Web News

www.upwebnews.com

बिजनौर: सीएम ने विभाजन पीड़ितों को दिए भूमि के पट्टे

June 1, 2026

बिजनौर: सीएम ने विभाजन पीड़ितों को दिए भूमि के पट्टे

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा बढ़ापुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम आलमपुर गांवड़ी में विभाजन विभीषिका के पीड़ित परिवारों एवं सैनिकों लीजधारकों को भूमिधरी अधिकार पत्र किए गए प्रदान*

बिजनौर 01 जून 2026,  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज जनपद के विकास खंड अफजलगढ़ स्थित ग्राम आलमपुर गांवड़ी में आयोजित भव्य कार्यक्रम में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को लाभान्वित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने समाज के वंचित, शोषित एवं जरूरतमंद वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए प्रदेश सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री द्वारा पाकिस्तान से विस्थापित 1645 परिवारों तथा 50 पूर्व सैनिकों एवं लीजधारकों को भूमिधरी अधिकार पत्र प्रदान किए गए। उन्होंने कहा कि भूमिधरी अधिकार मिलने से लाभार्थियों को न केवल भूमि पर वैधानिक स्वामित्व प्राप्त होगा, बल्कि उन्हें सम्मान, सुरक्षा एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ भी सुगमता से मिल सकेगा।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, स्वयं सहायता समूहों तथा अन्य योजनाओं के चयनित लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, डेमो चेक एवं प्रमाण पत्र वितरित किए। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा चयनित 11 प्रेरणादायी लाभार्थियों को मंच पर सम्मानित भी किया गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा संचालित विदुर प्रेरणा कैफे तथा अन्य विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गरीब, किसान, महिला, युवा एवं कमजोर वर्गों के सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है और प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने ने लाभार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें आत्मनिर्भर बनने तथा सरकारी योजनाओं का सदुपयोग कर अपने जीवन स्तर को बेहतर बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र पर कार्य करते हुए अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए संकल्पित है। विभाजन विभीषिका के शिकार विस्थापितों को भूमि आवंटन के मालिकाना अधिकार के अभिलेख पत्र प्रदान करने से पूर्व उन्होंने विभिन्न विभागों के तत्वावधान लगाई गई विकास प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।
इस‌ अवसर पर सांसद बिजनौर चंदन चौहान, मंत्री भूपेंद्र चौधरी, राजस्व विभाग सुरेन्द्र सिंह, राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष साकेन्द्र प्रताप सिंह, भाजपा क्षेत्राध्यक्ष श्सतेंद्र सिसोदिया, भाजपा जिलाध्यक्ष भूपेंद्र चौहान, विधायक बिजनौर श्रीमती सूचि चौधरी, धामपुर अशोक राणा, नहटौर ओम् कुमार, बढ़ापुर सुशांत सिंह, पूर्व सांसद बिजनौर व नगीना, जिलाधिकारी जसजीत कौर, पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा, मुख्य विकास अधिकारी रणविजय सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद थे।

May 30, 2026

लोकतंत्र में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका: सांसद तेजवीर सिंह चौधरी

