Web News

www.upwebnews.com

माता बेलहिया धाम के पर्यटन विकास कार्य का भूमिपूजन संपन्न, 89.70 लाख की लागत से बदलेगी सूरत

June 8, 2026

माता बेलहिया धाम के पर्यटन विकास कार्य का भूमिपूजन संपन्न, 89.70 लाख की लागत से बदलेगी सूरत

लखीमपुर खीरी:जनपद लखीमपुर-खीरी की सदर विधानसभा के अंतर्गत ग्राम अटकोनवा पोस्ट- दुसरु स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल माता बेलहिया धाम के पर्यटन विकास की दिशा में सोमवार को एक बड़ा कदम उठाया गया। 08 जून 2026 को धाम के विकास कार्यों का भव्य भूमिपूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस परियोजना की कुल अनुमानित लागत 89.70 लाख है, जिससे इस पवित्र धार्मिक स्थल पर श्रद्धालुओं के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं और मजबूत बुनियादी ढांचे का निर्माण किया जाएगा।
इस ऐतिहासिक अवसर पर प्रदेश के माननीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह और लखीमपुर सदर के माननीय विधायक योगेश वर्मा मुख्य रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से भूमिपूजन की रस्म को पूरा किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के सामाजिक और धार्मिक विकास के लिए इस परियोजना को बेहद महत्वपूर्ण और मील का पत्थर बताया।
माता बेलहिया धाम के कायाकल्प की जिम्मेदारी कार्यदायी संस्था ‘उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम लिमिटेड, लखनऊ’ को सौंपी गई है। विभाग द्वारा जल्द ही यहां सौंदर्यीकरण, पहुंच मार्ग का सुदृढ़ीकरण, विश्राम गृह और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अन्य आवश्यक निर्माण कार्य शुरू कर दिए जाएंगे। इस विकास कार्य से न केवल स्थानीय धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि क्षेत्र के लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।भूमिपूजन के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, भारी संख्या में ग्रामीण और माता के भक्त मौजूद रहे। इस गरिमामयी कार्यक्रम में मुख्य रूप से ग्राम प्रधान प्रदीप वर्मा, जसवंत वर्मा, प्रशांत जायसवाल, ललित पाण्डेय, अनूप तिवारी और नितिन वर्मा सहित सैकड़ों ग्रामवासी उपस्थित रहे।

ट्रैक्टर-ट्रॉली और अर्टिगा कार में भिड़ंत, एक गंभीर रूप से घायल

लखीमपुर-सीतापुर नेशनल हाईवे पर भयंकर एक्सीडेंट

लखीमपुर खीरी:लखीमपुर-सीतापुर नेशनल हाईवे मार्ग पर जिंदबाबा मजार के पास एक भीषण सड़क हादसा होने का मामला सामने आया है। यहाँ एक बिना नंबर की ट्रैक्टर-ट्रॉली और अर्टिगा कार के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि कार सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में एक व्यक्ति को गंभीर चोटें आई हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अर्टिगा कार में सवार यात्री गौरीफंटा से लखनऊ के लिए जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार ओयल क्षेत्र के अंतर्गत जिंदबाबा मजार के पास पहुँची, तभी बिना नंबर की ट्रैक्टर-ट्रॉली से उसकी भीषण टक्कर हो गई। दुर्घटना में कार में बैठा एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया।

चौकी इंचार्ज डिंपल सिंह ने पेश की मानवता की मिसाल, जनता ने की सराहना

हादसे की सूचना मिलते ही ओयल पुलिस चौकी इंचार्ज डिंपल सिंह बिना कोई समय गंवाए तत्काल मय फोर्स के साथ मौके पर पहुँचे। उन्होंने स्थिति को संभालते हुए आनन-फानन में सरकारी एम्बुलेंस बुलाई और घायल व्यक्ति को तुरंत इलाज के लिए जिला अस्पताल (मोतीपुर, ओयल) भिजवाया। पुलिस की इस मुस्तैदी और त्वरित कार्रवाई की ओयल क्षेत्र की जनता जमकर सराहना कर रही है।

June 7, 2026

श्रीमद्भागवत कथा में पाप-पुण्य और भक्ति का महत्व बताया

बलदेव। श्री दाऊजी कोल्ड स्टोरेज पर चल रही श्रीमद्भागवत कथा के तीसरे दिन  भागवत प्रवक्ता कपिलदेवाचार्य  ने श्रद्धालुओं को पाप-पुण्य और भक्ति का महत्व बताया। कथा सुनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि मनुष्य द्वारा किए गए पाप और पुण्य का फल उसे इसी जीवन में प्राप्त होता है। व्यक्ति अपने कर्मों के माध्यम से ही सुख और दुख का अनुभव करता है। उन्होंने कहा कि संसार में भक्ति, ज्ञान और वैराग्य जीवन की तीन महत्वपूर्ण त्रिवेणी हैं, जिनसे सीख लेकर मनुष्य को आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने राजा परीक्षित का प्रसंग सुनाते हुए कहा कि जिस प्रकार उन्हें सात दिन में मृत्यु लोक जाने का श्राप मिला था, उसी प्रकार मनुष्य के कर्मों का हिसाब भी परमात्मा द्वारा इसी युग में किया जाता है।
उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण की भक्ति ही मनुष्य को पापों से मुक्ति दिलाने का सबसे बड़ा माध्यम है।
इस अवसर पर परीक्षित यतेंद्र पांडेय, रंजना शर्मा, श्री राधा कृष्ण सेवा मंडल के अध्यक्ष राकेश गोयल, अनीता गोयल,तुषार गोयल,नारायण गोयल, सुजीत वर्मा, जगदीश पाठक,शिव कुमार,दीपक सोनी आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

