Web News

www.upwebnews.com

समरस व स्वाभिमान समाज चाहते थे स्वामी विवेकानन्द: अभय  

January 12, 2026

समरस व स्वाभिमान समाज चाहते थे स्वामी विवेकानन्द: अभय  

समरस व स्वाभिमान समाज चाहते थे स्वामी विवेकानन्द: अभय
लखनऊ,12 जनवरी । स्वामी विवेकानन्द जयंती के अवसर पर सोमवार को विश्व संवाद केन्द्र जियामऊ के अधीश सभागार में ‘युवराष्ट्र’ की ओर से ‘स्वामी विवेकानन्द के सपनों का भारत’ विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र धर्म जागरण प्रमुख अभय जी,राज्य सूचना आयुक्त पीएन द्विवेदी, विराज सागर दास और किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय के जनरल सर्जरी विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. ए.के.सोनकर ने दीप जलाकर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया।

संगोष्ठी के मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र धर्म जागरण प्रमुख अभय ने कहा कि स्वामी विवेकानन्द समरस व स्वाभिमान समाज चाहते थे। वह योद्धा सन्यासी थे। उन्होंने हिन्दू धर्म व हिन्दुत्व से पूरी दुनिया को परिचित कराया। स्वामी विवेकानंद का युवाओं पर अटूट विश्वास था वह कहते थे कि “मुझे सौ ऊर्जावान युवा दे दो, मैं भारत को बदल दूँगा। आज भारत विश्व का सबसे युवा देश है। स्वामी विवेकानंद जी का संदेश है – “एक विचार को पकड़ो। उस विचार को अपना जीवन बनाओ, उसके बारे में सोचो, उसके सपने देखो, उस विचार पर जियो।”अभय ने कहा कि भारत में हिंदू घट रहा है। यह चिंता का विषय है।

मुख्य अतिथि राज्य सूचना आयुक्त पीएन दिवेदी ने कहा कि 1893 में शिकागो में विश्व धर्म संसद में दिया गया उनका भाषण केवल धार्मिक संवाद नहीं था। वह भारत की सभ्यतागत आत्मा का वैश्विक उद्घोष था। गर्व से उन्होंने कहा कि वे उस सनातन परंपरा का प्रतिनिधित्व करते हैं जिसने विश्व को सहिष्णुता और समन्वय सिखाया। यह अवसर केवल स्वामी विवेकानन्द का स्मरण करने का नहीं है, बल्कि उस वैचारिक ऊर्जा को समझने और अपने जीवन में उतारने का भी समय है जिसने भारत को आत्मगौरव, आत्मबल और राष्ट्रीय चेतना का बोध कराया।
किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय के जनरल सर्जरी विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. ए.के.सोनकर ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा कि स्वामी विवेकानन्द हिन्दी,अंग्रेजी,बांग्ला और संस्कृत के विद्वान थे। उन्होंने कहा था कि उठो जागो और लक्ष्य की प्राप्ति किये बिना रूको मत।
अशोक कुमार सिन्हा ने संगोष्ठी की प्रस्तावना रखते हुए कहा कि वे केवल सन्त ही नहीं, एक महान देशभक्त, वक्ता, विचारक, लेखक और कवि भी थे। उन्होंने देश के युवाओं को जगाने का काम किया।
सह भाग कार्यवाह सिद्धार्थ ने कहा कि युवराष्ट्र संस्था युवाओं को देश के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति और राष्ट्रीय मूल्यों से जोड़ने के लिए काम करती है।
कार्यक्रम के संयोजक अभिषेक यादव ने आभार जताया। संचालन विख्यात मिश्रा ने किया।
कार्यक्रम के सह संयोजक अर्जुन सिंह ने मंचस्थ अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर प्रांत प्रचार टोली के सदस्य बृजनंदन राजू, धनंजय सिंह राणा,असीम सिंह,ईशा यादव,सर्वजीत सिंह, प्रदीप सिंह प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Sambhal कुत्तों ने नौ साल की बच्ची को नौंच कर मार डाला

सम्भल, 11 जनवरी 2026 (उप्र समाचार सेवा)। थाना क्षेत्र के गांव पोटा में खेत पर परिवार के साथ गई नौ साल की बालिका को कुत्तों के झुंड ने घेर लिया और नौंच नौंच कर मार डाला। कुत्ते इतने हमलावर और हिंसक थे कि बच्ची का एक हाथ शरीर से अलग करके ले गए। एक पैर भी काट लिया। पूरे शरीर को नोच डाला। बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार गांव निवासी बंटी की नौ साल की बेटी रिया परिवार के साथ खेत पर चली गई थी। वह कुछ देर बाद अकेली ही वापस घर लौटने लगी तभी जंगल में आवारा घूम रहे कुत्तों ने उसे घेर लिया और हमला कर दिया।

मुरादाबाद – दिल्ली मार्ग पर न्यायिक कर्मचारी की पीट पीट कर हत्या

उप्र समाचार सेवा UP Samachar Sewa

अमरोहा, 11 जनवरी 2026 (उप्र समाचार सेवा)। मुरादाबाद दिल्ली मार्ग पर डिडौली थाना क्षेत्र में मोटर साइकिल से कार छू जाने मात्र पर आधा दर्जन से अधिक युवकों ने न्याय विभाग के क्लर्क की पीट पीट कर हत्या कर दी।