उपज ने मनाया 200वां हिंदी पत्रकारिता दिवस
मथुरा। उत्तर प्रदेश एसोसिएशन ऑफ जर्नलिस्ट (उपज) मथुरा के तत्वावधान में शनिवार को 200वां हिंदी पत्रकारिता दिवस, विचार गोष्ठी एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन एक स्थानीय होटल में किया गया। कार्यक्रम में हिंदी पत्रकारिता के गौरवशाली 200 वर्षों के इतिहास, वर्तमान चुनौतियों और लोकतंत्र में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तृत चर्चा की गई।
कार्यक्रम में आयोजक एवं उपज जिलाध्यक्ष अतुल कुमार जिंदल ने मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद तेजवीर सिंह चौधरी, विशिष्ट अतिथि बलदेव विधायक पूरन प्रकाश, वरिष्ठ पत्रकार डॉ. प्रसून शुक्ला, उपज प्रदेश महामंत्री आनंद कर्ण, बलदेव ब्लॉक प्रमुख प्रतीक भरंगर, प्रदेश कोषाध्यक्ष बालमुकुंद तिवारी सहित अन्य अतिथियों का पटुका ओढ़ाकर एवं राधा-कृष्ण का छायाचित्र भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद तेजवीर सिंह चौधरी द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है, जो समाज को जागरूक करने, जनसमस्याओं को उठाने और शासन-प्रशासन को जनता के प्रति जवाबदेह बनाने का महत्वपूर्ण कार्य करता है।
विचार गोष्ठी में वक्ताओं ने हिंदी पत्रकारिता की दो सौ वर्षों की गौरवशाली यात्रा को याद करते हुए पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, डिजिटल युग की चुनौतियों तथा निष्पक्ष एवं जनहितकारी पत्रकारिता की आवश्यकता पर अपने विचार रखे। साथ ही पत्रकारों के मानदेय, सुरक्षा एवं अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर भी गंभीरता से प्रकाश डाला गया।
समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पत्रकारों एवं समाजसेवियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार सी.पी. सिकरवार, हेमंत अग्र हरि,विजय सिंघल, अनुज उपमन्यु, ऋषि पंडित सहित जिले भर के पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन केशवानंद त्रिपाठी ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन उपज के कोषाध्यक्ष विपिन अग्रवाल एवं अन्य पदाधिकारियों द्वारा व्यक्त किया गया। समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

May 29, 2026

वाराणसी में साइबर ठगी: पेंटर बनकर घर में घुसा शातिर, उड़ाए 12 लाख

 

Posted on 29.05.2026 Time 05.03 PM, Varanasi

*सिम स्वैप और फर्जी UPI से बुजुर्ग के खाते से उड़ाए ₹12 लाख, 2 गिरफ्तार*

*CSP काउंटर से एक महीने में किस्तों में निकाली रकम। पुलिस ने ₹8 लाख कराए फ्रीज, 3 मोबाइल, ₹70 हजार नकद और 4 फर्जी आधार बरामद। ACP बोले – आरोपी विनय-सुरेंद्र पहले भी टावर फ्रॉड और फर्जी चेक केस में जा चुके हैं जेल।*

*रिपोर्ट:प्रज्ञा मिश्रा*
*वाराणसी*। पुलिस कमिश्नरेट की साइबर क्राइम थाना पुलिस ने बुजुर्ग के बैंक खाते से ₹12 लाख की साइबर ठगी करने वाले अंतर्जनपदीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के निर्देश पर डीसीपी अपराध के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने सर्विलांस की मदद से 27 मई को बलिया निवासी विनय कुमार और गाजीपुर निवासी सुरेंद्र कुमार को वाराणसी से गिरफ्तार कर लिया।

एसीपी साइबर अपराध विदुष सक्सेना ने बताया कि घटना की कड़ियां एक महीना पहले से जुड़ी हैं। गिरफ्तार आरोपी विनय कुमार पेशे से पेंटर है। वह करीब एक महीने पहले सेवानिवृत्त कर्मी शिवदत्त हरिजन के घर पेंटिंग का काम करने गया था। शिवदत्त वर्तमान में इंजीनियर हाल पुलिस लाइन, वाराणसी में रहते हैं। काम के दौरान विनय ने बड़ी चालाकी से बुजुर्ग के मोबाइल से उनका सिम कार्ड निकाल लिया। साथ ही घर में रखे उनके आधार कार्ड और पैन कार्ड की तस्वीरें खींच लीं और उसकी डुप्लीकेट कॉपियां तैयार कर लीं।

विनय ने यह सिम कार्ड और दस्तावेज अपने साथी सुरेंद्र कुमार को सौंप दिए। इसके बाद दोनों ने एक नए मोबाइल में सिम कार्ड डालकर पीड़ित के नाम पर Paytm, PhonePe और G-Pay जैसे यूपीआई अकाउंट एक्टिवेट कर लिए। चूंकि सिम और केवाईसी के दस्तावेज इनके पास थे, इसलिए वेरिफिकेशन में कोई दिक्कत नहीं हुई। आरोपियों ने पिछले एक महीने के दौरान अलग-अलग जनसेवा केंद्रों और सीएसपी काउंटरों पर जाकर फर्जी पहचान पत्रों के सहारे किस्तों में कुल ₹12 लाख की निकासी कर ली।

