Web News

www.upwebnews.com

गोरखपुर: मासूम बच्ची की हत्या के विरोध में अधिवक्ताओं का प्रदर्शन, आरोपी को फांसी देने की मांग

August 1, 2026

गोरखपुर: मासूम बच्ची की हत्या के विरोध में अधिवक्ताओं का प्रदर्शन, आरोपी को फांसी देने की मांग

Posted on 01/08/2026
Time 17:55 P.M
Santosh Kumar Singh
Gorakhpur

गोरखपुर ( उप्र समाचार सेवा )। जिले में मासूम बच्ची की निर्मम हत्या से आक्रोशित अधिवक्ताओं ने शनिवार को सड़कों पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। अधिवक्ताओं ने दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए उसे शीघ्र फांसी की सजा देने की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान वकीलों ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की तथा कहा कि इस जघन्य घटना ने कानून-व्यवस्था और महिलाओं व बच्चों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आरोपी को जल्द कठोर सजा नहीं मिली तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
अधिवक्ताओं ने मृतक बच्ची की स्मृति में मोमबत्तियां जलाकर श्रद्धांजलि अर्पित की और दो मिनट का मौन रखकर उसकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। साथ ही पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराई जाए, दोषी को कठोरतम सजा दी जाए तथा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
प्रदर्शन के दौरान एहतियात के तौर पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त किया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जल्द से जल्द न्याय सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि हाल ही में गोरखपुर में एक मासूम बच्ची की हत्या की घटना के बाद पूरे जिले में आक्रोश का माहौल बना हुआ है। विभिन्न सामाजिक संगठनों और नागरिकों द्वारा लगातार दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है।

एटा में बिजली कटौती से नाराज किसानों ने अवागढ़ बिजलीघर पर किया प्रदर्शन

एटा 01 अगस्त उप्रससे। जनपद के अवागढ़ थाना क्षेत्र स्थित ग्राम बोर्रा खुर्द के किसानों ने शनिवार को अवागढ़ बिजलीघर पर प्रदर्शन किया। किसानों ने समय पर बिजली आपूर्ति न मिलने का आरोप लगाते हुए अपनी नाराजगी व्यक्त की।

किसानों का कहना है कि अनियमित बिजली आपूर्ति के कारण उनके खेतों की सिंचाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है। इससे फसलों को भारी नुकसान होने की आशंका बढ़ गई है, जिससे उनकी आजीविका पर संकट मंडरा रहा है।
उन्होंने बिजली विभाग से तत्काल नियमित और निर्धारित समय के अनुसार बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्या का समाधान जल्द नहीं किया गया, तो वे बड़े पैमाने पर आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
इस प्रदर्शन के दौरान डॉ. रवेंद्र पाल, दिलीप कुमार, योगेश कुमार, मुनेश और महेंद्र पाल सहित दर्जनों किसान मौजूद रहे। सभी किसानों ने विभागीय अधिकारियों से बिजली व्यवस्था में शीघ्र सुधार करने की अपील की।

Lakhimpur सनातन धर्म सरस्वती शिशु वाटिका में शिशु भारती का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न

लखीमपुर खीरी।स्थानीय सनातन धर्म सरस्वती शिशु वाटिका मिश्राना में शिशु भारती के पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह धूमधाम से हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि रेखा भल्ला, विशिष्ट अतिथि अमृता मेहरोत्रा और अध्यक्षता कर रहीं सीमा साहनी ने दीप प्रज्वलन कर किया।

प्रधानाचार्या हीरा सिंह ने बताया कि शिशु भारती के माध्यम से बच्चों में दायित्व बोध, सेवा, समर्पण और प्रतिभा का विकास किया जाता है।

इस दौरान अध्यक्ष नव्या रस्तोगी, उपाध्यक्ष प्रणेश नारायण, मंत्री सिद्धि गुप्ता, उपमंत्री अवनी पांडे, सेनापति अथर्व वर्मा सहित चिकित्सा, स्वच्छता, भोजन व कक्षा प्रमुखों ने पद और गोपनीयता की शपथ ली। बच्चों ने राम स्तुति, महिषासुर मर्दिनी पाठ और महामृत्युंजय मंत्र भी प्रस्तुत किए।

मुख्य अतिथि रेखा भल्ला ने बच्चों का मार्गदर्शन किया। कार्यक्रम का संचालन शिशु भारती प्रमुख आचार्या रजनी कपूर ने किया। समापन वंदे मातरम के साथ हुआ।

