Web News

www.upwebnews.com

Yogi Adityanath visit: बिजनौर को 1003 करोड़ की सौगात

July 17, 2026

Yogi Adityanath visit: बिजनौर को 1003 करोड़ की सौगात

Posted on 17.07.2026, Time 6.30 PM Friday, #Bijnore News, CM Yogi Adityanath Visit

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिजनौर को दी 1003 करोड़ रुपये से अधिक की 76 विकास परियोजनाओं की सौगात

बिजनौर, 17 जुलाई 2026 (उत्तर प्रदेश समाचार सेवा) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज जनपद बिजनौर के बिजनौर एवं चांदपुर विधानसभा क्षेत्रों के लिए 1003 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 76 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

उन्होंने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक, आवास की चाबी, स्वीकृति पत्र, प्रमाण-पत्र, आयुष्मान कार्ड एवं टूलकिट वितरित किए। कार्यक्रम से पूर्व मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया, पौधरोपण किया तथा महिलाओं की गोदभराई एवं बच्चों का अन्नप्राशन कराया।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि बिजनौर महात्मा विदुर की पावन तपोभूमि है और यह जनपद अनेक महान विभूतियों की जन्मस्थली रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार विरासत और विकास के समन्वय के साथ प्रदेश को नई ऊंचाइयों पर ले जा रही है। उन्होंने कहा कि बिजनौर ने संघर्ष से विकास तक की सफल यात्रा तय की है और आज यह प्रदेश के तेजी से विकसित हो रहे जनपदों में शामिल है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि गन्ना उत्पादन के लिए प्रसिद्ध बिजनौर के किसानों को प्रदेश सरकार समय पर गन्ना मूल्य का भुगतान सुनिश्चित करा रही है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले किसानों को वर्षों तक भुगतान नहीं मिलता था, जबकि आज सरकार किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि आज बिजनौर कानून व्यवस्था, आधारभूत सुविधाओं और औद्योगिक विकास के क्षेत्र में नई पहचान बना रहा है। हाईवे, मेडिकल कॉलेज, पर्यटन विकास, एक्सप्रेस-वे और उद्योगों के विस्तार से जनपद तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने नगीना के काष्ठ शिल्प, किसानों की मेहनत, युवाओं की ऊर्जा और व्यापारियों की उद्यमशीलता की सराहना की।


मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि गंगा एक्सप्रेस-वे को बिजनौर से हरिद्वार तक विस्तारित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों से प्राप्त प्रस्तावों के आधार पर सड़क, पुल एवं फ्लाईओवर जैसी विकास परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की जाएगी तथा विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की कर्जमाफी, मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना, निःशुल्क राशन योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और सामाजिक सुरक्षा पेंशन जैसी योजनाओं के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग तक लाभ पहुंचा रही है। उन्होंने कहा कि तकनीक के माध्यम से सार्वजनिक वितरण प्रणाली की प्रभावी निगरानी की जा रही है, जिससे पारदर्शिता सुनिश्चित हुई है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि बिजनौर में औद्योगिक निवेश तेजी से बढ़ रहा है। बेल्जियम की अग्रिस्ट मासा सहित कई घरेलू एवं विदेशी कंपनियों ने जनपद में निवेश किया है, जिससे रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं। उन्होंने ‘विदुर प्रेरणा’ स्वदेशी ब्रांड की सफलता की भी सराहना की और इसे आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश का सशक्त उदाहरण बताया।
उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज के साथ नर्सिंग कॉलेज एवं छात्रावास का लोकार्पण होने से जनपद की बेटियों को नर्सिंग शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे। साथ ही पर्यटन, पेयजल, सड़क, पुल एवं अन्य आधारभूत संरचना से जुड़ी अनेक परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया गया।
कार्यक्रम को जिला पंचायत अध्यक्ष साकेंद्र प्रताप सिंह, सांसद चंदन चौहान, एमएलसी डॉ. जयपाल सिंह, विधायक सूचि चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी संबोधित किया।


इस अवसर पर व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल, एमएलसी अशोक कटारिया, अशोक कुमार राणा, ओम कुमार, कुँवर सुशांत सिंह, विनोद राठी, जिलाधिकारी जसजीत कौर, पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा, मुख्य विकास अधिकारी रणविजय सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

प्रतापगढ़ में 19 वर्षीय नर्स ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, कमरे में फंदे से लटका मिला शव

VIKAS GUPTA
PRATAPGARH UP

प्रतापगढ़, 17 जुलाई 2026, शहर के विक्रम चौराहे के पास गुरुवार शाम एक 19 वर्षीय नर्स का शव किराये के कमरे में फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर नगर कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतका की पहचान कोहंडौर थाना क्षेत्र के गहरौली गांव निवासी स्वर्गीय अशोक कुमार की पुत्री लक्ष्मी पटेल (19) के रूप में हुई। वह अपनी छोटी बहन ज्योति पटेल के साथ विक्रम चौराहे के पास किराये के मकान में रहती थीं। दोनों बहनें जेल रोड स्थित एक निजी अस्पताल में नर्स के रूप में कार्यरत थीं। जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम करीब 6:30 बजे ड्यूटी समाप्त कर छोटी बहन ज्योति कमरे पर पहुंचीं। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद मकान मालिक की मौजूदगी में पीछे का दरवाजा खोलकर अंदर प्रवेश किया गया, जहां लक्ष्मी का शव पंखे के कुंडे से दुपट्टे के सहारे लटका मिला।
उन्हें तत्काल नीचे उतारकर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार, लक्ष्मी की शादी वर्ष 2027 में तय थी और परिवार उसकी तैयारियों में जुटा था। उनके पिता का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में मां, दो भाई और दो बहनें हैं। लक्ष्मी सबसे बड़ी संतान थीं। उनकी अचानक मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से मोबाइल सहित अन्य आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं। सिटी सीओ आशुतोष कुमार मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि होगी और उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सिर्फ शब्द पढ़ें नहीं, उन्हें आत्मसात भी करें: सतीश महाना

