शामली। कोतवाली क्षेत्र में सोमवार तड़के पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में अंकित बालियान हत्याकांड में शामिल बताए जा रहे दो शूटर मारे गए। दोनों की पहचान हरियाणा के सोनीपत निवासी मोहित और सुमित के रूप में हुई है। मुठभेड़ में स्वॉट टीम के हेड कांस्टेबल हरविंदर और प्रदीप भी गोली लगने से घायल हुए हैं।
एसपी एनपी सिंह के मुताबिक, सुबह करीब चार बजे सूचना मिली थी कि अंकित बालियान हत्याकांड के दो शूटर शामली की ओर आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस की कई टीमें सक्रिय की गईं। बदमाश पुलिस को चकमा देकर मन्ना माजरा की ओर भागे। होटल राजमहल के पास पहुंचने पर उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली पुलिस वाहन में लगी, जबकि दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए।
पुलिस के मुताबिक, आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाश घायल हो गए। उन्हें जिला संयुक्त चिकित्सालय शामली ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
मौके से दो पिस्टल, 10 जिंदा और नौ खोखा कारतूस, 30 बोर की एक पिस्टल, 16 जिंदा व छह खोखा कारतूस, बाइक, बैग, मोबाइल फोन और पांच हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार मोहित के खिलाफ हरियाणा में करीब 14 मुकदमे, जबकि सुमित के खिलाफ एक मामला दर्ज है। पुलिस दोनों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है।
