Web News

www.upwebnews.com

एसकेडी एकेडमी की सभी शाखाओं में राष्ट्रीय युवा दिवस मनाया गया

January 12, 2026

एसकेडी एकेडमी की सभी शाखाओं में राष्ट्रीय युवा दिवस मनाया गया

लखनऊ, 12 जनवरी 2026, एसकेडी ग्रुप ऑफ एजुकेशन के अंतर्गत संचालित एसकेडी एकेडमी की सभी शाखाओं में राष्ट्रीय युवा दिवस स्वामी विवेकानंद जी की जयंती के अवसर पर श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत स्वामी विवेकानंद जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस अवसर पर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उनके प्रेरणादायक संदेश *“उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य प्राप्त न हो जाए”* को स्मरण किया।

इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए भाषण प्रतियोगिता, वाद-विवाद, पोस्टर निर्माण, निबंध लेखन एवं विचार प्रस्तुति जैसी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया, जो स्वामी विवेकानंद जी के विचारों पर आधारित थीं। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और युवा सशक्तिकरण, अनुशासन एवं नैतिक मूल्यों पर अपने विचार व्यक्त किए।

इस अवसर पर *एसकेडी ग्रुप ऑफ एजुकेशन के निदेशक श्री मनीष सिंह* ने अपने संदेश में कहा कि स्वामी विवेकानंद जी के विचार आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही देश का भविष्य हैं और यदि वे आत्मविश्वास, चरित्र निर्माण एवं कर्तव्यनिष्ठा को अपनाएं तो राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।

कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों द्वारा स्वामी विवेकानंद जी के आदर्शों पर चलने तथा समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने की शपथ के साथ किया गया।

आंगनवाड़ी केंद्रों पर भी शीतकालीन अवकाश की मांग

बिजनौर, 12 जनवरी 2026 (उप्र समाचार सेवा)। परिषदीय स्कूलों में शीतकालीन अवकाश की भांति आंगनबाड़ी केंद्रो पर भी अवकाश घोषित करने की मांग। जनपद में भयंकर शीतलहर के चलते आंगनबाड़ी केंद्रो पर जाने वाले 3 वर्ष से 6 वर्ष तक के बच्चों के शीतकालीन अवकाश की भी संबंधित अभिभावकों ने जिलाधिकारी से मांग की है कई अभिभावकों ने बताया कि परिषदीय स्कूलों में शीतकालीन अवकाश चल रहे हैं वहीं आंगनबाड़ी केदो पर लाभार्थी कम उम्र के होने के बावजूद भी शीतकालीन अवकाश घोषित नहीं किया जाता है। जिसके कारण भयंकर शीत लहर के चलते 3 वर्ष से 6 वर्ष तक के बच्चों के बीमार होने की संभावना अधिक बढ़ गई है जनपद बिजनौर के अभिभावकों ने जिलाधिकारी बिजनौर से परिषदीय स्कूलों की भांति आंगनबाड़ी केदो पर भी शीतकालीन अवकाश घोषित करने की मांग की है

