि वह संगठन को मजबूत करने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगी।
सुखनीपुरवा, पोस्ट जठपुरवा, धौरहरा, लखीमपुर-खीरी निवासी शिप्रा अवस्थी की इस नियुक्ति को क्षेत्र में महिला सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। लंबे समय से संगठन के लिए कार्य कर रही शिप्रा अवस्थी को प्रदेश स्तर की जिम्मेदारी मिलने से कार्यकर्ताओं में नया जोश भर गया है।
इस नियुक्ति की जानकारी उत्तर प्रदेश महिला कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष श्रीमती शहला अहरारी को भी प्रतिलिपि के रूप में भेज दी गई है।
हालांकि शिप्रा अवस्थी की नियुक्ति की खबर फैलते ही धौरहरा, जठपुरवा सहित पूरे लखीमपुर खीरी जिले से बधाई देने वालों का तांता लग गया है।

प्रशासन की कोशिशों के बावजूद जारी है राष्ट्रीय किसान मंच का आंदोलन

उ प्र समाचार सेवा
शेखर दीक्षित ने दी बड़े संघर्ष की चेतावनी

सीतापुर : प्रशासन के तमाम प्रयासों के बावजूद राष्ट्रीय किसान मंच के अध्यक्ष शेखर दीक्षित के नेतृत्व में चल रहा आंदोलन लगातार जारी है। धरना स्थल पर जुटे हजारों नागरिकों और किसानों के बीच आंदोलनकारियों का उत्साह कम होता नजर नहीं आ रहा है। मंच के अध्यक्ष ने स्पष्ट कर दिया है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक यह संघर्ष जारी रहेगा।
आंदोलन में शामिल हजारों लोगों को संबोधित करते हुए शेखर दीक्षित ने प्रशासन को कड़े शब्दों में चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते आंदोलनकारियों की मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में परिस्थितियां और भी विकट हो सकती हैं।
वोट के अधिकार और लोकतंत्र पर जताई चिंता
अपने संबोधन के दौरान शेखर दीक्षित ने नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा, “आज आपसे वोट देने का अधिकार छीना जा रहा है, कल आपसे देश छीन लिया जाएगा। इसके बाद आपको फिर गुलामी करने के लिए मजबूर होना पड़ सकता है। जिस तरह अंग्रेजों ने हमारे साथ व्यवहार किया था, आज वैसी ही स्थिति पैदा की जा रही है।”
उन्होंने लोगों से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और लोकतांत्रिक तरीके से अपना संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया। उनके इस संबोधन के बाद आंदोलन में शामिल नागरिकों के बीच अपनी मांगों और आगे की रणनीति को लेकर चर्चा तेज हो गई है।फिलहाल, प्रशासन और आंदोलनकारियों के बीच संवादहीनता और गतिरोध की स्थिति बनी हुई है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि यह गतिरोध आखिर कब तक जारी रहेगा और क्या जिम्मेदार अधिकारी आंदोलनकारियों की मांगों पर कोई ठोस निर्णय लेंगे।

बजाज चीनी मिल पर किसानों का हल्लाबोल

उ प्र समाचार सेवा

₹100 प्रति कुंतल अग्रिम भुगतान की मांग को लेकर धरने पर बैठे किसान

पिछले सत्र का 172 करोड़ रुपये गन्ना भुगतान बकाया, किसानों ने जिला गन्ना अधिकारी के नाम सौंपा ज्ञापन

लखीमपुर खीरी। बजाज चीनी मिल गोला में किसानों की आर्थिक समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक ने मोर्चा खोल दिया। नए पेराई सत्र में ₹100 प्रति कुंतल अग्रिम भुगतान की मांग को लेकर संगठन के पदाधिकारियों और किसानों ने चीनी मिल परिसर में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। किसानों ने साफ कहा कि जब तक उनकी आर्थिक परेशानियों पर ध्यान नहीं दिया जाएगा, तब तक उनकी आवाज बुलंद होती रहेगी।

धरने के दौरान किसान नेताओं ने कहा कि गन्ने की छिलाई, ढुलाई, डीजल और मजदूरों की मजदूरी में लगातार खर्च बढ़ रहा है। ऐसे में किसानों को गन्ना मिल तक पहुंचाने के लिए भारी आर्थिक बोझ उठाना पड़ता है। किसानों की मांग है कि नए पेराई सत्र में ₹100 प्रति कुंतल अग्रिम भुगतान सुनिश्चित किया जाए, जिससे उन्हें शुरुआती खर्चों के लिए कर्ज और आर्थिक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

172 करोड़ रुपये बकाया, किसानों की मेहनत की कमाई का इंतजार!

किसान नेताओं ने बजाज चीनी मिल पर पिछले पेराई सत्र का लगभग 172 करोड़ रुपये गन्ना भुगतान बकाया होने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि किसान दिन-रात मेहनत करके गन्ने की पैदावार करते हैं, लेकिन समय पर भुगतान न मिलने से उनकी खेती और घरेलू जरूरतों का बजट बिगड़ जाता है। ऐसे में नए सत्र की शुरुआत से पहले पुराने बकाये का भुगतान कराया जाना बेहद जरूरी है।

इस दौरान जिला गन्ना अधिकारी को संबोधित ज्ञापन संबंधित अधिकारी/सचिव महोदय को सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से ₹100 प्रति कुंतल अग्रिम भुगतान दिलाने और पिछले सत्र के लगभग 172 करोड़ रुपये के बकाये का शीघ्र भुगतान कराने की मांग की गई।

भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसानों के हक और उनकी मेहनत की कमाई से जुड़े इन मुद्दों पर संगठन लगातार संघर्ष करता रहेगा।

धरना-प्रदर्शन में ये रहे मौजूद: जिला महासचिव रेशम सिंह, अनुराग मिश्रा, मोहम्मद उस्मान, अनिल वर्मा, सतपाल सिंह, राहुल वर्मा, संजीव सिंह, निशांत सिंह, अमरजीत सिंह, गुरुमंत्र सिंह, राजेश शुक्ला सहित संगठन के तमाम पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

« Newer Posts — Older Posts »