Web News

www.upwebnews.com

मुख्यमंत्री ने तेरहवीं में पहुंचकर प्रतीक यादव को दी श्रद्धांजलि

May 25, 2026

मुख्यमंत्री ने तेरहवीं में पहुंचकर प्रतीक यादव को दी श्रद्धांजलि

Posted on 25.05.2026 Time 06.16 PM

लखनऊ, 25 मई 2026, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज प्रतीक यादव की तेरहवीं में पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की।

प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष श्रीमती अपर्णा यादव जी के लखनऊ स्थित आवास पर स्वर्गीय प्रतीक यादव जी की आत्मा की शांति के लिए आयोजित त्रयोदशी संस्कार कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

डीडीयू के पीएचडी छात्र शिवम कुमार यादव को मिला ‘यंग जूलॉजिस्ट अवॉर्ड’

Posted on 25/05/2026
Time 11:30 A.M
Gorakhpur
Santosh Kumar Singh

सिक्किम में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाया विश्वविद्यालय का मान

​गोरखपुर: 25 मई 2026 ( उप्र समाचार सेवा) दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय (डीडीयू) के जूलॉजी विभाग ने एक बार फिर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पटल पर अपनी पहचान दर्ज कराई है। विभाग के पीएचडी शोधार्थी शिवम कुमार यादव को सिक्किम में आयोजित एक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में प्रतिष्ठित ‘यंग जूलॉजिस्ट अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया है। शिवम की इस उपलब्धि से विश्वविद्यालय और गोरखपुर का नाम रोशन हुआ है।

सिक्किम अल्पाइन यूनिवर्सिटी, नामची में ‘नेचर एंड नेचुरल साइंसेज’ विषय पर आयोजित दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में देश-विदेश के प्रख्यात वैज्ञानिकों और शिक्षाविदों का जमावड़ा लगा था। इस प्रतिष्ठित मंच पर शिवम कुमार यादव ने जलीय प्रदूषण और घोंघों (मोलस्क) के व्यवहार पर अपना शोध पत्र प्रस्तुत किया। उनके इस शोध कार्य की विशेषज्ञों ने काफी सराहना की, जिसके चलते उन्हें ‘यंग जूलॉजिस्ट अवॉर्ड’ से नवाजा गया।

शिवम वर्तमान में डीडीयू के जूलॉजी विभाग में प्रोफेसर विनय कुमार सिंह की देखरेख में अपनी पीएचडी पूरी कर रहे हैं। उनका शोध मुख्य रूप से जलीय जीवों की सुरक्षा और प्लास्टिक प्रदूषण से पर्यावरण को होने वाले नुकसान को कम करने की दिशा में केंद्रित है। शिवम की यह उपलब्धि उनके समर्पण और कड़ी मेहनत का परिणाम है। इससे पहले भी उन्हें ‘यंग रिसर्चर अवॉर्ड’ जैसे कई प्रतिष्ठित पुरस्कार मिल चुके हैं।

शिवम की इस बड़ी कामयाबी पर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर पूनम टंडन ने गहरा हर्ष व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह डीडीयू के लिए गौरव का क्षण है। शिवम की सफलता न केवल उनके अनुशासन और कठिन परिश्रम को दर्शाती है, बल्कि यह हमारे विश्वविद्यालय के अन्य शोधार्थियों और छात्रों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है।

सरकारी स्कूलों और भवनों में चोरी करने वाला गिरोह गिरफ्तार, 09 आरोपी सलाखों के पीछे

Posted on 25/05/2026
Time 15:30 P.M
Gorakhpur
Santosh Kumar Singh

​गोरखपुर : 25 मई 2026 ( उप्र समाचार सेवा) पीपीगंज थाना पुलिस ने सरकारी भवनों और विद्यालयों को निशाना बनाने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस गिरोह के 09 सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में चोरी का सामान बरामद किया है। बरामद सामानों की अनुमानित कीमत करीब 3,10,000 रुपये बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, पिछले कुछ समय से क्षेत्र के सरकारी स्कूलों और कार्यालयों में चोरी की घटनाएं बढ़ गई थीं। 08 अप्रैल 2026 को प्राथमिक विद्यालय ताललिखिया के प्रधानाध्यापक ने तहरीर दी थी कि विद्यालय से गैस सिलेंडर, चूल्हा, राशन और लोहे का सामान चोरी हो गया है। इसके बाद 22 मई 2026 को बैरघट्टा पंचायत भवन से कंप्यूटर और प्रिंटर चोरी होने की सूचना मिली। इन मामलों में थाना पीपीगंज में मुकदमे दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी थी।

पुलिस अधीक्षक उत्तरी के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी कैम्पियरगंज के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने जाल बिछाया और गिरोह के 09 सदस्यों—रमेश उर्फ सूईत, अनिल, प्रवीण यादव, सन्नी गौड़, गंगा सागर मद्देशिया, गोपीचंद मद्देशिया, बाल मुकुन्द उर्फ मक्कू, यशपाल उर्फ मुन्ना और शेषमणि निषाद को गिरफ्तार किया।