कांग्रेस ने किया मनरेगा का नाम बदलने का विरोध

हरिद्वार, 12 जनवरी। (उप्र समाचार सेवा) मनरेगा योजना का नाम परिवर्तन कर योजना को समाप्त करने के षड्यंत्र का आरोप लगाते हुए जिला महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमन गर्ग ने कहा कि महात्मा गांधी का नाम ही देश दुनिया को प्रेरणा देता है। लेकिन सरकार मनरेगा नाम को ही बदलना चाहती है। कांग्रेस इसके विरोध में सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी। अमन गर्ग ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए यूपीए शासन में मनरेगा योजना लागू की गई थी। गरीब निर्धन परिवार इस योजना के माध्यम से अपनी रोजी-रोटी कमाते थे। उन्होंने कहा कि मनरेगा बचाने के लिए सरकार से चार मांग करते हैं। काम की गारंटी, मजदूरी की गारंटी, जवाबदेही की गारंटी, मनरेगा में किए गए बदलाव की तत्काल वापसी। काम के संवैधानिक अधिकार की पूर्ण बहाली, न्यूनतम मजदूरी 400 रूप की जाए। अमन गर्ग ने कहा कि महात्मा गांधी के हर आंख से आंसू पोंछने के संकल्प को समाप्त नहीं होने दिया जाएगा। वरिष्ठ कांग्रेस नेता मुरली मनोहर एवं वरुण बालियान ने कहा कि कोविड के दौरान निर्धन परिवारों के लिए मददगार साबित हुई मनरेगा का नाम बदलकर सरकार क्या सिद्ध करना चाहती हैं। महात्मा गांधी विश्व के नेता हैं। रोजगार सर्जन होने चाहिए। गरीब निर्धन परिवार इस योजना से अपनी परिवारों का भरण पोषण करते हैं। गांव के मजदूर की आर्थिक स्थिति को मनरेगा सुरक्षा कवच प्रदान करती थी। महिलाओं, दलित, आदिवासियो,ं गरीबों, पिछड़ों को अधिकार दिए। लेकिन सरकार योजनाओं को समाप्त करने में लगी हुई है। प्रैसवार्ता में अंजू मिश्रा, अंजू द्विवेदी, रचना शर्मा, ममता सिंह, जतिन हांडा, अमित नौटियाल, अनिल भास्कर, आरिफ आदि मौजूद रहे।

एटा में प्रेमी युगल की हत्या में वांछित 3 अभियुक्त 12 घंटे में गिरफ्तार

एटा 12 जनवरी उप्रससे। जनपद के जैथरा थाना क्षेत्र में रविवार की रात को पीआरवी 112 को सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम गढिया सुहागपुर में एक युवक घायल है और एक युवती की हत्या हो गई है। सूचना पर पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा, मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और घायल युवक को उपचार हेतु चिकित्सालय भिजवाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

इस संबंध में प्राप्त तहरीर के आधार पर 10/26 धारा 191(2), 191(3), 103(1) के तहत बीएनएस बनाम अभियुक्त अशोक पुत्र रामसनेही सहित कुल 06 अभियुक्तों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया गया।

एसएसपी श्याम नारायण सिंह ने घटना की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष जैथरा को निर्देशित किया कि अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। थाना जैथरा पुलिस ने एएसपी श्वेताभ पाण्डेय और योगेन्द्र सिंह के कुशल पर्यवेक्षण तथा सीओ नीतीश गर्ग के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए 12 जनवरी को अभियुक्त अशोक पुत्र रामसनेही, माता बिटोली पत्नी अशोक, शिल्पी पुत्री अशोक निवासी गढिया सुहागपुर थाना जैथरा, जनपद एटा को मुकदमा पंजीकृत होने के 12 घंटे के भीतर ग्राम परौली से गढिया सुहागपुर जाने वाले रास्ते से गिरफ्तार किया। अभियुक्त अशोक कुमार की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हत्या का आलाकत्ल खुरपा बरामद किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध थानास्तर से आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

एटा में ऑनर किलिंग, प्रेमी युगल की हत्या, एक महीने पहले भागकर की थी शादी

एटा 12 जनवरी उप्रससे। जनपद में मुख्यालय से 30 किलोमीटर दूर जैथरा थाना क्षेत्र के गांव गढ़िया सुहागपुर में ऑनर किलिंग की वारदात हुई है। लड़की के घरवालों ने बेटी और उसके प्रेमी की गांव के सामने गला काटकर हत्या कर दी। दोनों बालिग थे उन्होने एक महीने पहले ही घर से भागकर प्रयागराज के आर्य समाज मंदिर में शादी की थी।

लड़की शनिवार को घर लौट आई। दूसरे दिन रविवार को प्रेमी दीपक (24) लड़की से मिलने उसके घर पहुंच गया। दोनों छत पर बात कर रहे थे, तभी लड़की के घरवालों ने देख लिया। गुस्साए घरवालों ने दोनों को लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा। पहले लड़की का, फिर लड़के का गला रेत दिया। लड़की के शव को छत पर छोड़ दिया, जबकि लहूलुहान लड़के को पड़ोसी की छत पर फेंक दिया। गांववालों की सूचना पर पुलिस पहुंची तो लड़के की सांसें चल रही थीं और वह तड़पता रहा था। पुलिस प्रेमी युवक को सीएचसी ले गई, जहां से उसे जिला अस्पताल रैफर कर दिया गया। रास्ते में उसने भी दम तोड़ दिया। दोनों लोधी समाज से थे। पुलिस ने लड़की के पिता को हिरासत में लिया है। उसके भाई फरार हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि पिता ने बेटों के साथ मिलकर हत्या की है।

