Web News

www.upwebnews.com

ट्रंप का पुतला फूंक किसानों ने फ्री ट्रेड डील का विरोध किया

June 4, 2026

ट्रंप का पुतला फूंक किसानों ने फ्री ट्रेड डील का विरोध किया

भारतीय किसान यूनियन चढूनी के आवाहन पर एसडीएम प्रतीक्षा त्रिपाठी को सौंपा ज्ञापन ।

कुकरा खीरी।भारतीय किसान यूनियन चढूनी के जिला अध्यक्ष बलकार सिंह के नेतृत्व में सैकड़ो किसानों ने नरगढ़ी फार्म पर ट्रंप का पुतला फूंक कर फ्री ट्रेड डील का विरोध जाते और प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम गोला के माध्यम से सौंपा
जिला अध्यक्ष ने बताया कि यह डील देश के किसानों, छोटे व्यापारियों, रोजगार, एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए भविष्य में गंभीर संकट उत्पन्न करने जैसी डील है पूरे देश के किसान मजदूर छात्र एवं युवा संगठनों सहित तमाम सामाजिक संगठनों ने भी एकजुट होकर इसका विरोध किया है देश के किसानों युवाओं और बेरोजगारों की मांग है कि इसे किसी भी कीमत लागू नहीं होने दिया जाएगा यदि देश में फ्री ट्रेड डील का प्रस्ताव लागू हो जाता है तो देश की अर्थव्यवस्था रोजगार और कृषि को गंभीर खामियाजा भुगतना पड़ेगा
जिला अध्यक्ष बलकार सिंह की अगवाई में सैकड़ो किसानों ने तहसील गोला पहुंचकर विरोध प्रदर्शन करते हुए एस डी एम गोला(प्रतीक्षा त्रिपाठी) को ज्ञापन सौंपा ज्ञापन सौंपने वालों में गुरजीत सिंह, गुरविंदर सिंह,गुरदीप सिंह ,सुखराज सिंह ,मनमोहन सिंह ,बलबीर सिंह ,सतनाम सिंह ,गुरदेव सिंह लाठी, गेंदनलाल ,मोनू भदौरिया, तारा सिंह, अमरजीत सिंह ,गुरु लाल सिंह ,चरणजीत सिंह, हरप्रीत सिंह नवजोत सिंह जसवंत सिंह ,जितेंद्र पटेल, अध्यक्ष अकरम यादव,आकाश यादव, भूपराम, अखिल, गुरदेव सिंह, अनु यादव, लवप्रीत, रवि कुमार ,मोदी, शमशेर मोहम्मद,सलमान मोहम्मद,कुलवंत सिंह, गुरु साहब सिंह, तरसेम सिंह, आदि लोग मौजूद रहे।

दस दिन से छाया अंधेरा,बिजली संकट से जूझ रहे ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

मैनपुरी 4 जून उप्रससे। एलाऊ ब्लॉक के जागीर क्षेत्र के गांव नगला हुलासी में पिछले 10 दिनों से बिजली आपूर्ति ठप होने के कारण ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। गांव का ट्रांसफार्मर फुंक जाने से पूरे गांव में अंधेरा छाया हुआ है। जिससे लोगों को भीषण गर्मी में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। समस्या का समाधान न होने पर बुधवार को ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर बिजली विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई और जल्द ट्रांसफार्मर बदलवाने की मांग की। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का आरोप है कि ट्रांसफार्मर खराब होने की सूचना कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
 अधिकारियों द्वारा केवल आश्वासन देकर मामले को टाल दिया जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बिजली न रहने से पेयजल व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है और रात के समय लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि भीषण गर्मी के चलते छोटे-छोटे बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं सबसे अधिक प्रभावित हैं। बिजली न होने से पंखे और कूलर बंद पड़े हैं, जिससे बच्चों की तबीयत खराब हो रही है और कई लोग गर्मी से बीमार पड़ रहे हैं। किसानों और पशुपालकों को भी बिजली संकट के कारण कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही ट्रांसफार्मर बदलकर बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो वे बिजली विभाग के खिलाफ बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर शीघ्र समाधान कराने की मांग की है। प्रदर्शन में योगेंद्र पाल, आशीष कुमार, सुनील सिंह, बलराम, रविंद्र सिंह, रामकिशन, ओमवती, सावन श्री, बिट्टी देवी, विनीता कुमारी सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।

एटा में डीएम ने वेटलैंड भूमि का किया निरीक्षण

महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने और संरक्षण और सघन वृक्षारोपण के दिए निर्देश

एटा 04 जून उप्रससे। जनपद में जिलाधिकारी अरविंद सिंह ने गुरुवार को मलावन पावर प्लांट के पास स्थित 21.665 हेक्टेयर वेटलैंड भूमि का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को इसके संरक्षण और प्राकृतिक सौंदर्य बढ़ाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन और प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी विपिन वर्मा भी उपस्थित थे।

