हाथरस, 16 नवम्बर 2026, (उप्र समाचार सेवा).सम्पूर्ण उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल ने व्यापारियों की समस्याओं और लंबित मांगों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम 10 सूत्रीय ज्ञापन भेजा। संगठन ने 60 वर्ष से अधिक आयु के पंजीकृत व्यापारियों को तीन हजार रुपये मासिक पेंशन, व्यापारिक स्टॉक का सरकारी बीमा, कमर्शियल बिजली दरों को घरेलू दरों के बराबर करने तथा आयुष्मान योजना में पांच लाख रुपये तक स्वास्थ्य बीमा देने की मांग की। इसके अलावा विभागीय पंजीकरण आजीवन करने, जीएसटी सरलीकरण, मंडी शुल्क समाप्त कर जीएसटी में समायोजित करने, लखनऊ में व्यापार भवन बनाने, ज्वेलर्स को प्राथमिकता पर शस्त्र लाइसेंस देने, दुर्घटना बीमा 10 लाख से बढ़ाकर 20 लाख रुपये करने तथा व्यापारी निर्वाचन क्षेत्र गठित करने की मांग उठाई।संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि व्यापारी प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं, लेकिन उन्हें सामाजिक सुरक्षा और विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। ज्ञापन देने वालों में जिलाध्यक्ष प्रदीप बंसल, शहर अध्यक्ष संतोष बंसल, जिला महामंत्री कन्हैयालाल शर्मा एडवोकेट, जिला कोषाध्यक्ष पवन कुमार सिंघल, प्रदेश युवा प्रभारी सुखवीर सिंह, शहर महामंत्री अमित वार्ष्णेय, जिला मीडिया प्रभारी यशु गर्ग, जितेंद्र वार्ष्णेय और सुमित गोयल सहित अन्य व्यापारी शामिल रहे।

