Web News

www.upwebnews.com

एटा में नामजद आरोपियों ने किशोरी से की छेड़छाड़, मारपीट, चार पर मुकदमा दर्ज

August 19, 2026

एटा में नामजद आरोपियों ने किशोरी से की छेड़छाड़, मारपीट, चार पर मुकदमा दर्ज

एटा 19 अगस्त उप्रससे। जनपद के अलीगंज थाना क्षेत्र में एक किशोरी से छेड़छाड़ और मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस संबंध में चार नामजद आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

वादी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि अकबरपुर कोट निवासी संजू पुत्र संतोष, गौतम, रिंकू और उदयवीर 13 अगस्त को उनके घर आए थे। आरोपियों ने घर आकर गाली-गलौज शुरू कर दी। जब परिवार ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। इस दौरान बीच-बचाव करने आई वादी की नाबालिग बेटी के साथ आरोपियों ने छेड़खानी की और उसके कपड़े फाड़ दिए। जब वादी का पुत्र बीच-बचाव करने आया, तो आरोपियों ने उस पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।

अलीगंज पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई की। थाना प्रभारी रूपेश वर्मा ने बताया कि लिखित शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और आरोपी यो की धड़पकड़ के लिए लगातार दविश दी जा रही है।

एटा में विद्युत पोल पर काम करते समय लाइनमैन को लगा करंट मौत

Breaking News UP Web News

एटा 19 अगस्त उप्रससे। जनपद में मलावन थाना क्षेत्र के देवपुरा गांव में आज बुधवार सुबह एक लाइनमैन की विद्युत पोल पर काम करते समय करंट लगने से मौत हो गई।

गांव देवपुरा निवासी 32 वर्षीय उपेंद्र पुत्र चंद्रपाल सुबह करीब 6:30 बजे गांव के पास एक विद्युत पोल पर मलावन फीडर से शटडाउन लेकर बिजली का काम कर रहे थे। इसी दौरान वह अचानक करंट की चपेट में आ गए। हादसे के बाद ग्रामीणों ने गंभीर हालत में उपेंद्र को तत्काल एटा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उपचार के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया।

ग्रामीणों ने बताया कि लगभग दो वर्ष पहले भी उपेंद्र विद्युत कार्य करते समय हाई वोल्टेज लाइन की चपेट में आ गए थे, जिसमें उनके हाथ झुलस गए थे। इसके बावजूद वह विद्युत विभाग में लाइनमैन के रूप में कार्यरत थे। उपेंद्र की मौत से उनके परिवार में शोक का माहौल है। उनके दो छोटे पुत्र हैं, जिनकी उम्र लगभग 9 वर्ष और 5 वर्ष बताई जा रही है। लाइनमैन की मौत के बाद विद्युत विभाग और पुलिस द्वारा मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। शटडाउन लेने के बावजूद यह हादसा कैसे हुआ, इसकी जांच की जा रही है।

15 हजार का इनामी बदमाश लादेन पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार

Posted on 19/08/2026
Time 12:15 P.M
Santosh Kumar Singh
Gorakhpur

गोरखपुर ( उप्र समाचार सेवा ) । खजनी थाना पुलिस और एंटी थेफ्ट टीम की संयुक्त कार्रवाई में बुधवार को ₹15 हजार के इनामी वांछित अभियुक्त जितेन्द्र पासवान उर्फ लादेन को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और दोपहिया वाहन बरामद किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, 19 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि खजनी थाने से वांछित जितेन्द्र पासवान बाघागाड़ा की तरफ से जरलही पुल होते हुए उनवल की ओर आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जरलही पुल के पास घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की।

इसी दौरान पुलिस को देखकर आरोपी ने मोटरसाइकिल मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन वाहन अनियंत्रित होकर गिर गया। पुलिस ने उसे आत्मसमर्पण करने के लिए ललकारा, जिस पर आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के बाएं पैर में घुटने के नीचे लगी। घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए पीएचसी बांसगांव भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर खजनी थाने में मु0अ0सं0 266/2026, धारा 109(1), 317(2) बीएनएस तथा 3/25/27 आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ गोरखपुर के विभिन्न थानों में लूट, चोरी, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी खजनी थाने में दर्ज मु0अ0सं0 363/2025 धारा 308(5) बीएनएस में वांछित था।

पुलिस ने इसके पास से एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस .315 बोर, एक खोखा कारतूस .315 बोर और एक दोपहिया वाहन बरामद किया है।

August 18, 2026

पूर्व सभासद सुनील चतुर्वेदी राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा में शामिल

सुनील चतुर्वेदी

हाथरस। पूर्व सभासद सुनील चतुर्वेदी ने राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा राम पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी की ओर से उन्हें हाथरस जिले का जिला उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। पार्टी पदाधिकारियों के अनुसार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री विश्वदीप अवस्थी एड.के निर्देशन पर पार्टी जिलाध्यक्ष विजय कुमार शर्मा व पार्टी महासचिव /प्रभारी निशांत उपाध्याय की संस्तुति पर सुनील चतुर्वेदी की सक्रियता को देखते हुए यह जिम्मेदारी दी गई है। सुनील चतुर्वेदी पूर्व में बसपा से सभासद रह चुके हैं।

वसुंधरा एन्क्लेव में नवनिर्मित सड़क का लोकार्पण

विकास कार्यों को लेकर पालिका अध्यक्ष ने गिनाईं प्राथमिकताएं

नवनिर्मित सड़क का लोकार्पण करती पालिकाध्यक्ष श्वेता चौधरी व पूर्व सांसद राजेश दिवाकर

हाथरस। शहर की वसुंधरा एन्क्लेव कॉलोनी स्थित वार्ड संख्या 12 में 15वें वित्त आयोग के तहत नवनिर्मित सड़क का लोकार्पण नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्वेता चौधरी ने किया। सड़क निर्माण से क्षेत्रवासियों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।लोकार्पण कार्यक्रम में पूर्व सांसद राजेश दिवाकर सहित क्षेत्रीय लोग एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। वार्ड सभासद सूरज माहौर ने क्षेत्र में विकास कार्य कराने के लिए पालिका अध्यक्ष का आभार जताया।पालिका अध्यक्ष श्वेता चौधरी ने कहा कि नगर के सभी वार्डों में प्राथमिकता के आधार पर विकास कार्य कराए जा रहे हैं। सड़क, नाली और अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए नगर पालिका लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य शहरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।विरोधियों द्वारा कथित षड्यंत्र के सवाल पर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि कुछ लोग उनकी लोकप्रियता से घबराकर उनके खिलाफ आए दिन षड्यंत्र रच रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह ईश्वर में विश्वास रखती हैं और उन्हें भरोसा है कि ऐसे विरोधी कुछ समय बाद स्वयं पस्त हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि वह विकास कार्यों पर ध्यान केंद्रित करते हुए जनता की सेवा जारी रखेंगी।

« Newer PostsOlder Posts »