Web News

www.upwebnews.com

मूसाराम इंटरप्राइजेज पर नई इलेक्ट्रिक कार बीई 6 स्पोर्टक लॉन्च,आधुनिक फीचर्स से है लैस

August 25, 2026

मूसाराम इंटरप्राइजेज पर नई इलेक्ट्रिक कार बीई 6 स्पोर्टक लॉन्च,आधुनिक फीचर्स से है लैस


उ प्र समाचार सेवा
लखीमपुर खीरी।पर्यावरण अनुकूल और हाई-टेक वाहनों की बढ़ती मांग के बीच स्थानीय मूसाराम इंटरप्राइजेज लिमिटेड के शोरूम पर महिंद्रा की नई इलेक्ट्रिक कार बीई 6 स्पोर्टक का भव्य अनावरण किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सुप्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. एन.के. वर्मा रहे, जिन्होंने रिबन काटकर कार को जनता के सामने पेश किया।
शोरूम के मैनेजिंग डायरेक्टर दिनेश अग्रवाल ने कार की खूबियों पर रोशनी डालते हुए बताया कि बीई 6 स्पोर्टक सिर्फ एक गाड़ी नहीं, बल्कि पहियों पर चलता-फिरता एक गैजेट है। इस कार में कई ऐसे एडवांस फीचर्स दिए गए हैं जो इसे बाजार में मौजूद अन्य कारों से बिल्कुल अलग और खास बनाते हैं।कार की मुख्य विशेषताएं निम्नलिखित हैं गूगल जेमिनी एआई,कार में एडवांस आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस वॉयस असिस्टेंस दिया गया है।ड्रिफ्ट मोड,रोमांचक ड्राइविंग का अनुभव चाहने वालों के लिए विशेष मोड।आपातकालीन स्थिति के लिए बेहतरीन सुरक्षा फीचर।इन-कार गेमिंग सुइट,सफर के दौरान मनोरंजन के लिए कार के अंदर ही गेमिंग की सुविधा।प्राइवेट ऑडियो,हर पैसेंजर के लिए व्यक्तिगत और शानदार साउंड का अनुभव।गाड़ी चलाते या सफर करते समय गाने के शौकीनों के लिए इन-बिल्ट करा ओके सिस्टम।ग्राहकों में दिखा भारी उत्साह,लॉन्चिंग के दौरान कार के लुक और इसके कटिंग-एज फीचर्स को देखने के लिए शोरूम पर भारी संख्या में लोग मौजूद रहे। मुख्य अतिथि डॉ. एन.के. वर्मा ने इस शुरुआत की सराहना करते हुए कहा कि लखीमपुर जैसे शहर में इस स्तर की आधुनिक इलेक्ट्रिक गाड़ी का आना पर्यावरण और तकनीक दोनों के लिहाज से एक बड़ा कदम है। एमडी दिनेश अग्रवाल ने बताया कि कार की बुकिंग और टेस्ट ड्राइव शोरूम पर शुरू हो चुकी है।

बाढ़ प्रभावित गांवों में पहुंचे डीएम, राहत-बचाव व्यवस्थाओं का लिया जायजा

*पर्वतपुर और भोजपुरवा में डीएम ने जाना बाढ़ पीड़ितों का हाल, सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट होने की अपील*

*बाढ़ पीड़ितों को मिलेगा जमीन का पट्टा और मुआवजा, डीएम ने दिए निर्देश*

*बाढ़ प्रभावितों की मदद को प्रशासन अलर्ट, 9 नाव और 35 एनडीआरएफ कर्मी संभाल रहे मोर्चा*

*बाढ़ प्रभावित गांवों में डीएम का दौरा, पीड़ितों के लिए राहत और चिकित्सा व्यवस्था परखी*

बलिया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने सोमवार को तहसील बांसडीह के बाढ़ प्रभावित ग्राम पर्वतपुर और भोजपुरवा का निरीक्षण कर राहत एवं बचाव व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बाढ़ पीड़ितों से राशन, भोजन, चिकित्सा तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ग्राम पर्वतपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में बाढ़ पीड़ितों के ठहरने की व्यवस्था की गई है। यहां करीब 50 लोगों के रुकने की व्यवस्था है। जिलाधिकारी ने राहत शिविर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए बाढ़ पीड़ितों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। बाढ़ प्रभावित लोगों के उपचार के लिए मेडिकल टीम तथा पशुओं के इलाज के लिए भी चिकित्सा टीम तैनात की गई है। जिलाधिकारी ने मेडिकल टीम से उपलब्ध दवाओं एवं उपचार संबंधी व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली। इसके बाद जिलाधिकारी ने नाव वोट से ग्राम भोजपुरवा का भ्रमण किया और वहां बाढ़ प्रभावित लोगों से मुलाकात की। निरीक्षण के दौरान गांव में करीब 20 लोग अपने पशुओं के साथ मौजूद मिले। जिलाधिकारी ने सभी से अपील की कि वे आज शाम नाव के माध्यम से सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट हो जाएं। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने तहसीलदार को बाढ़ प्रभावित परिवारों के घरों का चिन्हांकन करने के निर्देश दिए। साथ ही जिन बाढ़ पीड़ितों के पास रहने के लिए जमीन नहीं है, उनके लिए जमीन का पट्टा उपलब्ध कराने तथा पात्र प्रभावितों को नियमानुसार मुआवजा दिलाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। जिलाधिकारी ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य के लिए 9 नावों की व्यवस्था की गई है तथा 35 एनडीआरएफ कर्मियों की टीम तैनात है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ प्रभावित लोगों की सुरक्षा और राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा जरूरतमंदों तक सभी आवश्यक सुविधाएं समय से पहुंचाई जाएं। निरीक्षण में एसडीएम बांसडीह, तहसीलदार बांसडीह एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