तहसील सदर क्षेत्र में स्थित इस वेटलैंड का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने इसके प्राकृतिक स्वरूप, पारिस्थितिकी तंत्र और जैव विविधता संरक्षण की संभावनाओं का आकलन किया। उन्होंने बताया कि वेटलैंड पर्यावरणीय संतुलन, भू-जल स्तर के संरक्षण और जल संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए, इसके मूल स्वरूप को बनाए रखते हुए योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्य किए जाने चाहिए।
जिलाधिकारी ने सामाजिक वानिकी विभाग को वेटलैंड के आसपास और किनारों पर सघन वृक्षारोपण कराने का निर्देश दिया। उन्होंने यह भी कहा कि इस कार्य में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ महिलाओं को रोजगार और सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सदर और तहसीलदार को वेटलैंड क्षेत्र के संरक्षण, रखरखाव और उपयोग के लिए एक विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।
स्थानीय प्रजातियों के पौधों का रोपण कर हरित क्षेत्र विकसित करने और पर्यावरण अनुकूल गतिविधियों को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने विश्वास व्यक्त किया कि इन समन्वित प्रयासों से यह वेटलैंड क्षेत्र भविष्य में एटा जनपद में प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यावरण संरक्षण का एक उत्कृष्ट मॉडल बनेगा। निरीक्षण के समय संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित थे।

स्वच्छता के संकल्प से गूंजा रामगढ़ताल: विश्व पर्यावरण दिवस और सीएम के जन्मदिन की पूर्व संध्या पर महा-सफाई अभियान

Posted on 04/06/2026
Time 11:50 A.M
Gorakhpur
Santosh Kumar Singh

​गोरखपुर: 4 जून 2026 ( उप्र समाचार सेवा) विश्व पर्यावरण दिवस और प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिन के उपलक्ष्य में गुरुवार को गोरखपुर में स्वच्छता का विशेष उत्साह और जन-भागीदारी देखने को मिली। रामगढ़ताल स्थित नौका विहार परिसर में आयोजित एक वृहद स्वच्छता अभियान के माध्यम से शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने का संकल्प लिया गया।

इस महा-सफाई अभियान का नेतृत्व नगर आयुक्त, महापौर और भारतीय जनता पार्टी के महानगर अध्यक्ष ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता हाथों में झाड़ू और सफाई उपकरण लेकर नौका विहार के चप्पे-चप्पे पर उतरे और परिसर की सघन सफाई की।

अभियान के दौरान उपस्थित पदाधिकारियों ने कहा कि यह आयोजन केवल एक सफाई कार्य नहीं, बल्कि पर्यावरण के प्रति हमारी सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा, विश्व पर्यावरण दिवस और मुख्यमंत्री जी के जन्मदिन के अवसर पर हम सभी को अपने आसपास के वातावरण को प्लास्टिक मुक्त और हरा-भरा रखने का संकल्प लेना चाहिए।

स्वच्छता अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं ने परिसर में फैले प्लास्टिक और अन्य कचरे को एकत्रित कर उसका उचित निस्तारण किया। इस दौरान शहरवासियों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें प्लास्टिक का उपयोग न करने के लिए प्रेरित किया गया। इस महा-सफाई अभियान ने पूरे क्षेत्र में स्वच्छता, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का एक सशक्त संदेश प्रसारित किया है।

शादी के नाम पर कुकृत्य, दलालों ने युवती को हरियाणा-राजस्थान में बेचा

Posted on 04/06/2026
Time 08:30 A.M
Gorakhpur
Santosh Kumar Singh

जबरन गर्भपात कराकर तीसरी शादी की तैयारी

​गोरखपुर। 4 जून 2026 ( उप्र समाचार सेवा ) चौरी चौरा थाना क्षेत्र की एक 20 वर्षीय युवती को शादी का झांसा देकर मानव तस्करी और शारीरिक शोषण का शिकार बनाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। युवती का आरोप है कि गांव की ही दो महिलाओं ने दलालों के साथ मिलकर उसे हरियाणा और राजस्थान में बेच दिया। वहां उसके साथ शारीरिक शोषण किया गया और जब वह गर्भवती हुई, तो जबरन उसका गर्भपात करा दिया गया। तीसरी शादी की तैयारी के दौरान किसी तरह युवती चंगुल से भाग निकली और एसएसपी से गुहार लगाई।

पीड़िता के अनुसार, गांव की दो महिलाएं जो वर्तमान में हरियाणा में रहती हैं, उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गईं। वहां हरियाणा के आदमपुर मंडी क्षेत्र के सिसवाल निवासी रवि से उसकी शादी करा दी गई। युवती का आरोप है कि उसका पति आए दिन शराब पीकर उसके साथ मारपीट और शोषण करता था।

पीड़िता ने बताया कि जब उसने इस बारे में उन महिलाओं को बताया, तो उन्होंने उसे वापस बुला लिया। इसके बाद उसे राजस्थान के झुंझुनूं जिले के दोबड़ा गांव निवासी राजेश के पास भेजकर फिर से शादी करा दी गई। वह वहां 10 महीने तक रही। इसी बीच वह गर्भवती हो गई। पीड़िता का आरोप है कि जब पहली शादी वाले युवक द्वारा केस करने की धमकी की जानकारी राजेश को हुई, तो उसने जबरन उसका गर्भपात (एबॉर्शन) करा दिया और घर से निकाल दिया।

दर-दर भटकने के बाद जब वह बिचौलिए के पास पहुंची, तो उसकी मदद करने के बजाय उसे तीसरी शादी के लिए मजबूर किया जाने लगा। सूत्र बताते हैं कि दलालों ने युवती को दो जगहों पर ‘बेच’ दिया था और तीसरी बार बेचने की तैयारी थी। किसी तरह मौका पाकर पीड़िता चंगुल से भाग निकली और गोरखपुर पहुंचकर पूरी आपबीती एसएसपी को बताई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के आदेश पर चौरी चौरा पुलिस ने दो महिलाओं समेत 5 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, शोषण और अन्य संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।

इस संबंध में एसपी उत्तरी ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उसका बयान दर्ज कर लिया गया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

« Newer PostsOlder Posts »