Web News

www.upwebnews.com

UP News अपराधियों के लिए यूपी में जगह नहीं, करें सख्त कार्रवाई: मुख्यमंत्री

July 13, 2026

UP News अपराधियों के लिए यूपी में जगह नहीं, करें सख्त कार्रवाई: मुख्यमंत्री

Posted on 13.07.2026 Time 09.11 PM UP CM Yogi Adityanath ji Janata Darshan, Lucknow

जनता दर्शन

*सीएम योगी ने किया ‘जनता दर्शन’, हर पीड़ित की समस्या सुन समाधान के लिए दिए निर्देश*

*अवैध कब्जे से जुड़े मामलों की हो सख्ती से जांच, दोषियों पर हो कड़ी कार्रवाई: मुख्यमंत्री*

*एक बिल्डर के खिलाफ शिकायत पर मुख्यमंत्री ने जांच कर कार्रवाई करने के दिए निर्देश*

*लखनऊ, 13 जुलाई:* मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को ‘जनता दर्शन’ किया। उन्होंने प्रदेश भर से आए हर फरियादी से मुलाकात की, उनकी शिकायत सुनी और अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए। अवैध कब्जे से जुड़े मामले में मुख्यमंत्री ने कहा कि शिकायत मिलने पर ऐसे मामलों की सख्ती से जांचकर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करें। धमकी के मामले में मुख्यमंत्री ने कहा कि अपराधियों के लिए यूपी में कोई जगह नहीं है, पुलिस ऐसे लोगों पर सख्त कार्रवाई करे।

*अपराध व अवैध कब्जे से जुड़े मामलों की विवेचना में की जाय शीघ्रता*
मुख्यमंत्री योगी के समक्ष अवैध कब्जे से जुड़े मामले आये। पीड़ितों ने आरोपियों पर धमकी देने का भी आरोप लगाया। मुख्यमंत्री ने फरियादियों के प्रार्थना पत्र लेकर शासन के अधिकारियों को प्रेषित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। अवैध कब्जा करने व धमकी देने वालों के खिलाफ कार्रवाई करें। साथ ही अपराध व कब्जे से जुड़े मामलों की विवेचना में तेजी कर पीड़ितों को ससमय न्याय और दोषियों को दंड दिलाया जाय।

*बिल्डर के खिलाफ शिकायत लेकर पहुंचे लोग, मुख्यमंत्री ने दिए जांच के आदेश*
गाजियाबाद, मेरठ व नोएडा से जुड़े एक बिल्डर की शिकायत भी ‘जनता दर्शन’ के माध्यम से मुख्यमंत्री तक पहुंची। पीड़ितों ने बताया कि बिल्डर ने एक ही फ्लैट कई लोगों को रजिस्ट्री कर दिया है। इस पर मुख्यमंत्री ने इस प्रकरण को गम्भीरता से लिया और कहा कि जांच में बिल्डर के दोषी मिलने पर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई कर पीड़ितों को न्याय दिलाना सुनिश्चित किया जाय।

