Web News

www.upwebnews.com

सिकंदराराऊ में रोडवेज बस खाई में पलटी, 9 घायल; चालक पर नशे में ड्राइविंग के आरोप

May 2, 2026

सिकंदराराऊ में रोडवेज बस खाई में पलटी, 9 घायल; चालक पर नशे में ड्राइविंग के आरोप

हाथरस। सिकंदराराऊ थाना क्षेत्र में  बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब एटा डिपो की रोडवेज बस अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। हादसे में 9 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से 2 की हालत नाजुक होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है।जानकारी के अनुसार 30 अप्रैल को दिल्ली से फर्रुखाबाद जा रही बस जैसे ही गांव बिलार के पास पहुंची, अचानक अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। बस पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी फैल गई।सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू अभियान चलाकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल दो यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर भेजा गया।घटना के बाद यात्रियों ने चालक पर लापरवाही और शराब के नशे में बस चलाने के आरोप लगाए। यात्रियों का कहना है कि चालक तेज रफ्तार में वाहन चला रहा था और रास्ते में कई स्थानों पर रुककर शराब का सेवन किया। विरोध करने पर वह यात्रियों से विवाद करने लगा।हादसे में कुछ यात्रियों के मोबाइल और अन्य कीमती सामान बस में ही छूट गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। घटना के बाद रोडवेज बसों की सुरक्षा व्यवस्था और चालक-परिचालकों की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो गए हैं।

मथुरा जेल में बंद रिटायर्ड फौजी की मौत, हार्ट अटैक की आशंका से मचा हड़कंप

मथुरा। जिला कारागार में बंद एक रिटायर्ड फौजी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान कुशलपाल पाल के रूप में हुई है, जो थाना नौहझील क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कुशलपाल पाल की मौत हार्ट अटैक से होना बताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। बताया जा रहा है कि मृतक पिछले करीब चार महीनों से हत्या के प्रयास के मामले में मथुरा जेल में बंद था। उसके खिलाफ पहले से भी गंभीर आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं।
जेल प्रशासन के मुताबिक, अचानक तबीयत बिगड़ने पर बंदी को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
जेल प्रशासन का कहना है कि बंदी की तबीयत अचानक खराब हुई थी, जिसके चलते यह घटना हुई। परिजनों को सूचना दे दी गई है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

नहर किनारे मिट्टी खोदते वक्त ढाय गिरी, बुजुर्ग महिला की मौत, किशोरी की हालत नाजुक

मैनपुरी। थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव भांवत में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया। नहर किनारे मिट्टी खोदते समय अचानक खाई धंस गई, जिसमें दबकर एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि एक किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव भांवत निवासी मोरश्री पत्नी स्वर्गीय मातादीन जाटव तथा बबीता पुत्री मानिकचंद शनिवार सुबह करीब 9 बजे नहर किनारे चीका मिट्टी लेने गई थीं। दोनों मिट्टी की खुदाई कर रही थीं, तभी अचानक पीछे की ओर से खाई भरभराकर गिर गई और दोनों को अपने आगोश में ले लिया। बताया जा रहा है कि दोनों करीब दो घंटे तक मलबे में दबी रहीं। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक युवक को किशोरी की आवाज सुनाई दी, जिस पर उसने शोर मचाया। आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और घायलों को तत्काल जिला अस्पताल मैनपुरी भेजा गया। जहां इलाज के दौरान मोरश्री ने दम तोड़ दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल बबीता को बेहतर उपचार के लिए सैफई रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

मांगों को लेकर सड़क पर उतरी आंगनवाड़ी कार्यकत्रियाँ

मैनपुरी, आंगनवाड़ी संयुक्त मोर्चा उत्तर प्रदेश ने मुख्यमंत्री के नाम जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो उनका आंदोलन और तेज तथा उग्र रूप लेगा।
ज्ञापन में कहा गया है कि प्रदेश सरकार की कई जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर पर लागू करने में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इसके बावजूद, ये कर्मचारी आज अपने मूल अधिकारों से वंचित हैं। कुपोषण से लड़ने वाली ये महिलाएं स्वयं आर्थिक तंगी और असुरक्षित कार्य परिस्थितियों का सामना कर रही हैं। संयुक्त मोर्चा ने बताया कि वे वर्षों से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को उठा रहे हैं, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला है। 8 मार्च 2026 को महिला दिवस पर हुए प्रदर्शन के दौरान भी सरकार ने जल्द समाधान का भरोसा दिया था। हालांकि, 30 अप्रैल तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया,जिसके बाद अब आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी गई है।
ज्ञापन में प्रमुख मांगों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को पूर्णकालिक सरकारी कर्मचारी का दर्जा देने, वेतनमान, पेंशन, ग्रेच्युटी और अन्य सुविधाएं लागू करने की मांग शामिल है। इसके अतिरिक्त, रिटायरमेंट की आयु 65 वर्ष करने, पदोन्नति प्रक्रिया को नियमित और पारदर्शी बनाने तथा आयु सीमा की बाध्यता समाप्त करने की बात भी कही गई है। पोषण ट्रैकर के लिए 5जी मोबाइल खरीदने हेतु 20 हजार रुपये और हर महीने 2500 रुपये डेटा भत्ता देने की मांग भी उठाई गई है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि यह सुविधा प्रदान नहीं की गई, तो वे ऑनलाइन कार्य बंद कर देंगे। ज्ञापन में यह आरोप भी लगाया गया है कि प्रोत्साहन राशि के भुगतान में अव्यवस्था और भ्रष्टाचार व्याप्त है, जिसे नियमित मानदेय में जोड़ा जाना चाहिए। साथ ही, किराए के भवनों का भुगतान सीधे भवन स्वामी को करने, केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने और निजीकरण पर रोक लगाने की मांग की गयी है

मथुरा में सड़क हादसा: ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को रौंदा, महिला की मौत

मथुरा। थाना फरह क्षेत्र के रेलवे फाटक पर शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सीमेंट से लदी एक अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवारों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में 52 वर्षीय रतनदेई (निवासी खेरागढ़, आगरा) की मौके पर ही मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार  मृतका अपने बेटे और नातिन के साथ हरियाणा जा रही थीं, तभी रेलवे फाटक के पास यह हादसा हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि रतनदेई ट्रॉली के टायर के नीचे आ गईं, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे के बाद चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, फरार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।
इस घटना से मृतका के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
« Newer PostsOlder Posts »