Web News

www.upwebnews.com

राष्ट्रीय लोक अदालत के स्वास्थ्य शिविर में रेड क्रॉस ने निभाई सहयोगी भूमिका

September 14, 2026

राष्ट्रीय लोक अदालत के स्वास्थ्य शिविर में रेड क्रॉस ने निभाई सहयोगी भूमिका

शाहजहांपुर—( संजीव गुप्त)
राष्ट्रीय लोक अदालत के स्वास्थ्य शिविर में रेड क्रॉस ने निभाई सहयोगी भूमिका,मानव सेवा के संकल्प के साथ जरूरतमंदों तक पहुंचाई स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी शाहजहांपुर उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के आदेशानुसार 12 सितंबर 2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत के अवसर पर प्रातः 9 बजे से आयोजित स्वास्थ्य शिविर में इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के जिला सचिव डॉ० विजय जौहरी द्वारा स्वास्थ्य विभाग के साथ सहयोग करते हुए मानव सेवा के प्रति अपने दायित्व का निर्वहन किया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के नोडल अधिकारी उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिनेश सिंह के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों को आयुष्मान भारत गोल्डन कार्ड, दिव्यांग प्रमाणपत्र, नियमित टीकाकरण एवं अन्य स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी एवं सुविधाएं उपलब्ध कराईं।
इस अवसर पर इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव डॉ. विजय जौहरी ने बताया कि रेड क्रॉस सदैव मानव सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय कर जरूरतमंदों तक सेवाएं पहुंचाने के लिए तत्पर है।
शिविर के दौरान जिला कारागार के अधिकारियों ने भी सहभागिता की तथा जिला कारागार में रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा पूर्व में किए गए सेवा एवं सहयोग कार्यों पर चर्चा हुई। अधिकारियों ने मानव सेवा के क्षेत्र में रेड क्रॉस के प्रयासों की सराहना की।

September 9, 2026

प्रदेश स्तरीय आपदा प्रबंधन बैठक में रेड क्रॉस ने जताई सक्रिय सहयोग की प्रतिबद्धता

शाहजहांपुर, सितंबर। ( संजीव गुप्त) उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण लखनऊ के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी लेफ्टिनेंट योगेंद्र डिमरी, वी सी के दिशा-निर्देश में प्रदेश के 34 जनपदों के 154 विकासखंडों में आपदा प्रबंधन को लेकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक आयोजित की गई। बैठक में बाढ़ आपदा प्रबंधन, पूर्व तैयारियों तथा विभिन्न विभागों के समन्वय पर चर्चा हुई। आगामी मॉक एक्सरसाइज 10-11 तथा 18 सितंबर को प्रस्तावित है। जिसमे आपदा रहत के लिए आधुनिक उपकरणों का उपयोग किया जायेगा जिला प्रशासन के निर्देश पर इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव डॉ. विजय जोहरी ने बैठक में प्रतिभाग किया। ये बैठक अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं नोडल अधिकारी आपदा प्रबंधन अरविंद कुमार के कार्यालय में आयोजित हुई
डॉ. विजय जोहरी ने उपस्थित प्रतिभागियों को मास्क वितरित किए तथा आपदा की स्थिति में आवश्यक सामग्री एवं मानवीय सहयोग उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि 31 अगस्त को राजभवन में माननीय राज्यपाल महोदया की अध्यक्षता में इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी उत्तर प्रदेश शाखा की बैठक हुई थी, जिसमें उप मुख्यमंत्री एवं प्रदेश सभापति इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी श्री ब्रजेश पाठक के दिशा-निर्देशन में आपदा प्रबंधन में रेड क्रॉस की सहयोगी भूमिका को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया था। जनपद शाहजहांपुर से डॉ. विजय जोहरी, डॉ. रवि मोहन एवं जिला प्रबंधन समिति के सदस्य अनुज जोहरी ने बैठक में प्रतिभाग कर आपदा प्रबंधन में रेड क्रॉस की सक्रिय भूमिका का प्रस्ताव रखा था।
इसी के अनुपालन में डॉ. विजय जोहरी ने कहा कि इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी जिला प्रशासन के साथ कदम से कदम मिलाकर राहत, बचाव, प्राथमिक उपचार एवं मानवीय सेवा में हरसंभव सहयोग के लिए सदैव तत्पर रहेगी।
इस बैठक में जिला प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य, नगर निगम, शिक्षा, पशुपालन, अग्निशमन, पीडब्ल्यूडी, होमगार्ड, एनडीआरएफ, पीएसी, एनसीसी, नेहरू युवा केंद्र, स्काउट एंड गाइड, आपदा मित्र लीडर एवं आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि प्रतिभाग हेतु अपेक्षित थे ।

