Web News

www.upwebnews.com

एटा में मूंगफली बेचने जा रही मैक्स पिकअप पलटी, एक की मौत, तीन घायल

July 27, 2026

एटा में मूंगफली बेचने जा रही मैक्स पिकअप पलटी, एक की मौत, तीन घायल

एटा 27 जुलाई उप्रससे। जनपद की कोतवाली देहात क्षेत्र के अंबारी गांव के समीप आज सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे एक मैक्स पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू कर मैक्स पिकअप में फंसे लोगों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर कोतवाली देहात थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एटा मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के दौरान 25 वर्षीय सुनील पुत्र अजयपाल निवासी कुमरौआ, थाना सोरों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, 20 वर्षीय योगेंद्र पुत्र रणवीर, 25 वर्षीय उमेश पुत्र रामवीर सिंह और 32 वर्षीय नीशू पुत्र रमेश चंद्र निवासी कुमरौआ, थाना सोरों कासगंज घायल हुए हैं।

मृतक सुनील के परिजन पुष्पेंद्र ने बताया कि चार-पांच लोग मैक्स में सवार होकर एटा मंडी मूंगफली बेचने आ रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।

कोतवाली देहात थाना प्रभारी के. के. लोधी ने बताया मैक्स पिकअप में किसान मूंगफली भरकर कासगंज की ओर से एटा मंडी आ रहे थे, तभी वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। क्षतिग्रस्त वाहन को हाईवे से हटवाकर रास्ता सुचारू कराया है। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा गया है।

प्रतापगढ़ में शव वाहन से सामान ढोने का वीडियो वायरल

VIKAS GUPTA
PRATAPGARH UP
MO –9919606061

प्रतापगढ , उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। मृतकों को अस्पताल से उनके घर तक पहुंचाने के लिए संचालित किए जाने वाले शव वाहन का कथित तौर पर सामान ढोने में इस्तेमाल किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो प्रतापगढ़ मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर का है, जिसमें शव वाहन में सामान लादा हुआ दिखाई दे रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने इसे लेकर सवाल उठाए हैं और जिम्मेदार अधिकारियों से जांच की मांग की है। प्रशासन की ओर से भी अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया। यदि वीडियो सही पाया जाता है, तो यह शव वाहन के दुरुपयोग का गंभीर मामला माना जाएगा।

ललितपुर जनपद में बढ़ा आत्महत्याओं का ग्राफ

महिला ने अपने दो बच्चों के साथ की जीवन लीला समाप्त

उप्रससे अजय बरया

ललितपुर- क्षेत्राधिकारी सदर अजय कुमार ने अवगत कराया की दिनांक 27/7/2026 को थाना जाखलौन के अंतर्गत श्रीमती दीपा के द्वारा अपने दो बच्चों जिनकी उम्र लगभग 2 वर्ष और 3 वर्ष के साथ रेलवे स्टेशन धौर्रा के पास ट्रेन से कटकर आत्महत्या करने की सूचना प्राप्त हुई। उक्त सूचना पर थाना जाखलौन के द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा जीआरपी ललितपुर से समन्वय स्थापित कर जीआरपी पुलिस के द्वारा नियमानुसार शवों को कब्जे में लेते हुए पंचायतनामा की कार्रवाई पूर्ण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। उक्त प्रकरण में आगे की विधिक कार्यवाही प्रचलित है। उन्होंने बताया कि मृतका उपरोक्त का पति शराब पीने का आदि था तथा शराब पीकर अपनी पत्नी के साथ वाद-विवाद करता था जिससे क्षुब्ध होकर महिला के द्वारा आत्महत्या की गयी है उक्त प्रकरण में चोकी प्रभारी विनोद कुमार को पुलिस अधीक्षक ने निलंबित कर दिया

