उ प्र समाचार सेवा
₹100 प्रति कुंतल अग्रिम भुगतान की मांग को लेकर धरने पर बैठे किसान
पिछले सत्र का 172 करोड़ रुपये गन्ना भुगतान बकाया, किसानों ने जिला गन्ना अधिकारी के नाम सौंपा ज्ञापन
लखीमपुर खीरी। बजाज चीनी मिल गोला में किसानों की आर्थिक समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक ने मोर्चा खोल दिया। नए पेराई सत्र में ₹100 प्रति कुंतल अग्रिम भुगतान की मांग को लेकर संगठन के पदाधिकारियों और किसानों ने चीनी मिल परिसर में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। किसानों ने साफ कहा कि जब तक उनकी आर्थिक परेशानियों पर ध्यान नहीं दिया जाएगा, तब तक उनकी आवाज बुलंद होती रहेगी।
धरने के दौरान किसान नेताओं ने कहा कि गन्ने की छिलाई, ढुलाई, डीजल और मजदूरों की मजदूरी में लगातार खर्च बढ़ रहा है। ऐसे में किसानों को गन्ना मिल तक पहुंचाने के लिए भारी आर्थिक बोझ उठाना पड़ता है। किसानों की मांग है कि नए पेराई सत्र में ₹100 प्रति कुंतल अग्रिम भुगतान सुनिश्चित किया जाए, जिससे उन्हें शुरुआती खर्चों के लिए कर्ज और आर्थिक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
172 करोड़ रुपये बकाया, किसानों की मेहनत की कमाई का इंतजार!
किसान नेताओं ने बजाज चीनी मिल पर पिछले पेराई सत्र का लगभग 172 करोड़ रुपये गन्ना भुगतान बकाया होने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि किसान दिन-रात मेहनत करके गन्ने की पैदावार करते हैं, लेकिन समय पर भुगतान न मिलने से उनकी खेती और घरेलू जरूरतों का बजट बिगड़ जाता है। ऐसे में नए सत्र की शुरुआत से पहले पुराने बकाये का भुगतान कराया जाना बेहद जरूरी है।
इस दौरान जिला गन्ना अधिकारी को संबोधित ज्ञापन संबंधित अधिकारी/सचिव महोदय को सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से ₹100 प्रति कुंतल अग्रिम भुगतान दिलाने और पिछले सत्र के लगभग 172 करोड़ रुपये के बकाये का शीघ्र भुगतान कराने की मांग की गई।
भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसानों के हक और उनकी मेहनत की कमाई से जुड़े इन मुद्दों पर संगठन लगातार संघर्ष करता रहेगा।
धरना-प्रदर्शन में ये रहे मौजूद: जिला महासचिव रेशम सिंह, अनुराग मिश्रा, मोहम्मद उस्मान, अनिल वर्मा, सतपाल सिंह, राहुल वर्मा, संजीव सिंह, निशांत सिंह, अमरजीत सिंह, गुरुमंत्र सिंह, राजेश शुक्ला सहित संगठन के तमाम पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