अंशुमान कुमार सिंह मैसी बने अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य

शाहजहांपुर —( संजीव गुप्त) सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता अंशुमान कुमार सिंह मैसी उत्तर प्रदेश शासन द्वारा राज्य अल्पसंख्यक आयोग उ. प्र. सरकार का मा.सदस्य (दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री) मनोनीत किये गए।
अंशुमान मैसी अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व अध्यक्ष स्व. डा.आशीष मैसी के बडे पुत्र हैं और वर्तमान में जिला सहकारी बैंक शाहजहांपुर के डायरेक्टर व एन.टी.आई. शाहजहांपुर के निदेशक हैं । कम उम्र में बडी सीढियां चढने का हौसला इनके भविष्य की ओर अवश्य संकेत दे रहा है । जनपद के अनेक भाजपा नेताओ ने उन्हें बधाई दी है ।प्रेस क्लब शाहजहांपुर के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजीव कुमार गुप्त, पत्रकार सरदार शर्मा, मो.इरफान, पंकज सक्सेना, ओंकार मनीषी आदि ने उन्हें बधाई व हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं ।

September 8, 2026

जिलाधिकारी ने गर्रा व खन्नौत नदी से प्रभावित क्षेत्रों का किया स्थलीय निरीक्षण

संबंधित अधिकारियों के साथ बाढ़ से बचाव कार्यों एवं तैयारियों की समीक्षा कर दिए आवश्यक दिशा निर्देश

शाहजहॉपुर, 07 सितम्बर( संजीव गुप्त) जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह ने जनपद में गर्रा व खन्नौत नदी के बढ़ते जलस्तर एवं उससे प्रभावित होने वाले संभावित क्षेत्रों की स्थिति का स्थलीय निरीक्षण किया । निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त नगर निगम, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), उपजिलाधिकारी सदर, तहसीलदार सदर, सिंचाई विभाग, लोक निर्माण विभाग के समस्त संबंधित अधिकारी, राजस्व विभाग की टीम सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी द्वारा सर्वप्रथम गर्रा नदी के जलस्तर एवं नदी के बहाव की स्थिति का जायजा लिया गया। इसके उपरान्त ककरा पुल, डैम रोड, एनिमल बर्थ सेंटर, हनुमत धाम सहित अन्य संवेदनशील एवं संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण कर सिंचाई विभाग एवं लोक निर्माण विभाग द्वारा कराये गये बाढ़ बचाव एवं सुरक्षा संबंधी कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। जिलाधिकारी द्वारा संबंधित अधिकारियों से बाढ़ बचाव कार्यों की वर्तमान स्थिति, नदी के जलस्तर तथा संभावित प्रभाव वाले क्षेत्रों के संबंध में जानकारी ली।

जिलाधिकारी ने बताया कि दिनांक 07 सितम्बर 2026 को दियूनी बैराज से गर्रा नदी में लगभग 22 हजार क्यूसेक पानी पास हुआ है। उक्त पानी के आगामी 72 घंटों में जनपद के संबंधित क्षेत्रों में पहुंचने की सम्भावना है। वर्तमान में गर्रा नदी 1.05 मीटर खतरे के निशान से नीचे तथा खन्नौत नदी 40 सेमी0 नीचे है। कल सुबह से खन्नौत नदी के जलस्तर में कमी आएगी। रामगंगा नदी खतरे के निशान से 19 सेमी0 ऊपर है और गंगा नदी 25 सेमी0 खतरे के निशान से नीचे है।

इसके दृष्टिगत प्रशासन द्वारा स्थिति पर निरन्तर निगरानी रखी जा रही है तथा संबंधित विभागों एवं तहसीलों को आवश्यक तैयारियां पूर्ण रखने के निर्देश दिये हैं।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि नगरीय, तटीय एवं डूब क्षेत्र में निवास करने वाले नागरिकों को नदी के बढ़ते जलस्तर के संबंध में समय से जागरूक एवं सतर्क किया जाए। संबंधित तहसीलों में राजस्व, पुलिस, सिंचाई, नगर निकाय एवं अन्य संबंधित विभागों की टीमें पूर्ण रूप से तत्पर रहें तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।

उन्होंने निर्देश दिए कि संवेदनशील क्षेत्रों में जलस्तर की लगातार निगरानी की जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित आबादी को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने की कार्यवाही के लिए पूर्व तैयारी रखी जाए। साथ ही बाढ़ बचाव कार्यों एवं पूर्व में कराये गये सुरक्षात्मक कार्यों की भी लगातार निगरानी सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि गर्रा व खन्नौत तथा अन्य नदियों के जलस्तर में वृद्धि को देखते हुए पूर्ण सावधानी बरतें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