पुलिस कप्तान ने सभी थानों पर ड्यूटी रजिस्टर अनिवार्य का दिया निर्देश

जयन्त कुमार मिश्र संवाददाता

(उप्रससे) 27 जुलाई, बस्ती।जनपद में पुलिस बल की ड्यूटी व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी, निष्पक्ष एवं जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक बस्ती यशवीर सिंह के निर्देशन में एक महत्वपूर्ण व्यवस्था लागू की गई है। अब सभी थानों पर एक ड्यूटी रजिस्टर अनिवार्य रूप से बनाया गया है, जिसमें ड्यूटी आवंटन की पूरी प्रक्रिया दर्ज की जाएगी। पुलिस कप्तान ने बताया कि
प्रत्येक थाने पर ड्यूटी थाना प्रभारी के निर्देशन में ड्यूटी लगाने की जिम्मेदारी एक वरिष्ठ उपनिरीक्षक या अतिरिक्त निरीक्षक/उपनिरीक्षक को सौंपी गई है। अब ड्यूटी आवंटन कांस्टेबल मुहर्रिर या हेड मुहर्रिर द्वारा नहीं किया जाएगा। और
ड्यूटी की निगरानी के लिए एक विशेष ड्यूटी व्हाट्सएप ग्रुप बनाया गया है। इस ग्रुप में प्रतिदिन लगाई गई ड्यूटी का फोटो (ड्यूटी रजिस्टर की प्रति) प्रेषित किया जाएगा।इसका निरीक्षण
पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी एवं पेशी श्रेष्ठ सहित उच्चाधिकारी इस ग्रुप के माध्यम से प्राप्त सूचना के आधार पर थानों व क्षेत्र में आकस्मिक चेकिंग की जाएगी
प्रत्येक माह के अंत में थाने पर कार्यरत समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा की गई ड्यूटी का विस्तृत गोश्वारा तैयार किया जाएगा। इस गोश्वारा से स्पष्ट रूप से पता चलेगा की किस कर्मी ने कितने दिन और कहाँ-कहाँ ड्यूटी की गई इससे सभी कर्मियों को विभिन्न प्रकार की ड्यूटियों (नाकाबंदी, पिकेट ड्यूटी, VIP ड्यूटी, कोर्ट ड्यूटी, थाना ड्यूटी आदि) में बराबर एवं बारी-बारी से मौका मिल सकेगा।
संबंधित क्षेत्राधिकारी इस सम्पूर्ण व्यवस्था का नियमित पर्यवेक्षण करेंगे तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।
यह व्यवस्था सुदृढ़ कानून व्यवस्था, पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता, ड्यूटी प्वाइंट पर मौजूदगी, कार्य सरकार में संपूर्ण पुलिस बल का शत प्रतिशत उपयोग, कर्मचारियों के सहूलियत और अनियमितता को समाप्त करने तथा पुलिस कर्मियों के बीच समान कार्यभार के वितरण को सुनिश्चित करने के लिए शुरू की गई है। इससे पुलिस बल का मनोबल बढ़ेगा तथा आमजन को भी बेहतर एवं अधिक जवाबदेह पुलिस सेवा उपलब्ध हो सकेगी। पुलिस अधीक्षक बस्ती ने सभी थाना प्रभारियों, क्षेत्राधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इस नई व्यवस्था को अक्षरशः लागू किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बरते जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

एटा में बेहोश मिली महिला ने गैंगरेप का लगाया आरोप, पुलिस जांच में जुटी

Posted 27.07.2026 Time 09.10 PM, Etah News, UP News

एटा 27 जुलाई उप्रससे। जनपद के अलीगंज में सड़क किनारे बेहोश मिली महिला ने होश आने पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया है।

जनपद में थाना अलीगंज क्षेत्र के अंतर्गत अलीगंज-मैनपुरी मार्ग पर रविवार को देर शाम एक महिला सड़क किनारे बेहद गंभीर व बेहोशी की हालत में मिली। यूपी-112 पर मिली सूचना के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अलीगंज में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के पश्चात महिला की नाजुक स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार करीब 45 वर्षीय पीड़िता में दरिंदों की इस कदर दहशत देखी गई कि जनपद मुख्यालय स्थित मेडिकल कॉलेज (52 किलोमीटर दूर) भी उसका पूरा शरीर खौफ से कांप रहा था। अर्ध-बेहोशी की अवस्था में महिला ने पूछने पर बताया कि गांव के ही आधा दर्जन दबंगों ने सामूहिक बलात्कार किया है। पीड़िता ने बताया कि घटना के दौरान हाकिम सिंह नामक व्यक्ति ने उसे बचाने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की और पीड़िता को जबरन गाड़ी में डालकर ले जाने की कोशिश की।
घटना के बाद से पीड़िता का पति और बच्चा भी भारी दहशत के साये में हैं। वे डर से मेडिकल कॉलेज से भागने की कोशिश कर रहे थे। पीड़िता के परिजन का कहना है कि पीड़िता घर से कहीं गई थी फिर कुछ देर बाद पुलिस के द्वारा सूचना मिली कि महिला अस्पताल में भर्ती है आप लोग आ जाओ ।

कोतवाली अलीगंज प्रभारी निरीक्षक रूपेश वर्मा ने बताया कि महिला अभी बयान देने की स्थिति में नहीं है। होश में आने के बाद उसके आधिकारिक बयानों के आधार पर ही वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, पुलिस व प्रशासन के किसी अधिकारी ने अभी तक गैंगरेप की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

महिला बेहोशी की हालत में मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में लाई गई थी कुछ देर बाद थोड़ा होश में आने पर उसने आधा दर्जन लोगों के नाम बताएं और अपने साथ दुष्कर्म होने की पुष्टि की हालांकि अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, पुलिस मामले की गहनता से जांच में जुटी हुई है शेष जानकारी महिला के पूरी तरह होश में आने के बाद ही पता चल सकेगी। फिलहाल महिला का एटा के मैडिकल कालेज में उपचार जारी है।

« Newer PostsOlder Posts »