आरोपियों के पास से पुलिस ने ​05 गैस सिलेंडर, ​04 एलईडी टीवी, ​01 एचपी मॉनिटर व 01 फोक्सी यूपीएस, ​01 प्रिंटर, कीबोर्ड और माउस, ​01 मोबाइल फोन बरामद किया है।

पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे गैंग बनाकर आर्थिक लाभ के लिए सरकारी भवनों और स्कूलों को निशाना बनाते थे। वे मुख्य रूप से रात के समय सरकारी भवनों के दरवाजों की कुंडी काटकर अंदर घुसते थे और कीमती सामान चुराकर उसे बेच देते थे। पुलिस के अनुसार, इन आरोपियों के पास से सहजनवां और कैम्पियरगंज थाना क्षेत्रों में दर्जनो चोरी के मामलों का माल भी बरामद हुआ है।
​पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है।

प्रेम संबंधों के विवाद में युवक की हत्या, शव को नदी में फेंका

Posted on 25/05/2026
Time 16:50 P.M
Gorakhpur
Santosh Kumar Singh

12 नामजद, मुख्य आरोपी सहित कई हिरासत में

​गोरखपुर: 25 मई 2026 ( उप्र समाचार सेवा) जिले के हरपुर बुदहट और गीड़ा थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित आमी नदी से एक युवक का शव बरामद होने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान सहजनवां थाना क्षेत्र के आदित्य साहनी के रूप में हुई है। एसपी उत्तरी ज्ञानेंद्र सिंह का कहना है कि युवक की हत्या आपसी संबंधों के विवाद में की गई है।

एसपी उत्तरी ने जानकारी दी कि पुलिस को सूचना मिली थी कि आमी नदी में एक अज्ञात शव पड़ा है, जिसके गले पर गहरे चोट के निशान थे। जांच के दौरान मृतक की पहचान आदित्य साहनी के रूप में हुई, जो कल ही अपने ननिहाल गया था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आदित्य का किसी महिला से संबंध था, जिसको लेकर पूर्व में भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था और मुकदमे भी दर्ज किए गए थे।

आरोप है कि इसी पुराने रंजिश और विवाद के चलते आदित्य की हत्या कर दी गई और उसके शव को साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से आमी नदी में फेंक दिया गया।

परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में 12 लोगों को नामजद किया है, जिसमें से 4 मुख्य आरोपियों समेत कई अन्य लोगों को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस फिलहाल सभी से कड़ी पूछताछ कर रही है और मामले की गहन जांच जारी है।
​एसपी उत्तरी ने जानकारी देते हुए कहा कि
मृतक के परिजनों की तहरीर पर अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। मामले में 12 नामजद आरोपी हैं, जिनमें से 4 को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही शेष आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

नकली नोट छापने वाले गिरोह का भंडाफोड़

Posted on 25/05/2026
Time 17:25 P.M
Gorakhpur
Santosh Kumar Singh

5 गिरफ्तार; प्रिंटर-कंप्यूटर समेत भारी मात्रा में उपकरण बरामद

​गोरखपुर: 25 मई 2026 ( उप्र समाचार सेवा) गुलरिहा पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने एक बड़े नकली नोट बनाने वाले गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने पादरी बाजार इलाके से 05 अभियुक्तों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी अपने ठिकाने से बड़े पैमाने पर 500 रुपये के नकली नोट छाप रहे थे।

पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस टीम रात में गश्त कर रही थी। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि सरस्वतीपुरम कॉलोनी (पादरी बाजार) स्थित एक दुकान के भीतर नकली नोट तैयार किए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही गुलरिहा और शाहपुर पुलिस के साथ एसओजी और सर्विलांस टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी करते हुए मौके पर घेराबंदी की और पांचों आरोपियों को धर दबोचा।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान करन सिंह, मोहित कुमार, विशाल शर्मा, आशीष शर्मा और आकाश सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से ​500 रुपये के नकली नोट, ​नकली नोट छापने वाला प्रिंटर और कंप्यूटर सिस्टम, ​ए4 पेपर, इंक और नोटों के प्रिंटेड फॉर्मे, ​नोट तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले अन्य उपकरण सहित कई अन्य सामग्री भी बरामद की है ।

पूछताछ में यह बात सामने आई है कि ये आरोपी संगठित तरीके से जालसाजी कर रहे थे। पुलिस ने इनके खिलाफ थाना गुलरिहा में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि यह गिरोह काफी समय से क्षेत्र में सक्रिय था, जिसकी कड़ियाँ तलाशी जा रही हैं।
​पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई ने शहर में बड़े आर्थिक अपराध को होने से रोक दिया है। पकड़े गए आरोपियों को जेल भेजा जा रहा है और इनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

« Newer PostsOlder Posts »