संगठन न्याय पंचायत से लेकर प्रदेश स्तर तक आयोजित करेगा व्याख्यानमाला एवं जंयती समारोह
लखनऊ, 27 जुलाई। संत शिरोमणि सद्गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय लखनऊ में आयोजित समारोह में अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के अखिल भारतीय संगठन मंत्री महेंद्र कपूर , अध्यक्ष प्रोफेसर नारायण लाल गुप्ता, महामंत्री प्रोफेसर गीता भट्ट, सह संगठन मंत्री जी लक्ष्मण, वरिष्ठ उपाध्यक्ष महेंद्र कुमार राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष प्रोफेसर संजय मेधावी एवं प्रदेश महामंत्री जोगेंद्र पाल सिंह द्वारा ‘संत शिरोमणि सद्गुरु श्री रविदास जी’ पुस्तक का लोकार्पण सम्पन्न हुआ।
मुख्य अतिथि अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के अखिल भारतीय संगठन मंत्री महेन्द्र कपूर ने अपने उद्बोधन में कहा कि संत शिरोमणि रविदास केवल एक संत या भक्त कवि ही नहीं, बल्कि भारतीय समाज में समता, मानव गरिमा, श्रम की प्रतिष्ठा और आध्यात्मिक चेतना के महान प्रवक्ता हैं। उन्होंने कहा कि आज जब समाज अनेक प्रकार की विषमताओं और मूल्य-संकटों का सामना कर रहा है, तब संत रविदास का चिंतन पहले से कहीं अधिक प्रासंगिक हो उठता है। उनका संदेश मनुष्य को जाति, वर्ग और बाह्य आडंबरों से ऊपर उठकर प्रेम, करुणा, सेवा, समरसता और आत्मशुद्धि का मार्ग अपनाने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम अध्यक्ष अखिल भारतीय अध्यक्ष प्रोफेसर नारायण लाल गुप्ता ने बताया कि यह पुस्तक केवल संत रविदास के जीवन-वृत्त का परिचय नहीं है, बल्कि उनकी वाणी, भक्ति-दर्शन, सामाजिक समरसता, आध्यात्मिक चिंतन तथा समकालीन संदर्भों में उनकी शिक्षाओं की प्रासंगिकता का प्रामाणिक एवं सरल विश्लेषण प्रस्तुत करती है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह पुस्तक विद्यार्थियों, शोधार्थियों, अध्यापकों, साहित्यकारों तथा सामान्य पाठकों के लिए समान रूप से उपयोगी सिद्ध होगी। उन्होंने अपनी नवीनतम कृति को संत रविदास के समतामूलक एवं मानवतावादी दर्शन को नई पीढ़ी तक पहुँचाने का एक विनम्र प्रयास बताया।
विशिष्ट अतिथि के रूप में अखिल भारतीय सह संगठन मंत्री जी लक्ष्मण ने संत रविदास के समतामूलक चिंतन, भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों तथा शिक्षा के माध्यम से सामाजिक चेतना के विस्तार पर अपने विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष प्रोफेसर संजय मेधावी, प्रदेश महामंत्री जोगेंद्र पाल सिंह प्रदेश मीडिया प्रभारी बृजेश श्रीवास्तव,सह मीडिया प्रभारी दया शंकर उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।