Lakhimpur ऑपरेशन सिवाजरा’ के तहत 8 शातिर साइबर ठग गिरफ्तार

साइबर क्राइम पुलिस को बड़ी कामयाबी

भारी मात्रा में सिम और उपकरण बरामद

एपी सिंह
लखीमपुर खीरी 01 अगस्त 2026, जनपद में साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन सिवाजरा’ के तहत थाना साइबर क्राइम पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने अंतरजनपदीय साइबर ठग गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 8 शातिर अभियुक्तों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक खीरी डॉ. ख्याति गर्ग के कुशल निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण और सहायक पुलिस अधीक्षक क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में अमल में लाई गई।थाना साइबर क्राइम टीम ने कोतवाली सदर क्षेत्र के अंतर्गत लखनऊ-बहराइच मुख्य मार्ग पर अमृतागंज नहर पुलिया के पास स्थित यात्री भवन से इन सभी 8 अभियुक्तों को दबोचा। पुलिस ने इनके कब्जे से साइबर ठगी में इस्तेमाल होने वाले भारी मात्रा में सिम कार्ड, फिंगरप्रिंट स्कैनर और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।इस बड़ी कार्रवाई के बाद थाना साइबर क्राइम खीरी पर मु.अ.सं. 37/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 317(2) और आईटी एक्ट की धारा 66(डी) के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस आरोपियों को अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर रही है।कैसे जालसाजी करता था यह गिरोह (मोडस ऑपेरंडी)पुलिस पूछताछ और जांच में इस गिरोह के अपराध करने के चौंकाने वाले तरीके का खुलासा हुआ है,भोले-भाले लोग बनते थे निशाना,गिरोह के सदस्य गरीब और सीधे-साधे ग्रामीणों को निशाना बनाते थे। उन्हें सिम कार्ड पोर्ट कराने का झांसा दिया जाता था।फर्जी सिम कार्ड एक्टिवेशन,सिम पोर्ट करने के बहाने ग्राहकों का बायोमेट्रिक (अंगूठा) लगवाया जाता था। इसके बाद उनके नाम पर अन्य टेलीकॉम कंपनियों के फर्जी सिम कार्ड अवैध रूप से जारी करा लिए जाते थे।फर्जी यूपीआई खातों का निर्माण, इन अवैध सिम कार्ड्स का इस्तेमाल करके बैंक खाते और फर्जी यूपीआई आईडी तैयार की जाती थी।कमीशन का खेल, इन फर्जी खातों को ‘बिग विनर ऐप’ पर अपलोड किया जाता था। देश भर में होने वाले साइबर फ्रॉड की रकम को इन्हीं खातों में ट्रांसफर किया जाता था। इस अवैध लेन-देन के बदले अभियुक्तों को हर खाते पर मोटा कमीशन मिलता था।पुलिस को छकाने की साजिश: ठगी की वारदात में आरोपी कभी भी अपने खुद के सिम कार्ड या बैंक खातों का इस्तेमाल नहीं करते थे। इससे यदि किसी भी राज्य की पुलिस जांच शुरू करे, तो वह असली अपराधियों तक न पहुंच सके।लखीमपुर खीरी पुलिस की इस त्वरित और सटीक कार्रवाई से क्षेत्र के आम जनमानस में सुरक्षा का एक सकारात्मक संदेश गया है। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य नेटवर्क और बैंक खातों की डिटेल खंगालने में जुटी है।

कथा रंग”: पेट्रोनेट एलएनजी की सीएसआर पहल से लखनऊ में सजेगी शास्त्रीय संगीत, कत्थक व चित्रकला की महफिल

  • 1 से 6 अगस्त तक निःशुल्क कार्यशाला, 7 अगस्त को भातखंडे विश्वविद्यालय में होगा भव्य समापन
  • प्रेस क्लब लखनऊ में पत्रकार वार्ता कर अकादमी अध्यक्षा अनीता कुलकर्णी ने दी जानकारी

लखनऊ, 1 अगस्त 2026, देश की अग्रणी ऊर्जा कंपनी पेट्रोनेट एलएनजी लिमिटेड सीएसआर पहल के अंतर्गत साईं शिंजिनी अकादमी ऑफ फाइन आर्ट्स एंड कल्चर द्वारा लखनऊ में “कथा रंग” नामक शास्त्रीय संगीत, कत्थक नृत्य एवं चित्रकला की एक निःशुल्क कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन की औपचारिक घोषणा आज प्रेस क्लब, लखनऊ में आयोजित पत्रकार वार्ता में की गई, जिसे अकादमी की अध्यक्षा अनीता कुलकर्णी ने संबोधित किया।

