Web News

www.upwebnews.com

अनाधिकृत कब्जा हटवाने के बाद पुनः कब्जा किया तो होगी एफआईआर- जिलाधिकारी

August 8, 2026

अनाधिकृत कब्जा हटवाने के बाद पुनः कब्जा किया तो होगी एफआईआर- जिलाधिकारी

मैनपुरी। जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा के साथ थाना समाधान दिवस के अवसर पर थाना बेवर में जन-शिकायतें सुनने के दौरान राजस्व, पुलिस विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों को आदेशित करते हुए कहा कि थाना समाधान दिवस का उद्देश्य भूमि संबंधी विवादों का निस्तारण उसी दिन थाने से पुलिस, राजस्व की संयुक्त टीम गठित का मौके पर भेज कर दोनों पक्षों की मौजूदगी में करना है। उन्होंने कहा कि भूमि संबंधी विवादों को चिन्हित कर थाना समाधान दिवस के अवसर पर दोनों पक्षों को थाने में बुलाकर आपसी सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारित किया जाए, जो प्रकरण किसी भी न्यायालय में विचाराधीन है, उन पर मौके पर यथा-स्थिति बनाए रखी जाए, कहीं भी भूमि विवाद के कारण कानून व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो, सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि एक बार पैमाइश, कब्जा दिलाने के बाद कई प्रकरणों में पुनः कब्जा करने की शिकायतें प्राप्त हो रही है, ऐसे प्रकरणों में राजस्व, पुलिस विभाग के अधिकारी कब्जा दिलाने के बाद यदि किसी के द्वारा पुनः कब्जा किया जाए तो ऐसे व्यक्तियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराकर कठोर कार्यवाही की जाए।
          श्री त्रिपाठी ने तहसीलदार भोगांव को निर्देशित करते हुए कहा कि अपने क्षेत्र के सभी थानों की भूमि राजस्व अभिलेखों में थाने के नाम दर्ज कराएं साथ ही अभियान के दौरान सभी सरकारी भवनों, कार्यालयांे को संबंधित विभाग के नाम राजस्व अभिलेखों में दर्ज कराया जाए। उन्होंने कहा कि जहां भी ग्राम सभा की भूमि कब्जामुक्त कराई जाए, उसे किसी न किसी विभाग के नाम आरक्षित किया जाए, जिस विभाग के नाम आरक्षित किया जाए है वह तत्काल कब्जा प्राप्त कर अपने पजेशन में ले। उन्होंने थाना परिसर का निरीक्षण करने के दौरान तहसीलदार, लेखपाल को आदेशित करते हुए कहा कि थाने की भूमि का चिन्हांकन कराकर संपूर्ण भूमि पर थाने को कब्जा दिलाए, अधिशाषी अधिकारी नगर पंचायत बेवर थाने के पीछे वाले गेट के समीप 15वें वित्त से इंटरलॉकिंग का कार्य कराना सुनिश्चित करें। थाना समाधान दिवस के अवसर पर थाना बेवर में जिलाधिकारी के सम्मुख लालपुर नि. सर्वेश कुमार ने गाटा संख्या-1550 की पैमाइश कराये जाने, जलालपुर नि. आदेश कुमार ने गाटा संख्या-609 पर किए गए अवैध कब्जे को हटवाने, मु. महाजनान बेवर नि. ब्रह्मानंद गुप्ता ने पैमाइश के उपरांत दबंगों द्वारा मुड्डी तोड़ने, सराय मद्दू नि. बबली देवी ने गाटा संख्या-266 पर किए गए जबरन कब्जे को हटवाने, नवीगंज नि. कृष्णा देवी ने गाटा संख्या-264 पर किए गए अनाधिकृत कब्जे को हटवाने, नगला केहरी नि. रोशन सिंह ने पैतृक भूमि पर दबंगों द्वारा किए गए कब्जे को हटवाने की मांग अपने शिकायतें प्रार्थना पत्रों के माध्यम से की, जिस पर उन्होंने सभी प्रार्थना पत्रों पर संबंधित लेखपाल के नेतृत्व में पुलिस, राजस्व की टीम गठित कर मौके से भेजकर आज ही दोनों पक्षों की मौजूदगी में शिकायतों का निस्तारण करने के निर्देश दिए। इस दौरान तहसीलदार भोगांव घासीराम, प्रभारी निरीक्षक बेवर अनिल कुमार सिंह, राजस्व निरीक्षक, लेखपाल एवं सूचना विभाग से अब्दुल जहीन आदि उपस्थित रहे।