प्रतापगढ़ पुलिस ने 17 साइबर अपराधी को किया गिरफ्तार

VIKAS GUPTA
PRATAPGARH UP

प्रतापगढ़।  पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय साइबर ठगी नेटवर्क से जुड़े 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि ये लोग साइबर अपराधियों को बैंक खाते, सिम कार्ड और अन्य दस्तावेज उपलब्ध कराकर 12.18 करोड़ रुपये की ऑनलाइन ठगी में मदद कर रहे थे। मामले का खुलासा जिले के 10 अलग-अलग थानों में दर्ज 14 मुकदमों की जांच के दौरान हुआ। अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) आलोक कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि गिरफ्तार आरोपी खुद ऑनलाइन ठगी नहीं करते थे, बल्कि अपने बैंक खाते, सिम कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराते थे। इसके बदले उन्हें प्रति खाते या सिम के एवज में 5 हजार से 10 हजार रुपये तक का भुगतान किया जाता था। साइबर ठग इन खातों और सिम कार्डों का इस्तेमाल दूसरे राज्यों में बैठकर लोगों से ऑनलाइन ठगी करने के लिए करते थे।मुख्य सरगना की तलाश जारी एएसपी ने बताया कि मामले की विवेचना अभी जारी है। पुलिस गिरोह के मुख्य सरगना की तलाश कर रही है। साथ ही ठगी की गई रकम की बरामदगी के भी प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही नेटवर्क के मुख्य संचालक को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। सभी आरोपियों को भेजा गया जेल पुलिस ने इस मामले में श्रीराम गौतम, सचिन सिंह, सचिन पटेल, विराज सिंह, लवकुश सरोज, रवि कुमार, मुकेश कुमार, दीपक सिंह, अर्पित कुमार, अंकित त्रिवेदी, अंकित कुमार पटेल समेत कुल 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

फिरोजाबाद में फोटोग्राफर्स एसोसिएशन की भव्य फोटोग्राफी वर्कशॉप संपन्न

नए फोटोग्राफर्स से संगठन से जुड़ने की अपील

फिरोजाबाद, 13 जुलाई 2026, में फोटोग्राफर्स एसोसिएशन उत्तर प्रदेश की भव्य वेडिंग फोटोग्राफी वर्कशॉप संपन्न
फोटोग्राफर्स एसोसिएशन उत्तर प्रदेश (PAUP) जिला फिरोजाबाद के सफल आयोजन में एक भव्य एवं ज्ञानवर्धक *Creative Wedding Photography Workshop* का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए लगभग 100 फोटोग्राफर्स ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर आधुनिक फोटोग्राफी तकनीकों का प्रशिक्षण प्राप्त किया।
कार्यशाला के मुख्य मेंटर देश के प्रसिद्ध वेडिंग फोटोग्राफर *श्री लखन आहूजा* रहे। उन्होंने अपने वर्षों के अनुभव के आधार पर वेडिंग फोटोग्राफी में उपयोग होने वाली आधुनिक लाइटिंग तकनीकों, क्रिएटिव पोजिंग, कैमरा एंगल, कम्पोजिशन तथा व्यावहारिक शूटिंग के महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तृत जानकारी दी। लाइव डेमो और प्रैक्टिकल सेशन के माध्यम से उन्होंने प्रतिभागियों को नई तकनीकों से अवगत कराया, जिससे फोटोग्राफर्स को अपने कार्य को और अधिक रचनात्मक एवं पेशेवर बनाने का अवसर मिला।
कार्यक्रम में फोटोग्राफर्स एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के प्रदेश विशेष सचिव *श्री सौरभ मिश्र* ने फोटोग्राफर्स के व्यक्तित्व एवं व्यवसायिक विकास पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने Personality Development, PAUP India App तथा संस्था की महत्वाकांक्षी SSS Scheme की विस्तृत जानकारी देते हुए संगठन की विभिन्न योजनाओं एवं उनसे मिलने वाले लाभों से सभी सदस्यों को अवगत कराया।
कार्यक्रम की सफलता में *मंडल प्रभारी श्री अवधेश जी* का विशेष सहयोग रहा, जो अपनी एटा टीम के साथ उपस्थित रहे। वहीं मैनपुरी से आए फोटोग्राफर्स की सक्रिय भागीदारी ने कार्यक्रम को और अधिक प्रभावशाली एवं यादगार बना दिया।
इस अवसर पर *मॉडल शीतल सागर* तथा *मेकअप आर्टिस्ट प्रियंका आर सिंह* ने भी अपनी रचनात्मक प्रस्तुति से वर्कशॉप को आकर्षक बनाया। आयोजन को सफल बनाने में *जिला प्रभारी अंकित भारद्वाज*, *जिला अध्यक्ष मनोज कुमार*, *संगठन मंत्री विवेक अग्रवाल* *मीडिया प्रभारी उमेश राठौर* *कोषाध्यक्ष सागर कुशवाह* *उपाध्यक्ष विनोद कुमार* *सचिव सत्य प्रकाश कुशवाहा और नितिन शर्मा* *व्यवस्थापक साहिल खान* तथा *शिकोहाबाद तहसील प्रभारी यतेंद्र देव* *सिरसागंज तहसील प्रभारी जितेंद्र यादव* सहित फिरोजाबाद जिला टीम के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
कार्यक्रम के समापन पर फोटोग्राफर्स एसोसिएशन उत्तर प्रदेश की प्रदेश टीम ने फिरोजाबाद जिला टीम के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों को इस उत्कृष्ट, सुव्यवस्थित एवं प्रेरणादायी आयोजन के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। प्रदेश टीम ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन फोटोग्राफर्स के तकनीकी एवं व्यावसायिक विकास के साथ-साथ संगठन की एकता, सहयोग और निरंतर प्रगति को भी नई दिशा प्रदान करते हैं।

