Web News

www.upwebnews.com

क्रान्तिकारियों का उद्देश्य गुलामी की बेड़ियों को तोड़कर, भारत को स्वतंत्र कराना था : मुख्यमंत्री

August 10, 2026

क्रान्तिकारियों का उद्देश्य गुलामी की बेड़ियों को तोड़कर, भारत को स्वतंत्र कराना था : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री काकोरी ट्रेन एक्शन की 101वीं वर्षगांठ पर
काकोरी शहीद स्मारक में आयोजित कार्यक्रम में सम्मिलित हुए
लखनऊ : 09 अगस्त, 2026  उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि आज काकोरी ट्रेन एक्शन की 101वीं पावन तिथि है। 09 अगस्त, 1925 को भारत माता के महान सपूतों ने ब्रिटिश हुकूमत को चुनौती दी थी कि भारत की धरती गुलामी को कतई बर्दाश्त नहीं करेगी। महान क्रान्तिकारियों ने सन् 1857 के प्रथम स्वातंत्र्य समर से भारत छोड़ो आन्दोलन तक आजादी की लड़ाई के लिए कार्यक्रमों की लम्बी श्रृंखला खड़ी की थी। मुख्यमंत्री जी ने क्रान्तिकारियों व स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की स्मृतियों को नमन करते हुए काकोरी ट्रेन एक्शन से जुड़े हुए सभी महानायकों को अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री जी आज यहाँ काकोरी शहीद स्मारक में काकोरी ट्रेन एक्शन की 101वीं वर्षगांठ पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी ने काकोरी शहीद स्मारक में स्थित शहीदों की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री जी ने वन्दे मातरम् तथा काकोरी के शहीदों पर आधारित पुस्तिका का विमोचन किया।
मुख्यमंत्री जी ने काकोरी ट्रेन एक्शन पर आधारित चित्र एवं अभिलेख प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने शहीद स्मारक प्रांगण में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया तथा फोटो बूथ पर सेल्फी ली। कार्यक्रम के दौरान भारतेन्दु नाट्य अकादमी के कलाकारों ने नाट्य प्रस्तुति दी।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि 09 अगस्त, 1925 को काकोरी में पण्डित राम प्रसाद बिस्मिल, ठाकुर रोशन सिंह, अशफाक उल्ला खाँ, चन्द्रशेखर आजाद, राजेन्द्र प्रसाद लाहिड़ी जैसे महान क्रान्तिकारियों ने उस खजाने को अपने कब्जे में लेने का कार्य किया, जिस गाढ़ी कमाई को अंग्रेजों ने हड़प लिया था। जिन क्रान्तिकारियों ने अपना पूरा जीवन भारत माता के लिए समर्पित कर दिया था, उनमें काशी में जन्में श्री शचीन्द्रनाथ बख्शी तथा श्री मनमोहननाथ गुप्त को आजीवन कारावास की सजा हुई। उनकी जागीर ब्रिटिश शासन ने जब्त कर ली थी। पण्डित राम प्रसाद बिस्मिल, ठाकुर रोशन सिंह, अशफाक उल्ला खाँ और राजेन्द्र प्रसाद लाहिड़ी, इन सभी महान क्रान्तिकारियों को क्रमशः गोरखपुर, प्रयागराज, फैजाबाद तथा गोण्डा में फांसी दी गई।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि चन्द्रशेखर आजाद ने कहा था कि ‘आजाद हमेशा आजाद रहेगा।’ वह अंतिम दम तक वे अंग्रेजों से लड़ते-लड़ते प्रयागराज की धरती पर शहादत को प्राप्त हुए। क्रान्तिकारियों का उद्देश्य गुलामी की बेड़ियों को तोड़कर, भारत को स्वतंत्र कराना था। काकोरी में घटित इस घटना को ब्रिटिश शासन ने डकैती कहा था। दुर्भाग्य से स्वतंत्र भारत में भी जिन लोगों के हाथों में सत्ता आयी, उन्होंने भी काकोरी डकैती काण्ड के नाम पर इस घटना के क्रान्तिकारियों को अपमानित करने का काम किया था।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि भारत ऐसे ही गुलाम नहीं हुआ। भारत की गुलामी के कारण हमारी आपसी फूट व षड्यंत्र थे। आज भारत को कमजोर करने वाली ताकतें जाति, क्षेत्र, भाषा के नाम पर लगातार फूट डालने का कार्य कर रही हैं। इन राष्ट्र विरोधी ताकतों द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का दुरुपयोग किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जिन लोगों ने आपको अपने क्रांतिकारियों व नायकों से दूर रखा, उन्होंने भारत की युवा पीढ़ी के साथ सबसे बड़ा अन्याय किया। नायकों पर गौरव की अनुभूति का अवसर न देना युवा पीढ़ी को आदर्श, गौरव और प्रेरणा से विमुख करने जैसा है। आजादी के बाद जिन लोगों ने सत्ता सम्भाली, उन लोगों ने क्रान्तिकारियों को अपमानित करने का पाप किया। काकोरी के शहीदों के अलावा चन्द्रशेखर आजाद, वीर सावरकर, भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव, रानी लक्ष्मीबाई, वीरांगना ऊदादेवी पासी, अवन्तीबाई, झलकारीबाई के नाम पर कोई स्मारक न बने, लोग इनका नाम भी न जानने पाएं, इसलिए इन क्रान्तिकारियों के नाम पर संस्थाओं का नाम नहीं रखा गया। आजादी के बाद भी इसके लिए लगातार साजिशें की गईं।