संदिग्ध परिस्थितियों में टेंपो चालक की मौत, चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

हाथरस। सासनी कोतवाली क्षेत्र के गांव मुकुंदखेड़ा में शुक्रवार सुबह एक 28 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।जानकारी के अनुसार गांव मुकुंदखेड़ा निवासी हसन पुत्र सद्दीक टेंपो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। परिजनों के मुताबिक वह पिछले कुछ समय से बीमार चल रहा था। शुक्रवार सुबह वह घर में संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला। परिजन उसे पहले एक निजी अस्पताल और बाद में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सासनी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।सूचना पर पहुंची सासनी कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।मृतक अपने पीछे चार बच्चों को छोड़ गया है। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हर घर तिरंगा’ अभियान को लेकर डीएम ने दिए निर्देश, 15 अगस्त तक होंगे विविध कार्यक्रम

-निर्देश देते जिलाधिकारी अतुल वत्स

हाथरस। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ को सफल बनाने के लिए जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक कर संबंधित अधिकारियों को शासन के निर्देशानुसार सभी कार्यक्रम समयबद्ध ढंग से आयोजित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अभियान से जुड़े कार्यक्रमों के फोटो एवं वीडियो  पोर्टल पर नियमित रूप से अपलोड करने के भी निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रप्रेम, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के प्रति सम्मान तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति गौरव और कर्तव्यबोध की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने सभी सरकारी कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, सार्वजनिक एवं निजी प्रतिष्ठानों तथा औद्योगिक इकाइयों में भारतीय ध्वज संहिता का पालन करते हुए सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने की अपील की।उन्होंने निर्देश दिए कि 13 से 15 अगस्त तक घरों और प्रतिष्ठानों पर लगाए गए तिरंगे को निर्धारित अवधि के बाद सम्मानपूर्वक उतारकर सुरक्षित रखा जाए। किसी भी स्थान पर फटा, गंदा अथवा आधा झुका तिरंगा न लगाया जाए। साथ ही शहर के प्रमुख चौराहों, सरकारी भवनों और विद्युत पोलों पर तिरंगा थीम आधारित प्रकाश सज्जा, प्रभात फेरियां, रैलियां और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित ने बताया कि अभियान तीन चरणों में संचालित होगा। पहले चरण (6 से 8 अगस्त) में स्कूलों में प्रतियोगिताएं, शहीद स्थलों की साफ-सफाई और रंगाई-पुताई होगी। दूसरे चरण (9 से 12 अगस्त) में तिरंगा सेल्फी अभियान, वंदे मातरम् का सामूहिक गायन, तिरंगा बाइक रैली, तिरंगा यात्राएं, तिरंगा महोत्सव, प्रदर्शनी और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। तीसरे चरण (13 से 15 अगस्त) में सरकारी भवनों एवं बाजारों में तिरंगा लाइटिंग, सेल्फी प्वाइंट, झंडारोहण, वृक्षारोपण, स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों का सम्मान तथा 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस और 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किए जाएंगे।बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

ग्राम पंचायतों की आय बढ़ाने पर पंचायत सचिवों और सहायकों को दिया प्रशिक्षण

मां सरस्वती के सम्मुख  दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए

हाथरस। जिला पंचायत संसाधन केंद्र (डीपीआरसी) में विकास खंड सिकंद्राराऊ के ग्राम पंचायत सचिवों एवं पंचायत सहायकों के लिए पंचायतों की स्वयं की आय  विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में विकास खंड के सभी पंचायत सचिवों और पंचायत सहायकों ने भाग लिया।कार्यक्रम का शुभारंभ सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) गजेंद्र तोमर, सहायक विकास अधिकारी प्रेम किशोर यादव तथा डीपीआरसी की वरिष्ठ फैकल्टी सीमा चौधरी ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया।सहायक विकास अधिकारी गजेंद्र तोमर ने ग्राम पंचायतों की आय के नए स्रोत विकसित करने तथा ओएसआर के अंतर्गत शुल्क संग्रह की प्रक्रिया में ग्राम सभा और ग्राम पंचायत की भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी। वरिष्ठ फैकल्टी सीमा चौधरी ने पंचायतों की वित्तीय आत्मनिर्भरता में ओएसआर के महत्व पर प्रकाश डाला।मास्टर ट्रेनर सुनील कुमार चौधरी ने स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत गोवर्धन योजना, प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट, सामुदायिक शौचालय एवं ठोस कचरा प्रबंधन के माध्यम से पंचायतों की आय बढ़ाने के उपाय बताए। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश पंचायत राज अधिनियम, 1947 की धारा 243एच के तहत ग्राम पंचायतों को कर लगाने और उसकी वसूली का अधिकार प्राप्त है।प्रशिक्षक भूप्रकाश उपाध्याय ने बताया कि पंचायतें कॉमन सर्विस सेंटर (जन सेवा केंद्र) के माध्यम से विभिन्न प्रमाण पत्र जारी कर तथा पंचायत सहायकों को बैंक संवाददाता के रूप में जोड़कर भी अपनी आय में वृद्धि कर सकती हैं। वरिष्ठ फैकल्टी सीमा चौधरी ने ओएसआर पोर्टल और पंचायतों की आय बढ़ाने के विभिन्न स्रोतों की जानकारी दी।प्रशिक्षण के अंत में प्रतिभागियों का चार्ट पेपर एवं प्रस्तुतीकरण के माध्यम से मूल्यांकन किया गया। अधिकारियों ने बताया कि  जनपद के सभी विकास खंडों के पंचायत सचिवों एवं पंचायत सहायकों का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न हो गया।

