मैनपुरी। करहल थाना क्षेत्र स्थित नगला देवजीत गांव में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। जम्मू-कश्मीर में 53वीं बटालियन में तैनात और कुछ दिन पूर्व छुट्टी पर आए बीएसएफ जवान संजेश यादव ने शनिवार रात चरित्र पर संदेह के चलते अपनी 32 वर्षीय पत्नी नीतू की फावड़े से प्रहार कर हत्या कर दी। घटना के समय आरोपी की बहन रेखा भी घर पर मौजूद थी, जिस पर 9 वर्षीय बेटे निखिल और मायके वालों ने हत्या में शामिल रहने का दावा किया है।
रविवार की सुबह जब बेटा अपनी मां को जगाने कमरे में दाखिल हुआ, तो उसने चारपाई पर मां का लहूलुहान शव देखा। बच्चे द्वारा पड़ोसियों को सूचना देने के बाद पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी संजेश को घटनास्थल से ही हिरासत में ले लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मामले में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर अनैतिक संबंधों के आरोप लगाए हैं। जहां आरोपी पति ने अपनी पत्नी के अन्य लोगों से संबंध होने का दावा किया, वहीं मृतका के पिता बलराम यादव ने दामाद पर शराब की लत, उत्पीड़न और पराई स्त्रियों से संबंध रखने के आरोप लगाए हैं। पिता के अनुसार, खर्च न देने के कारण नीतू ने कोर्ट में भरण-पोषण का केस भी दर्ज करा रखा था। पुलिस संबंधित आरोपों और दावों की जांच कर रही है।