मुख्यमंत्री जी ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने आजादी के नायकों को सम्मान देने का कार्य किया। बाबा साहब डॉ0 भीमराव आम्बेडकर से जुड़े पंच तीर्थ, वीर सावरकर, रामप्रसाद बिस्मिल, ठाकुर रोशन सिंह, अशफाक उल्ला खाँ के स्मारकों से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाया गया। काकोरी की घटना को काकोरी ट्रेन एक्शन नाम देकर क्रान्तिकारियों को सम्मान दिया। इन क्रान्तिकारियों के नाम पर अब डाक टिकट जारी हो रहे और संस्थाओं के नाम रखे जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री जी ने जनता का आह्वान किया कि हम सभी क्रान्तिकारियों को खोजें। हमारे गाँव, क्षेत्र, जनपद आदि में अनेक गुमनाम नायक होंगे, जिन्होंने ‘तेरा वैभव अमर रहे माँ, हम दिन चार रहें न रहें’ के भाव के साथ आजादी के लिए सर्वस्व समर्पित किया। आजादी के बाद सत्तालोलुप लोगों ने अपने वैभव को देखा। क्रान्तिकारियों को भुला दिया गया, उन्हें पाठ्यक्रमों में स्थान नहीं दिया गया। देश, समाज के खिलाफ षड्यंत्र हुआ और फिर से बाँटने की साजिश प्रारम्भ कर दी गई। मुख्यमंत्री जी ने अपील की कि क्रान्तिकारियों तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों से जुड़ी बिखरी सामग्री को एकत्र करें। उनसे जुड़े स्मारकों की मरम्मत-सौन्दर्यीकरण से जुड़ें और पुष्पांजलि देकर उनके प्रति सम्मान व्यक्त करें।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि क्रान्तिकारियों के लिए देश की आजादी की लड़ाई सर्वोपरि थी। उनकी स्मृति को जीवन्त बनाए रखने के लिए काकोरी में शताब्दी महोत्सव का आयोजन किया गया। एक वर्ष में क्रान्तिकारियों की स्मृतियों में अनेक कार्यक्रम किए गए। काकोरी ट्रेन एक्शन से जुड़े परिवारों की वर्तमान पीढ़ी और देश की सुरक्षा के लिए बलिदान देने वाले वीर सैनिकों के परिजनों को भी सम्मान दिया गया है।
मुख्यमंत्री जी ने आह्वान किया कि विकसित व आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना तब साकार होगी, जब सभी के मन में राष्ट्र सर्वोपरि का भाव होगा। अपनी मातृभूमि, भाषा, स्वदेशी उत्पादों को लेकर लोगों को जागरूक करें। 15 अगस्त को स्वाधीनता दिवस है। इस दौरान हर घर में तिरंगा फहराना चाहिए और प्रत्येक संस्था में वन्दे मातरम् का गान होना चाहिए।
उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के अमर बलिदानियों और सेनानियों के संघर्ष और बलिदान के कारण ही देश अंग्रेजों की पराधीनता से मुक्त हुआ है। 09 अगस्त सम्पूर्ण क्रान्ति की शुरुआत का दिन है। अनेक बलिदानों की श्रृंखला इसी दिन से प्रारम्भ हुई।
उप मुख्यमंत्री श्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि आजादी के लिए सर्व समाज के लोगों ने बलिदान दिया। काकोरी ट्रेन एक्शन दिवस के इस भव्य एवं गरिमामय समारोह में उपस्थित सभी लोगों को स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग का स्मरण करना चाहिए। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने अपनी जान की बाजी लगाकर देश को आजादी दिलाई। प्रत्येक बच्चे और विद्यार्थी को यहां से यह प्रण लेकर जाना चाहिए कि जिन स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने हंसते-हंसते फांसी के फंदे को चूमकर देश को आजादी दिलाई, उनके बलिदान को हमेशा याद रखा जाए।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री जयवीर सिंह ने कहा कि काकोरी की यह वही पवित्र भूमि है, जहाँ अमर बलिदानियों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया था। काकोरी ट्रेन एक्शन में देश के सपूतों ने भारत को अंग्रेजों की बेड़ियों से मुक्त कराने के लिए संघर्ष किया। नई पीढ़ी तक राष्ट्रीय गौरव और महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का संदेश पहुंचाने की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में प्रतिवर्ष 09 अगस्त को इस पावन धरती पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को सम्मान देने का कार्य किया जाता है।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण, शहीदों के परिजन, छात्र-छात्राएँ सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

