Web News

www.upwebnews.com

घर के बाहर सो रहे अधेड़ की सिर में गोली मारकर हत्या

August 11, 2026

घर के बाहर सो रहे अधेड़ की सिर में गोली मारकर हत्या

मैनपुरी। थाना कुरावली क्षेत्र के ग्राम जुन्हैसा में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब घर के बाहर सड़क पर सो रहे एक अधेड़ की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान करीब 45 वर्षीय वीरपाल लोधी राजपूत पुत्र प्रेमचन्द्र निवासी ग्राम जुन्हैसा के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही कुरावली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की। पुलिस के मुताबिक वीरपाल गांव में अपने घर के बाहर सड़क पर सो रहे थे, तभी उनके सिर में गोली मारी गई, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल महाराजा तेज सिंह चिकित्सालय की मोर्चरी भेज दिया। वहीं फील्ड यूनिट टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। मृतक के पुत्र अश्वनी की तहरीर पर पुलिस ने पवन पुत्र रामचन्द्र शाक्य निवासी जुन्हैसा और उसके एक अन्य साथी के खिलाफ हत्या की धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया है। तहरीर में जगह के विवाद को हत्या की वजह बताया गया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है और मामले की जांच जारी है।
कलेक्ट्रेट में कैंटीन का शुभारंभ, मात्र 10 रुपये में मिलेगा भरपेट भोजन
मैनपुरी। कलेक्ट्रेट परिसर में सोमवार को सस्ती दर पर भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कैंटीन का शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी, मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु अपर जिलाधिकारी श्याम लता आनंद तथा भाजपा जिलाध्यक्ष ममता राजपूत ने संयुक्त रूप से फीता काटकर कैंटीन का उद्घाटन किया।
कैंटीन के शुरू होने से कलेक्ट्रेट आने वाले फरियादियों, कर्मचारियों, अधिवक्ताओं तथा आमजन को महज 10 रुपये में भरपेट भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। कैंटीन की सुविधा सभी कार्य दिवसों में उपलब्ध रहेगी। प्रशासन की इस पहल से कलेक्ट्रेट आने वाले लोगों को कम कीमत पर स्वच्छ एवं पौष्टिक भोजन मिल सकेगा।
उद्घाटन के दौरान जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने कहा कि कलेक्ट्रेट में आने वाले फरियादियों और आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कैंटीन की शुरुआत की गई है। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में जनपद की प्रत्येक तहसील में भी इसी प्रकार की कैंटीन शुरू करने की योजना है, ताकि तहसील स्तर पर आने वाले लोगों को भी सस्ती दर पर भोजन उपलब्ध कराया जा सके। उद्घाटन के अवसर पर कैंटीन की रसोई में तैयार की गई खीर भी लोगों को वितरित की गई। जिलाधिकारी ने स्वयं अपने हाथों से राहगीरों और उपस्थित लोगों को खीर बांटी। कैंटीन शुरू होने से कलेक्ट्रेट परिसर में आने वाले लोगों में खुशी का माहौल रहा।