Web News

www.upwebnews.com

उज्जैन जा रहे परिवार की कार ट्रक से टकराई, मां-बेटी की मौत

August 25, 2026

उज्जैन जा रहे परिवार की कार ट्रक से टकराई, मां-बेटी की मौत

हाथरस। हाथरस जंक्शन क्षेत्र के कस्बा महौ निवासी परिवार उज्जैन महाकाल के दर्शन करने जा रहा था, तभी उज्जैन-गरोठ फोरलेन पर उनकी अर्टिगा कार ट्रक से टकरा गई। हादसे में 48 वर्षीय सारिका वार्ष्णेय और उनकी 21 वर्षीय बेटी छवि वार्ष्णेय की मौके पर मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे। छवि सोशल मीडिया पर सक्रिय थीं और उनके यूट्यूब चैनल पर सात लाख से अधिक सब्सक्राइबर बताए गए हैं। हादसे की खबर से महौ कस्बे में शोक की लहर दौड़ गई।

तेज रफ्तार ऑटो की टक्कर से यात्री की मौत

हाथरस।सिकन्द्राराऊ कोतवाली क्षेत्र के गांव टीकरी के पास बीती रात तेज रफ्तार ऑटो की टक्कर से दूसरे ऑटो में सवार 55 वर्षीय पप्पू पुत्र प्रकाशी निवासी भटीकरा की मौत हो गई। बताया जाता है कि पप्पू अपने बीमार रिश्तेदार से मिलने गांव मानिकपुर जा रहा था। टीकरी के पास सामने से आए तेज रफ्तार ऑटो ने उसके ऑटो में टक्कर मार दी। हादसे में पप्पू की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर मारने वाला चालक ऑटो छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया।

पेड़ से लटका मिला अज्ञात युवक का शव, मची सनसनी

हाथरस। सासनी-इगलास रोड पर गांव हर्दपुर के पास मंगलवार शाम पेड़ से करीब 35 वर्षीय अज्ञात युवक का शव लटका मिलने से सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना पर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।राहगीरों ने पेड़ से शव लटका देखा तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर आसपास के लोगों से पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले की जांच की जा रही है।

हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर युवक झुलसा

हाथरस।कोतवाली क्षेत्र के गांव खिजरपुर में पशुओं को कैंटर में चढ़ाते समय 22 वर्षीय युवक हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।मोहल्ला नौखेल निवासी अमन पशु खरीदने खिजरपुर गया था। पशुओं को कैंटर में चढ़ाते समय ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। करंट लगने से वह झुलसकर घायल हो गया। ग्रामीणों ने उसे कस्बे के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है।

ईको और स्कूल बस की भिड़ंत में पिता-पुत्र की मौत, छह घायल

हाथरस। थाना चंदपा क्षेत्र के गांव ककोड़ी के पास सोमवार सुबह ईको गाड़ी और स्कूल बस की आमने-सामने की भिड़ंत में पिता-पुत्र की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया।बताया गया कि ईको में सवार मजदूर हाथरस से पल्लेदारी कर गांव आरती लौट रहे थे। सुबह करीब 6:30 बजे ककोड़ी-अल्हैपुर के पास सामने से आ रही बीएलएस इंटरनेशनल स्कूल की बस से ईको की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में ईको चालक 32 वर्षीय राजाबाबू की उपचार के दौरान मौत हो गई। गंभीर घायल उसके 55 वर्षीय पिता राकेश सिंह ने आगरा ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।हादसे में वीरेंद्र, अवनीश, रतन सिंह, वीकेश, नरेश, राकेश और हरदम सिंह घायल हुए हैं। सभी का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। राहत की बात रही कि स्कूल बस में सवार बच्चे सुरक्षित रहे। पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर हादसे की जांच शुरू कर दी है।

« Newer PostsOlder Posts »