Web News

www.upwebnews.com

स्वच्छता संकल्प महाअभियान में प्रशासन और पुलिस ने किया श्रमदान, दिया स्वच्छ ब्रज का संदेश

July 19, 2026

स्वच्छता संकल्प महाअभियान में प्रशासन और पुलिस ने किया श्रमदान, दिया स्वच्छ ब्रज का संदेश

मथुरा/वृन्दावन। ब्रज भूमि की पावनता और प्राकृतिक सुंदरता को अक्षुण्ण बनाए रखने के उद्देश्य से रविवार को मथुरा-वृन्दावन में “स्वच्छता संकल्प महाअभियान” का आयोजन किया गया। अभियान के दौरान प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने स्वयं श्रमदान कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
अभियान का नेतृत्व जिलाधिकारी मथुरा चंद्र प्रकाश सिंह , पुलिस उप महानिरीक्षक, आगरा परिक्षेत्र शैलेश कुमार पांडे  तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा श्लोक कुमार ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर अधिकारियों ने “हम सब ने यह ठाना है, ब्रज को स्वच्छ बनाना है” का संकल्प दोहराते हुए वृन्दावन परिक्रमा मार्ग सहित विभिन्न प्रमुख धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों पर सफाई अभियान चलाया। श्रमदान के दौरान सड़कों की सफाई, मार्गों के किनारों से कचरा हटाने तथा पूरे क्षेत्र को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने का कार्य किया गया।
अधिकारियों ने वृन्दावन की गलियों, मंदिरों के आसपास मौजूद स्थानीय नागरिकों, दुकानदारों और श्रद्धालुओं से स्वच्छ ब्रज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि ब्रज धाम की पवित्रता बनाए रखने के लिए प्रतिबंधित सिंगल-यूज़ प्लास्टिक का पूरी तरह त्याग करें तथा गीले और सूखे कचरे को खुले में या सड़कों पर फेंकने के बजाय निर्धारित कूड़ेदानों में ही डालें।
अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छ और सुंदर ब्रज का निर्माण तभी संभव है जब प्रशासन के साथ-साथ आमजन भी अपनी जिम्मेदारी निभाएं और स्वच्छता को जनआंदोलन का रूप दें।

बलदेव पुलिस ने चोरी गैंग के सात सदस्यों को दबोचा, चोरी का माल व वाहन बरामद

अतुल कुमार जिंदल

मथुरा। थाना बलदेव पुलिस ने चोरी की वारदातों में सक्रिय सात सदस्यीय गैंग का पर्दाफाश करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की स्विफ्ट कार, इन्वर्टर, बैटरी, तीन मोटरसाइकिलें, विद्युत मोटर, बिजली के केबल, छह मोबाइल फोन, नकदी तथा एक आरोपी के पास से अवैध तमंचा व कारतूस बरामद किए हैं।

क्षेत्राधिकारी महावन संजीव कुमार राय ने बताया कि थाना बलदेव क्षेत्र से एक स्विफ्ट कार चोरी होने के बाद मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित की गई थी। जांच के दौरान जानकारी मिली कि यह गैंग बलदेव, राया, जमुनापार और महावन थाना क्षेत्रों सहित आसपास के इलाकों में लगातार चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था।
मुखबिर की सूचना पर रविवार तड़के करीब 12:30 बजे माइलस्टोन-124 सर्विस रोड पर 84 कोसीय परिक्रमा मार्ग से ग्राम हथौड़ा की ओर जाने वाले रास्ते पर पुलिस ने घेराबंदी कर सज्जू उर्फ सरजू, दीपक, सोनू, दीपक उर्फ गूंगा उर्फ गुड्डू, नरेश, मौसिम और आशीष को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से यूपी-85 सीएम-9288 नंबर की नीले रंग की स्विफ्ट कार, एक्साइड की सोलर ट्यूबुलर बैटरी, सोलर हाइब्रिड यूपीएस इन्वर्टर, तीन मोटरसाइकिलें, एक विद्युत मोटर, बड़ी मात्रा में बिजली के केबल, छह मोबाइल फोन तथा 3,240 रुपये नकद बरामद किए गए। आरोपी दीपक के पास से .315 बोर का अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस भी बरामद हुए।
पुलिस जांच में बरामद सामान थाना बलदेव में दर्ज चोरी के मुकदमे से संबंधित पाया गया। सभी आरोपियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्यवाही की गई।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में से कई के विरुद्ध पहले से चोरी, आर्म्स एक्ट, विद्युत अधिनियम और अन्य आपराधिक मामलों के मुकदमे दर्ज हैं। इससे स्पष्ट होता है कि गैंग संगठित तरीके से विभिन्न थाना क्षेत्रों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था।
यह कार्रवाई क्षेत्राधिकारी महावन संजीव कुमार राय के निर्देशन तथा थाना प्रभारी अभय कुमार शर्मा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक वीर सिंह यादव, उपनिरीक्षक आलोक कुमार मिश्रा एवं थाना बलदेव पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से की।

July 18, 2026

भूजल सप्ताह: डीएम ने दिलाई जल संरक्षण की शपथ, बोले— “जल है तो कल है”

मथुरा। ‘भूजल सप्ताह’ (16 से 22 जुलाई 2026) के तहत शनिवार को जिलाधिकारी 

जिलाधिकारी ने आमजन से वर्षा जल संचयन अपनाने, जल का सतत एवं जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग करने तथा तालाब, कुएं जैसे पारंपरिक जल स्रोतों को संरक्षित रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि “जल है तो कल है”, इसलिए हर नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह जल की एक-एक बूंद बचाने में योगदान दे।

