Web News

www.upwebnews.com

नामित सभासद 10 किलो गांजे के साथ गिरफ्तार

August 9, 2026

नामित सभासद 10 किलो गांजे के साथ गिरफ्तार

09 अगस्त उप्रससे

बस्ती।जिले की हरैया पुलिस ने रविवार ‘महाकाल रेस्टोरेंट’ के मालिक और नगर पंचायत हरैया के नामित सभासद शनि कुमार उर्फ रवि को 10 किलोग्राम अवैध गांजे और नकदी के साथ गिरफ्तार किया। यह गिरफ्तारी हरैया मनोरामा नदी पुल के निकट रोडवेज बस स्टॉप से हुई।

पुलिस टीम रोडवेज बस स्टॉप के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ‘महाकाल रेस्टोरेंट’ का मालिक कांवड़ियों को गांजा बेच रहा है।
सूचना के आधार पर प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तड़के करीब 3:30 बजे रेस्टोरेंट पर छापा मारा। मौके से आरोपी शनि कुमार उर्फ रवि (32 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर 06, हनुमान गढ़ी, हरैया को गिरफ्तार किया गया। तलाशी में उसके पास से 5-5 किलोग्राम के दो पैकेटों में कुल 10 किलो गांजा और 1,200 रुपये नकद बरामद हुए।
उक्त जानकारी देते हुए पुलिस कप्तान यशवीर सिंह ने बताया की वह कांवड़ त्यौहार के दौरान अधिक मुनाफा कमाने के लिए नेपाल से गांजा लाता था। वह इसकी छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर कांवड़ियों और राहगीरों को बेचता था। आरोपी ने पूछताछ में कई अन्य लोगों के इस रैकेट में शामिल होने की बात कही है जिसका खुलासा पुलिस जल्द ही करेगी
खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला (मु०अ०सं० 231/2026) दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया है।

गौरतलब है कि शनि कुमार उर्फ रवि सोनकर को शासन द्वारा सभासद नामित किए जाने पर स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कड़ा विरोध किया था। उनके मनोनयन को लेकर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं पर भी सवाल खड़े किये थे।
जयनत्कुमार मिश्र संवाददाता

जर्जर मकान हादसे में अपनों को खो चुके अमन से मिलीं विधायक पल्लवी पटेल, बंधाया ढांढस

Posted on 09.08.2026, Time 11.45 AM

VIKAS GUPTA
PRATAPGARH UP
MO –9919606061

प्रतापगढ़। नगर के महुली मोहल्ले में जर्जर मकान की छत ढहने से एक ही परिवार के छह लोगों की मौत के मामले में अपना दल (कमेरावादी) की विधायक पल्लवी पटेल रविवार को प्रतापगढ़ पहुंचीं। उन्होंने हादसे में परिवार के इकलौते बचे अमन श्रीवास्तव के घर पहुंचकर उससे मुलाकात की और घटना पर गहरा दुख जताते हुए ढांढस बंधाया,पल्लवी पटेल ने अमन से हादसे की जानकारी ली और परिवार के सदस्यों की मौत पर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह बेहद हृदयविदारक घटना है। परिवार ने जिस तरह अपने छह सदस्यों को खोया है, उससे उबर पाना आसान नहीं है। इस दुख की घड़ी में वह पीड़ित परिवार के साथ हैं,विधायक ने अमन को हर संभव मदद दिलाने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को सरकारी स्तर पर मिलने वाली सहायता और अन्य जरूरी मदद उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। गौरतलब है कि दो दिन पहले नगर कोतवाली क्षेत्र के महुली में बारिश के दौरान जर्जर मकान की छत ढह गई थी। मलबे में दबने से एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई थी, जबकि अमन श्रीवास्तव हादसे में घायल होकर बच गया था। घटना के बाद से इलाके में शोक का माहौल है।