युवक की निर्मम हत्या परिवार ने सड़क जाम किया

उप्रससे।24 अगस्त
बस्ती।जिले के लालगंज थाना क्षेत्र में महसो ग्राम पंचायत के पूरब टोला में रास्ते के पुराने विवाद को लेकर एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। यह घटना रविवार की देर रात हुई। मृतक राष्ट्रीय बजरंग दल के जिलाध्यक्ष मनमोहन त्रिपाठी के बहनोई के भाई बताए जा रहे हैं। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।महसो ग्राम पंचायत के पूरब टोला निवासी मनीष पांडेय का गांव के कुछ लोगों से रास्ते को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। रविवार रात इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जब दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई। आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने मनीष पर चारपाई के पाट से हमला कर दिया।

हमले में मनीष के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। परिजन उन्हें आनन-फानन में जिला अस्पताल ले गए, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। हालांकि, मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में ही मनीष ने दम तोड़ दिया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हत्या की खबर के बाद गांव में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। गांव से लेकर पोस्टमार्टम हाउस तक पुलिस बल तैनात किया गया है। घटना की जानकारी देते हुए क्षेत्राधिकारी रुधौली शिव प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर विधि कार्रवाई की जाएगी अभियुक्त की तलाश की जा रही है।
जयंत कुमार मिश्र संवाददाता

मौसी के घर आई किशोरी की तालाब में डूब कर मौत

उप्रससे। 24 अगस्त
बस्ती।जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के भीटा गांव में सोमवार दोपहर तालाब में डूबने से 16 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।मृतका की पहचान ठोरिका गांव निवासी सपना (16) पुत्री स्वर्गीय दिनेश के रूप में हुई है। सपना इन दिनों भीटा गांव में अपनी मौसी के घर आई हुई थी। सोमवार दोपहर करीब एक बजे वह मौसी के घर से निकलकर गांव के पास स्थित तालाब की ओर चली गई। परिजनों ने उसे तालाब की तरफ जाते देखा तो उसके पीछे गए, लेकिन तब तक वह तालाब के गहरे पानी में पहुंच चुकी थी।सपना के तालाब में डूबने की जानकारी होते ही परिजनों और ग्रामीणों ने उसे बचाने का प्रयास शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से किशोरी को तालाब से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
किशोरी के चाचा गोविंद निषाद ने बताया कि सपना की कथित तौर पर मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी।

घटना की सूचना मिलते ही कप्तानगंज पुलिस मौके पर पहुंच गई। थानाध्यक्ष आलोक कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। संवाददाता जयंत कुमार मिश्रा

जिला अस्पताल में स्वास्थ्य व्यवस्था बेपटरी, फोन चलाने में व्यस्त कर्मचारी,गार्ड बना रहे मरीजों के पर्चे

उ प्र समाचार सेवा
लखीमपुर खीरी।जिला अस्पताल मोतीपुर ओयल में स्वास्थ्य व्यवस्थाएं पूरी तरह से रामभरोसे चल रही हैं। अस्पताल के पर्चा काउंटर पर तैनात स्टाफ और वार्ड बॉयज की मनमानी इस कदर बढ़ गई है कि वे मरीजों की सेवा करने के बजाय मोबाइल फोन चलाने में व्यस्त रहते हैं। हैरान करने वाली बात यह है कि कर्मचारियों की लापरवाही के कारण काउंटर पर सुरक्षा के लिए तैनात गार्ड मरीजों के पर्चे बनाने को मजबूर हैं।

नियमों की उड़ रही धज्जियां,दिव्यांगों और वरिष्ठ नागरिकों की अनदेखी

सरकार और अस्पताल प्रशासन द्वारा सख्त निर्देश दिए गए हैं कि पर्चा काउंटर पर पत्रकारों,दिव्यांगों,स्टॉफ कर्मचारी और वरिष्ठ नागरिकों को प्राथमिकता दी जाए। इसके लिए अलग से व्यवस्था के दावे भी किए जाते हैं। लेकिन धरातल पर इन नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।काउंटर पर तैनात स्टाफ मरीजों और तीमारदारों के साथ अभद्र व्यवहार करने से भी बाज नहीं आ रहा है।
ताजा मामला अस्पताल के काउंटर नंबर एक का है, जहां पर्चा बनवाने पहुंचे एक पत्रकार ने अपना टोकन नंबर बताया।इस पर वहां बैठे स्टाफ ने उनसे परिचय पूछा। पत्रकार द्वारा अपनी पहचान बताने के बाद भी स्टाफ ने उन्हें प्राथमिकता नहीं दी।हद तो तब हो गई जब वहां मौजूद वार्ड बॉय राजेंद्र मिश्रा (जो पत्रकार को पहले से जानते थे) ने दुर्भावना के तहत सबके सामने बार-बार उनका परिचय मांगा। सरेआम किए गए इस अनुचित और अपमानजनक व्यवहार से पत्रकार को भारी मानसिक ठेस पहुंची है।इस घटना के बाद से स्थानीय मीडियाकर्मियों और नागरिकों में अस्पताल प्रशासन के खिलाफ भारी रोष है। लोगों ने आरोपी कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई और अस्पताल की अव्यवस्थाओं को सुधारने की मांग की है।

« Newer PostsOlder Posts »