एटा 05 जून उप्रससे। जनपद के कस्बा मिरहची में आज शुक्रवार को सुबह प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री भूपेंद्र चौधरी का पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। मंत्री का काफिला कासगंज से एटा जाते समय यहां रुका था।
ब्लॉक प्रमुख मारहरा रवि वर्मा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता चौराहे पर एकत्र हुए। कार्यकर्ताओं ने मंत्री चौधरी का माल्यार्पण कर और पटका पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान उन्हें प्रतीक चिन्ह भी भेंट किया गया। स्वागत से अभिभूत मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने कार्यकर्ताओं का कुशलक्षेम पूछा। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया और कार्यकर्ताओं में जोश भरा।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख मारहरा रवि वर्मा, भाजपा मिरहची मंडल अध्यक्ष अतुल सिकरवार, किरन कुमार वर्मा, राजेश गुप्ता टिंकू, अर्चना गांधी, चंद्रवीर लोधी, राजेंद्र साहू, अमित कुमार, नरेश माहेश्वरी सहित कई अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
एटा 05 जून उप्रससे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ0 इलामारन द्वारा पुलिस लाइन में शुक्रवार परेड की सलामी लेकर परेड का निरीक्षण किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने परेड में सम्मलित सभी पुलिस कर्मियों के टर्नआउट को चेक करते हुए सभी अधिकारी/कर्मचारीगणों को ड्यूटी के दौरान उच्च कोटि की निर्धारित वर्दी पहनने व जनता से मधुर व्यवहार स्थापित करने के लिए निर्देशित किया।
शारीरिक व मानसिक रूप से फिट रहने के लिए लगवाई गई दौड़
निरीक्षण के पश्चात सभी पुलिस कर्मियों को शारीरिक व मानसिक रुप से फिट रहने हेतु दौड़ लगवाई गई। परेड के दौरान अनुशासन व एकरुपता के लिए टोलीवार ड्रिल कराई गई। परेड के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पीआरवी-112 के वाहनों का निरीक्षण किया। निरीक्षण में प्रत्येक वाहनों के लाईट, हूटर व पीए सिस्टम आदि की गहनता से चेकिंग की तथा पीआरवी पर तैनात पुलिस कर्मियों से वाहनों में उपलब्ध दंगा नियंत्रण/सुरक्षा उपकरणों के सम्बंध में जानकारी लेते हुए उनकी चेकिंग की। रिस्पॉन्स टाइम सही रखने के लिए सख्त हिदायत दी। इसके उपरांत मेंस, कैंटीन, बैरक, पुलिस आवासीय परिसर का निरीक्षण कर परिसर की समग्र व्यवस्था, बैरक, साफ़ सफाई आदि का जायजा भी लिया। सभी कर्मचारियों की उपस्थिति के साथ साथ उनके रहने खाने-पीने एवं अन्य समास्याओं के सम्बन्ध में जानकारी कर समस्या का निराकरण करने के लिए संबंधित को निर्देशित किया।
“विश्व पर्यावरण दिवस” के अवसर पर पुलिस लाइन में किया गया वृक्षारोपण
“विश्व पर्यावरण दिवस” के अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी सदर ने पुलिस लाइन परिसर में वृक्षारोपण किया। इस दौरान उन्होंने सभी पुलिस कर्मियों से खाली जगह पर वृक्ष लगाने की अपील करते हुए कहा कि वृक्ष हमारे पर्यावरण को संतुलित करने के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।
परेड के दौरान क्षेत्राधिकारी सदर/लाइन संकल्पदीप कुशवाह, प्रतिसार निरीक्षक किशन लाल गौतम सहित अन्य अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित रहे।