Lucknow News Posted on 17.07.2026 Time 09.38 PM, Friday, Gayatri Pariwar

केवल शब्दों को पढ़ने का नहीं, उन्हें आत्मसात करने का भी काम किया जाए : सतीश महाना

विधान सभा अध्यक्ष के सन्दर्भ पुस्तकालय में स्थापित हुआ 467वाँ युगऋषि वाङ्मय

लखनऊ, 17 जुलाई 2026, उत्तर प्रदेश विधान सभा के अध्यक्ष सतीश महाना के सन्दर्भ पुस्तकालय में गायत्री ज्ञान मंदिर, इंदिरा नगर, लखनऊ के विचार क्रान्ति ज्ञान यज्ञ अभियान के अन्तर्गत गायत्री परिवार के संस्थापक युगऋषि पं० श्रीराम शर्मा आचार्य द्वारा रचित सम्पूर्ण 79 खण्डों के 467वें युगऋषि वाङ्मय की स्थापना की गई।

इस अवसर पर श्री महाना ने कहा कि “ऋषि का सद्साहित्य समाज के मार्गदर्शन के लिए है। ऐसे साहित्य से व्यक्ति को जीवन में सकारात्मक दिशा, संस्कार और सत्कर्म की प्रेरणा मिलती है। केवल शब्दों को पढ़ने का नहीं, बल्कि उन्हें अपने जीवन में आत्मसात करने का भी प्रयास किया जाना चाहिए।”
उन्होंने कहा कि ज्ञान और सद्विचारों पर आधारित साहित्य व्यक्ति के चरित्र निर्माण के साथ-साथ समाज को भी नई दिशा प्रदान करता है। युगऋषि वाङ्मय में जीवन के प्रत्येक क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों का समावेश है, जो समाज के लिए प्रेरणादायी है।

युगऋषि वाङ्मय की स्थापना श्रीमती शशि गंगवार एवं देवेंद्र सिंह गंगवार द्वारा अपने बच्चों श्रीमती चारु सिंह, चि० स्वास्तिक सिंह एवं चि० विभव सिंह के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ जन्मदिन के अवसर पर समर्पित की गई। इस अवसर पर सन्दर्भ पुस्तकालय में युगऋषि वाङ्मय साहित्य के साथ ही विधानसभा अध्यक्ष को अखण्ड ज्योति पत्रिका भेंट की गई। कार्यक्रम में उपस्थित महानुभावों एवं विधान सभा कार्यालय के कर्मचारियों को भी अखण्ड ज्योति (हिन्दी) पत्रिका प्रदान की गई।
वाङ्मय स्थापना अभियान के मुख्य संयोजक उमाशंकर शर्मा ने कहा कि “ऋषि का सद्ज्ञान मनुष्य को सत्कर्म करने की शक्ति प्रदान करता है।” उन्होंने कहा कि युगऋषि वाङ्मय समाज को नैतिक मूल्यों, ज्ञान, संस्कार और सकारात्मक चिंतन की दिशा प्रदान करने वाला अमूल्य साहित्य है।
इस अवसर पर विधान सभा के अधिकारीगण एवं कर्मचारी तथा गायत्री ज्ञान मंदिर के प्रतिनिधि उमाशंकर शर्मा, देवेंद्र सिंह गंगवार, श्रीमती शशि गंगवार, श्रीमती रुचि सिंह, श्रीमती सावित्री शर्मा, वी०के० श्रीवास्तव एवं प्रेम सिंह यादव सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

#GayatriParivar #ShriRamSharmaAcharya

लखनऊ में इंटरनेशनल फेक कॉल सेंटर का भंडाफोड़

ओमैक्स रेजिडेंसी में आधी रात क्राइम ब्रांच का छापा;

कस्टमर केयर के नाम पर करते थे ठगी उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पॉश इलाके में स्थित ओमैक्स रेजिडेंसी में आधी रात को पुलिस और क्राइम ब्रांच ने बड़ी छापेमारी की है. इस कार्रवाई में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संचालित हो रहे एक फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ करते हुए आठ लोगों को हिरासत में लिया गया है.

जदयू की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक शनिवार को

#Lucknow News Posted on 17.07.2026 Time 09.06 PM

लखनऊ, 17 जुलाई 2026, यूपी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर जदयू ने भी चुनावी तैयारियां तेज कीं।
बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में होंगे शामिल।
प्रदेश अध्यक्ष अनूप सिंह पटेल करेंगे प्रदेश कार्यकारिणी बैठक की अध्यक्षता। संगठनात्मक ढांचा मजबूत करने और चुनावी संभावनाओं पर होगा मंथन।
बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाने की रणनीति पर होगी चर्चा। जिला अध्यक्ष, प्रकोष्ठ अध्यक्ष और वरिष्ठ पदाधिकारी बैठक में होंगे शामिल। 2027 यूपी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर विस्तार से होगी चर्चा।

« Newer PostsOlder Posts »