उन्होंने बताया कि भूजल सप्ताह का उद्देश्य लोगों को भूजल संरक्षण, वर्षा जल संचयन और जल के विवेकपूर्ण उपयोग के प्रति जागरूक करना है। इस दौरान भूजल स्तर में गिरावट रोकने, जल संरक्षण को बढ़ावा देने और जल संसाधनों के सतत उपयोग के लिए विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में किसानों एवं आम नागरिकों को जल बचाने के उपायों की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने वर्षा जल संचयन, अनावश्यक जल बर्बादी रोकने, तालाब एवं कुओं जैसे पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण, ड्रिप एवं स्प्रिंकलर सिंचाई तकनीक अपनाने तथा अधिकाधिक वृक्षारोपण करने का संदेश दिया।

शपथ ग्रहण कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राधावल्लभ, उप जिलाधिकारी गोवर्धन सुशील कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी गरिमा खरे, अधिशासी अभियंता सिंचाई नवीन कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

सम्पूर्ण समाधान दिवस: गोवर्धन में डीएम-एसएसपी ने सुनीं फरियादें, अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

मथुरा। जनसमस्याओं के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण समाधान के उद्देश्य से शनिवार को तहसील गोवर्धन के सभागार में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने फरियादियों की शिकायतें सुनकर संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि भूमि विवाद अथवा अन्य जटिल मामलों में सभी पक्षों की मौजूदगी में मौके पर जाकर निष्पक्ष जांच करते हुए समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रतिदिन सुबह 10 बजे से 12 बजे तक अपने कार्यालयों में उपस्थित रहकर आमजन की समस्याएं सुनें और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें।
डीएम ने स्पष्ट कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस का उद्देश्य केवल शिकायतें दर्ज करना नहीं, बल्कि उनका प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण समाधान करना है। उन्होंने कहा कि कोई भी फरियादी तहसील दिवस या किसी सरकारी कार्यालय से निराश होकर वापस नहीं जाना चाहिए।
समाधान दिवस के दौरान गोवर्धन तहसील में 45 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 5 का मौके पर निस्तारण किया गया। महावन तहसील में 41 शिकायतें आईं, जिनमें 2, सदर तहसील में 34 शिकायतों में से 5, छाता तहसील में 42 शिकायतों में से 4 तथा मांट तहसील में 47 शिकायतों में से 7 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को शेष शिकायतों का भी नियमानुसार शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मतदेय स्थलों की सूची को मिला अंतिम रूप, राजनीतिक दलों से नहीं मिली कोई आपत्ति

अतुल कुमार जिंदल
मथुरा। आगामी निर्वाचन की तैयारियों के तहत जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों तथा अधिकारियों के साथ मतदेय स्थलों के आलेख्य प्रकाशन के उपरांत बैठक आयोजित की गई। बैठक में बताया गया कि 4 जुलाई को प्रकाशित मतदेय स्थलों की सूची पर 16 जुलाई तक किसी भी राजनीतिक दल की ओर से कोई शिकायत या सुझाव प्राप्त नहीं हुआ। ऐसे में इसी सूची को अंतिम रूप दे दिया गया है।
जिलाधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 1200 मतदाताओं के आधार पर मतदेय स्थलों का पुनर्संभाजन किया गया। इसके तहत 24 से 28 जून तक भौतिक सत्यापन, भवनों का निरीक्षण एवं नए मतदेय स्थलों के चिन्हांकन का कार्य पूरा किया गया। इसके बाद राजनीतिक दलों के साथ बैठक कर प्रस्ताव तैयार किए गए और 4 जुलाई को आलेख्य सूची प्रकाशित की गई।
उन्होंने बताया कि 18 जुलाई को सूची का अंतिम अनुमोदन किया जाएगा। इसके बाद 25, 27 और 28 जुलाई को प्रस्ताव मुख्य निर्वाचन अधिकारी को भेजे जाएंगे, जबकि 31 जुलाई को मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय आयोग के अनुमोदन के लिए प्रस्ताव प्रेषित करेगा।
जनपद में विधानसभावार मतदेय स्थलों की स्थिति
छाता: 416 मतदेय स्थल, 190 मतदान केंद्र
मांट: 458 मतदेय स्थल, 302 मतदान केंद्र
गोवर्धन: 397 मतदेय स्थल, 206 मतदान केंद्र
मथुरा: 495 मतदेय स्थल, 122 मतदान केंद्र
बल्देव (अजा): 481 मतदेय स्थल, 287 मतदान केंद्र
जनपद में कुल 2,247 मतदेय स्थल तथा 1,107 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं।
बैठक में यह भी बताया गया कि सत्यापन के दौरान जिले में 30 मतदेय स्थल जर्जर पाए गए हैं। इनमें छाता में 5, मांट में 8, गोवर्धन में 8 तथा बल्देव में 9 मतदेय स्थल शामिल हैं, जिनके संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में बल्देव विधायक पूरन प्रकाश, सांसद प्रतिनिधि हेमंत अग्रवाल सहित भाजपा, कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, बसपा एवं आम आदमी पार्टी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. पंकज कुमार वर्मा सहित विभिन्न उप जिलाधिकारी, तहसीलदार एवं निर्वाचन से जुड़े अधिकारी भी मौजूद रहे।
« Newer PostsOlder Posts »