नदी के बहाव क्षेत्र, नदी के किनारों, घाटों, पुल के निचले हिस्सों में स्नान, पशुओं को नहलाने अथवा घूमने के उद्देश्य से बिल्कुल न जाएं।
बच्चों को नदी, नालों एवं जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रखें।
मवेशियों को सुरक्षित एवं ऊंचे स्थानों पर बांधने की व्यवस्था करें तथा उन्हें नदी के किनारे न जाने दें।
डूब क्षेत्र अथवा नदी के निकट स्थित घरों के निवासी अपने महत्वपूर्ण दस्तावेज, राशन, दवाइयां एवं कीमती सामान सुरक्षित एवं ऊंचे स्थानों पर रख लें।
नदी के जलस्तर में अचानक वृद्धि होने की स्थिति में अनावश्यक रूप से नदी अथवा जलभराव वाले क्षेत्रों की ओर न जाएं।

किसी भी प्रकार की भ्रामक खबर, अफवाह अथवा अपुष्ट सूचना पर ध्यान न दें और न ही उसे सोशल मीडिया अथवा अन्य माध्यमों से प्रसारित करें। केवल जिला प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें।
यदि जलस्तर में अपेक्षा से अधिक वृद्धि होती है और प्रशासन द्वारा सुरक्षित स्थान पर जाने अथवा स्थानांतरण के निर्देश दिए जाते हैं, तो नागरिक तत्परता से प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।

जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा जलस्तर एवं संभावित बाढ़ की स्थिति पर निरन्तर निगरानी रखी जा रही है। संबंधित विभागों को आवश्यक संसाधनों एवं मानवबल के साथ सतर्क रहने के निर्देश दिए गये हैं। प्रशासन का उद्देश्य संभावित जलभराव अथवा बाढ़ की स्थिति में जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा प्रभावित लोगों को तत्काल आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना है।

किसी भी प्रकार की आपात स्थिति, जलभराव, बाढ़ संबंधी सूचना अथवा सहायता के लिए नागरिक तत्काल जिला आपदा नियंत्रण कक्ष से संपर्क कर सकते हैं—

*जिला आपदा नियंत्रण कक्ष :*
☎️ 05842-462754
☎️ 05842-351037
☎️ 05842-35108

जिला प्रशासन शाहजहॉपुर ने नागरिकों से अपील की है कि वे सतर्क रहें, सुरक्षित रहें तथा प्रशासन का सहयोग करें।

August 29, 2026

रक्षाबन्धन के दृष्टिगत रानी लक्ष्मीबाई महिला विंग एवं यातायात पुलिस द्वारा 50 हेल्मेट वितरित

शाहजहांपुर—( संजीव गुप्त)

आज क्षेत्राधिकारी यातायात एवं टीएसआई द्वारा खिरनीबाग चौराहा, शाहजहाँपुर पर रानी लक्ष्मीबाई महिला विंग शाहजहाँपुर के सौजन्य से सड़क सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता के दृष्टिगत हेल्मेट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान बिना हेल्मेट दोपहिया वाहन चलाने वाले 50 वाहन चालकों को हेल्मेट वितरित कर हेल्मेट धारण करने एवं यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया। क्षेत्राधिकारी यातायात रनवीर सिंह ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेल्मेट का प्रयोग अनिवार्य रूप से करें तथा स्वयं के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें। उन्होंने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मृत्यु दर को कम करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी शाहजहाँपुर के आदेशानुसार आगामी 29 अगस्त 2026 से वृहद हेल्मेट चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। अतः सभी दोपहिया वाहन चालक हेल्मेट धारण कर ही वाहन चलाएं तथा यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करें। रानी लक्ष्मीबाई महिला विंग शाहजहाँपुर की संस्थापिका श्रीमती नमिता सिंह ने रक्षाबन्धन के अवसर पर आमजन से अपील की कि जिस प्रकार भाई-बहन की रक्षा का संकल्प लेते हैं, उसी प्रकार हेल्मेट धारण कर स्वयं की सुरक्षा का भी संकल्प लें। प्रेसिडेंट स्तुति गुप्ता ने कहा कि हेल्मेट वितरण कार्यक्रम को रक्षाबन्धन पर्व के दृष्टिगत आयोजित किया गया है, जिसका उद्देश्य आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने सभी से यातायात नियमों का पालन करने तथा अपने परिजनों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।

« Newer Posts — Older Posts »