प्रदेश टीम ने यह भी अपील की कि जो फोटोग्राफर्स अभी तक संगठन से नहीं जुड़े हैं, वे भी फोटोग्राफर्स एसोसिएशन उत्तर प्रदेश से जुड़कर संगठन की योजनाओं, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और सामूहिक विकास का लाभ उठाएँ। संगठन सभी फोटोग्राफर्स को एक सशक्त मंच प्रदान करने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।

एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत जनपद न्यायालय परिसर में हुआ वृहद वृक्षारोपण

Posted on13.07.2026,Time 7pm,Bijnor,Plantation

बिजनौर, 13 जुलाई, 2026:-*( उत्तर प्रदेश समाचार सेवा) शासन एवं माननीय उच्च न्यायालय इलाहाबाद के निर्देशानुसार कल दिनांक 12 जुलाई,2026 को जनपद न्यायालय परिसर, बिजनौर में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम के दौरान न्यायिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय न्यायमूर्ति श्री अरुण कुमार सिंह देशवाल (उच्च न्यायालय, इलाहाबाद) ने रुद्राक्ष एवं बरगद के पौधे रोपित किए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वृक्ष जीवन का आधार हैं तथा प्रत्येक व्यक्ति को पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनका संरक्षण करने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने सभी से वृक्षारोपण को जनआंदोलन बनाते हुए प्रत्येक वर्ष कम से कम एक पौधा अवश्य लगाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जनपद न्यायाधीश, बिजनौर श्री संजय कुमार सप्तम ने सिंदूर का पौधा रोपित किया। इसके साथ ही जनपद न्यायालय के समस्त न्यायिक अधिकारियों द्वारा भी विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।
इस अवसर पर एडीजे प्रथम श्री प्रशांत मित्तल, अपर प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय श्री संजय कुमार सिंह, अपर विशेष न्यायाधीश पॉक्सो श्री लोकेश नागर, अपर जनपद न्यायाधीश श्री कमल दीप एवं श्री शहजाद अली, सिविल जज (सीनियर डिवीजन) श्री नितेश सिन्हा, अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्री नरेंद्र कुमार, अपर सिविल जज (सीनियर डिवीजन) श्री शांतनु त्यागी, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती स्वाति चंद्रा, अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट तृतीय श्री आशीष शिवारणिया, अपर सिविल जज (जूनियर डिवीजन) श्री मयंक सिंह, सिविल जज (जूनियर डिवीजन) श्री विशाल शर्मा, चीफ डिफेंस काउंसिल श्री प्रवीण देशवाल, वन विभाग के अधिकारी, वन दरोगा एवं न्यायालय के समस्त कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा अधिक से अधिक वृक्षारोपण एवं उनके संरक्षण के लिए समाज को प्रेरित करना रहा।