पंजाब के फिरोजपुर से भोगांव नवोदय विद्यालय पहुंचे 20 छात्र-छात्राएं, राष्ट्रीय एकता को मिलेगा बढ़ावा

 मैनपुरी। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत क्षेत्रीय भाषा एंव अन्य जानकारी के लिये पंजाब के फिरोजपुर के जवाहर नवोदय विद्यालय के 20 छात्रो ने भोगांव नगर के जवाहर नवोदय विधालय मे दस्तक दी है। कक्षा नौ के ये छात्र एक साल तक विधालय मे रूककर क्षेत्रीय एंव त्रिभाषा का ज्ञान लेगे।
जवाहर नवोदय विधालय के प्राचार्य राजेश यादव ने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक आदान-प्रदान की दिशा में विधालय के 19 बच्चो को पंजाब के फिरोजपुर जवाहर नवोदय मे भेजा गया है ये छात्र बहां पंजाबी भाषा का ज्ञान लेगें तो बही पंजाब के फिरोजपुर जवाहर नवोदय विधालय के 14 छात्रो एंव 6 छात्राओ को नगर के जवाहर नवोदय विधालय भेजा गया है। विद्यालय पहुचने पर प्राचार्य एंव अन्य शिक्षको ने नवागंतुक छात्र-छात्राओं का ढोल-नगाड़ों और पुष्पवर्षा के साथ पारंपरिक तरीके से गर्मजोशी से स्वागत किया गया। नए परिवेश और नई संस्कृति के बीच पहुंचे पंजाब के ये छात्र एक साल तक विधालय मे रहकर शिक्षण कार्य करेगे। उन्होने बताया कि नवोदय विद्यालय समिति की राष्ट्रीय शिक्षा पद्धति के तहत प्रतिवर्ष कक्षा 9 के छात्रों का एक राज्य से दूसरे राज्य के विद्यालयों में आदान-प्रदान किया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य गैर-हिंदी भाषी और हिंदी भाषी क्षेत्रों के विद्यार्थियों के बीच भाषाई, सांस्कृतिक और सामाजिक तालमेल स्थापित करना है, जिससे देश की विविधता में एकता की नींव मजबूत हो सके।
छुपा-छुपाई खेल रहे किशोर की कथित पिटाई के बाद मौत, तीन नामजद के खिलाफ तहरीर
मैनपुरी। थाना घिरोर क्षेत्र के ग्राम कोसमा मुसलमीन निवासी एक किशोर की कथित मारपीट के बाद मौत हो जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में मृतक के परिजनों ने तीन लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
परिजनों के अनुसार, ग्राम को कोसमा मुसलमीन निवासी अनीश उर्फ अवरार (किशोर) 6 अगस्त की रात करीब 8 बजे अपने मामा के पुत्र अप्पू के साथ बरसात के दौरान छुपा-छुपाई खेल रहा था। खेलते-खेलते दोनों किशोर पास के ग्राम कोशमा हिंनूद पहुंच गए। आरोप है कि वहां मौजूद अंकुश, राजू और ओमा ने उन्हें पकड़ लिया तथा गाली-गलौज शुरू कर दी। जब दोनों किशोरों ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट कर दी।
बताया जा रहा है कि मारपीट में अनीश गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने की बात कही जा रही है। परिजनों का आरोप है कि चोटों के कारण अनीश की शुक्रवार सुबह दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर थाना घिरोर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मृत्यु का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। मृतक के भाई ने थाना घिरोर में नामजद तहरीर देकर आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
« Newer PostsOlder Posts »