उ प्र समाचार सेवा
निघासन,खीरी। तहसील निघासन क्षेत्र के ग्राम खमरिया में एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान अमित भार्गव पुत्र दुजई भार्गव के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव सहित आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई। परिवार में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक के परिजनों ने पुरानी रंजिश के चलते हत्या किए जाने की आशंका जताई है। हालांकि, हत्या के वास्तविक कारणों और आरोपियों की पहचान पुलिस जांच का विषय है। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
घटना की जानकारी मिलते ही भीम आर्मी जिलाध्यक्ष एड. दीपक जाटव एवं तहसील संयोजक राजेश कुमार गौतम अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की पूरी जानकारी ली और परिवार को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
इसके उपरांत टीम थाने पहुंची और प्रशासनिक अधिकारियों से वार्ता कर घटना की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
दीपक जाटव ने बताया कि हमारी मांग है कि पीड़ित परिवार को न्याय मिले, घटना का निष्पक्ष खुलासा हो और दोषियों पर कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाए।