एटा में डीएम कार्यालय में युवक ने किया आत्मदाह का प्रयास, थानाध्यक्ष पर न्याय न मिलने का आरोप लगाया

Posted on 13.07.2026 Time 08.59 PM Monday, Etah News

एटा 13 जुलाई उप्रससे। जनपद में एक युवक ने कथित रूप से न्याय न मिलने से परेशान होकर डीएम कार्यालय में पेट्रोल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। उसने एक थानाध्यक्ष पर गंभीर आरोप लगाए। मामले की जांच और प्रशासनिक कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।

न्याय की मांग को लेकर लंबे समय से अधिकारियों के चक्कर काट रहे राहुल कुमार पुत्र जयपाल सिंह, निवासी नगला हिमाचल, थाना मिरहची ने सोमवार को जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों की सतर्कता से युवक को समय रहते रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। सूचना पर कलेक्ट्रेट परिसर मैं भारी पुलिस बल फायर ब्रिगेड की गाड़ी तथा सैकड़ो की संख्या में जनता की भीड़ जुट गई।

पीड़ित राहुल कुमार का आरोप है कि उसकी पत्नी की मौत के मामले में उसे बिना निष्पक्ष जांच के जेल भेज दिया गया, जहां वह करीब छह महीने तक बंद रहा। जेल से बाहर आने के बाद भी उसे न्याय नहीं मिला। उसका कहना है कि उसने राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, डीजीपी, एडीजी, डीआईजी, डीएम और एसपी सहित कई उच्च अधिकारियों को प्रार्थना पत्र भेजकर उच्च स्तरीय जांच (SIT/CB-CID) की मांग की, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उसे सिर्फ थाने से दुत्कार ही मिली।
युवक ने मिरहची की निवर्तमान थाना प्रभारी नीतू वर्मा जो दो दिन पूर्व महिला थाना प्रभारी बनाई गयी हैं उनपर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि घटना के समय उसकी सीडीआर और अन्य साक्ष्यों की निष्पक्ष जांच नहीं कराई गई। उसने यह भी आरोप लगाया कि उसका नाम मुकदमे से हटाने और बचाने के नाम पर उसके पिता से 3 लाख 85 हजार रुपये रिश्वत ली गई। और सभी को जेल भेज दिया गया उसने थाने के एक सिपाही द्वारा रूपये देने के आरोप लगाये है। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। राहुल का कहना है कि आरोपी राजकुमार और अन्य लोगो को स्थानीय पुलिस का संरक्षण प्राप्त है तथा उसके द्वारा दिए गए साक्ष्यों पर निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की गई। उसने मामले की जांच स्थानीय पुलिस से हटाकर SIT या CB-CID को सौंपने, दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई करने तथा अपने और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है उसने नीतू वर्मा से अपनी व परिवार की जान व माल का खतरा बताया गया है।
कलैक्ट्रेट परिसर में आत्मदाह के प्रयास के दौरान राहुल ने कहा, “मैं न्याय की भीख मांगते-मांगते थक चुका हूं। मुझे न्याय नहीं मिल रहा है। अब मैं मरना चाहता हूं, लेकिन मुझे मरने भी नहीं दिया जा रहा। आखिर मैं क्या करूं?”
फिलहाल पुलिस ने युवक को सुरक्षित हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी हैअपर जिलाधिकारी प्रशासन ने युवक से बन्द कार्या लय में बात की किन्तु मीडिया को कोई जानकारी नहीं दी गयी न तो फोन उठाया वही अपर पुलिस अधीक्षक का भी फोन नहीं उठा फिलहाल अपर जिलाधिकारी प्रशासन संगम लाल ने क्षेत्राधिकारी सदर संकल्पदीप कुशवाहा को पीडित युवक सोंप दिया गया है। इस घटना के बारे में अभी तक मामले में प्रशासन की ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार है।

« Newer PostsOlder Posts »