तीन साल से चल रहा था अफेयर

शिवानी और दीपक जैथरा थाना क्षेत्र के गढ़िया सुहागपुर गांव के रहने वाले थे। दोनों के घरों के बीच की दूरी 150 मीटर है। 3 साल पहले दोनों का अफेयर शुरू हुआ। फिर शादी करने का फैसला किया। घरवाले रिश्ते के लिए राजी नहीं थे, इसलिए बेटी को पिछले साल नवंबर में उसके फूफा के घर कन्नौज के सकरावां भेज दिया, लेकिन दोनों की फोन पर बातें होती रहीं। उसके बाद प्रेमी-प्रेमिका ने भागकर शादी करने का प्लान बनाया। 11 नवंबर को लड़की ने दीपक को मिलने बुलाया। इसके बाद दोनों प्रयागराज भाग गए। उसी दिन प्रयागराज के आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली। इसके बाद दोनों प्रयागराज में रूम लेकर रहने लगे। लड़का वहां प्राइवेट नौकरी करता था।
इधर परिवार वाले दोनों को खोजने में जुटे थे। 15 दिसंबर को दोनों के परिवार कन्नौज के सकरावां थाने पहुंचे। वहां दोनों परिवारों के बीच समझौता हुआ कि हम लड़की को वापस ले जाएंगे, कोई कानूनी कार्रवाई नहीं करेंगे।

गांव वालों ने बताया कि शनिवार को शिवानी प्रयागराज से अपने घर लौट आई। रविवार रात 8 बजे दीपक गांव पहुंचा। वह सीधे शिवानी के घर गया। वह शिवानी से छत पर बात कर रहा था, तभी लड़की के घरवालों ने आकर दोनों को बात करते हुए पकड़ लिया। गुस्साए परिजनों ने पूरे गांव के सामने ही दोनों को लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया। दोनों चीखते-चिल्लाते रहे, लेकिन मदद के लिए गांव का कोई सामने नहीं आया।
परिजन ने पहले शिवानी का गला काट दिया। इसके बाद दीपक का भी गला रेत दिया। दीपक का शव पड़ोसी की छत पर फेंका दिया, जबकि शिवानी का शव उसी की छत पर पड़ा रहा।
गांववालों ने डायल-112 के माध्यम से सूचना दी। आनन-फानन में एसएसपी एटा श्याम नारायण सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। लेकिन तब तक शिवानी की मौत हो चुकी थी, जबकि दीपक की हालत गंभीर थी। उसे सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उसकी भी मौत हो गई।

शिवानी का पिता अशोक कुमार प्राइवेट ड्राइवर हैं। उनकी मां बिट्टो देवी का कहना है- मेरे पति ने किसी की हत्या नहीं की है। वहीं, प्रेमी दीपक की मौत से पिता राधेश्याम और मां कृष्णा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।

दीपक के चचेरे भाई उमेश कुमार ने बताया- दोनों ने भागकर शादी की थी। गांव में समझौता हुआ था, लेकिन इसके बाद भी दोनों को छत पर मारकर फेंक दिया गया। यह सब गांव वालों के सामने हुआ। दीपक बेहद सीधा-सादा था। पिता राधेश्याम के साथ खेती-बाड़ी करता था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्याम नारायण सिंह ने बताया शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। लड़की के पिता अशोक कुमार को हिरासत में लिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। ग्रामीणों और दोनों परिवारों से पूछताछ की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

लोधी बिरादरी के दीपक और शिवानी के बीच कई साल से प्रेम संबंध था
दीपक शिवानी से मिलने उसके घर पहुंचा, घर के पीछे आपत्तिजनक हालत में पकड़े जाने के बाद दोनों की पिटाई कर हत्या कर दी गई, शिवानी का पूरा परिवार पुलिस हिरासत में है, एसएसपी ने इसे ऑनर किलिंग मानने से इनकार किया

« Newer PostsOlder Posts »