August 9, 2026

पर्यावरण मित्र समूह का वार्षिक सम्मान समारोह सम्पन्न, हरियाली मित्रों को किया सम्मानित

लखीमपुर खीरी ।धरा को हरा-भरा बनाने वाले पर्यावरण मित्र समूह रजि. का वार्षिक सम्मान समारोह सिटी मॉन्टेसरी इंटर कॉलेज में आयोजित किया गया।मुख्य अतिथि सदर विधायक योगेश वर्मा और विशिष्ट अतिथि उप प्रभागीय वनाधिकारी अभय प्रताप सिंह की उपस्थिति में कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता विशाल सेठ ने की और संचालन रश्मि महेंद्रा ने किया।समारोह की मुख्य बातें समूह की वार्षिक गतिविधियों और आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया गया,औषधीय और वास्तु आधारित पौधों की उपयोगिता व रखरखाव की जानकारी दी गई,पर्यावरण संरक्षण सहयोगी मित्रों और विशिष्ट सहयोगियों को हरियाली मित्र सम्मान प्रदान किया गया,विधायक योगेश वर्मा ने समूह के कार्यों की सराहना करते हुए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। वनाधिकारी अभय प्रताप सिंह ने पौधारोपण कार्यों की प्रशंसा कर विभागीय सहयोग जारी रखने की बात कही।इस अवसर पर सीएमएस की प्रबंध निदेशिका लेखनी सेठ, संगीता गुप्ता और पूनम गुप्ता ने पर्यावरण संरक्षण सहयोगी मित्र के रूप में सदस्यता ग्रहण की।कार्यक्रम के अंत में अतिथियों और सदस्यों ने पौधारोपण कर हरियाली का संदेश दिया।

सावन की मल्हार पर झूमा आमोद आश्रम, “झूलैं राम जी हिंडोरा” कार्यशाला का समापन

अवधी लोकगीतों की सुरमयी यात्रा संपन्न, महिलाओं ने बांधा समां*

*लोकसंस्कृति के संरक्षण की मिसाल बनी सावनी सुर कार्यशाला*

लखनऊ, 9 अगस्त। राजधानी के गोमती नगर स्थित संस्था आमोद आश्रम द्वारा आयोजित सावनी सुर की कार्यशाला “झूलैं राम जी हिंडोरा” का शनिवार को भव्य समापन हुआ। आश्रम परिसर में विगत 2 अगस्त से चल रही इस साप्ताहिक कार्यशाला में सावन मास की परंपरागत झूला गीतों, कजरी और लोकधुनों का प्रशिक्षण दिया गया, जिसने प्रतिभागियों को अवध की समृद्ध लोकसंस्कृति से रूबरू कराया।

कार्यशाला के प्रशिक्षक प्रसिद्ध अवधी लोकगायक श्री शिवपूजन शुक्ल रहे, जिन्होंने पूरे सप्ताह प्रतिभागियों को स्वर, ताल और भाव की बारीकियां सिखाईं। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी श्रीमती श्रद्धा मिश्रा उपस्थित रहीं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं हमारी लोक विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम हैं और महिलाओं की इतनी उत्साहपूर्ण भागीदारी देखकर उन्हें विशेष प्रसन्नता हुई।

गुरु शिवपूजन शुक्ल ने भी इस अवसर पर प्रतिभागियों की लगन की सराहना करते हुए कहा कि मात्र एक सप्ताह में महिलाओं ने जिस तन्मयता से सावनी गीतों को आत्मसात किया, वह अवधी लोकसंगीत के प्रति उनके गहरे लगाव को दर्शाता है।

कार्यक्रम में नगर की लगभग 50 महिलाओं ने सक्रिय प्रतिभाग किया और समापन अवसर पर सामूहिक रूप से सावनी गीतों व झूला गीतों की मनमोहक प्रस्तुति देकर सभी को भावविभोर कर दिया। एक प्रतिभागी ने कहा कि इस कार्यशाला ने उन्हें बचपन की सावन की यादें फिर से जीने का अवसर दिया। इस अवसर पर अनेक गणमान्य अतिथियों ने भी अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई और आयोजकों को बधाई दी।

आमोद आश्रम की सचिव श्रीमती अनिता श्रीवास्तव ने सभी अतिथियों, प्रशिक्षक और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था भविष्य में भी लोक कला और संस्कृति के संरक्षण हेतु इस तरह के आयोजन निरंतर करती रहेगी।