August 8, 2026

हरिद्वार से लौट रहे परिवार की पिकअप पेड़ से टकराई, 11 घायल

थकान और नींद आने से चालक का बिगड़ा संतुलन, दो घायलों को आगरा रेफर

हाथरस। देर रात गांव महमूद बरसे के निकट करीब पौने दो बजे वाहन संख्या यूपी 80 जीटी 2187 अनियंत्रित होकर सड़क की विपरीत दिशा में स्थित पीपल के पेड़ से जा टकराया। हादसे में वाहन सवार 11 लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल हाथरस भेजदिया है।
शनिवार को पुलिस के अनुसार मिली जानकारी में एक ही परिवार के लोग चार अगस्त को आगरा के मलपुरा से हरिद्वार के लिए रवाना हुए थे। चार दिनों से लगातार इसी वाहन से यात्रा करने के बाद शुक्रवार रात हरिद्वार से अपने गांव मलपुरा लौट रहे थे। महमूद बरसे के पास चालक रमन पुत्र चंद्रपाल, उम्र करीब 35 वर्ष, को थकान और नींद आ जाने के कारण पिकअप वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा और पिकअप सड़क की दूसरी दिशा में जाकर पेड़ से टकरा गई। घटना की जानकारी होते ही राहगीरों की भीड जुट गई। सूचना पाकर प्रभारी निरीक्षक श्रीमती विपिन चैधरी मयफोर्स के मौके पर पहुंच गई और ऐंबुलेंस के जरिए लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए जिला हाॅस्पीटल भेजा। जहां सभी का उपचार कराया गया। वहीं गंभीर हालत को देखते हुए इंद्रा पत्नी धर्मेंद्र और ऋतिक पुत्र सुनील को एसएन मेडिकल कॉलेज, आगरा रेफर कर दिया गया। हादसे में इंद्रा पत्नी धर्मेंद्र (42), दीपक (16), संजय (40), ऋतिक (15), आदि (13), रितु (12), धर्मेंद्र (42), चालक रमन (35), रेखा (28), पिंकी (38) और ओम (40) घायल हुए हैं। सभी मलपुरा थाना क्षेत्र,  आगरा के निवासी बताए गए हैं। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है और पुलिस अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी है।

कांवड़ियों पर बरसे फूल, गूंजे ‘बम-बम भोले’ के जयकारे

हतीसा पुल स्थित कांवड़ कैंप में जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने किया भव्य स्वागत, बांटा प्रसाद

हाथरस। श्रावण मास के पावन अवसर पर गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर लौट रहे शिवभक्त कांवड़ियों का हाथरस-मथुरा मार्ग स्थित हातिसा पुल के निकट नगर पालिका परिषद द्वारा स्थापित कांवड़ कैंप में जनप्रतिनिधियों एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों ने पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया। इस दौरान कांवड़ियों को प्रसाद भी वितरित किया गया।कांवड़ियों के स्वागत के दौरान सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि, विधायक सदर अंजुला सिंह माहौर, विधायक सादाबाद प्रदीप कुमार सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह, रालोद जिलाध्यक्ष श्याम सिंह, जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा की। कांवड़ियों और उपस्थित लोगों के ‘बम-बम भोले’ के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने कांवड़ियों से संवाद कर उनका कुशलक्षेम जाना। उन्होंने श्रद्धालुओं के निवास जनपद, यात्रा मार्ग तथा हाथरस में कांवड़ मार्गों एवं शिविरों में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। अधिकारियों ने यह भी पूछा कि यात्रा के दौरान उन्हें किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं हुई। कांवड़ियों ने जिला प्रशासन एवं पुलिस की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए आभार जताया।जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कहा कि कांवड़ियों की सुरक्षा, सुविधा और सुगम यात्रा प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित मार्गों का उपयोग करने और अनावश्यक जल्दबाजी से बचने की अपील की। उन्होंने प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए सावधानी और अनुशासन के साथ यात्रा पूरी करने का आह्वान किया।पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने भी कांवड़ियों से अनुशासन बनाए रखने की अपील की। उन्होंने बताया कि कांवड़ यात्रा मार्गों पर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस बल लगातार निगरानी कर रहा है।कांवड़ कैंप में स्वास्थ्य विभाग की ओर से श्रद्धालुओं को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके अलावा पेयजल, भोजन, विश्राम सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी व्यवस्था की गई है। व्यवस्थाओं से कांवड़ श्रद्धालु संतुष्ट नजर आए।इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, उपजिलाधिकारी सदर सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं पुलिस बल मौजूद रहा।

मंदिर के टीन शेड में फंदे पर लटका मिला अज्ञात व्यक्ति का शव

फरह पुल के पास घटना से मचा हड़कंप, फील्ड यूनिट ने जुटाए साक्ष्य; शिनाख्त के प्रयास जारी
मथुरा। थाना फरह क्षेत्र में शनिवार सुबह एनएच-19 स्थित फरह पुल के पास मंदिर के टीन शेड में एक अज्ञात व्यक्ति का शव फंदे पर लटका मिलने से हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही थाना फरह पुलिस और फील्ड यूनिट की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 6:50 बजे थाना प्रभारी फरह को मंदिर के टीन शेड में एक व्यक्ति द्वारा फांसी लगाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फील्ड यूनिट को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य संकलित किए।
इसके बाद पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाया और पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस उसकी शिनाख्त कराने के प्रयास में जुटी हुई है।
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही मृतक की पहचान के लिए अन्य माध्यमों से भी जानकारी जुटा रही है। मृतक मंदिर परिसर में कब और किस परिस्थिति में पहुंचा, इसको लेकर भी जांच की जा रही है।
क्षेत्राधिकारी रिफाइनरी प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि फरह पुल के पास मंदिर के टीन शेड में अज्ञात व्यक्ति द्वारा फांसी लगाने की सूचना मिली थी। पुलिस और फील्ड यूनिट ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य संकलित किए तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतक की शिनाख्त की कार्रवाई प्रचलित है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
« Newer PostsOlder Posts »