पत्रकार वार्ता में अनीता कुलकर्णी ने कहा कि “कथा रंग” जैसी पहलों का उद्देश्य वंचित एवं नवोदित प्रतिभाओं को भारतीय कला और संस्कृति की समृद्ध विरासत से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि अकादमी विगत नौ वर्षों में देश-विदेश के 900 से अधिक छात्रों को प्रशिक्षित कर चुकी है और पेट्रोनेट एलएनजी लिमिटेड के सहयोग से लखनऊ के वंचित युवाओं तक यह अवसर पहुंचाना अकादमी के लिए गर्व की बात है।

कार्यशाला 1 अगस्त से 6 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन प्रातः 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक राजकीय जुबली इंटर कॉलेज, सिटी स्टेशन, सुभाष मार्ग, लखनऊ में आयोजित होगी। 7 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के प्रतिभागी इसमें पूर्णतः निःशुल्क भाग ले सकते हैं। कार्यशाला का समापन 7 अगस्त 2026 को कला मंडपम सभागार, भातखंडे विश्वविद्यालय, कैसर बाग, लखनऊ में होगा।

*विशिष्ट मेंटर्स सिखाएंगे बारीकियां*

कार्यशाला में देश के तीन विशिष्ट कलाकार छात्रों को प्रशिक्षित करेंगे। पद्म विभूषण पं. बिरजू महाराज की नातिन एवं शिष्या शिंजिनी कुलकर्णी अब तक 900 से अधिक छात्रों को कथक की शिक्षा दे चुकी हैं और फिल्मों में कथक नृत्य दृश्यों का निर्देशन भी कर चुकी हैं। भारत के प्रमुख कला महाविद्यालय से फाइन आर्ट्स में स्नातकोत्तर संजीब गोगोई को चित्रकला शिक्षण का 25 वर्षों से अधिक अनुभव है और उनकी यथार्थवादी पेंटिंग्स को विश्वभर में सराहना मिल चुकी है। वहीं अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त संगीतकार इकबाल हुसैन शास्त्रीय संगीत में 15 वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं और देश-विदेश के मंचों पर प्रस्तुति दे चुके हैं।

कार्यशाला में भाग लेने वाले छात्रों को देश के शीर्ष मेंटर्स से सीधे सीखने, छठे दिन भव्य समापन में शामिल होने और अंतरराष्ट्रीय कलाकारों के साथ मंच साझा करने का अवसर मिलेगा। शास्त्रीय संगीत के दिग्गज कलाकारों द्वारा प्रमाण-पत्र वितरित किए जाएंगे, चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं को आकर्षक नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। आयोजकों का लक्ष्य नृत्य एवं चित्रकला दोनों ही क्षेत्रों में प्रत्येक में 100 छात्रों की नींव तैयार करना है, जिसके लिए प्रशिक्षक-प्रतिभागी पद्धति अपनाई गई है।

*पेट्रोनेट एलएनजी लिमिटेड के बारे में*

पेट्रोनेट एलएनजी लिमिटेड भारतीय ऊर्जा क्षेत्र की तेजी से बढ़ती वैश्विक स्तर की सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी है, जिसने गुजरात के दहेज तथा कोच्चि में देश के पहले दो एलएनजी पुनर्गैसीकरण टर्मिनल स्थापित किए हैं। कंपनी देश के लगभग 75 प्रतिशत एलएनजी आयात का संचालन करती है, जो कुल प्राकृतिक गैस आपूर्ति का लगभग 33 प्रतिशत हिस्सा है। एक जिम्मेदार कॉर्पोरेट नागरिक के रूप में पेट्रोनेट स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा, पर्यावरण, कला-संस्कृति संरक्षण, महिला सशक्तिकरण एवं ग्रामीण विकास सहित विभिन्न क्षेत्रों में सीएसआर पहलों के माध्यम से समुदायों का उत्थान करती है।

*साईं शिंजिनी अकादमी के बारे में*

साईं शिंजिनी अकादमी ऑफ फाइन आर्ट्स एंड कल्चर की स्थापना मई 2013 में हुई थी और यह चित्रकला, मूर्तिकला, फोटोग्राफी, संगीत, नृत्य, थिएटर एवं योग जैसे क्षेत्रों को बढ़ावा देती है। अकादमी एनजीओ साईं विद्या निकेतन के सहयोग से 100 से अधिक वंचित छात्रों को निःशुल्क प्रशिक्षण भी दे रही है। अकादमी की अध्यक्षा अनीता कुलकर्णी पद्म विभूषण पं. बिरजू महाराज की पुत्री तथा भारतीय समकालीन कला जगत की प्रतिष्ठित मूर्तिकार एवं चित्रकार हैं, जो 1988 से शिक्षा जगत से जुड़ी हैं।

« Newer PostsOlder Posts »