एसएसबी उप महानिरीक्षक ने किया पलिया सीमा क्षेत्र का दौरा, ग्रामीणों से सुरक्षा पर की चर्चा

अमित गुप्ता/एपी सिंह
पलिया खीरी।एसएसबी पीलीभीत के उप महानिरीक्षक अनिल कुमार शर्मा ने 5-6 जून को 39वीं वाहिनी पलिया के कार्यक्षेत्र का दो दिवसीय दौरा किया। इस दौरान 39वीं वाहिनी के कमांडेंट रबीन्द्र कुमार राजेश्वरी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।उप महानिरीक्षक ने सीमा चौकियों, सुरक्षा व्यवस्थाओं और परिचालन गतिविधियों का निरीक्षण कर जवानों से संवाद किया। उन्होंने जवानों के अनुशासन की सराहना करते हुए तस्करी व अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए।दौरे में उन्होंने वाइब्रेंट विलेज बनकटी में ग्रामीणों के साथ समन्वय बैठक की। बैठक में सीमावर्ती सुरक्षा, आपसी सहयोग और जनकल्याण पर चर्चा हुई। उप महानिरीक्षक ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर शीघ्र समाधान के निर्देश दिए और सीमा सुरक्षा में सहयोग की अपील करते हुए संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत देने को कहा। इस मौके पर वाहिनी के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

जर्जर बिजली लाइन और कर्मचारियों की कमी से गुस्साए उपभोक्ताओं ने घेरा पावर हाउस, आंदोलन की चेतावनी

एस पी सिंह /रामचंद्र मंगलेश
मितौली खीरी।मितौली विद्युत उपकेंद्र के अंतर्गत रामनगर फीडर से जुड़े सैकड़ों उपभोक्ताओं का गुस्सा रविवार को फूट पड़ा। मानकों के अनुरूप बिजली न मिलने से नाराज ग्रामीण उपभोक्ताओं ने पावर हाउस परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान उपभोक्ताओं ने अधिशासी अभियंता (विद्युत वितरण खंड प्रथम) को संबोधित एक ज्ञापन अवर अभियंता (जेई) मितौली को सौंपकर व्यवस्था सुधारने की मांग की।
सौंपे गए ज्ञापन में उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि रामनगर फीडर की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह से जर्जर तारों के सहारे चल रही है। कई जगहों पर हाईटेंशन और लो-टेंशन लाइनें बबूल और नीम के घने पेड़ों के बीच से गुजर रही हैं। इसके चलते हल्की हवा चलने या मौसम में मामूली बदलाव होते ही तार आपस में टकरा जाते हैं और घंटों के लिए आपूर्ति ठप हो जाती है। क्षेत्र में अघोषित कटौती और आए दिन होने वाले फाल्ट से आम जनजीवन बेपटरी हो गया है।
उपभोक्ताओं ने विभागीय लापरवाही को उजागर करते हुए बताया कि रामनगर फीडर से लगभग 80 गांवों को बिजली सप्लाई की जाती है। फीडर की लंबाई अत्यधिक होने और इंफ्रास्ट्रक्चर जर्जर होने के कारण हर दिन कहीं न कहीं बड़ा फाल्ट होता है। हैरान करने वाली बात यह है कि इतने बड़े और संवेदनशील फीडर को दुरुस्त करने के लिए विभाग ने महज एक लाइनमैन तैनात कर रखा है। कर्मचारियों की भारी कमी के कारण शिकायतों के निस्तारण में कई-कई दिन लग जाते हैं।
प्रदर्शन के दौरान बिजली विभाग के खिलाफ उपभोक्ताओं में भारी आक्रोश देखा गया। मौके पर मौजूद क्षेत्र के कुछ संभ्रांत और सम्मानित नागरिकों ने बीच-बचाव कर आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके बाद उपभोक्ताओं ने अपनी मांगों का पत्र अधिकारियों को सौंपा।क्षेत्रीय जनता ने प्रदेश के मुख्यमंत्री और ऊर्जा मंत्री का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित करते हुए रामनगर फीडर की विद्युत व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की है।
उपभोक्ताओं ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि बिजली लाइनों की मरम्मत, पेड़ों की छंटाई और लाइनमैनों की संख्या में जल्द बढ़ोतरी नहीं की गई, तो वे मितौली उपकेंद्र पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू कर देंगे। उपभोक्ताओं का कहना है कि इसके बाद उत्पन्न होने वाली किसी भी कानून-व्यवस्था की स्थिति की पूरी जिम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी।

« Newer PostsOlder Posts »