जानकारी के अनुसार जिला अदालत में सिविल जज जूनियर डिविजन की कोर्ट में क्लर्क अमरोहा के ही मोहल्ला नल निवासी राशिद हुसैन (38) अपनी कार से परिवार को लेकर रिश्तेदारी में जा रहे थे। वे राष्ट्रीय राजमार्ग पर डिडौली थाना क्षेत्र में पहुंचे तो गलत दिशा से ओवरटेक करके एक बाइक निकली। बाइक उनकी कार से छू गई। इससे नाराज बाइक सवार दोनों युवकों ने फोन करके अपने और परिचितों को बुला लिया। सबने रास्ते में कुछ दूर आगे जाकर कार रोक ली। राशिद को कार से खींच लिया गया। उनके साथ आधा दर्जन से अधिक लोगों ने मारपीट की। वे कार चालक राशिद को तब तक पीटते रहे जब तक वह मरणासन्न नहीं हो गए। आसपास के लोगों के पहुंचने पर बाइक सवार भाग गए। घायल अवस्था में राशिद को चिकित्सालय ले जाया जा रहा था, मगर रस्ते में ही उनकी मृत्यु हो गई।

यह जघन्य वारदात न्यायिककर्मी राशिद की पत्नी, 3 बच्चों के सामने ही हुई। वे परिवार के साथ जा रहे थे। पत्नी और बच्चे गिड़गिड़ाते रहे पर अभियुक्तों को रहम नहीं आया। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है। हमलावरों के नाम पता चलने पर मृतक के भतीजे सलमान ने डिडौली थाना क्षेत्र के ही गांव हुसैनपुर निवासी सात लोगों के खिलाफ एफ आई आर दर्ज कराई है। इसमें कलीम,शान, कसीम,नसीम और तीन अज्ञात को नामजद किया गया है। पुलिस ने दो अभियुक्तों को हिरासत में ले लिया है।

January 11, 2026

युवा दिवस पर ब्रह्मचर्य से ओज-तेज की प्रेरणा लेने का आह्वान

प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के मीडिया कोऑर्डिनेटर बी.के. दिनेश

हाथरस, 11 जनवरी 2026 (उप्रससे)।  युवा दिवस एवं स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के मीडिया कोऑर्डिनेटर बी.के. दिनेश ने युवाओं से पवित्र ब्रह्मचारी जीवन की प्रेरणा स्वामी विवेकानंद से लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने भारत के उत्थान के लिए युवाओं की ऊर्जा को सबसे बड़ा आधार बताया था और कहा था कि यदि उन्हें 100 ऊर्जावान ब्रह्मचारी युवा मिल जाएं तो वे भारत का चेहरा बदल सकते हैं।
बी.के. दिनेश ने कहा कि आज आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के युग में एक ओर भक्ति और पूजा-पाठ बढ़ा है, वहीं दूसरी ओर काम विकार का प्रभाव भी तेजी से बढ़ रहा है, जिससे समाज और युवा वर्ग अपनी ऊर्जा खो रहा है। उन्होंने कहा कि असली शक्ति और मर्दानगी काम वासनाओं में नहीं, बल्कि संयम, चरित्र और राष्ट्र सेवा में है। युवाओं को अपनी शक्ति को आध्यात्मिक, सामाजिक और राष्ट्रीय निर्माण में लगाना चाहिए।
उन्होंने महात्मा गांधी के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि ब्रह्मचर्य को लेकर सृष्टि के संचालन की चिंता करना मनुष्य की कमजोरी को दर्शाता है। वेदों में वर्णित ब्रह्मचर्य को ओज, तेज और बुद्धि का आधार बताया गया है। उन्होंने कहा कि सभी से आजीवन ब्रह्मचर्य की अपेक्षा नहीं की जा सकती, लेकिन संयमित जीवन अपनाकर युवा अपनी ऊर्जा को सही दिशा दे सकते हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि भारत भ्रमण के दौरान स्वामी विवेकानंद के शिष्य हाथरस के सहायक स्टेशन मास्टर शरत चंद्र गुप्त थे, जो बाद में संन्यास लेकर स्वामी सदानंद कहलाए। इस ऐतिहासिक घटना का उल्लेख हाथरस सिटी स्टेशन पर लगे शिलालेख में था, जो स्टेशन के जीर्णोद्धार के दौरान लापरवाही से हट गया और आज वह स्मृति लुप्त हो चुकी है।
बी.के. दिनेश ने कहा कि स्वामी विवेकानंद को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी जब भारत का युवा अपनी ऊर्जा को राष्ट्र को आध्यात्मिक, सामाजिक और भौतिक रूप से सशक्त बनाने में लगाए।

बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार के विरोध में आप कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन

बंगलादेश में हिन्दुओं पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ आप ने हाथरस में प्रदर्शन किया

हाथरस, 11 जनवरी 2026 (उप्रससे)। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जिलाप्रभारी मेंबर सिंह के नेतृत्व में घंटाघर पर एकत्र होकर बांग्लादेश में हिंदुओं की हत्याओं पर भाजपा सरकार की चुप्पी और बांग्लादेसी हिंदुओं की रक्षा करने में विफल केंद्र सरकार के विरोध में प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बांग्लादेश से जो डर जाए, वो सरकार निकम्मी है और पुकारती पुकारती मां भारती, खून से तिलक करो गोलियों से आरती जैसे नारे लगाए।प्रदर्शन में विनीता माथुर, के.के. वर्मा (महासचिव), पूर्व जिला महासचिव नीरज कुमार, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष रहमत अली, छात्र विंग अध्यक्ष देवेन्द्र चौधरी, बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ महासचिव राकेश गौतम, कार्यालय सचिव रमेश चन्द्र, छात्र विंग सचिव करण कश्यप, गौतम सिंह, राजेंद्र राना, पुनीत गुप्ता, अजय सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में महासचिव द्वारा सभी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया गया।

« Newer PostsOlder Posts »