बीती 24 मई 2026 को जब पीड़ित शिवदत्त हरिजन को उनके खाते से रकम गायब होने की भनक लगी तो उन्होंने तुरंत साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू की और 27 मई को दोनों आरोपियों को दबोच लिया।

पुलिस ने आरोपियों के पास से 3 मोबाइल फोन जिनमें दो कीपैड फोन हैं, ₹70,000 नकद और 4 फर्जी कूट रचित डुप्लीकेट आधार कार्ड बरामद किए हैं। पुलिस ने फ्रॉड से जुड़े खातों में ₹8 लाख होल्ड भी करा दिए हैं। एसीपी ने बताया कि पकड़े गए दोनों अभियुक्तों का पुराना आपराधिक इतिहास है। ये दोनों पहले भी मोबाइल टावर लगाने के नाम पर फर्जीवाड़ा करने और एक फर्जी चेक के मामले में संलिप्त रहे हैं, जिसके आरोप में ये जेल की हवा भी खा चुके हैं।

साइबर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अपने घर में काम करने वाले बाहरी लोगों जैसे पेंटर, प्लंबर, कारपेंटर पर नजर रखें। अपने मोबाइल, सिम कार्ड और महत्वपूर्ण दस्तावेज जैसे आधार, पैन, पासबुक कभी भी खुले में न छोड़ें।

May 28, 2026

भीषण सड़क हादसा: दो ट्रकों की जोरदार टक्कर के बाद लगी आग, जिंदा जलकर दो लोगों की मौत

Posted on 28/05/2026
Time 19:20 P.M
Gorakhpur
Santosh Kumar Singh

​​गोरखपुर: 28 मई 2026 ( उप्र समाचार सेवा) बृहस्पतिवार को गोरखपुर में एक हृदयविदारक सड़क हादसा सामने आया है। रामगढ़ताल थाना क्षेत्र के अजवनिया इलाके में कुशीनगर-लखनऊ फोरलेन पर दो तेज रफ्तार भारी वाहनों की आमने-सामने से हुई भीषण टक्कर ने आसपास के इलाके को हिलाकर रख दिया। टक्कर इतनी तीव्र थी कि एक ट्रक में तुरंत आग लग गई और देखते ही देखते वह धू-धू कर जलने लगा।

​मिली जानकारी के अनुसार, कुशीनगर-लखनऊ फोरलेन पर आवाजाही के दौरान दो ट्रक आपस में बुरी तरह टकरा गए। टक्कर की आवाज इतनी जोरदार थी कि आसपास के लोग भी सहम गए। भिड़ंत होते ही एक ट्रक में भीषण आग लग गई। आग ने चंद मिनटों में ही पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वह पूरी तरह जलकर खाक हो गया।

​इस भीषण अग्निकांड में ट्रक में सवार दो लोगों की जलकर दर्दनाक मौत हो गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि मौके पर मौजूद लोग चाहकर भी उन तक नहीं पहुँच सके। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की गाड़ियाँ मौके पर पहुँचीं। काफी मशक्कत के बाद दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। ​

May 27, 2026

ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का जिलाधिकारी ने किया मासिक निरीक्षण

सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा
मथुरा। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने जनपद मथुरा के बाद स्थित ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का मासिक बाहरी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के समय इंडियन नेशनल कांग्रेस से बलवीर सिंह धनगर तथा समाजवादी पार्टी से नाज़िम अब्बासी, सोनू ठाकुर एवं अजय ठाकुर मौजूद रहे।
जिलाधिकारी ने वेयरहाउस की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने वेयरहाउस की सुरक्षा में तैनात कर्मियों को आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए।
चंद्र प्रकाश सिंह ने सुरक्षा कर्मियों को अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने, सतर्कता बनाए रखने और निरंतर निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. पंकज कुमार वर्मा, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी मनोज खंडेलवाल, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
« Newer PostsOlder Posts »