वित्त मंत्री ने सड़क निर्माण कार्य की समीक्षा कर दिए आवश्यक दिशा निर्देश, पाइपलाइन लीकेज पर निगरानी के सख्त निर्देश

( संजीव गुप्त द्वारा )
शाहजहांपुर, 9 अगस्त। प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री श्री सुरेश कुमार खन्ना ने शुक्रवार को विकास भवन सभागार में जनपद की सड़क निर्माण परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लंबित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी परियोजनाएं निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराई जाएं।
बैठक में जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह, नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी सहित लोक निर्माण विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि जनपद में 18 सड़कों पर हॉट मिक्स का कार्य अभी तक प्रारंभ नहीं हो सका है, जबकि 4 सड़कों पर सीसी निर्माण कार्य भी लंबित है। इस पर वित्त मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए सभी लंबित कार्य तत्काल शुरू कराने के निर्देश दिए।
बैठक में आर्थिक स्वीकृति प्राप्त सड़क परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए। इस दौरान यह भी अवगत कराया गया कि वाजिद अली तिराहे से जामा मस्जिद तक सड़क निर्माण कार्य अगले सप्ताह से प्रारंभ किया जाएगा।
जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह ने बैठक में मा० मंत्री को अवगत कराया कि सभी लंबित परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है तथा संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने जलकल विभाग को पाइपलाइन लीकेज की समस्या पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही विभिन्न विभागों के बीच त्वरित सूचना आदान प्रदान के लिए व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर सूचनाएं साझा करने के भी निर्देश दिए।
नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी ने नगर क्षेत्र में संचालित सड़क एवं अन्य विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी दी। बैठक में लोक निर्माण विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों ने अपनी-अपनी प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिस पर वित्त मंत्री ने विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर सड़क निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि आम जनता को बेहतर और सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध हो सके।

Meerut कांवड़ सेवा शिविर में उपज ने की शिवभक्तों की सेवा

Posted on 09.08.2026 Time 07.26 PM, Meerut, UPAJ Kanvad Yatra shivir

मेरठ, 09 अगस्त 2026, सावन माह में हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे शिवभक्त कांवड़ियों की सेवा के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग-58, दौराला में श्री वेंकटेश्वर विश्वविद्यालय की ओर से लगाए गए कांवड़ सेवा शिविर में उत्तर प्रदेश एसोसिएशन ऑफ जर्नलिस्ट्स के पत्रकारों ने पहुंचकर सेवा कार्य किया। पत्रकारों ने शिवभक्त भोले को प्रसाद ग्रहण कराया और उनकी यात्रा को सुगम बनाने के लिए सेवा में सहभागिता की।
शिविर में पहुंचने पर शिविर संयोजक पंडित दीपक शर्मा ने उपज पत्रकार संगठन के सभी पदाधिकारियों एवं पत्रकार साथियों का स्वागत किया। इस दौरान संगठन के पत्रकारों ने हरिद्वार से गंगाजल लेकर आ रहे कांवड़ियों को श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण कराया तथा उनकी कुशलक्षेम पूछी। पत्रकारों ने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आस्था का पर्व ही नहीं, बल्कि सेवा, सहयोग और सामाजिक समरसता का भी संदेश देती है।
इस अवसर पर शिविर में सेवा कार्य में जुटे सभी लोगों के योगदान की सराहना करते हुए उत्तर प्रदेश एसोसिएशन ऑफ जर्नलिस्ट्स की ओर से उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपज अध्यक्ष अजय चौधरी ने कहा कि पत्रकारिता के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़ना भी पत्रकारों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। कांवड़ यात्रा के दौरान देशभर से लाखों शिवभक्त मेरठ के रास्ते अपने गंतव्य की ओर जाते हैं। ऐसे में उनकी सेवा और सहायता करना समाज के प्रत्येक वर्ग का दायित्व है।
महामंत्री ललित ठाकुर ने कहा कि शिवभक्तों की सेवा करना सौभाग्य की बात है। कांवड़ यात्रा के दौरान सेवा शिविर श्रद्धा, भाईचारे और सहयोग की मिसाल पेश कर रहे हैं।
इस दौरान कोषाध्यक्ष विश्वास राणा, संगठन महामंत्री ताज मोहम्मद, मीडिया प्रभारी अखिल गौतम, जावेद अब्बासी, साजिद फरीदी, हरपाल चौहान और लियाकत मंसूरी अशोक सोम, परमजीत धनकड़, दीपशिखा चौधरी सहित उपज के पत्रकार साथी मौजूद रहे और उन्होंने शिविर में सेवा कार्य में सक्रिय सहभागिता की।

« Newer Posts — Older Posts »